फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Breaking News in Hindi Live: अपना समाचार चैनल लॉन्च करेगी कांग्रेस, यूट्यूब पर चलेगा 'आईएनसी टीवी'

Tue, 13 Apr 2021 10:26 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ब्रह्मकुमारी की पूर्व प्रमुख राजयोगिनी दादी जानकारी की याद में एक डाक टिकट जारी किया है। वहीं आज देशभर में नवरात्रि की धूम है। वहीं टीका उत्सव के तीसरे दिन 10.85 करोड़ लोगों को टीका लग चुका है। इधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी धरने पर बैठ गई हैं। ममता बनर्जी के बाद भाजपा नेता राहुल सिन्हा पर चुनाव आयोग ने 48 घंटे का बैन लगा दिया है। वहीं पश्चिम बंगाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रैली की। उधर, दिल्ली जल बोर्ड के वाइस चेयरमैन ने कहा है कि हरियाणा की आपराधिक लापरवाही के चलते दिल्ली में पानी की आपूर्ति बाधित होने जा रही है। देश और दुनिया की ब्रेकिंग और ताजा खबरों को यहां पढ़िए...
विज्ञापन
कांग्रेस - फोटो : फाइल
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:25 PM, 13-Apr-2021

अपना समाचार चैनल शुरू करेगी कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी अपना समाचार चैनल शुरू करने जा रही है। जानकारी के अनुसार पार्टी के इस चैनल का नाम आईएनसी टीवी होगा और यह यूट्यूब पर उपलब्ध होगा। कांग्रेस इसके माध्यम से सोशल मीडिया के जरिए पार्टी संबंधित समाचार लोगों तक पहुंचाएगी।

09:43 PM, 13-Apr-2021

ममता बनर्जी ने दी पीएम मोदी को चुनौती

ममता बनर्जी ने बारासात में कहा कि मैंने सभी से एकजुट होकर मतदान करने की अपील करके क्या गलती की थी? मुझे हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई, माताएं, बहनें, छात्र और युवा, सभी के वोट चाहिए। ममता ने कहा, 'नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में एक बैठक में कहा था कि ममता दीदी ने माटुआ समुदाय के लिए कुछ नहीं किया। मैं सार्वजनिक रूप से उन्हें चुनौती देती हूं कि यदि मैंने उनके लिए कुछ नहीं किया तो मैं राजनीति छोड़ दूंगी और अगर आप झूठ बोल रहे हैं तो आप कान पकड़ कर उठक बैठक करेंगे।'

06:27 PM, 13-Apr-2021

त्रिपुरा: 80 लाख रुपये और 30 लाख बांग्लादेशी टका जब्त

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और त्रिपुरा पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 80 लाख भारतीय रुपये और 30 लाख बांग्लादेशी टका जब्त किए। ईडी ने बताया कि ये जब्ती त्रिपुरा के पश्चिमी अगरतला और सोनामुरा इलाकों में सात स्थानों से की गई। 

विज्ञापन
06:17 PM, 13-Apr-2021

ममता सब कुछ राजनीति के चश्मे से देखती हैं: नड्डा

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि वह (ममता बनर्जी) कूच बिहार जा सकती हैं, यह लोकतंत्र है लेकिन उन्होंने आनंद बर्मन के बारे में कुछ नहीं कहा, एक 22 साल का युवा जिसकी हत्या कर दी गई। जो चार लोग मारे गए, हमने सबके बारे में बात की। नड्डा ने कहा कि वह (ममता बनर्जी) मुख्यमंत्री हैं लेकिन उन्होंने कुछ नहीं हा। वह सब कुछ राजनीति के चश्मे से देखती हैं। हम समाज को विकास के नजरिए से देखते हैं और हम सबको साथ लाने की बात करते हैं। 

06:03 PM, 13-Apr-2021

ममता बनर्जी के धरने पर जेपी नड्डा का तंज

चुनाव आयोग की ओर से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में लगाए के 24 घंटे के प्रतिबंध के खिलाफ बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार को धरने पर बैठीं। वहीं, इसे लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें निशाने पर लिया। नड्डा ने कहा, 'चुनाव आयोग एक स्वतंत्र निकाय है। उन्होंने कुछ देखा होगा जिसके बाद कार्रवाई की गोगी। लेकिन ममता जी का पक्ष ऐसा है कि उनकी सुनो तो सब ठीक है लेकिन अगर उनकी न सुनो तो सब गलत है, वह ही अकेली हैं जो सच बोलती हैं... लेकिन, ऐसा नहीं है।'

विज्ञापन
05:53 PM, 13-Apr-2021

दिल्ली में जल आपूर्ति में आएगी बाधा

दिल्ली जल बोर्ड के वाइस चेयरमैन राघव चड्ढा ने मंगलवार को कहा कि दक्षिणी, उत्तरी, मध्य और पश्चिमी दिल्ली में दल आपूर्ति बाधित होने जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए क्योंकि हरियाणा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दिल्ली को साफ और पर्याप्त जल की आपूर्ति नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ऐसा करके आपराधिक लापरवाही कर रहा है।

03:49 PM, 13-Apr-2021

फेसबुक-व्हाट्सएप की याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित

दिल्ली हाईकोर्ट ने सोशल मीडिया दिग्गज फेसबुक और उसके स्वामित्व वाली इंस्टैंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप की याचिकाओं पर मंगलवार को फैसला सुरक्षित रख लिया। फेसबुक और व्हाट्सएप ने याचिकाओं में मैसेजिंग एप की नई निजता पॉलिसी को लेकर कंपटीशन कमीशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) के एक जांच के आदेश को चुनौती दी है।

03:45 PM, 13-Apr-2021

क्या किसी को छोड़ेंगी दीदी: राजनाथ

बंगाल के स्वरूपनगर में एक चुनावी जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'आप हमारे प्रधानमंत्री के बारे में उल्टा-सीधा बोलते हैं। आप उन्हें हर बात के लिए दोषी क्यों ठहराते हैं? मैं भी एक मुख्यमंत्री रहा हूं, मुझे पता है कि एक मुख्यमंत्री का व्यवहार कैसा होना चाहिए... चुनाव आयोग ने उन्हें (ममता बनर्जी को) आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए 24 घंटे के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। अब वह चुनाव आयोग का विरोध कर रही हैं। दीदी, क्या आप किसी को छोड़ेंगी?'

02:58 PM, 13-Apr-2021

गुजरात : अहमदाबाद के जिला अस्पताल में एंबुलेंसों को लाइनें लगी

गुजरात में कोरोना का कहर तेजी से फैल रहा है। अहमदाबाद के जिला अस्पताल में कई एंबुलेंस लंबी लाइन लगाकर बाहर खड़ी रहीं। अस्पताल के सुपरटेंडेंट जेवी मोदी ने कहा कि 2,120 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पताल परिसर में 2,008 मरीज भर्ती हुए हैं। हमने कल रात एक घंटे के भीतर 45 एंबुलेंस लीं।
 

02:45 PM, 13-Apr-2021

बंगाल में एक रैली के दौरान ममता पर बरसे गृह मंत्री

बंगाल में एक जनसभा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि दीदी ने मुझे बाहर का व्यक्ति बताया। ममता दीदी ने प्रधानमंत्री को भी बाहरी बताया। लेकिन मैं आपको बताता हूं कि बाहरी कौन है। कम्यूनिस्टों की विचारधारा बाहरी क्योंकि वो चीन और रूस से आई है। कांग्रेस का नेतृत्व बाहरी है क्योंकि वो इटली से आया है और टीएमसी का वोट बैंक बाहरी है क्योंकि वो घुसपैठियां हैं।
 

02:31 PM, 13-Apr-2021

उत्तराखंड के सीएम ने नाइट कर्फ्यू की अवधि को घटाया

आगामी त्योहारों को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने नाइट कर्फ्यू को छोटा कर दिया है। अब नाइट कर्फ्यू की अवधि देर रात साढ़े दस बजे से सुबह पांच तक रहेगी। ये नाइट कर्फ्यू उन इलाकों में लगेगा, जहाे पहले से लागू किया गया है।
 

01:58 PM, 13-Apr-2021

दुर्ग में और पांच दिन बढ़ा लॉकडाउन

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन की अवधि को पांच दिन के लिए और बढ़ा दिया है यानी कि अब 19 अप्रैल तक दुर्ग में लॉकडाउन रहेगा। दुर्ग के जिलाधिकारी सर्वेश्वर भूरे ने इस बात की जानकारी दी।
 

01:49 PM, 13-Apr-2021

ममता के धरने पर दिलीप घोष का पलटवार

बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि वे चुनाव को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं। चुनाव आयोग को निशाना बना रहे हैं। ईवीएम को लूटने के लिए बोल रहे हैं। केंद्रीय बलों पर हमला कराया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी ममता बनर्जी की है। वे आयोग का निर्णय न मानकर आंदोलन कर रही हैं। एक सीएम को यह शोभा नहीं देता।
 

01:45 PM, 13-Apr-2021

केरल के उच्च शिक्षा मंत्री केटी जलील ने दिया इस्तीफा

केरल के उच्च शिक्षा मंत्री केटी जलील ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। लोकायुक्त की ओर से मंत्री को अपने पद का गलत इस्तेमाल करने, पक्षपात, भाई-भतीजावाद और कार्यालय की शपथ का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। इसके बाद लोकायुक्त ने आदेश दिया कि मंत्री अपना कार्यभार नहीं संभाल सकते।
 

01:13 PM, 13-Apr-2021

लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर मजदूरों की भारी भीड़

मुंबई के कुर्ला में लोकमान्य तिलक टर्मिनस में प्रवासी मजदूरों को काफी भीड़ देखी गई, जिसके बाद इलाके में हड़कंच मच गया। हालांकि सेंट्रल रेलवे के पीआरओ ने बताया कि घबराने की बात नहीं है, हर गर्मी के मौसम में प्रवासी मजदूरों की भीड़ उमड़ती है। 
 

01:09 PM, 13-Apr-2021

सुवेंदु अधिकारी को चुनाव आयोग की चेतावनी

चुनाव आयोग ने भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी को चेतावनी जारी करते हुए सलाह दी है कि जब आचार संहिता लागू हो तो सार्वजनिक बयानबाजी करते समय आपत्तिजनक बयानों से बचना चाहिए। सुवेंदु अधिकारी ने 29 मार्च को एक भाषण दिया था, जिस पर नौ अप्रैल को अपना जवाब दाखिल किया था। इस पर चुनाव आयोग ने सुवेंदु अधिकारी को चेतावनी जारी की है।
 

01:06 PM, 13-Apr-2021

कूचबिहार हिंसा पर दिलीप घोष ने चुनाव आयोग ने मांगा जवाब

कूचबिहार हिंसा को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान पर चुनाव आयोग ने जवाब मांगा है। चुनाव आयोग ने कल सुबह दस बजे तक दिलीप घोष के बयान पर उनके जवाब और सफाई की मांग की है।
 

01:02 PM, 13-Apr-2021

बंगाल में अमित शाह की रैली

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली कर रहे हैं। बता दें कि 17 अप्रैल को बंगाल में पांचवें चरण का चुनाव है। रैली में अमित शाह ने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस, कम्यूनिस्टों और टीएमसी तीनों ने मिलकर गोरखाओं के साथ सालों तक अन्याय किया है।
 

12:17 PM, 13-Apr-2021

राहुल सिन्हा पर 48 घंटे का बैन

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के राहुल सिन्हा पर भी 48 घंटे का बैन लगा दिया है। अब भाजपा के नेता राहुल सिन्हा दो दिन तक राज्य में चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे। बता दें कि राहुल सिन्हा ने कूचबिहार हिंसा को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था।
 

12:07 PM, 13-Apr-2021

महाराष्ट्र : नालासोपारा में ऑक्सीजन की कमी से सात कोविड मरीजों की मौत

महाराष्ट्र के नालासोपारा में सात कोविड मरीजों की ऑक्सीजन की कमी से मौत हो गई, जिसके बाद वहां परिजनों ने हंगामा कर दिया। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में सुबह तीन बजे तक ऑक्सीजन की सप्लाई हो गई थी। मृतकों के परिवार वालों की बिल को लेकर अस्पताल प्रशासन से कहासुनी हुई। अगर परिजन अस्पताल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना चाहते हैं तो करा सकते हैं।
 

11:55 AM, 13-Apr-2021

बंगाल : चुनाव आयोग के बैन के बाद धरने पर बैठीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गांधी मूर्ति पर धरने पर बैठ गई हैं। बता दें कि कल चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी के चुनाव प्रचार करने पर 24 घंटे का प्रतिबंध लगा दिया था। ममता बनर्जी 12 रात आठ बजे से 13 अप्रैल रात आठ बजे तक प्रचार नहीं कर सकतीं।
 

11:30 AM, 13-Apr-2021

लक्षद्वीप और जम्मू-कश्मीर का एक जिला टीबी मुक्त - स्वास्थ्य मंत्री

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने जानकारी दी कि एक केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप और जम्मू-कश्मीर का एक जिला बडगाम ट्यूबरक्लोसिस से मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा कि ये एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि यही 2025 में टीबी मुक्त भारत के लिए पहल है।
 

11:19 AM, 13-Apr-2021

कोरोना टीका : अब तक 10.85 करोड़ लोगों को लगी वैक्सीन

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी दी कि देश में टीका उत्सव के तीसरे दिन तक 10.85 करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। वहीं बीते 24 घंटे में कोरोना वैक्सीन की 40 लाख खुराकें दी गईं
 

11:12 AM, 13-Apr-2021

खराब मौसम के चलते दुबई से मंगलूरू जाने वाला विमान कोचिन उतारा गया

दुबई से मंगलूरू आने वाली एयर इंडिया के विमान के रास्ते को बदला गया और कोचिन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। खराब मौसम की वजह से पायलट ने यह फैसला लिया। कोचिन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निदेशक एसीके नायर ने इस बात की जानकारी दी।
 

10:42 AM, 13-Apr-2021

अंडमान : कोविड-19 के 11 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 5,201

अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में मंगलवार को 11 और लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कोविड-19 मरीजों की संख्या 5,201 हो गई। अधिकारी ने बताया कि 10 और लोग इस बीमारी से स्वस्थ हुए हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रशासित प्रदेश में 89 लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि 5,050 लोग बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं और 62 मरीजों की अब तक इस बीमारी से मौत हो चुकी है।

10:37 AM, 13-Apr-2021

कर्नाटक : कोरोना की स्थिति की समीक्षा करने के लिए 18 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बताया कि राज्य में कोरोना की स्थिति पर चर्चा करने के लिए 18 अप्रैल को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उन्होंने आगे कहा कि इस समय लॉकडाउन का सवाल ही नहीं पैदा होता। तकनीकी एडवाइजरी समिति ने कहा कि दो मई तक ही कोरोना के पॉजिटिव मामले बढ़ेंगे, इसलिए तबतक लोगों को कोरोना के उचित व्यवहार का पालन करना चाहिए।
 

10:31 AM, 13-Apr-2021

एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाता है त्योहारों की विविधता

प्रधानमंत्री मोदी ने देश में नवरात्रि का पर्व मना रहे लोगों को शुभकामनाएं दी और अलग-अलग क्षेत्र और समुदाय को उनके नए साल के दिन बधाई दी। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से सभी देशवासियों को बधाई दी और कहा कि त्योहारों की विविधता ही एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाता है।

10:20 AM, 13-Apr-2021

महाराष्ट्र : ठाणे में कोविड-19 के 4,971 नए मामले, 26 और लोगों की मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,971 नए मामले सामने आने के बाद कोविड-19 के मरीजों की संख्या 3,85,068 हो गई है। वहीं संक्रमण से 26 और लोगों की मौत हो गई जिसके बाद जिले में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 6,733 हो गई है। अब तक जिले में 3,20,820 मरीज संक्रमण से उबर चुके हैं जिसके बाद जिले में स्वस्थ होने की दर 83.32 प्रतिशत है। अधिकारी ने बताया कि ठाणे में अब भी 57,515 लोग संक्रमण का इलाज करा रहे हैं।

09:39 AM, 13-Apr-2021

कोरोना : दैनिक मामलों में मामूली गिरावट, मिले 1.62 लाख नए मरीज

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच दैनिक मामलों में आज मामूली गिरावट देखी गई है। बीते 24 घंटे में देश में 1.61 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 879 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। इसके अलावा सक्रिय मामलों की बात करें तो मौजूदा समय में 12.64 लाख से ज्यादा लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
 

09:06 AM, 13-Apr-2021

ड्रग मामला : मुंबई के कई इलाकों में एनसीबी ने मारा छापा

दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सामने आए ड्रग एंगल पर एनसीबी ने अब कई छापेमारी कर दी हैं। बीती रात एनसीबी ने मलाड, परेल और सांताक्रूज में कई जगहों पर छापेमारी की। इस छापेमारी में एनसीबी ने दो ड्रग पेडलर को हिरासत में लिया है।
 

08:51 AM, 13-Apr-2021

नवरात्रि के पहले माता वैष्णों देवी के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालू

आज देशभर में नवरात्रि की पर्व मनाया जा रहा है। वहीं नवरात्रि के पहले माता के भक्त मां वैष्णों देवी के दर्शन करने कटरा पहुंचे। हालांकि वहां कोरोना के प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जा रहा है। एक श्रद्धालू ने बताया कि मंदिर में प्रवेश करने के लिए हमें आरटी-पीसीआऱ की निगेटिव रिपोर्ट साथ लानी होती है। 
 

08:40 AM, 13-Apr-2021

बनारस में नवरात्रि की धूम

बनारस के दुर्गा मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन आज श्रद्धालुओं ने पूजा की। पुजारी ने बताया कि नवरात्रि में 9 दिनों तक मां की आराधना करने से सभी कामनाएं पूरी होती हैं। यहां भीड़ बहुत ज्यादा होती है। कोरोना नियमों का पालन करने को कहा गया है।
 

08:19 AM, 13-Apr-2021

बिहार : नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म, हिरासत में लिए गए पांच लोग

मुजफ्फरपुर के हथौरी इलाके में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से एक की गिरफ्तारी की गई है। इन पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। इसके अलावा दुष्कर्म की वीडियो बनाना और उसे ऑनलाइन साझा करने की शिकायत के आधार पर इन पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। महिला पुलिस स्टेशन की संवेदना स्नेही ने इस बात की जानकारी दी।
 

07:53 AM, 13-Apr-2021

Live: अपना समाचार चैनल लॉन्च करेगी कांग्रेस, यूट्यूब पर चलेगा 'आईएनसी टीवी'

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ब्रह्मकुमारी की पूर्व प्रमुख राजयोगिनी दादी जानकी की याद में डाक टिकट जारी किया। वेंकैया नायडू ने कहा कि हर किसी को लैंगिक भेदभाव, जातिवाद और सांप्रदायिकता जैसी सामाजिक बुराइयों से लड़ने के लिए अपने कदमों का अनुसरण करना चाहिए।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें