बिहार में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पहला मामला सामने आया है। ओमिक्रॉन का पहला मरीज राजधानी पटना में पाया गया है। डाकबंगला चौराहा के पास आईएएस कॉलोनी में रहने वाला एक 26 साल के युवक की ओमिक्रॉन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे फिलहाल आइसोलेट कर दिया गया है। संक्रमण की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
इस बीच खबर है कि महाराष्ट्र के मंत्री बालासाहेब थोराट भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक लक्षण दिखने के बाद उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट कराया, जिसमें उनकी रिपोेर्ट पॉजिटिव आई है।
हरियाणा में गुरुवार को कोरोना के ओमिक्रॉन स्वरूप के 23 और मामले दर्ज किए गए, जो अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इस तरह राज्य में ऐसे मामलों की संख्या 37 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। बुलेटिन के अनुसार इन 37 मरीजों में से 12 का इलाज चल रहा है जबकि अन्य को छुट्टी दे दी गई है।
ओडिशा में गुरुवार को ओमाक्रॉन के पांच नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी।
तमिलनाडु सरकार ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस के ओमीक्रॉन स्वरूप से किसी की जान नहीं गई है या फेफड़ों में गंभीर संक्रमण नहीं हुआ है, लेकिन किसी को भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए।
सरकार ने कहा कि कोविड-19 के प्रसार का संकेत देने वाली आर नॉट वैल्यू (रिप्रोडक्शन वैल्यू) देश में 1.22 है और यह चेतावनी है कि मामले बढ़ रहे हैं कम नहीं हो रहे।
गोवा सरकार ने गैर-उच्च जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों समेत सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की राज्य के एकमात्र हवाई अड्डे पर आगमन के बाद कोविड-19 जांच करने के आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने ट्विटर पर कहा कि कोविड -19 मामलों में वृद्धि के मद्देनजर, राज्य सरकार ने इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया है।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से देश में पहली मौत का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ के अस्पताल में भर्ती 52 साल के मरीज की गुरुवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। उसे 28 दिसंबर को यहां भर्ती कराया गया था। मरीज नाइजीरिया से लौटने के बाद ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाया गया था।
जयपुर में गुरुवार को 185 कोरोना संक्रमित आए हैं। यहां लगातार तीसरे दिन भी मरीजों की संख्या में दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई।
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना के 5,368 नए मामले रिकॉर्ड किए गए। यह आंकड़ा बीते दिन के मुकाबले 1,468 ज्यादा है। इस दौरान 1,193 संक्रमित ठीक हुए और 22 लोगों की मौत भी हुई। राज्य में फिलहाल 18,217 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा यहां ओमिक्रॉन के नए 198 मामले सामने आए हैं। इस तरह यहां मामलों की संख्या बढ़कर 450 हो गई है।
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को कोरोना के 2128 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 1067 लोग ठीक हुए और 12 लोगों की मौत हुई। राज्य में फिलहाल 8776 मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां कुल 16,06,501 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
भारत बायोटेक का कहना है कि उसकी कोरोना वैक्सीन कोवाक्सिन दूसरे और तीसरे चरण के ट्रायल के दौरान 2-18 साल के वॉलिंटियर्स के लिए सुरक्षित, सहनशील और इम्युनोजेनिक साबित हुई है।
गुजरात सरकार ने कोरोना प्रतिबंधों को 31 दिसंबर से सात जनवरी तक बढ़ा दिया है। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुषिकेश पटेल ने इसका एलान किया।
ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पश्चिम बंगाल ने ब्रिटेन समेत खतरे वाले अन्य देशों की उड़ानों पर 3 जनवरी से रोक लगा दी है। इन देशाें से एक भी उड़ान अगले आदेश तक कोलकाता हवाई अड्डे पर नहीं उतरेगी। प्रदेश के गृह सचिव बीपी गोपालिका ने राज्य सरकार के इस फैसले के बारे में केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय को भी सूचित कर दिया है। पश्चिम बंगाल में अब तक 11 ओमिक्रॉन मामले मिले हैं।
Omicron in Pakistan: पाकिस्तान में भी ओमिक्रॉन का कहर शुरू हो गया है। तीन शहरों में यह तेजी से फैलने के बाद सरकार ने लोगों को चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से कराची, लाहौर और इस्लामाबाद में कम्युनिटी स्प्रेड हो रहा है जहां अब तक 75 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए हैं।
Statewise Omicron Status: कोरोना के नए वैरिएंट ने संक्रमण की रफ्तार को और तेज कर दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की कुल संख्या 961 हो गई है। जिनमें कि दिल्ली 263 मरीजों के साथ पहले स्थान पर है वहीं महाराष्ट्र 252 मरीजों के साथ दूसरे स्थान पर है। यहां पढ़ें ओमिक्रॉन के राज्यवार ताजा आंकड़े...