छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 573 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में अभी तक कुल 9,88,745 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। राज्य में बुधवार को 227 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 925 लोगों ने गृह-पृथकवास पूरा किया है। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से और 12 लोगों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि संक्रमण के 573 नये मामलों में से रायपुर जिले से 20, दुर्ग से 27, राजनांदगांव से 23, बालोद से सात, बेमेतरा से चार, कबीरधाम से तीन, धमतरी से 26, बलौदाबाजार से 16, महासमुंद से छह, गरियाबंद से 11, बिलासपुर से 10, रायगढ़ से 32, कोरबा से 14, जांजगीर चांपा से 23, मुंगेली से आठ, गौरेला पेंड्रा मरवाही से चार, सरगुजा से 20, कोरिया से 14, सूरजपुर से 21, बलरामपुर से 30, जशपुर से 44, बस्तर से 47, कोंडागांव से 15, दंतेवाड़ा से 27, सुकमा से 50, कांकेर से 11, नारायणपुर से 12, बीजापुर से 47 और अन्य राज्य से एक मामला है।
मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 160 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही 463 मरीज ठीक हुए और 34 संक्रमितों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 3272 हो गई है।
पश्चिम बंगाल में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 3187 नए मामले दर्ज किए गए। इसी दौरान राज्य में 2012 लोग ठीक हुए और 69 संक्रमितों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा अब 21,152 पर पहुंच गया है।
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना से 353 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में प्रदेश में 398 लोग ठीक हुए और छह संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब तीन लाख 37 हजार 802 हो गई है। इनमें से 3572 सक्रिय मामले हैं।
एक निजी अस्पताल समूह द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में टीका लगवाने वाले अपने 31 हजार स्वास्थ्य कर्मियों पर किए गए अध्ययन के मुताबिक 95 कर्मचारियों को कोविड-19 बीमारी से प्रतिरक्षण कवच मिला। यह दावा अस्पताल के अधिकारियों ने बुधवार को किया। अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि यह अध्ययन अपोलो के अस्पतालों ने 16 जनवरी से 30 मई के बीच उन 31,621 स्वास्थ्य कर्मियों पर किया गया जिन्होंने कोविशील्ड या कोवाक्सीन की एक या दोनों खुराक ले ली थी। यह अध्ययन करीब साढे़ चार महीने तक चला।
तमिलनाडु में चेन्नई के पास वंदालुर में स्थित अरिगनार अन्ना प्राणी उद्यान (एएजेडपी) में एक और शेर की सार्स-कोव-2 से बुधवार सुबह मौत हो गई। 12 वर्षीय एशियाई नर शेर की मौत की पुष्टि करते हुए एएजेडपी के उप निदेशक ने कहा कि पथबनाथन नाम के शेर को उद्यान के सफारी क्षेत्र में रखा गया था। इससे पहले तीन जून को चिड़ियाघर में नीला नाम की शेरनी की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई थी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार कोविड-19 की तीसरी संभावित लहर से निपटने के लिए दिल्ली में 5000 युवकों को स्वास्थ्य सहायकों के तौर पर प्रशिक्षित करेगी। केजरीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सहायकों या सामुदायिक नर्सिंग सहायकों को ‘नर्सिंग’ और स्वास्थ्य रक्षा में दो सप्ताह का बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा। 28 जून को 500 लोगों के पहले जत्थे के साथ यह प्रशिक्षिण शुरू किया जाएगा।
मध्यप्रदेश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले में महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप कम होने पर प्रशासन ने करीब दो महीने के अंतराल के बाद खेल गतिविधियां फिर से शुरू किए जाने को बुधवार को मंजूरी दे दी। हालांकि, खेल आयोजनों में दर्शकों की उपस्थिति पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 की बंदिशों में अलग-अलग क्षेत्रों में ढील को लेकर प्रशासन के आदेश में कहा गया कि जिले में खेलों के सभी स्टेडियम खुल सकेंगे लेकिन खेल आयोजनों में दर्शकों की उपस्थिति प्रतिबंधित रहेगी।
राजस्थान में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अब तक दो करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा ने बताया कि बुधवार को दोपहर तक राज्य ने दो करोड़ टीकों के आंकड़े को छू लिया। राज्य में प्रतिदिन करीब सात लाख टीके लगाने की क्षमता विकसित कर ली गई है। टीकों की खुराक मिलने के साथ ही लगातार टीके लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, राज्य में टीकों की बर्बादी मात्र 0.8 फीसदी है और इसे शून्य करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे है।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 28,00,458 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 26,19,72,014 हुआ।