By-Poll Election Results Today Live: देश में 30 अक्तूबर को तीन लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना का दौर जारी है। कई सीटों के परिणाम सामने भी आ चुके हैं। तीन लोकसभा सीटों में दादरा व नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश की मंडी और मध्यप्रदेश की खंडवा सीट है। वहीं विधानसभा की बात करें तो असम की पांच, बंगाल की चार, मध्यप्रदेश, मेघालय और हिमाचल की तीन-तीन, राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो-दो, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम और तेलंगाना की एक-एक सीट पर उपचुनाव हुए थे। हिमाचल की तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली है तो राजस्थान की एक सीट भी उसके खाते में आई है। वहीं, मध्यप्रदेश में भाजपा एक लोकसभा और एक विधानसभा सीट अपने नाम कर चुकी है। मिजोरम में एमएनएफ जीती है। टीएमसी ने बंगाल की चारों सीटों पर जीत दर्ज की है। हरियाणा की ऐलनाबाद सीट इलेनो के खाते में गई है। भाजपा के लिए राहत की खबर असम से रही, जहां की पांचों सीटों पर इसने जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम से जुड़ी एक-एक अपडेट के लिए बने रहिए अमर उजाला के साथ...
हुजूराबाद में भाजपा जीत के लिए जनता को धन्यवाद: किशन रेड्डी
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जी किशन रेड्डी ने कहा कि इस चुनाव में सत्ताधारी टीआरएस ने सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए थे, लेकिन हुजूराबाद के मतदाताओं ने भाजपा उम्मीदवार एटाला राजेंद्र को वोट दिया। मैं पैसे की ताकत को ठुकराने के लिए और भाजपा को वोट देने के लिए हुजूराबाद की जनता को धन्यवाद कहता हूं।
07:17 PM, 02-Nov-2021
लालू के प्रचार ने किया राजद का नुकसान: पशुपति पारस
केंद्रीय मंत्री और लोजपा नेता पशुपति कुमार पारस ने कहा कि बिहार की कुशेश्वर स्थान और तारापुर विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव में राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के लिए किया गया लालू प्रसाद यादव का प्रचार, पार्टी के लिए लाभ के स्थान पर नुकसानदायक सिद्ध हुआ। बिहार की दोनों विधानसभा सीटों पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने जीत हासिल की है।
06:42 PM, 02-Nov-2021
बंगाल: चारों सीटों पर हार के बाद भाजपा ने लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सभी सीटों पर हारने के बाद भाजपा नेता दिलीप घोष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के दौरान भाजपा के उम्मीदवारों को कभी कार, माइक या रहने की सुविधा नहीं मिली। पुलिस ने मतदान करवाया, जो एकतरफा था और निष्पक्ष नहीं था। इससे पहले भी हम उपचुनाव हारे थे, लेकिन उसी समय हमने आम चुनाव में जीत हासिल की थी।
असम की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा की सभी सीटों पर जीत को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असाधारण करार दिया। उन्होंने कहा कि हमने पांचों सीटों पर बड़े अंतर से जीत हासिल की है। असम में आज की ये जीत कोई साधारण जीत नहीं है क्योंकि हर सीट पर जीत का अंतर आम चुनाव के मुकाबले अधिक रहा है। सरमा ने कहा कि उत्तर पूर्व के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अब एक राष्ट्रीय दल है। अब यह पांच-छह राज्यों तक ही सीमित नहीं है। भाजपा में यह क्षमता है कि वह किसी भी राज्य से चुनाव जीत सकती है।
05:41 PM, 02-Nov-2021
शिवसेना के खाते में दादरा एवं नगर हवेली लोकसभा सीट
दादरा एवं नगर हवेली लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शिवसेना को जीत मिली है। चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि यहां शिवसेना उम्मीदवार कलावती डेलकर ने 51,269 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
विज्ञापन
05:26 PM, 02-Nov-2021
हिमाचल: सीएम जयराम ने जनता को कहा धन्यवाद
हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सभी सीटों पर कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हम जनता का फैसला स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। मंडी लोकसभा सीट पर भाजपा बहुत कम अंतर से हारी।
05:02 PM, 02-Nov-2021
हरियाणा: ऐलनाबाद में इलेनो की जीत
हरियाणा की ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में इनेलो ने जीत दर्ज की है। इनेलो उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला ने भाजपा के गोविंद कांडा को 6700 से अधिक मतों के अंतर से हराया है।
04:41 PM, 02-Nov-2021
हिमाचल: कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कांगड़ा में जश्न
हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस की सभी सीटों पर जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांगड़ा में जीत का जश्न मनाया।
04:34 PM, 02-Nov-2021
तेलंगाना: भाजपा कार्यकर्ताओं का हैदराबाद में जश्न
तेलंगाना की एक विधानसभा सीट हुजूराबाद पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। फिलहाल यहां से भाजपा उम्मीदवार एटाला राजेंद्र आगे चल रहे हैं। राजेंद्र के आगे निकलने की खुशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में जश्न मनाया।
04:25 PM, 02-Nov-2021
बदलाव की ओर देख रही है जनता: डीके शिवकुमार
कर्नाटक की हंगल विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह राज्य की जनता की इच्छा है... लोग बदलाव की ओर आगे बढ़ रहे हैं। यहां की सिंडगी सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को जीत मिली है।
04:17 PM, 02-Nov-2021
मेघालय की तीनों विधानसभा सीटों के आए परिणाम
मेघालय की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के अंतिम नतीजे आ गए हैं। यहां एनपीपी (नेशनल पीपल्स पार्टी) ने दो और यूडीपी ने एक सीट पर जीत हासिल की है। यूडीपी के खाते में मॉफलांग सीट आई तो एनपीपी ने मारिंगकेंग और राजबाला सीटें अपने नाम की हैं।
04:14 PM, 02-Nov-2021
बंगाल: टीएमसी के खाते में चारों विधानसभा सीटें
पश्चिम बंगाल की चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सभी सीटों पर जीत हासिल की है। यहां की दिनहाटा, शांतिपुर, खरदहा और गोसाबा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए थे। सभी सीटों पर दूसरे स्थान पर भाजपा रही।
04:10 PM, 02-Nov-2021
बिहार: तेज प्रताप ने जगदानंद को बताया हार के लिए जिम्मेदार
बिहार की कुशेश्वर स्थान विधानसभा सीट पर जदयू की जीत के बाद राजद नेता तेज प्रताप यादव ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर गुस्सा उतारा। उन्होंने कहा कि जगदानंद सिंह (राजद के प्रदेश अध्यक्ष), सुनील सिंह और संजय यादव इस हार के लिए जिम्मेदार हैं। तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि ये लोग हमको (तेज प्रताप और तेजस्वी को) लड़ाना चाहते हैं। मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि पार्टी छोड़ दें।
04:06 PM, 02-Nov-2021
कर्नाटक: एक सीट पर कांग्रेस तो एक पर भाजपा की जीत
कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस, दोनों के खाते में एक-एक सीट आई है। कांग्रेस ने हंगल में 7373 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, भाजपा ने सिंडगी में 31,185 मतों से जीत दर्ज की।
04:01 PM, 02-Nov-2021
बिहार: कुशेश्वर स्थान में जदयू की जीत
बिहार की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में से एक का परिणाम सामने आ गया है। यहां कुशेश्वर स्थान में सत्ताधारी जदयू (जनता दल यूनाइटेड) के उम्मीदवार अमन भूषण हजारी ने राजद (राष्ट्रीय जनता दल) प्रत्याशी गणेश भारती को 12 हजार से अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। यह सीट अमन भूषण के पिता के निधन होने की वजह से खाली हुई थी।
03:54 PM, 02-Nov-2021
राजस्थान: एक विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत
राजस्थान की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में से एक का परिणाम आ गया है। यहां की धरियावाड़ विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार नागराज मीणा को जीत मिली है। मीणा ने 18,725 मतों के अंतर से अपनी जीत सुनिश्चित की।
03:47 PM, 02-Nov-2021
जनता ने लगाई हमारे कार्यों पर मुहर: शिवराज सिंह चौहान
मध्यप्रदेश की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। इनमें से एक लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर भाजपा को जीत मिली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उप चुनावों के परिणाम भाजपा के लिए अभूतपूर्व हैं। हमने न केवल खंडवा लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है बल्कि जोबट विधानसभा में भी अपनी पताका लहराई है, जहां 90 फीसदी से अधिक लोग अनुसूचित जाति से आते हैं। चौहान ने कहा कि 70 साल में भाजपा ने यहां केवल दो बार जीत पाई थी। ये परिणाम केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों पर जनता की मुहर है।
03:38 PM, 02-Nov-2021
हिमाचल में तीनों विधानसभा सीटें कांग्रेस के नाम
हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए हैं और इन परिणामों ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। यहां की तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की है।
03:33 PM, 02-Nov-2021
मिजोरम: विधानसभा उपचुनाव में एमएनएफ की जीत
मिजोरम में एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने जीत हासिल की है। यहां 30 अक्तूबर को मतदान हुआ था। राज्य में इस समय एमएनएफ की ही सरकार है।
02:47 PM, 02-Nov-2021
गोसाबा विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस की जीत
प.बंगाल उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के सुब्रत मंडल ने गोसाबा विधानसभा सीट पर 1,43,051 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
01:57 PM, 02-Nov-2021
हिमाचल के मंडी संसदीय क्षेत्र से प्रतिभा सिंह जीतीं
29 विधानसभा सीटों और तीन लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस को जहां फायदा मिलता दिख रहा है वहीं हिमाचल की मंडी संसदीय सीट से भाजपा के ब्रिगेडियर कुशाल चंद ठाकुर हार गए हैं। इस सीट पर कांग्रेस की प्रतिभा सिंह को जीत मिली है।
01:40 PM, 02-Nov-2021
पश्चिम बंगाल में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में एक मतगणना केंद्र के बाहर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।
12:56 PM, 02-Nov-2021
हिमाचल में कांग्रेस की तीनों विधानसभा सीटों पर बढ़त
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने मंडी लोकसभा समेत तीन विधानसभा सीटों पर बढ़त बना ली है। आगामी चुनाव के लिए भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
12:39 PM, 02-Nov-2021
लोकसभा की एक-एक सीट पर भाजपा, कांग्रेस और शिवसेना को बढ़त
लोकसभा की तीन सीटों में से एक पर भाजपा, एक पर कांग्रेस और एक पर शिवसेना को बढ़त मिली हुई है। मध्यप्रदेश की खंडवा में भाजपा आगे चल रही है। वहीं हिमाचल की मंडी में कांग्रेस को बढ़त मिली हुई है। शिवसेना को दादरा व नगर हवेली सीट पर लीड कर रही है।
12:30 PM, 02-Nov-2021
15 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच में कांटे की टक्कर
29 विधानसभा सीटों में 15 पर कांग्रेस और भाजपा के बीच में कांटे की टक्कर हो रही है। चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक 8 सीटों पर भाजपा लीड कर रही है तो कांग्रेस सात सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।
11:25 AM, 02-Nov-2021
विधानसभा की 29 में से आठ सीटों पर भाजपा को बढ़त, बंगाल में टीएमसी आगे
विधानसभा की कुल 29 में से आठ सीटों पर भाजपा ने बढ़त बना ली है। जबकि बंगाल में चारों सीटों पर टीएमसी आगे चल रही है।
11:03 AM, 02-Nov-2021
आंध्र प्रदेश में YSRCP तो असम में भाजपा, बिहार में कड़ी टक्कर
14 राज्यों में विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव की मतगणना जारी है। YSRCP आंध्र प्रदेश में 1 सीट पर आगे, भाजपा असम में 3 सीटों पर और UPPL 2 पर आगे, बिहार में जद(यू) और राजद एक-एक सीट पर आगे। हरियाणा में INLD 1 सीट पर आगे चल रही है।
10:41 AM, 02-Nov-2021
चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस की अनुमति नहीं
चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद विजय जुलूस की अनुमति नहीं है। संबंधित रिटर्निंग अधिकारी से चुनाव का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए विजेता उम्मीदवार या उसके अधिकृत प्रतिनिधि के साथ दो से अधिक व्यक्तियों को जाने की अनुमति नहीं है।
10:27 AM, 02-Nov-2021
बंगाल में टीएमसी चारों सीटों पर आगे तो कांग्रेस राजस्थान में दोनों सीटों पर आगे
मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट 1 सीट पर आगे चल रही है वहीं कांग्रेस राजस्थान की दोनों सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा तेलंगाना में अकेली सीट पर और टीएमसी पश्चिम बंगाल की सभी चार सीटों पर आगे चल रही है।
10:22 AM, 02-Nov-2021
मेघालय उपचुनाव में शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ एनपीपी, यूडीपी को बढ़त
मेघालय की मॉरिंगकेंग विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मंगलवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझान में सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) आगे चल रही है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक एनपीपी के पिनिएड सिन्ह सियेम कांग्रेस के उम्मीदवार एवं अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी हाईलैंडर खारमलकी से 246 मतों से आगे चल रहे हैं।
10:19 AM, 02-Nov-2021
असम में भाजपा, हरियाणा की एक सीट पर इनेलो, हिमाचल में कांग्रेस आगे
14 राज्यों में विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनाव में असम की 5 में से 2 सीटों पर भाजपा, हरियाणा की एक सीट पर इनेलो, हिमाचल प्रदेश की तीन में से दो सीटों पर कांग्रेस और मध्यप्रदेश की सभी 3 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है।
10:01 AM, 02-Nov-2021
हिमाचल में एक बार फिर कांग्रेस आगे
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस ने बढ़त बना ली है। यहां मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह एक बार फिर भाजपा के ब्रिगेडियर कुशाल चंद ठाकुर से 4704 मतों से आगे चल रही हैं।
10:00 AM, 02-Nov-2021
मध्यप्रदेश के चारों सीटों पर भाजपा आगे
मध्यप्रदेश के उपचुनाव में भाजपा चारों सीटों पर आगे चल रही है। खंडवा लोकसभा सीट भाजपा के खाते में जाती दिख रही है।
09:56 AM, 02-Nov-2021
हिमाचल के मंडी में भाजपा 301 मतों से आगे निकल गई
हिमाचल के मंडी में भाजपा 301 मतों से आगे निकल गई है। जानकारी के मुताबिक अबतक भाजपा को 85442 मत मिले हैं जबकि कांग्रेस को 85141 मत मिले हैं। नोटा में 3,277 मत पड़े हैं।
09:51 AM, 02-Nov-2021
बिहार के कुशेश्वरस्थान में राजद 510 वोटों से आगे, तारापुर में JDU आगे
बिहार के कुशेश्वरस्थान में दूसरे राउंड में भी राजद 510 वोट से आगे चल रही है। जबकि तारापुर में पहले राउंड में JDU आगे चल रही है।
09:49 AM, 02-Nov-2021
राजस्थान में दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की शुरू हुई मतगणना
हिमाचल की मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस की प्रतिभा सिंह आगे
हिमाचल की मंडी संसदीय सीट पर कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह भाजपा के ब्रिगेडियर कुशाल चंद ठाकुर से आगे चल रही हैं।
08:39 AM, 02-Nov-2021
हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट की काउंटिंग
हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा और लोकसभा की एक सीट पर हुए उपचुनाव के लिए काउंटिंग शुरू हो गई है।
ये प्रत्याशी मैदान में मंडी संसदीय क्षेत्र
नाम दल
ब्रिगेडियर कुशाल चंद ठाकुर भाजपा
प्रतिभा सिंह कांग्रेस
अंबिका श्याम राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी
मुंशी राम ठाकुर हिमाचल जनक्रांति पार्टी
अनिल कुमार निर्दलीय
सुभाश मोहन स्नेही निर्दलीय
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र
बलदेव ठाकुर भाजपा
भवानी सिंह पठानिया कांग्रेस
पंकज कुमार दर्शी हिमाचल जनक्रांति पार्टी
डॉ. राजन सुशांत निर्दलीय
डॉ. अशोक कुमार सोमल निर्दलीय
अर्की विधानसभा क्षेत्र
रतन सिंह पाल भाजपा
संजय कांग्रेस
जीत राम निर्दलीय
जुब्बल कोटखाई क्षेत्र
नीलम सरैईक भाजपा
रोहित ठाकुर कांग्रेस
चेतन सिंह बरागटा निर्दलीय
सुमन कदम निर्दलीय
08:27 AM, 02-Nov-2021
मतगणना पर हमारी कड़ी नजर, जनादेश की चोरी नहीं होने देंगे
बिहार उपचुनाव की मतगणना को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम भारी मतों से जीतेंगे। प्रशासन या कुछ लोग अगर गड़बड़ी करेंगे तो हम यहां हैं, इसीलिए हम दरभंगा आए हैं। हमारी नजर हर किसी पर है। जनादेश की चोरी हम नहीं होने देंगे। यहां कई मंत्री भी डेरा डालकर बैठे हैं, उनपर भी हमारी नजर है।
08:12 AM, 02-Nov-2021
राजस्थान की दो सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आने वाले हैं
आज राजस्थान की दो सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आने वाले हैं। राज्य की वल्लभनगर (उदयपुर) और धरियावद (प्रतापगढ़) विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी। भाजपा ने वल्लभनगर से हिम्मत सिंह झाला को उम्मीदवार बनाया था। उनका मुकाबला कांग्रेस नेता गजेंद्र सिंह शक्तावत की पत्नी प्रीति शक्तावत से है। धरियावद सीट से भाजपा ने खेत सिंह मीणा को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने उनके खिलाफ पूर्व विधायक नगराज मीणा को उम्मीदवार बनाया है।
08:10 AM, 02-Nov-2021
मध्यप्रदेश में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों के परिणाम
मध्यप्रदेश के खंडवा संसदीय क्षेत्र सहित पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। वर्तमान में इन कुल चार सीटों में से दो भाजपा और दो कांग्रेस के पास मौजूद हैं।
07:58 AM, 02-Nov-2021
बंगाल में कड़ी टक्कर
पश्चिम बंगाल की भी चार विधानसभा सीटों के आज नतीजे आने वाले हैं। ये सीटे हैं-दिनहटा, शांतिपुर, खरदा और गोसाबा। इन सीटों पर भाजपा और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर है।
07:43 AM, 02-Nov-2021
बिहार की दो सीटें- कुशेश्वरस्थान और तारापुर के भी आएंगे नतीजे
बिहार की दो सीटें- कुशेश्वरस्थान और तारापुर की किस्मत भी आज तय हो जाएगी। उपचुनाव के प्रचार में लालू प्रसाद यादव की एंट्री के बाद मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया था। तारापुर में कुल 51.87 फीसदी और कुशेश्वर स्थान में कुल 49 फीसदी मतदान हुआ था।
07:32 AM, 02-Nov-2021
मतगणना Live: हिमाचल की तीनों सीटों पर कांग्रेस की जीत, असम की पांचों सीटें भाजपा के खाते में
देश में 30 अक्तूबर को तीन लोकसभा और 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए काउंटिंग शुरू हो गई है। तीन लोकसभा सीटों में दादरा व नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश की मंडी और मध्य प्रदेश की खंडवा सीट है। वहीं विधानसभा कि बात करें तो असम की पांच, बंगाल की चार, मध्यप्रदेश, मेघालय और हिमाचल की तीन-तीन, राजस्थान, बिहार और कर्नाटक की दो-दो, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम और तेलंगाना की एक-एक सीट के नतीजे आने वाले हैं।