फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session: शिक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस, लोकसभा में वहन-पत्र विधेयक पारित

Mon, 10 Mar 2025 08:04 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Rajya Sabha, Lok Sabha Proceedings Live Today: बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही जारी है। संसद की कार्यवाही के पहले ही दिन काफी हंगामा देखने को मिला और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के बयान पर डीएमके सांसदों ने वॉकआउट किया। साथ ही वोटर लिस्ट के मुद्दे को भी विपक्ष ने जोर-शोर से उठाया। 
विज्ञापन
बजट सत्र 2025 का दूसरा चरण - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:56 AM, 11-Mar-2025

विमान निर्माण के लिए एसपीवी स्थापित करेगी सरकार : नायडू
नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि देश में विमानों और इनके कलपुर्जों के निर्माण के लिए आवश्यक नीतियां हैं। सरकार क्षेत्रीय परिवहन विमान बनाने के लिए विशेष प्रयोजन इकाई (एसवीपी) स्थापित करने की प्रक्रिया में है। राज्यसभा में प्रश्नकाल में पूरक सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि हमारी योजना पांच साल के लिए एसपीवी बनाने की है, जो आवश्यक हितधारकों को शामिल करेगी। देश में मौजूदा स्थिति का अध्ययन करेगी और एक रोडमैप तैयार करेगी। उन्होंने सदन को विमान के कलपुर्जों के विनिर्माण से जुड़ी जानकारी दी।

केंद्रीय विद्यालयों में दाखिले में सांसदों का कोटा फिर से लागू करने का प्रस्ताव नहीं
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय विद्यालयों में दाखिले के लिए सांसदों का कोटा फिर से लागू करने के किसी भी प्रस्ताव को खारिज कर दिया। प्रधान ने लोकसभा में कहा, केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सांसदों के लिए कोटा सहित कुछ विशेष प्रावधानों को वापस ले लिया है। ये स्वीकृत कक्षा क्षमता से परे थे और छात्रों की शिक्षा को प्रभावित कर रहे थे। स्वस्थ छात्र शिक्षक अनुपात को बनाए रखते हुए प्रणाली में गुणात्मक परिवर्तन लाने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के दृष्टिकोण के अनुरूप वांछित परिणाम हासिल करने के लिए 2022 में इन प्रावधानों समाप्त कर दिया गया। विशेष प्रावधानों के तहत, सांसदों को किसी केंद्रीय विद्यालय में 10 बच्चों के प्रवेश की सिफारिश करने का विवेकाधीन अधिकार था। 

कार्ड, इंटरनेट और डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी में 107 करोड़ रुपये गंवाए
पिछले साल अप्रैल-दिसंबर तक कार्ड, इंटरनेट और डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी में लोगों ने 107 करोड़ रुपये गंवाए। वित्त वर्ष 2023-24 (अप्रैल-मार्च) में इस तरह की धोखाधड़ी के कारण 177 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में लिखित जवाब में कहा कि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-दिसंबर अवधि में 13,384 धोखाधड़ी के मामले सामने आए। इनमें आम जनता को 107.21 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। देश में डिजिटल भुगतान लेनदेन बढ़ने के साथ ही पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी सहित फर्जीवाड़े की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। वर्ष 2022-23 में 69.68 करोड़ रुपये की हानि के साथ धोखाधड़ी के ऐसे 6,699 मामले सामने आए, जबकि वर्ष 2021-22 में 80.33 करोड़ रुपये की हानि के साथ 3,596 मामले सामने आए। 

06:55 AM, 11-Mar-2025

सरकार ने 514 अरब रुपये अतिरिक्त खर्च करने लिए संसद से मांगी मंजूरी
केंद्र सरकार ने 31 मार्च को समाप्त होने वाले मौजूदा वित्त वर्ष 2024-25 के लिए शुद्ध आधार पर अतिरिक्त 514.63 अरब रुपये खर्च करने के लिए संसद की मंजूरी मांगी है। सरकार की ओर से सोमवार को जारी बयान में कहा गया कि वंचित क्षेत्रों में दूरसंचार नेटवर्क को उन्नत करने और सरकारी टेलीकॉम कंपनियों भारत संचार निगम लि. और महानगर टेलीफोन निगम लि. के कर्मियों के बकाए का भुगतान करने के लिए 53.2 अरब खर्च की मंजूरी मांगी है। साथ ही केंद्र ने अपने कर्मचारियों के लिए नई एकीकृत पेंशन योजना के लिए 70 अरब की मंजूरी मांगी है, जो 1 अप्रैल 2025 से लागू होगी। 

अप्रैल-जनवरी के दौरान 1.95 लाख करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी गई
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में कहा कि केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों ने चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जनवरी अवधि में 25,397 मामलों में 1.95 लाख करोड़ रुपये की कर चोरी का पता लगाया है। इस दौरान कर चोरी के मामलों में 21,520 करोड़ रुपये स्वैच्छिक रूप से जमा किए गए। चालू वित्त वर्ष में आईटीसी धोखाधड़ी के कुल 13,018 मामले सामने आए, जिनमें 46,472 करोड़ रुपये की राशि शामिल है। 2,211 करोड़ रुपये स्वैच्छिक जमा किए गए।

1,011 किमी लंबाई के साथ भारत दुनिया में तीसरा बड़ा मेट्रो नेटवर्क
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा में कहा कि भारत 1,011 किमी लंबाई के साथ दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है। भारत में 2002 में इसकी शुरुआत हुई थी। वर्तमान में 29 राज्यों में मेट्रो है या काम चल रहा है। पुरी ने कहा, हमारी प्राथमिकता अमेरिका को पीछे छोड़ दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बनाने की है। अमेरिका में मेट्रो का नेटवर्क 1400 किमी है।पुरी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर सफल मेट्रो संचालन का उदाहरण है, जहां 70 लाख लोग रोज 400 किमी का सफर मेट्रो से तय करते हैं। परिवहन सुधारों के लिए केंद्र सरकार दिल्ली के लिए जो कुछ भी करना चाहती थी, वह दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार के सहयोग के अभाव में पटरी से उतर गया।

वक्फ संशोधन बिल माह के आखिर में पेश करेगी सरकार
केंद्र सरकार ने वक्फ संशोधन बिल पारित कराने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार की योजना संसद के इसी सत्र में 24 मार्च से शुरू होने वाले सप्ताह में बिल पेश करने की है। एक सरकारी सूत्र ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक के लिए सरकार ने सहयोगी दलों से बातचीत शुरू कर दी है। इस क्रम में तेदेपा और जनसेना के साथ चर्चा हुई है। सरकार की योजना 21 मार्च तक सभी सहयोगियों से विधेयक पर विमर्श की प्रक्रिया पूरी कर लेने की है। वित्त विधेयक को पारित कराने से पहले सरकार ने अनुदान मांगों को पारित कराने की भी योजना तैयार कर ली है। इसके तहत मंगलवार से राज्यसभा में गृह, शिक्षा, स्वास्थ्य और रेलवे मंत्रालयों के और लोकसभा में कृषि, जलशक्ति, शहरी विकास सहित कुछ अन्य मंत्रालयों के अनुदान मांगों पर क्रमवार चर्चा कराने की है। जिन मंत्रालयों के अनुदान मांगों पर 20 मार्च तक चर्चा नहीं हो पाएगी, उन्हें इसी दिन या 21 मार्च को गिलोटिन लाकर बिना चर्चा के पारित कराया जाएगा।

08:02 PM, 10-Mar-2025

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
संसद के लोकसभा और राज्यसभा सदन की कार्यवाही 11 मार्च को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

विज्ञापन
08:01 PM, 10-Mar-2025

राज्यसभा में रेलवे संशोधन विधेयक पारित
राज्यसभा में रेलवे संशोधन विधेयक को पारित कर दिया गया। विधेयक को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पेश किया था।

07:15 PM, 10-Mar-2025

लोकसभा में वहन-पत्र विधेयक 2024 पारित 
लोकसभा ने सोमवार को पोत परिवहन क्षेत्र से संबंधित ‘वहन-पत्र विधेयक 2024’ को पारित कर दिया, जिसमें 1856 के संबंधित कानून को निष्प्रभावी करके नया कानून बनाए जाने का प्रावधान किया गया है। सदन में विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि सभी भारतीय चाहते हैं कि देश में स्वतंत्र भारत के कानून लागू किए जाएं, उसी क्रम में अंग्रेजों के समय के कानून की जगह लेने के लिए यह विधेयक लाया गया।
 

विज्ञापन
06:03 PM, 10-Mar-2025

धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस
डीएमके सांसद कनिमोझी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा सांसद धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ संसद में तीन भाषाओं के मुद्दे पर की गई टिप्पणी को लेकर संसदीय विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया।
 

05:32 PM, 10-Mar-2025

डीएमके को सता रहा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में हार का डर: निशिकांत दुबे
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि डीएमके नई शिक्षा नीति और लोकसभा परिसीमन जैसे मुद्दे उठाकर देश को बांटने का प्रयास कर रही है। लोकसभा में शून्य काल के दौरान सांसद दुबे ने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में हार के डर से डीएमके यह मुद्दे उठा रही है। डीएमके केवल भावनाएं भड़का रही है। तमिल प्राचीन भाषा है। लेकिन संस्कृत उससे भी पुरानी है। 1973 में कांग्रेस ने परिसीमन के बाद मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में संसदीय सीटें बढ़ा दीं। लेकिन तमिलनाडु में ऐसा नहीं किया। फिर भी डीएमके कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार चला रही है। डीएमके भावनाएं भड़काकर देश को बांटना चाहती है। डीएमके तमिलनाडु विधानसभा चुनाव हार रही है। 

05:21 PM, 10-Mar-2025

हिंदुत्व विचारधारा पर नहीं चल रहा एएसआई: शेखावत
सरकार ने सोमवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) पर लगे हिंदुत्व विचारधारा की राह पर चलने के आरोपों को खारिज कर दिया। केंद्र ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार किसी विशेष समुदाय को विशेषाधिकार दिए बिना सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। लोकसभा में एआईएमआईएम के असदुद्दीन औवेसी के बयान के जवाब में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि शायद वोट बैंक की राजनीति को ध्यान में रखते हुए एएसआई को अतीत में कुछ विशेषाधिकार दिए गए थे। 10 साल पहले मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ऐसा नहीं है। सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ काम कर रही है। 

03:56 PM, 10-Mar-2025

अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में पेश किया रेलवे संशोधन विधेयक
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे (संशोधन) विधेयक 2024 को चर्चा और पारित करने के लिए राज्यसभा में पेश किया। वहीं लोकसभा में बिल ऑफ लैडिंग बिल 2024 पर चर्चा चल रही है।

03:44 PM, 10-Mar-2025

वक्फ संशोधन विधेयक पर बोले भाजपा सांसद

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर कहा, 'हमने 6 महीने तक सभी अल्पसंख्यक तंज़ीमों को बुलाया था। उनके द्वारा उठाई गई सभी बातों पर विचार किया गया और एक बेहतर कानून के लिए हमने अपनी 428 पेज की रिपोर्ट दी थी। इससे वक्फ का मकसद पूरा होगा।'

02:23 PM, 10-Mar-2025

लोकसभा अध्यक्ष से मिले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कुछ देर पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। राहुल गांधी ने लोकसभा में भी वोटर लिस्ट पर चर्चा की मांग की थी। फर्जी वोटर मुद्दे पर कांग्रेस महासचिव (संगठन) और सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, 'इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होनी चाहिए। हम सभी लोकतंत्र के बारे में बात कर रहे हैं और यह लोकतांत्रिक सिद्धांतों और मूल्यों से संबंधित बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है। संसद में चर्चा की आवश्यकता है।'

01:56 PM, 10-Mar-2025

सरकार ने 51,463 करोड़ रुपये के अतिरिक्त व्यय के लिए संसद से मंजूरी मांगी

सरकार ने चालू वित्त वर्ष में लगभग 51,463 करोड़ रुपये के अतिरिक्त व्यय के लिए संसद से मंजूरी मांगी है। इन 51,462 करोड़ रुपये में से बड़ा हिस्सा पेंशन और फर्टिलाइजर की सब्सिडी में जाएगा। सरकार का कुल खर्च 6.78 लाख करोड़ रुपये है, जिनमें से 6.27 लाख करोड़ रुपये बचत और रिसीप्ट्स से मिलेंगे। अतिरिक्त खर्च को मंजूरी के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रस्ताव सदन में पेश किया। अतिरिक्त खर्च में से 12 हजार करोड़ रुपये फर्टिलाइजर सब्सिडी पर और 13,449 करोड़ रुपये सरकारी कर्मचारियों की पेंशन पर खर्च होंगे। 

 

01:44 PM, 10-Mar-2025

साइबर अपराध से निपटने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन की मांग

राज्यसभा में भाजपा सांसद संजय सेठ ने सोमवार को साइबर अपराध से निपटने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की मांग उठाई। उन्होंने देश में साइबर अपराध के बढ़ रहे मामलों पर भी चिंता जाहिर की। शून्य काल में भाजपा सांसद ने यह मुद्दा उठाया और कहा कि देश में लोग अब बड़े पैमाने पर डिजिटल और ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के व्यापक इंतजाम न होने के चलते कई लोगों को अपनी गाढ़ी कमाई गंवानी पड़ी है। उन्होंने कुछ मामलों का जिक्र किया,  जिनमें एक व्यक्ति ने साइबर अपराध से अपनी बेटी की शादी के लिए जमा धनराशि सेकेंड्स में गंवा दी, जिसके बाद उस पीड़ित व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। भाजपा सांसद ने तकनीक को बेहतर करने और वित्तीय सुरक्षा को मजूबत करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनने से पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सकेगा। साथ ही उन्होंने साइबर अपराध पीड़ितों के लिए एक फंड बनाने की भी मांग की। 

01:36 PM, 10-Mar-2025

संसद की कार्यवाही स्थगित

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई है। 

01:06 PM, 10-Mar-2025

केंद्रीय मंत्री ने डीएमके सांसदों से हुए विवाद पर दी सफाई

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई शिक्षा नीति और तीन भाषाओं के विवाद पर कहा, 'जिनके पास कोई तथ्य नहीं है, वे केवल हल्ला करके विषय को भ्रमित करना चाहते हैं। पिछले दिनों भारत सरकार की तमिलनाडु सरकार से चर्चा हुई थी। इसमें समझौते का एक रास्ता भी निकला था। उसी रास्ते पर तमिलनाडु सरकार राजी हो जाए, हमें उन्हें पीएम श्री एलोकेशन देने में कोई आपत्ति नहीं है। हम उनसे बार-बार अनुरोध करते आए हैं।'

12:31 PM, 10-Mar-2025

संसद में गूंजा यूपी पत्रकार की हत्या का मामला

लोकसभा में यूपी में हाल ही में एक युवा पत्रकार की हत्या का मामला भी गूंजा। सपा सांसद ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा और परिजन को नौकरी देने की मांग की। हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इसे राज्य का मामला बताकर इसे राज्य सरकार के सामने उठाने की बात कही। 

12:20 PM, 10-Mar-2025

राहुल गांधी ने लोकसभा में उठाई वोटर लिस्ट पर चर्चा की मांग

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट का मामला उठाया और सदन में उस पर चर्चा की मांग की। टीएमसी ने भी वोटर लिस्ट का मामला उठाया। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी वोटर लिस्ट पर संसद में चर्चा की मांग की। 
 

12:12 PM, 10-Mar-2025

कपिल सिब्बल ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, 'चुनाव आयोग सरकार के कब्जे में है, अगर लोकतंत्र ऐसे ही चलता रहा और चुनाव आयोग सरकार की पैरवी करता रहा तो निश्चित रूप से जो नतीजे आएंगे, वे आपके सामने है। अगर ऐसी ही व्यवस्था चलती रहेगी तो वह लोकतंत्र नहीं दिखावा है। हमें कई वर्षों से संदेह है। जमीन पर क्या होता है, वह सभी को पता है लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है।'

12:05 PM, 10-Mar-2025

डीएमके ने केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी पर जताई नाराजगी

लोकसभा की कार्यवाही स्थगन के बाद फिर से शुरू हो गई है। कार्यवाही शुरू होने पर डीएमके सांसद कनिमोझी ने केंद्रीय मंत्री के डीएमके सदस्यों को असभ्य कहने पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने अपने बयान पर माफी मांगी और कहा कि उनका मकसद किसी की भावना को चोट पहुंचाना नहीं था। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद की कार्यवाही से केंद्रीय मंत्री के बयान के उस हिस्से को हटा दिया, जिस पर डीएमके सदस्यों ने आपत्ति जताई और वे सदन से वॉकआउट कर गए।

11:31 AM, 10-Mar-2025

लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है। दरअसल नई शिक्षा नीति और तीन भाषाओं के विवाद पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'वे (DMK) बेईमान हैं। वे तमिलनाडु के छात्रों के प्रति प्रतिबद्ध नहीं हैं। वे तमिलनाडु के छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। उनका एकमात्र काम भाषा की बाधाएं खड़ी करना है। वे राजनीति कर रहे हैं। वे अलोकतांत्रिक और असभ्य हैं।'
 

11:13 AM, 10-Mar-2025

'विपक्ष स्वस्थ चर्चा करे'

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, 'लोकतंत्र की आज की आवश्यकता यही है कि विपक्ष एक स्वस्थ चर्चा करे और सत्ता पक्ष को घेरे और सत्ता पक्ष विपक्ष को अपने अच्छे कार्यों की जानकारी देकर उनको संतुष्ट करे लेकिन विपक्ष तैयार नहीं है। विपक्ष हंगामे के लिए तैयार रहता है, सदन में बाधा डालने के लिए तैयार रहता है।'

11:09 AM, 10-Mar-2025

लोकसभा में चल रहा प्रश्नकाल

लोकसभा में पीएम श्री योजना के तहत राज्यों में स्कूल खोले जाने को लेकर सवाल किए गए, जिनका केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने जवाब दिया। 

11:01 AM, 10-Mar-2025

लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

संसद के बजट सत्र में आज से दूसरे भाग की शुरुआत हो चुकी है। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई।

09:28 AM, 10-Mar-2025

राज्यसभा में संजय सिंह ने

आप सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत कार्य स्थगन नोटिस दिया है, जिसमें "शेयर बाजार में तीव्र गिरावट के कारण खुदरा निवेशकों को हुए नुकसान और नियामक तंत्र की प्रभावशीलता" पर चर्चा की जाएगी।

09:27 AM, 10-Mar-2025

परिसीमन मुद्दे को लेकर डीएमके ने दिया स्थगन नोटिस

डीएमके सांसद तिरुचि शिवा ने नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया, जिसमें "आगामी परिसीमन प्रक्रिया से संबंधित गंभीर चिंताओं, विशेष रूप से भारत के संघीय ढांचे पर इसके प्रभाव, जो दक्षिणी राज्यों के निष्पक्ष प्रतिनिधित्व को प्रभावित कर रहा है" पर चर्चा की गई।

09:25 AM, 10-Mar-2025

भारत की तरफ से टैरिफ में कथित कटौती पर कांग्रेस का कार्यस्थगन प्रस्ताव

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने बाहरी दबाव के चलते भारत की तरफ से टैरिफ में कथित कटौती पर चर्चा के लिए लोकसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव दिया।

09:23 AM, 10-Mar-2025

विजय वसंत ने सदन में एक स्थगन प्रस्ताव पेश किया

कन्याकुमारी से लोकसभा सांसद विजय कुमार उर्फ विजय वसंत ने सदन में एक स्थगन प्रस्ताव पेश किया है, जिसमें "तमिलनाडु में अपर्याप्त वित्तपोषित रेलवे परियोजनाओं पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता" पर तत्काल चर्चा की मांग की गई है।



08:11 AM, 10-Mar-2025

मणिकम टैगोर ने लोकसभा में दिया स्थगन प्रस्ताव

संसद सत्र के दूसरे हिस्से की आज से शुरुआत होगी, इससे पहले कांग्रेस के सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में सदन के व्यवसाय के स्थगन के लिए एक प्रस्ताव दिया, "मणिपुर और जम्मू में आंतरिक सुरक्षा संकट: संघर्ष, हिंसा और सरकार की जवाबदेही" पर चर्चा करने के लिए।
 

07:44 AM, 10-Mar-2025

गूंज सकता है लोकसभा परिसीमन का मुद्दा
सत्र के दौरान द्रमुक समेत दक्षिण भारत के दलों ने लोकसभा परिसीमन के मुद्दे को तूल देने की घोषणा कर दी है। इस सत्र के दौरान सरकार की कोशिश दोनों सदनों में 35 लंबित विधेयकों को पारित कराने की है।

07:27 AM, 10-Mar-2025

Parliament Session: शिक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस, लोकसभा में वहन-पत्र विधेयक पारित

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज यानि सोमवार को शुरू हो रहा है। चार अप्रैल तक चलने वाले इस चरण के दौरान वित्त विधेयक (बजट) को मंजूरी दी जाएगी। दूसरे चरण के बजट सत्र में सबकी निगाहें वक्फ संशोधन विधेयक पर होगी, जिसे केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। इसके अलावा विपक्ष और सरकार के बीच 'ईपीआईसी' के मुद्दे पर टकराव होने की उम्मीद है। विपक्ष मतदाता सूची में कथित हेराफेरी, मणिपुर में हिंसा की ताजा घटना और ट्रंप प्रशासन से निपटने में भारत के रुख जैसे मुद्दों को उठाने की योजना बना रहा है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें