मानहानि के मामले में अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील दायर करने के बाद राहुल गांधी सुरत की ज़िला अदालत से निकले।
सूरत की कोर्ट से राहुल गांधी को जमानत मिल गई है। कोर्ट ने कांग्रेस नेता की जमानत 13 अप्रैल तक बढ़ा दी है। इसी दिन राहुल की जमानत पर सुनवाई होगी। इसके साथ कांग्रेस नेता ने अपनी सजा को भी चुनौती दी है, जिस पर तीन मई को सुनवाई होगी।
सूरत पहुंचे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सूरत पहुंच चुके हैं। यहां उनके समर्थन में तीन राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचे हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शामिल हैं। इसके अलावा भी पार्टी के कई दिग्गज नेता राहुल के समर्थन में सूरत पहुंचे हैं।
गहलोत बोले- हमें न्यायपालिका पर भरोसा
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'हमें न्यायपालिका पर भरोसा है। हम यहां अपनी एकता दिखाने आए हैं। हम देश को बचाने के लिए 'सत्याग्रह' कर रहे हैं। देश देख रहा है कि इंदिरा गांधी के पोते और राजीव गांधी के बेटे राहुल गांधी के साथ आज कैसा व्यवहार किया जा रहा है।'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सजा और अयोग्यता के खिलाफ तमिलनाडु में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
बहन प्रियंका गांधी के साथ राहुल गांधी सूरत के लिए उड़ान भर चुके हैं।
बघेल बोले- मैं अपने नेता के साथ जा रहा हूं
कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 'मैं अपने नेता (राहुल गांधी) के साथ जा रहा हूं, यह न्यायपालिका पर दबाव कैसे हो सकता है? वे (भाजपा) पश्चिम बंगाल और बिहार में हुड़दंग कर रहे हैं। अभी तक पीएम मोदी और अमित शाह की ओर से कोई अपील नहीं आई है। इनकी ट्रेनिंग ही यही है। ये लोग सिर्फ दंगा करवाते हैं।'
सूरत के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी निकल चुके हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से उन्होंने इंडिगो की फ्लाइट पकड़ी। राहुल के साथ कांग्रेस के कई अन्य नेता भी हैं।
पुलिस बल तैनात
सूरत डीसीपी जोन-4 सागर बागमार ने कहा, 'जिला अदालत में राहुल गांधी की उपस्थिति को देखते हुए सूरत शहर की पुलिस ने जहां भी आवाजाही की संभावना है, वहां पुलिस बल तैनात कर दिया है। हम भी तलाशी और जांच शुरू करेंगे।'
अनुराग ठाकुर ने राहुल पर बोला हमला
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'पिछड़ों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान। बार-बार राहुल गांधी ने पिछड़े वर्ग का अपमान किया। दुख इस बात का है कि इसके बावजूद राहुल गांधी ने माफी मांगने की बजाय दबाव बनाने का काम किया। जब तीन वर्ष थे, तब तो इनके साथ कोई नहीं गया। पूर्व में नरसिम्हा राव जी, पी चिदम्बरम, डीके शिवकुमार जी जेल गए, लेकिन तब तो उनके साथ कोई नहीं दिखा। क्या एक परिवार संविधान, संसद और देश से बड़ा हो गया?'
हिमाचल के सीएम का रिजिजू पर पलटवार
कानून मंत्री किरण रिजिजू के बयान पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, 'न्यायपालिका पर कोई दबाव नहीं बना सकता। हम सूरत जा रहे हैं। कांग्रेस मुख्य विपक्षी पार्टी है और राहुल गांधी हमारी पार्टी के बड़े नेता हैं। यह कोई राजनीतिक नाटक नहीं है। हम उनके साथ खड़े हैं...।'
सूरत न्यायालय के बाहर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता
गुजरात: कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में सूरत में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर इकट्ठा हुए हैं।
कांग्रेस नेता अपने आवास से सूरत के लिए निकल चुके हैं। यहां वह अपनी सजा के खिलाफ सेशंस कोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
खरगे बोले- हम सरकार के खिलाफ लड़ सकते हैं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम अदालत के फैसले पर बहस नहीं कर सकते लेकिन हम केंद्र सरकार के खिलाफ लड़ सकते हैं। वे (केंद्र) अदाणी विवाद में जेपीसी नहीं बनाना चाहते। उनकी योजना है कि सदन न चले...।
कानून मंत्री बोले- अदालत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे राहुल
कानून मंत्री किरण रिजिजू ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'अपील दायर करने राहुल गांधी सूरत जा रहे हैं। इसके लिए व्यक्तिगत रूप से उन्हें जाने की आवश्यकता नहीं है। आमतौर पर कोई भी अपराधी व्यक्तिगत रूप से नहीं जाता है। उनके साथ चल रहे नेताओं और सहयोगियों के एक प्रेरक समूह के साथ उनका व्यक्तिगत रूप से जाना केवल एक नाटक है। राहुल गांधी जो कर रहे हैं वह भी अपीलीय अदालत पर दबाव बनाने की बचकानी कोशिश है। देश की सभी अदालतें ऐसे हथकंडों से अछूती हैं।'
राहुल के घर पहुंचीं सोनिया और प्रियंका गांधी
राहुल गांधी से मुलाकात करने के लिए मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी उनके आवास पर पहुंचे हैं। बताया जाता है कि यहां से तीनों एकसाथ सूरत के लिए निकलेंगे।
सोनिया गांधी भी पहुंचीं
भाजपा ने साधा निशाना
मानहानि केस में कोर्ट की सजा के खिलाफ याचिका दायर करने जा रहे राहुल के साथ कांग्रेस नेताओं की बड़ी फौज भी जाएगी। अब इसको लेकर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने इसे नौटंकी करार दिया और कहा कि ये सब लोग अपील के नाम पर हुड़दंग करने जा रहे हैं। संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'राहुल गांधी अपने परिवार के सदस्य, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ सूरत जा रहे हैं। यहां वो कोर्ट द्वारा सुनाए गए दो साल की सजा के खिलाफ अपील के नाम पर हुड़दंग की कोशिश करेंगे।' पात्रा ने आगे कांग्रेस और राहुल से सवाल किया कि क्या ये न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश हो रही है? पढ़ें पूरी खबर...