अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने भी दी बधाई
अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए भारत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मिशन में शामिल सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के लिए यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है। मिशन और अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के साथ अधिक व्यापक रूप से साझेदारी करने पर गर्व महसूस हो रहा है।
ब्रिक्स के सभी देशों के लिए खुशी की बात..
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के लिए भारत की सराहना की और कहा कि यह ब्रिक्स के सभी देशों के लिए खुशी की बात है। रामाफोसा ने कहा, हम एक ऐसी दुनिया में हैं जिसका कोई अंत नहीं है। इसकी खोज करके और इसके साथ अपने रिश्ते को बढ़ाकर हम इसे और अधिक अपना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह और कई अन्य उपलब्धियां हमें समृद्धि, प्रगति और शांति की ओर आगे बढ़ने में सक्षम बनाती हैं।
अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने भारत और इसरो को दी बधाई
भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने पर भारत, इसरो और इस मिशन में शामिल की पूरी टीम को बधाई दी। एरिक गार्सेटी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर ट्वीट किया, इस तरह भारत ने चांद पर कदम रख दिया है। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर भारत, इसरो और पूरी टीम को बधाई! मैं अमेरिका-भारत अंतरिक्ष सहयोग के लिए आगे रोमांचक अवसर देख सकता हूं।
वहीं, अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में काउंसलर (अंतरिक्ष) क्रुणाल जोशी चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के बाद भावुक हो गए। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि चंद्रयान-3 भारत के नेतृत्व में अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण और टिकाऊ अन्वेषण की दिशा में आगे बढ़ेगा।
लंदन में भारतीय उच्चायोग में जश्न
लंदन में भारतीय उच्चायोग में लोग चंद्रमा पर इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का जश्न मना रहे हैं। इस दौरान लोग 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे लगा रहे हैं।
लैंडर 'विक्रम' से बाहर आया रोवर 'प्रज्ञान'
चंद्रयान-3 के लैंडर 'विक्रम' से रोवर 'प्रज्ञान' बाहर निकल आया है। अब चांद की सतह पर चहलकदमी करेगा।
चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर अपेक्षाकृत समतल क्षेत्र चुना
लैंडिंग के बाद लैंडिंग इमेजर कैमरे द्वारा ली गई तस्वीर। इसमें चंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट का एक हिस्सा दिखाया गया है। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर अपेक्षाकृत समतल क्षेत्र चुना। ISRO ने यह जानकारी दी है।
आरबीआई गवर्नर ने दी बधाई
चंद्रयान-3 मिशन की सफल लैंडिंग पर आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि जहां इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प है, वहां चांद भी ज्यादा दूर नहीं है। चंद्रयान-3 की सफलता इसे संदेह से परे स्थापित करती है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई।
हम चंद्रयान-3 के लिए अब से अगले 14 दिनों का इंतजार कर रहे हैं: सोमनाथ
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर अपनी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, "समर्थन के लिए आप सभी को धन्यवाद...हमने अपनी असफलता से बहुत कुछ सीखा और आज हम सफल हुए। हम चंद्रयान-3 के लिए अब से अगले 14 दिनों का इंतजार कर रहे हैं।"
'वंदे मातरम' के नारों और जश्न से झूम उठे लोग
चंद्रयान-3 मिशन के चंद्रमा की सतह पर उतरते ही बेंगलुरु में इसरो मिशन कंट्रोल सेंटर 'वंदे मातरम' के नारों और जश्न से झूम उठा।
अरे वाह, मजा आ गया: खट्टर
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अरे वाह, मजा आ गया! आज देखिए चंद्रमा हमारे और भी करीब आ गया है। ये बहुत खुशी की बात है। चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के बाद चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर भारत की उपस्थिति को दर्शा रहा है। इस महान अवसर पर मैं इसरो और वैज्ञानिकों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं क्योंकि उनके कौशल, साहस और प्रतिभा के कारण हमें यह उपलब्धि मिली है।
भारत की सामर्थ्य और शक्ति का सशक्त प्रदर्शन: योगी
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल सॉफ्ट लैंडिंग नए भारत की सामर्थ्य और शक्ति का सशक्त प्रदर्शन है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में इसरो के वैज्ञानिकों ने वह कर दिखाया जो कोई नहीं कर सका। चंद्रमा का दक्षिणी ध्रुव अब तक दुनिया के लिए असंभव था, लेकिन हमारे दूरदर्शी वैज्ञानिकों ने इसे संभव कर दिखाया है। वसुधैव कुटुम्बकम् की पवित्र भावना के साथ मैं इसरो के सभी वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई और देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं।
पूर्व इसरो प्रमुख के सिवन ने दी बधाई
पूर्व इसरो प्रमुख के सिवन ने इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम वास्तव में उत्साहित हैं...हम लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहे थे। मैं बहुत खुश हूं।
आसमान कोई सीमा नहीं है: जितेंद्र सिंह
चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि जहां दुनिया चांद के बारे में कल्पना करती है, हमने वास्तव में चांद को महसूस किया है...दुनिया चांद के सपने देखती है, और हमने सपने को हकीकत में बदलते देखा है...आसमान कोई सीमा नहीं है।
चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग सफल
चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग सफल हो गई है। दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला भारत पहला देश बन गया है। इसी के साथ भारत ने इतिहास रच दिया है।
चांद की सतह से 50 मीटर से कम दूरी पर चंद्रयान-3। किसी भी वक्त लैंड कर सकता है।
लैंडिंग स्थल की ओर उतरना शुरू
चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल विक्रम ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग स्थल की ओर उतरना शुरू कर दिया है।
पीएम मोदी वर्चुअली जुड़े
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोहान्सबर्ग से वर्चुअली जुड़ गए हैं। जानकारी के मुताबिक, लैंडर मॉड्यूल चांद की सतह से सिर्फ दो किलोमीटर की दूरी पर है।
लैंडर विक्रम ने चंद्रमा की सतह की तस्वीरें साझा कीं
चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम ने चंद्रमा की सतह की तस्वीरें साझा कीं। इसरो का कहना है कि चंद्रयान-3 लैंडर मॉड्यूल चंद्रमा की सतह से 17.8 किमी की ऊंचाई पर है।
लैंडिंग की आधी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है
ISRO ने बताया कि चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम का पावर डिसेंट चरण शुरू हो गया है। लैंडिंग की आधी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, स्वचालित लैंडिंग अनुक्रम (एएलएस) शुरू होने के बाद चंद्रयान -3 लैंडर विक्रम की ऊंचाई कम हो रही है और पावर डिसेंट चरण जारी है। एएलएस की शुरुआत के बाद लैंडर मॉड्यूल में कोई जमीनी हस्तक्षेप नहीं है।
पावर डिसेंट शुरू
चंद्रयान-3 की लैंडिंग थोड़ी देर में हांगी। पावर डिसेंट शुरू हो गया है। अब मिशन की रफ्तार को कम किया जा रहा है। पहले चरण की प्रक्रिया 11 मिनट की है। लैंडिंग की 20 फीसदी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
एस सोमनाथ बेंगलुरु के मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स में मौजूद
इसरो प्रमुख एस सोमनाथ चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग देखने के लिए बेंगलुरु के मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स में मौजूद हैं।
बेंगलुरु में इसरो के मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स के दृश्य
चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम आज चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा। बेंगलुरु में इसरो के मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स के दृश्य।
चंद्रयान 3 मिशन की लैंडिंग इवेंट के दृश्य
बेंगलुरु में इसरो के मिशन कंट्रोल कॉम्प्लेक्स से चंद्रयान 3 मिशन की लैंडिंग इवेंट के दृश्य।
CSIR मुख्यालय में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मौजूद
चंद्रमा पर विक्रम लैंडर की लैंडिंग देखने के लिए दिल्ली में CSIR मुख्यालय में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मौजूद हैं।
थोड़ी देर में चंद्रयान-3 की चांद की सतह पर लैंडिंग
इसरो ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा प्रसारण शुरू कर दिया है। थोड़ी देर में चंद्रयान-3 चांद की सतह पर लैंडिंग करेगा।
चंद्रयान-3 की लैंडिंग में अब दो घंटे से भी कम का वक्त
असफलताएं सबक देती है, हमने इनसे बहुत कुछ सीखा- CSIR
जम्मू-कश्मीर: चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए लोगों ने श्रीनगर के हजरतबल दरगाह में नमाज़ अदा की।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बांग्ला साहिब में चंद्रयान-3 की सुरक्षित और सफल लैंडिंग के लिए विशेष अरदास में हिस्सा लिया। न केवल यहां बल्कि पूरे देश में, जनता चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना कर रही है।
इसरो के निदेशक नीलेश देसाई ने बताया कि रोवर को लैंडर के चारों ओर 500 मीटर इलाके में घूमता है। इसमें दो पहिये हैं, एक पर हमने इसरो का लोगो उभारा है और दूसरे पहिये पर हमने अशोक स्तम्भ उकेरा है, ताकि जब रोवर चांद की सतह पर चलेगा, तो वो अपनी छाप या पदचिह्न छोड़ेगा। इसरो का लोगो और साथ ही चंद्रमा की सतह पर अशोक स्तंभ। रोवर इमेजर या कैमरा सिस्टम, जिसे हमने रोवर के पीछे लगाया है, जब भी रोवर आगे या पीछे जाएगा, हमेशा इलाके की तस्वीरें लेगा। तो इस तरह हमारा लोगो और अशोक स्तंभ चंद्रमा की सतह पर अंकित हो जाएगा। पिछली बार हमने चंद्रमा की सतह पर भारत का झंडा फहराया था। इस बार हमारे पास चंद्रमा की सतह पर इसरो का विशेष लोगो और अशोक स्तंभ उभरा हुआ होगा।
विज्ञान प्रसार के वैज्ञानिक डॉ. टी. वी. वेंकटेश्वरन ने चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर के उतरने की प्रक्रिया को समझाया है। उन्होंने कहा, "वास्तव में चंद्रयान-थ्री का लैंडर (विक्रम), चंद्रमा के दरवाजे पर है। कुछ घंटों के बाद ये सुरक्षित लैंडिंग करेगा। लैंडर पर दो महत्वपूर्ण कैमरे मौजूद हैं, पहला लैंडर पोजीशन डिटेक्शन कैमरा और दूसरा खतरे का पता लगाने और बचाव करने वाला कैमरा, इनका परीक्षण किया जा चुका है। लैंडर पर लगा कैमरा वास्तव में नीचे चंद्रमा की सतह का एक स्नैपशॉट लेगा। ये इसे एक तरफ रखेगा और उसकी तुलना चंद्रयान-टू की तस्वीरों से करेगा, जो पहले से ही उसकी मेमोरी में फीड है। इसके बाद ये बताएगा कि यान की वर्तमान स्थिति क्या है? खतरा टालने वाला कैमरा वास्तव में लैंडर के ठीक नीचे चंद्रमा की सतह पर खतरों का पता लगाएगा। ये एक ऐसे स्थान की तलाश करेगा, जो काफी हद तक समतल हो और यान को उस स्थान पर उतरने के लिए मार्गदर्शन करेगा।"
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने चंद्रयान-3 मिशन को लेकर कहा कि भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ी छलांग लगाई है। हम सभी उस पल का इंतजार कर रहे हैं जब चंद्रयान-3 मिशन सफल होगा। इससे भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा जिन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
चंद्रय़ान 3 मिशन पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमने बच्चों को सीएम हाउस में आमंत्रित किया है जहां हम इसे (लाइव स्ट्रीमिंग) देखेंगे। मैं अपने वैज्ञानिकों और इस मिशन से जुड़े सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं। यह एक ऐतिहासिक मिशन है।
चंद्रयान-3 मिशन को लेकर इसरो ने अपने कमांड सेंटर की दो तस्वीरें जारी की हैं। एक्स पर किए गए पोस्ट में इसरो ने बताया कि लैंडर मॉड्यूल की लैंडिंग की प्रक्रिया 17.44 पर शुरू हो जाएगी। सेंटर से कमांड मिलने के बाद लैंडर मॉड्यूल अपने इंजनों को शुरू करेगा और मिशन ऑपरेशन टीम लगातार इसे कमांड भेजेगा। इस पूरी प्रक्रिया का लाइव टेलीकास्ट शाम 5 बजकर 20 मिनट से शुरू हो जाएगा।
उत्तराखंड: योग गुरु रामदेव ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए हरिद्वार में पूजा की।
चंद्रयान-3 मिशन पर इसरो के संस्थापक विक्रम साराभाई के बेटे कार्तिकेय साराभाई ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "यह एक बड़ा दिन है। यह सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि इस ग्रह पर किसी के लिए भी इतनी सटीकता से इसे भेजने के लिए एक शानदार बात है जिसके साथ हम चंद्रयान -3 भेजने में सक्षम हुए हैं और वह भी एक ऐसी प्रक्रिया के माध्यम से जो दूसरों से अलग है... विज्ञान और इंजीनियरिंग में, हम गलतियों से सीखते हैं...यह मानवता के लिए बहुत बड़ी बात होगी क्योंकि चंद्रमा के दक्षिणी हिस्से पर आज तक कोई नहीं उतर सका है।"
चंद्रयान 3 मिशन पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "आज इतिहास रचा जाएगा जब पीएम मोदी के नेतृत्व में चांद पर भारत का झंडा लहराएगा। पूरा देश इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। वैज्ञानिकों और सरकार की पिछले 9 साल की मेहनत आज पूरी होगी। हम सफलता की ओर बढ़ रहे हैं। इससे भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है।"
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा है कि जहां तक चंद्रयान 3 का सवाल है तो यह भारत के लिए क्षणों का क्षण है। हम कहते थे कि आकाश ही सीमा है, लेकिन भारत ने साबित कर दिया है कि बाहरी अंतरिक्ष में आकाश ही वह सीमा नहीं है...हम ऐसा करने के लिए कड़ी मेहनत करने वाले वैज्ञानिकों को बधाई देते हैं। यह हजारों मील की यात्रा की शुरुआत है...हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ और ऊंचे होते जाएंगे...हमारे वैज्ञानिकों ने अपना और देश का गौरव बढ़ाया है। यह हमारे लिए गौरव का क्षण है।
चंद्रयान-3 मिशन पर अंतरिक्ष रणनीतिकार पी.के. घोष ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर भरोसा जताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि यह भारत के लिए बहुत बड़ा दिन है।कारण यह है कि चंद्रयान 2 लैंडिंग नहीं कर सका था और अब हम पूरी दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि हमारे पास न केवल तकनीकी क्षमता है बल्कि हमारे पास दक्षिणी ध्रुव पर जाकर सॉफ्ट लैंडिंग करने की भी क्षमता है। दक्षिणी ध्रुव एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ अब तक कोई लैंडिंग नहीं हुई है...पहले की सभी लैंडिंग भूमध्य रेखा के अंदर और उसके आसपास हुई हैं। दक्षिणी ध्रुव पर उतरना कठिन है और इसलिए इतने कम बजट में ऐसा करना भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह एक बड़ा दिन है।"
चंद्रयान-3 पर पद्म श्री पुरस्कार विजेता और पूर्व ISRO वैज्ञानिक मायलस्वामी अन्नादुरई ने कहा, "अब तक सब बहुत अच्छा है और हमें उम्मीद है कि योजना 'A' के अनुसार आज हम उतरने में सक्षम होंगे...किसी भी अन्य की तरह, मैं भी काफी हद तक इंतजार कर रहा हूं। चंद्रयान 1 द्वारा पानी की खोज के बाद दुनिया चंद्रमा को अलग ढंग से देखने की कोशिश कर रही थी।"
अंतरिक्ष जगत में भारत आज इतिहास रचने जा रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का मिशन चंद्रयान-3 आज शाम चंद्रमा की सतह पर ‘साफ्ट लैंडिंग’ करेगा। पूरी दुनिया इस पल का इंतजार कर रही है। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या वे इस ऐतिहासिक पल का लाइव प्रसारण देख पाएंगे? तो आइए आपको बताते हैं कि इसकी लैंडिंग का सीधा प्रसारण आप कैसे, कब और कहां देख सकते हैं...
अंतर्राष्ट्रीय रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए अमेरिका के डेनवर, कोलोराडो में एक लघु रेत की मूर्ति बनाई।
ISRO के पूर्व अध्यक्ष जी. माधवन नायर, हर कोई इस महान आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। जहां तक भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम का सवाल है, यह ग्रहों की खोज के लिए सबसे महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने जा रहा है... इस मिशन का चंद्रमा की कक्षा से चंद्र सतह पर उतरने के आखिरी 20 मिनट इतिहास में सबसे चुनौतीपूर्ण क्षण होने जा रहे हैं।
महाराष्ट्र: चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए पुणे के श्री सिद्धिविनायक मंदिर में शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "मैं अपनी शुभकामनाएं देना चाहता हूं और प्रार्थना करता हूं कि चंद्रयान-3 चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करे। पूरा देश इंतज़ार कर रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है...मैं वैज्ञानिकों को प्रणाम करता हूं।"
तमिलनाडु: रामेश्वरम अग्नि तीर्थम पुजारी कल्याण संघ के पुजारी चंद्रयान -3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए अग्नि तीर्थम समुद्र तट पर प्रार्थना कर रहे हैं।
चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह में प्रार्थना की गई।
महाराष्ट्र: चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए NCP कार्यकर्ताओं ने गणेश मंदिर टेकड़ी में हवन किया।
रॉकेटियर्स रिसर्च इंस्टीट्यूट के CEO और मुख्य शिक्षक दिव्यांशु पोद्दार ने चंद्रयान-3 मिशन पर कहा, "अगर हम चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतर गए तो यह हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। हम सॉफ्ट लैंडिंग करने वाले दूसरे देश बन जाएंगे...हमने चंद्रयान 2 से बहुत कुछ सीखा है...हमने अपने संचार, प्रणोदन और पैरों में बदलाव किए हैं...रूस की विफलता से पता चलता है कि चंद्रमा पर उतरना करना कितना मुश्किल है।"
गुजरात: चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए सूरत के कडोदरा में हनुमान मंदिर में हवन किया गया।
RSS नेता सुनील अम्बेकर ने कहा, "भारत का चंद्रयान-3 मिशन हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने भारत का नाम रोशन किया है...मैं हमारे सभी वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं, शुभकामनाएं देता हूं। मुझे विश्वास है कि यह अवश्य सफल होगा।"
जम्मू-कश्मीर: जम्मू में छात्रों ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए एक प्रदर्शनी का आयोजन किया।
चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए विशेष पूजा-अर्चना करने छतरपुर के बागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। एक श्रद्धालु राजीव शर्मा ने कहा, ''हजारों श्रद्धालु यहां पूजा करने आए हैं।"
उत्तर प्रदेश: चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए वाराणसी में साधुओं ने हवन किया।
ISRO के पूर्व निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि मुझे ISRO के वैज्ञानिकों की तरह ही विश्वास है कि हम बहुत बेहतर करेंगे क्योंकि चंद्रयान 2 की तुलना में बहुत सारे बदलाव किए गए हैं... बहुत सारे एल्गोरिदम बदले गए हैं... पूर्ण अंशांकन किया गया है। लैंडर में घूमने की क्षमता है। लैंडिंग क्षेत्र को 2.5 किमी से बढ़ाकर 4 किमी कर दिया गया है।
चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पहले महाराष्ट्र के नागपुर में भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी नर्तक पूजा हिरवाडे ने 'नमो नमो भारताम्बे' और चंद्रयान गान पर भरतनाट्यम प्रस्तुत किया। उन्होंने अपनी पेशकश को लेकर कहा कि भारत का चंद्रयान-3 आज चंद्रमा पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसलिए इस पल को यादगार बनाने के लिए मैंने चंद्रयान एंथम पर भरतनाट्यम किया। यह संपूर्ण भारत के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण है। हम उन सभी वैज्ञानिकों का हृदय से आभार व्यक्त करना चाहते हैं जिनकी कड़ी मेहनत से आज यह संभव हो पाया है।
पीएम नरेंद्र मोदी चंद्रयान-3 की लैंडिंग को देखने के लिए दक्षिण अफ्रीका में शुरू होने वाली ब्रिक्स समिट के बीच से ही जुड़ेंगे। बताया गया है कि पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विक्रम लैंडर की लैंडिंग देखेंगे और वैज्ञानिकों से बात भी करेंगे। इससे पहले चंद्रयान-2 की लैंडिंग देखने के लिए भी पीएम मोदी इसरो के कार्यालय पहुंचे थे।
खगोलशास्त्री प्रोफेसर डॉ आर.सी. कपूर ने बताया कि दुनिया और विभिन्न अंतरिक्ष एजेंसियां चंद्रयान पर नजर रख रही हैं। ISRO दुनिया की सर्वश्रेष्ठ अंतरिक्ष एजेंसियों में से एक है। हमें उम्मीद है कि हम सॉफ्ट लैंडिंग में सफल होंगे...इसके साथ ही इसरो चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग (सफल लैंडिंग) करने वाली चौथी एजेंसी बन जाएगी।
यान का विक्रम लैंडर चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस मौके पर उत्तराखंड में सभी आवासीय स्कूलों के छात्र लाइव प्रसारण देखेंगे। समग्र शिक्षा के अपर राज्य परियोजना निदेशक डाॅ. मुकुल कुमार सती की ओर से सभी सीईओ को निर्देश जारी किया गया कि इसके लिए स्कूलों में लाइव प्रसारण की व्यवस्था कर ली जाए। पढ़ें पूरी खबर...
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए अमेरिका में हवन-पूजन
आज पूरा देश चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग की मनोकामना कर रहा है। हर वर्ग के लोग अपने-अपने तरीके से पूजा-पाठ भी कर रहे हैं। अमेरिका से भी कुछ ऐसी ही तस्वीर आई है। यहां वर्जीनिया के एक मंदिर में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए हवन किया गया।
भारतीय मिशन चांद का अमूल्य डेटा एकत्र करने में करेगा मदद: माइक गोल्ड
रेडवायर स्पेस के प्रमुख विकास अधिकारी माइक गोल्ड ने कहा कि हम चंद्रमा की खोज के एक नए युग ‘आर्टेमिस’ में प्रवेश कर रहे हैं। यहां हम सिर्फ एक या फिर दो बार नहीं, बल्कि चांद पर स्थायी उपस्थिति स्थापित करने जा रहे हैं। भारत का चांद मिशन हमारी समझ, संशाधनों का उपयोग करने की हमारी क्षमता के अलावा चांद पर हम कहा बस्तियां स्थापित कर सकते हैं यह जानने में मदद करेगा। भारत का यह मिशन चांद का अमूल्य डेटा एकत्र करने में हमारी मदद करेगा। उनका कहना है कि क्या पता मिशन सफल हो या क्या पता वह चांद पर न उतरे, लेकिन मेरे विचार में यह मिशन अपने आप में एक बहुत बड़ी सफलता है।
भारत के लिए गर्व की बात चंद्रयान-3 मिशन
चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देशवासियों से एक साथ खड़े होने और इसकी सफल सॉफ्ट लैंडिंग के लिए जयकारे लगाने का आग्रह किया है। चंद्रयान-3 मिशन को देश के लिए गर्व की बात बताते हुए बनर्जी ने इसरो के वैज्ञानिकों की सराहना की। टीएमसी प्रमुख ममता ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, चंद्रयान-3 मिशन पूरे देश के लिए गर्व की बात है! इसरो टीम की कड़ी मेहनत देश की प्रगति का प्रमाण है। यह भारत के वैज्ञानिकों से बनी आई है, न कि किसी राजनीतिक पार्टी से। उन्होंने आगे कहा, इस मिशन में बंगाल समेत देशभर के वैज्ञानिकों ने काफी योगदान दिया है। मैं उन सभी के प्रयासों की सराहना करती हूं, जिन्होंने भारत के चंद्र अन्वेषण को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कड़ी मेहनत की है। चंद्रयान-3 चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने के करीब है, हम सभी को एक साथ खड़े होकर इसकी सफल सॉफ्ट लैंडिंग की मनोकामना करनी चाहिए!