फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Breaking News in Hindi Live: कूचबिहार हिंसा मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर

Mon, 12 Apr 2021 10:57 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

देश में कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। वहीं कई राज्यों में वैक्सीन की कमी की शिकायतें आ रही हैं तो कई अस्पतालों में बिस्तरों की कमी देखी जा रही है। यही नहीं देश में कोरोना का कहर तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 1.68 लाख से ज्यादा मामले सामने आए, जो अबतक का सर्वाधिक आंकड़ा है। वहीं दिल्ली मेट्रो में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन पर अभी अस्थायी तौर पर प्रवेश पर रोक लगा दी है। इधर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दानिश चिकना और दाऊद इब्राहिम के सहयोगी राजिक चिकना को समन भेजा है। इधर बंगाल के बर्धमान में पीएम मोदी की रैली शुरू हो गई है। देश और दुनिया की ब्रेकिंग और ताजा खबरों को यहां पढ़िए...
विज्ञापन
बंगाल चुनाव - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:53 PM, 12-Apr-2021

कूचबिहार हिंसा को लेकर याचिकाएं दायर

पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के शीतलकूची मतदान केंद्र पर सीआईएसएफ के जवानों द्वारा गोलीबारी की घटना की न्यायिक जांच की मांग को लेकर दो जनहित याचिकाएं दायर की गई हैं। बता दें कि इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई थी।

09:36 PM, 12-Apr-2021

भूकंप के झटके से कांपा अरुणाचल प्रदेश

अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कमेंग क्षेत्र में रात 9 बजकर एक मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.6 रही।

09:08 PM, 12-Apr-2021

मार्च महीने मेंखुदरा महंगाई दर 5.52 फीसदी रही

कोरोना महामारी के बीच महंगाई भी लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही हैं। दरअसल सोमवार को सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक मार्च महीने में खुदरा महंगाई दर 5.52 फीसदी रही। फरवरी महीने में यह 5.03 फीसदी रही थी।  

विज्ञापन
07:43 PM, 12-Apr-2021

ममता बनर्जी के चुनाव प्रचार पर लगी 24 घंटे की रोक

भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर 12 अप्रैल की रात 8 बजे से 13 अप्रैल की रात 8 बजे तक किसी भी तरह के प्रचार करने पर प्रतिबंध लगाया है। अब इस प्रतिबंध के बाद ममता ने इस फैसले के खिलाफ धरने का एलान किया है।

06:53 PM, 12-Apr-2021

सुशील चंद्रा नियुक्त किए गए मुख्य चुनाव आयुक्त

सुशील चंद्रा को मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे 13 अप्रैल से पदभार संभालेंगे। वे सुनील अरोड़ा का स्थान लेंगे। 

विज्ञापन
06:43 PM, 12-Apr-2021

लोगों को वैक्सीन उपलब्ध करवाएं पीएम मोदी: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को 'इवेंट मैनेजमेंट' में शामिल होने की बजाय लोगों को वैक्सीन उपलब्ध करवाना चाहिए।  

06:25 PM, 12-Apr-2021

अनिल देशमुख को सीबीआई का समन

महाराष्ट्र वसूली कांड में सीबीआई ने राज्य के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को 14 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया है।
 

05:38 PM, 12-Apr-2021

'दीदी, ओ दीदी' से गुस्सा क्योंः पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल के बारासात में पीएम मोदी ने कहा कि मैं जो बोल रहा हूं, 'दीदी, ओ दीदी' इससे भी उनको गुस्सा आता है। इसमें गुस्सा करने वाली बात है क्या? मैं तो हैरान हूं कि बंगाल के सैकड़ों बच्चे वीडियो में कह रहे हैं, 'दीदी, ओ दीदी'। बंगाल के हर घर का बच्चा दीदी, ओ दीदी बोलना शुरू कर दिया है।

05:29 PM, 12-Apr-2021

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को एम्स से छुट्टी  मिली

सफल बाईपास सर्जरी के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को एम्स से छुट्टी  मिल गई है और इसके लिए उन्होंने डॉक्टरों का धन्यवाद किया है।

04:56 PM, 12-Apr-2021

गरीबों का पैसा हड़पने वाले को मिलेगी सजा: शाह

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद एसआईटी बनेगी और गरीबों का पैसा जो ले गए हैं, उन्हें उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम भाजपा सरकार करेगी। 

04:44 PM, 12-Apr-2021

चुनाव आयोग पक्षपाती न बनें: ममता

दम दम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी नेता ममता बनर्जी ने कहा कि मैं चुनाव आयोग से हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कि सिर्फ भाजपा की न सुनें, सभी की सुनें, पक्षपाती न बनें। ममता बनर्जी ने कहा कि मैं वास्तव में दुखी और शर्मिंदा हूं। मैंने ऐसा प्रधानमंत्री नहीं देखा जो बोलते समय सभी सीमाओं को लांघ जाता है। मैंने सभी धर्म के लोगों के लिए काम किया है। मैंने क्या नहीं किया है? अब एक ही चीज रह गई है, 'भाजपा हटाओ देश बचाओ'। लेफ्ट और कांग्रेस भाजपा के एजेंट हैं। 
 

04:41 PM, 12-Apr-2021

क्या दीदी ने एकबार भी शांतिपूर्ण मतदान की अपील की है: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि क्या दीदी ने अपनी रैलियों में एकबार भी कहा है कि ज्यादा से ज्यादा मतदान होना चाहिए? क्या दीदी ने कहा है कि सभी वर्ग के लोग लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें? क्या दीदी ने एकबार भी शांतिपूर्ण मतदान की अपील की है?  उन्होंने आगे कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री होने के नाते क्या यह उनकी जिम्मेदारी नहीं है? क्या दीदी ने बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान के लिए कहा है? क्या दीदी ने एकबार भी कहा कि जो लोग हिंसा फैलाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी?

04:35 PM, 12-Apr-2021

हिंसा फैलाकर सत्ता पाना चाहती हैं दीदी: पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल के बारासात में पीएम मोदी ने कहा कि दीदी किसी भी कीमत पर सत्ता में बने रहने चाहती हैं। इसलिए उन्होंने अपने समर्थकों को भड़काना शुरू कर दिया है। एक मुख्यमंत्री कभी ऐसी भाषा नहीं बोल सकता है। वे यहां हिंसा फैलाना चाहती हैं और अशांति पैदा करना चाहती हैं। दीदी, आपकी हर साजिश को बंगाल की जनता नाकाम करके ही रहेगी।

02:30 PM, 12-Apr-2021

कल्याणी में प्रधानमंत्री मोदी की रैली

बंगाल में पांचवें चरण के चुनाव के लिए पीएम मोदी आज कई इलाकों में चुनावी रैली कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने यहां ममता पर जमकर निशाना साधा और कहा कि खुलेआम कहा जा रहा है कि टीएमसी के लोग केंद्रीय वाहिनी का घेराव करेंगे और दीदी के बाकी समर्थक छप्पा भोट डालेंगे। चर्चा है कि कूचबिहार में जो हुआ वो दीदी के इसी छप्पा भोट मास्टर प्लान का हिस्सा था।

12:54 PM, 12-Apr-2021

ममता बनर्जी ने बंगाल में विकास नहीं किया - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में कहा कि बहनों-बेटियों से कहना चाहता हूं कि आपके इस सेवक ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए हर घर नल से शुद्ध जल पहुंचे, इसके लिए बड़ी योजना शुरू की है। बंगाल की सरकार को भी सैकड़ों करोड़ रुपये इसके लिए हमने भेजे हैं लेकिन दीदी ने इसका बहुत बड़ा हिस्सा खर्च ही नहीं किया।

12:51 PM, 12-Apr-2021

प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में ममता बनर्जी पर जमकर साधा निशाना

पीएम मोदी ने आगे रैली में कहा कि वो वीर जवान, दो दिन पहले अपने कर्तव्य का पालन करने बंगाल की धरती पर आया था। लेकिन यहां बंगाल में पीट-पीट कर उस पुलिस अफसर की हत्या कर दी गई। मां ने जब अपने वीर जवान बेटे का शव देखा, तो उसने दम तोड़ दिया। पीएम मोदी ने ममता से सवाल करते हुए पूछा कि दीदी, क्या उस पुलिस अफसर की मां, आपके लिए मां नहीं थीं? आप इतनी कठोर हैं, इतनी निर्मम हैं, इसका अंदाजा बंगाल की किसी मां को नहीं था।

12:41 PM, 12-Apr-2021

बंगाल में अनुसूचित जाति के भाई-बहनों का अपमान होता है - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि दीदी को ये भी मालूम है कि एक बार बंगाल से कांग्रेस गई तो कभी वापस नहीं आई, वामपंथी वाले, लेफ्ट वाले गए वापस नहीं आएं। दीदी, आप भी एक बार गई तो कभी वापस नहीं आएंगी। यही नहीं पीएम मोदी ने आगे कहा कि दीदी के लोग बंगाल के अनुसूचित जाति के भाई-बहनों को गाली देने लगे हैं। दीदी के करीबी लोग उन्हें भिखारी कहने लगे हैं। बाबा साहेब की आत्मा को दीदी के कड़वे शब्द सुनकर कितना कष्ट हुआ होगा।

12:29 PM, 12-Apr-2021

बंगाल में दीदी की पारी समाप्त - पीएम

बंगाल के बर्धमान में प्रधानमंत्री मोदी ने दीदी पर जमकर प्रहार किया। पीएम मोदी ने कहा कि चार चरणों के चुनाव में बंगाल की जागरूक जनता ने इतने चौके-छक्के मारे कि भाजपा की सीटों की सेंचुरी हो गई है। जो आपके साथ खेला करने की सोच रहे थें, उन्हीं के साथ खेला हो गया है। यही नहीं पीएम ने आगे कहा कि एक तो नंदीग्राम में बंगाल के लोगों ने दीदी को क्लीन बोल्ड कर दिया, बंगाल में दीदी की पारी समाप्त हो चुकी है।

12:22 PM, 12-Apr-2021

बंगाल के बर्धमान में पीएम मोदी की रैली

बंगाल में पांचवें चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री मोदी चुनावी रैली कर रहे हैं। बंगाल के बर्धमान में पीएम मोदी ममता बनर्जी पर जमकर बरसे। रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से पूछा कि दीदी इतनी कड़वाहट कहां से लाती हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि दीदी की कड़वाहट, उनका क्रोध, उनकी बौखलाहट बढ़ती ही जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि बंगाल में हुए आधे चुनावों में आपने टीएमसी को पूरा साफ कर दिया है। यानि आधे चुनाव में ही टीएमसी पूरी साफ।
 

11:41 AM, 12-Apr-2021

गुजरात हाईकोर्ट में कोरोना की स्थिति को लेकर जनहित याचिका पर सुनवाई

गुजरात हाईकोर्ट ने राज्य में कोरोना की स्थिति को देखते हुए एक जनहित याचिका पर सुनवाई की। महाधिवक्ता कमल त्रिवेदी का कहना है कि अब ये लोगों और कोरोना के बीच लड़ाई बन गया है। उन्होंने कहा कि वो लोगों से अपील करेंगे कि रेमडेसिविर दवा के लिए जल्दबाजी ना करें। उन्होंने आगे कहा कि ऑक्सीजन के उत्पादन का 70 फीसदी हिस्सा स्वास्थ्य के क्षेत्र में जा रहा है। 
 

11:37 AM, 12-Apr-2021

दिल्ली में बिस्तरों की संख्या 5,525- सत्येंद्र जैन

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि पिछले हफ्ते हमने पांच हजार से ज्यादा बिस्तर अस्पतालों में लगाए थे और हम आगे भी और शामिल करेंगे। दिल्ली के अस्पतालों में मौजूदा समय में 5,525 बिस्तरों की क्षमता है। इनमें से 190 बिस्तरों पर मरीज हैं और हमने केंद्र से अनुरोध किया है कि वो अपनी मौजूदा गिनती में 190 को शामिल करे।
 

11:26 AM, 12-Apr-2021

महाराष्ट्र : 54 वर्षीय पुलिसकर्मी की मौत, कोरोना से संक्रमित थे

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर तेजी से फैल रहा है। मुंबई के वकोला पुलिस स्टेशन के एक पुलिसकर्मी की कोरोना से मौत हो गई। पुलिसकर्मी की उम्र 54 साल थी और कुछ दिन पहले ही वो कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनका इलाज बीकेसी जंबो कोविड सेंटर पर चल रहा था। मुंबई पुलिस ने बताया कि अबतक कोरोना वायरस की वजह से 101 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है।
 

11:07 AM, 12-Apr-2021

दाऊद पर शिकंजा, एनसीबी ने दानिश चिकना के भाई राजिक चिकना को भेजा समन

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने दाऊद इब्राहिम पर शिकंजा कसते हुए उसके सहयोगी राजिक चिकना को समन भेजा है। कुछ दिन पहले एनसीबी ने राजिक चिकना के भाई दानिश चिकना को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। दानिश, दाऊद इब्राहिम की ड्रग फैक्टरी चलाता था।
 

10:43 AM, 12-Apr-2021

एसएचओ अश्विनी कुमार की बेटी ने की सीबीआई जांच की मांग

किशनगंज थाना प्रभारी अश्विनी कुमार की बेटी ने अपने पिता की हत्या के मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। बेटी ने आरोप लगाया कि जब भीड़ मेरे पिता को पीट रही थी कि उनकी टीम में शामिल लोग उन्हें अकेला छोड़कर भाग गए थे, जबकि उनके पास बंदूकें थीं। बेटी ने कहा कि सिर्फ सर्किल अधिकारी ही नहीं बल्कि सभी लोगों को सजा दी जानी चाहिए, जो उस समय मेरे पिता को अकेले छोड़कर भागे थे। बता दें कि दस अप्रैल को किशनगंज थाना प्रभारी अश्विनी कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां को दिल का दौरा पड़ा और वो भी इस दुनिया को छोड़कर चली गईं। आज बिहार के पुर्णिया में अश्विनी कुमार और उनकी मां का अंतिम संस्कार किया गया। 
 

10:34 AM, 12-Apr-2021

समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश खुला

समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश को शुरू कर दिया गया है। बढ़ती भीड़ और सोशल डिस्टेंसिंग को सुनिश्चित करने के लिए कुछ समय के लिए प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। 
 

10:22 AM, 12-Apr-2021

समयपुर बादली के लिए अस्थायी तौर पर बंद किया प्रवेश

कोरोना के बढ़ते प्रकोप और भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने एक बड़ा फैसला लिया है। समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने और सोशल डिस्टेंसिंग को सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। हालांकि निषेध को अनुमति दी हुई है।
 

10:09 AM, 12-Apr-2021

कोरोना : बीते 24 घंटे में 1.68 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले, 904 मौतें

देश में कोरोना का कहर तेजी से फैल रहा है। बीते 24 घंटों में देश में 1.68 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं 900 से ज्यादा मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे अपना दम तोड़ दिया है। बीते 24 घंटे में 75 हजार से ज्यादा मरीजों ने कोरोना को हराया है और ठीक होकर अपने घर वापस लौटे हैं। वहीं देश में सक्रिय मामलों की संख्या 12 लाख के पार चली गई है।
 

08:48 AM, 12-Apr-2021

बंगाल : पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह करेंगे चुनावी रैली

सोमवार को पश्चिम बंगाल चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के लिए प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह चुनावी रैली करेंगे। दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री मोदी पूर्व वर्धमान जिले के तलित साई सेंटर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके अलावा कल्याणी विश्वविद्यालय और उत्तर 24 परगना के बारासाट इलाके में भी पीएम मोदी रैली करेंगे। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह कलिमपोंग जिले में रोड शो करेंगे।

08:42 AM, 12-Apr-2021

गुवाहाटी हाईकोर्ट : रिश्तेदारों से संबंध ना दिखाने पर किसी को विदेशी नहीं कहा जा सकता

गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कहा कि किसी शख्स ने मतदाता सूची में अगर अपने माता-पिता और अपनी पिछली पीढ़ी के साथ संबंध स्थापित कर दिए हो तो सभी  रिश्ते-नातेदारों के साथ संबंध ना दिखाने के आधार पर उसे विदेशी घोषित नहीं किया जा सकता। बता दें कि असम में विदेशी अधिकरण ने 30 जनवरी 2019 को हैदर अली को विदेशी घोषित कर दिया गया था। हालांकि बाद में हैदर ने अपने पिता और दादा के साथ संबंधों को स्थापति कर दिया था। हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने अधिकरण के आदेश को रद्द कर दिया है। 

08:20 AM, 12-Apr-2021

ईरान : नटजेन परमाणु संयंत्र में दुर्घटना

ईरान के परमाणु प्रमुख अली अकबर सालेही ने जानकारी दी कि देश के नटजेन परमाणु संयंत्र में रविवार को एक दुर्घटना हुई, जो एक आतंकवादी हमले का परिणाम था।
 

07:38 AM, 12-Apr-2021

Breaking News : कूचबिहार हिंसा मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर

मध्यप्रदेश के चित्रकूट में स्थानीय लोगों ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया। पुलिस वहां वीकेंड लॉकडाउन को लागू करवाने गई थी लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। यह मामला चित्रकूट के नया गांव का है। थाना प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि नया गांव के एक इलाके में स्थानीय दुकानें खुली हुई थीं, वहां लगभग 15 लोग बैठकर शराब पी रहे थे। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने पथराव करना शुरू कर दिया।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें