गुजरात में बीते 24 घंटे में कोरोना के 14,120 नए मामले सामने आए हैं और 174 लोगों की मृत्यु हो गई। इस दौरान 8,595 लोग स्वस्थ भी हुए।
बिहार में लॉकडाउन को लेकर लगाई जा रहीं अटकलों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है लेकिन पाबंदिया बढ़ाने जा रहे हैं। इसके तहत राज्य में अब नाइट कर्फ्यू को शाम छह बजे से ही लगाने तथा दुकानों को शाम चार बजे ही बंद करने का फैसला किया गया है। बता दें कि बिहार में बीते 24 घंटे में 13,374 मामले सामने आए हैं। राज्य में अब भी सक्रिय मामले 98,747 हो गए हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वयं को पृथकवास में रखा है। उन्होंने एक ट्वीट कर जानकारी दी कि मेरी पत्नी सुनीता गहलोत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद होम आइसोलेनशन में इलाज प्रारंभ हो गया है।
सीरम संस्थान के सीईओ अदार पूनावाला को भारत सरकार ने सीआरपीएफ की ‘वाय' श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई है। गृह मंत्रालय ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए हैं।
मध्यप्रदेश में 29 और 30 अप्रैल को कोरोना की वैक्सीन नहीं लगेगी। अधिकारियों ने बताया कि 18 वर्ष से 44 वर्ष की आयु के लोगों के लिए टीकाकरण अभियान के लिए नियोजन, प्रशिक्षण और ड्राई रन का आयोजन के कारण यह फैसला लिया गया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हमें कल से पहले 162 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का कोटा मिला था, केंद्र द्वारा इसे 70 मीट्रिक टन बढ़ाकर 232 मीट्रिक टन किया गया है। ये 70 मीट्रिक टन ऑक्सीजन हमें उड़ीसा के स्टील इंडस्ट्री से मिलेगी।