12:35 PM, 08-Sep-2023
By poll election result: बॉक्सनगर-धनपुर सीट पर कितने अंतर से जीती भाजपा?
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में धनपुर और बॉक्सनगर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग के अनुसार, भाजपा के तफ्फजल हुसैन ने बॉक्सनगर सीट पर 30,237 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर करीब 66 फीसदी मतदाता अल्पसंख्यक हैं। हुसैन को 34,146 वोट मिले जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी मिजान हुसैन को 3,909 वोट मिले।
उधर धनपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी बिंदू देबनाथ ने 18,871 मतों से जीत दर्ज की। इस सीट पर मतदाताओं का एक बड़ा तबका आदिवासी समुदाय का है। देबनाथ को 30,017 वोट मिले तथा माकपा के उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी कौशिक चंदा को 11,146 वोट मिले।