भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, छत्तीसगढ़, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में सबसे ज्यादा मरीज निकल रहे हैं। इसके अलावा बड़ी आबादी वाले उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल जैसे राज्य में भी संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। देश में दो तिहाई आबादी जिन 11 राज्यों में है, उनमें बीते कुछ समय में संक्रमित दोगुना हो गए हैं। अगर संक्रमण का फैलाव इसी तरह चलता रहा है तो आने वाले दिनों में यह स्थिति चिंताजनक हो सकती है। इधर महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने साफ कर दिया है कि कोरोना पर काबू पाने के लिए पूर्ण बंदी के अलावा और कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। वहीं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, बिहार में कोरोना रोकने के लिए सरकार सख्त है। देश में कोरोना वैक्सीन की कमी को लेकर भी केंद्र और राज्यों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। इधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूचबिहार हिंसा को नरसंहार करार दिया है। वहीं कोरोना के बढ़ते केस को देखते हुए प्रियंका गांधी ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा रद्द करने की मांग की है। देश और दुनिया की ब्रेकिंग और ताजा खबरों को यहां पढ़िए...
विज्ञापन
नागपुर अस्पताल में धरने पर बैठे डॉक्टर
- फोटो : ANI
नागपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ऑक्सीजन बेड की कमी हो गई। अस्पताल परिसर के बाहर जूनियर डॉक्टरों ने जिला प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरूकर दिया। डॉक्टरों ने ऑक्सीजन बेड की कमी और रेमोडिसविर इंजेक्शन की किल्लत का आरोप लगाया है। एएनआई से बातचीत करते हुए डॉक्टर ने बताया कि प्रशासन को हालात को देखते हुए इमरजेंसी घोषित कर देना चाहिए।
06:28 PM, 11-Apr-2021
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों का तांडव जारी है। वाटर फिल्टर प्लांट में लगे वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है कि वाटर फिल्टर प्लांट मशीन बनाने में पांच गाड़ियां लगी थीं। नक्सलियों ने सभी गाड़ियों में आग लगा दी।
05:32 PM, 11-Apr-2021
नवी मुंबई के वाशी इलाके में स्थित एक इमारत में भीषण आग
बड़ी खबर मुंबई से आ रही है। नवी मुंबई के वाशी इलाके में स्थित एक इमारत में भीषण आग लग गई है। फायर ब्रिगेड की टीम आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रही हैं। बिल्डिंग से आग की लपटे और काले धुएं निकल रहे हैं। हालांकि अभी तक आग पर काबू नहीं पाया गया है। पिछले आधे घंटे से दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव मोहिंदर सिंह अहली ने बताया कि 437 लोगों का जत्था पाकिस्तान जाएगा। यह जत्था बैसाखी पर्व पर वहां के प्रमुख गुरुद्वारे और ननकाना साहिब गुरुद्वारा का दौरा करेगा। इन सभी श्रद्धालुओं की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सोमवार को भेजा जा रहा है और ये सभी दर्शन के बाद 22 अप्रैल को वापस आएंगे। बता दें कि 13 अप्रैल को बैसाखी पर्व मनाया जाता है। सिख पंथ के 10वें गुरु श्री गोबिंद सिंह जी ने 13 अप्रैल 1699 के दिन खालसा पंथ की स्थापना की थी। इसी दिन से पंजाबी नए साल की शुरुआत होती है। बैसाखी पर्व से ही पकी हुई फसल की कटाई भी शुरू होती है।
03:40 PM, 11-Apr-2021
तमिलनाडु: कांग्रेस उम्मीदवार की कोरोना से मौत
तमिलनाडु में श्रीविल्लिपुथुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार पीएसडब्ल्यू माधव राव की कोरोना वायरस संक्रमण के चलते मौत हो गई। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
03:16 PM, 11-Apr-2021
क्लबहाउस के 1.3 मिलियन यूजर्स का निजी डाटा लीक
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 1.3 मिलियन क्लब हाउस के यूजर्स का निजी डाटा एक लोकप्रिय हैकर फोरम पर लीक हो गया। क्लबहाउस यूजर्स के लीक हुए डाटा में नाम, सोशल मीडिया प्रोफाइल नाम और अन्य विवरण शामिल है।
03:01 PM, 11-Apr-2021
आंध्र प्रदेश : एक स्क्रैपयार्ड में लगी आग
विशाखापत्तनम के एक स्क्रैपयार्ड में आग लगने की खबर है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड का गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
02:53 PM, 11-Apr-2021
सचिन वाजे के सहयोगी रियाज राजी को कोर्ट लेकर गए एनआईए के अधिकारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी सचिन वाजे के सहयोगी रियाज काजी के साथ कोर्ट के लिए रवाना हुए। बता दें कि आज सुबह एजेंसी ने सचिन वाजे के सहयोगी को गिरफ्तार किया था।
02:42 PM, 11-Apr-2021
लुलु ग्रुप के अध्यक्ष यूसुफ अली के हेलिकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग
प्रवासी भारतीय कारोबारी और लुलु ग्रुप के प्रमुख एमए यूसुफ अपने परिवार के साथ जिस हेलिकॉप्टर में जा रहे थे, उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। इस हेलिकॉप्टर में यूसुफ समेत सात लोग यात्रा कर रहे थे। रविवार सुबह केरल में कोच्चि के पास आपातकालीन स्थिति में दलदली जमीन पर इस हेलिकॉप्टर को उतारना पड़ा। हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं।
02:08 PM, 11-Apr-2021
मध्यप्रदेश : शहडोल में भूकंप के झटके
मध्यप्रदेश के शहडोल में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.9 रही। नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी ने इस बात की जानकारी दी।
01:58 PM, 11-Apr-2021
सिक्किम : दो मंजिला इमारत में लगी आग
सिक्किम में आज सुबह एक दो मंजिला इमारत पर आग लग गई। लाचुंग के जीआरईएफ कैंप के पास एक दो मंजिला इमारत में आग लगी। आईटीबीपी की टीम ने इस इमारत में से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
01:07 PM, 11-Apr-2021
झारखंड : टीका उत्सव के तहत लोगों को लगी वैक्सीन
झारखंड में भी टीका उत्सव मनाया जा रहा है। रांची के अशोक नगर में लोग लंबी लाइनों में खड़े रहे और उन्होंने वैक्सीन की खुराकें ली। बता दें कि देश में 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाया जाएगा।
01:05 PM, 11-Apr-2021
केरल : जिला अस्पतालों में मनाया जा रहा टीका उत्सव
केरल में भी टीका महोत्सव मनाया जा रहा है। केरल के जिला अस्पतालों में लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है।
01:03 PM, 11-Apr-2021
कोरोना टीका : दस करोड़ लोगों को लगी वैक्सीन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में दस करोड़ लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। बीते 24 घंटे में 35 लाख खुराकें दी गईं।
12:37 PM, 11-Apr-2021
उत्तराखंड : वैक्सीन की कमी की वजह से चार जिलों में कम लोगों को लगा टीका
उत्तराखंड के राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर कुलदीप सिंह मार्टोलिया ने कहा कि वैक्सीन की कमी की वजह से शनिवार को राज्य के चार जिलों में बहुत कम लोगों को वैक्सीन लगी। उन्होंने कहा कि हमने दस लाख टीके की खुराकें की मांग की थी लेकिन हमें सिर्फ 1.38 लाख खुराकें ही मिली। 13 अप्रैल को वैक्सीन मिलने की उम्मीद है।
12:26 PM, 11-Apr-2021
बिहार : पटना के गार्डिनर अस्पताल में मनाया जा रहा टीका उत्सव
पटना के गार्डिनर अस्पताल में टीका उत्सव मनाया जा रहा है। अस्पताल के वैक्सीन सेंटर कॉर्डिनेटर ने बताया कि पीएम ने आज से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाने का संदेश दिया था ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग टीका लगवाएं। इस उत्सव के लिए हमने यहां ज्यादा काउंटर बनाएं हैं ताकि भीड़ कम हो।
12:24 PM, 11-Apr-2021
कर्नाटक : बंगलूरू में टीका महोत्सव की शुरुआत
बंगलूरू में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने टीका महोत्सव की शुरुआत की। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज और रिसर्च इंस्टीट्यूट पर इस उत्सव की शुरुआत की गई।
12:22 PM, 11-Apr-2021
वाराणसी में जिला अस्पताल में टीका महोत्सव
वाराणसी के जिला अस्पताल में टीका महोत्सव मनाया जा रहा है। एक महिला ने बताया कि टीका महोत्सव पर आज मैंने टीका लगवाया है, अपने को सुरक्षित रखने के लिए टीका लगवाना बहुत जरूरी है और साथ ही मास्क पहनकर, सामाजिक दूरी का पालन कर तथा बार-बार हाथ धोकर हम सुरक्षित रहे सकते हैं।
11:59 AM, 11-Apr-2021
एनआईए ने सचिन वाजे के सहयोगी एपीआई रियाज काजी को किया गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सचिन वाजे के सहयोगी एपीआई रियाज काजी को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि मनसुख हिरेन और एंटीलिया मामले में सचिन वाजे आरोपी के तौर पर एनआईए की हिरासत में है।
11:37 AM, 11-Apr-2021
दिल्ली : सीएम केजरीवाल ने केंद्र से वैक्सीन लेने पर आयु प्रतिबंध हटाने का किया अनुरोध
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि दिल्ली में कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं और एक दिन 10 हजार से ज्यादा मरीज सामने आए हैं। दिल्ली के सीएम ने कहा कि मैंने कोविड वैक्सीन लेने वाले लोगों की आयु प्रतिबंध को कई बार हटाने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया है। दिल्ली सरकार घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए तैयार है। दिल्ली में 65 फीसदी मरीज की आयु 35 साल से कम है।
11:26 AM, 11-Apr-2021
चार दिवसीय टीका उत्सव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें - योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वैक्सीन के पात्र लोग चार दिन के टीका उत्सव में हिस्सा ले सकते हैं। इस अभियान में हिस्सा लेने के लिए 45 साल से ज्यादा के उम्र के लोग अपने निकटतम वैक्सीनेशन केंद्र में जाकर खुद को रजिस्टर करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश में छह हजार जगहों पर वैक्सीनेशन अभियान चल रहा है।
11:02 AM, 11-Apr-2021
सीएम ममता ने कूचबिहार हिंसा को बताया नरसंहार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कूचबिहार हिंसा पर गुस्सा जाहिर करते हुए इसे नरसंहार कह डाला। सिलिगुड़ी में एक प्रेसवार्ता के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि ये हादसा एक नरसंहार है। उन्होंने गोलियों की बौछार की। वे पैर या निचले शरीर के हिस्से पर गोली मार सकते थे लेकिन उन्हें गर्दन और छाती पर गोली मारी।
10:52 AM, 11-Apr-2021
महाराष्ट्र : अनिल देशमुख के दो निजी सहायकों को सीबीआई ने भेजा समन
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के दो निजी सहायकों को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने समन भेजा है। उनके बयान दर्ज कराने के लिए सीबीआई ने दोनों को समन भेजा है। बता दें कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह की ओर से दायर की गई याचिका के बाद सीबीआई महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख से पूछताछ कर रही है।
10:51 AM, 11-Apr-2021
मध्यप्रदेश : सभी शहरों में वीकेंड लॉकडाउन लागू
कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मध्य प्रदेश के सभी शहरी इलाकों में वीकेंड लॉकडाउन लागू हो गया है। मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लागू किया है।
10:48 AM, 11-Apr-2021
आप नेता राघव चड्ढा ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी
आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र लिखकर कहा कि वैक्सीन सार्वभौमिकता और वैक्सीन राष्ट्रवाद की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने आगे लिखा कि कई राज्यों में वैक्सीन की कमी है और बाकी राज्यों में सिर्फ तीन से पांच दिनों का स्टॉक ही बचा है।
10:19 AM, 11-Apr-2021
कोरोना : बीते 24 घंटे में सामने आए 1.52 लाख से ज्यादा मामले
देश में कोरोना की दूसरी लहर पहली लहर से भी ज्यादा खतरनाक बताई जा रही है। दूसरी लहर के तहत सामने आ रहे नए मरीजों ने अबतक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बीते 24 घंटे में देश में 1.52 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं 839 मरीजों ने इस वायरस के आगे अपना दम तोड़ा है। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो गई है और मौजूदा समय में देश में सक्रिय मामले बढ़कर 11,08,087 हो गए हैं।
09:51 AM, 11-Apr-2021
नेपाल : नौ दिन तक चलने वाली बिस्का जात्रा शुरू
नेपाल में बिस्का जात्रा फेस्टिवल की शुरुआत हो गई है और यहां 60 हजार से ज्यादा लोग जुटे। ये आंकड़ा कोरोना काल का देश में अब तक का सबसे बड़ा जमावड़ा है। ये फेस्टिवल नौ दिन तक चलेगा। हर साल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के लिए इस पर्व को मनाया जाता है। इस दिन नेपाल में नए साल की शुरुआत होती है। अगले आठ दिन तक यहां तक कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। बता दें कि नेपाल में मौजूदा समय में 2.79 लाख मामले हैं, जिसमें से 2.74 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
09:18 AM, 11-Apr-2021
उत्तराखंड : टिहरी के पास जंगल में फैली आग, काबू पाने के लिए कार्य जारी
उत्तराखंड के कई इलाकों में जंगलों में आग फैली हुई है। राज्य के नई टिहरी के बुडोगी इलाके में आग पर काबू पाने का कार्य चल रहा है। टिहरी के प्रभागीय वनाधिकारी कोको रोज का कहना है कि टिहरी के जंगलों में लगी ये आग करीब एक हेक्टेयर की जमीन तक फैल गई है। उन्होंने कहा कि जंगल की आग को शुरू करने वाला जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
09:06 AM, 11-Apr-2021
किशनगंज : अश्विनी कुमार की टीम में शामिल सर्किल इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
शनिवार को बंगाल की सीमा से सटे एक गांव में छापेमारी करने गए किशनगंज थाना प्रभारी अश्विनी कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। अश्विनी कुमार के साथ उनकी टीम भी छापेमारी में शामिल थी लेकिन गांव वालों के हमले से पहले ही अश्विनी कुमार की टीम में मौजूद लोग उन्हें छोड़कर भाग गए। वहीं किशनगंज के एसपी कुमार आशीष ने बताया कि अश्विनी कुमार को अकेला छोड़ने पर सर्किल इंस्पेक्टर समेत छह पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
08:59 AM, 11-Apr-2021
चेन्नई : एक मछली बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी
कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बाद भी लोगों में इसको लेकर सतर्कता नहीं दिखाई दे रही है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के एक मछली बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी और वहां लोग कोरोना की गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाते नजर आए।
08:51 AM, 11-Apr-2021
मुंबई : सीएसटी स्टेशन के बाहर पसरा सन्नाटा
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए महाराष्ट्र में वीकेंड लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। इस बीच लोगों की गैर जरूरी आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। मुंबई में लॉकडाउन की कई तस्वीरें सामने आई हैं। मुंबई के सीएसटी स्टेशन के बाहर भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
08:45 AM, 11-Apr-2021
भोपाल : ट्रेन में डॉक्टरों को दिखाने के लिए भुगतान करने होंगे 120 रुपये
अब भोपाल समेत कई स्टेशनों पर ट्रेन में डॉक्टर दिखाने के लिए यात्री को अलग से पैसों का भुगतान करना होगा। अबतक ये सेवा मुफ्त में मिलती थी लेकिन अब इसके लिए 120 रुपये देने होंगे। इस कीमत में फर्स्ट एड के रूप में दी जाने वाली दवाइयां भी शामिल होंगी। इसके अलावा अगर यात्री को अलग से दवाई लेनी है तो उसके लिए उसे अलग चार्ज देना होगा।
08:34 AM, 11-Apr-2021
Live: नागपुर अस्पताल में ऑक्सीजन और इंजेक्शन की कमी, धरने पर बैठे डॉक्टर
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए साप्ताहिक लॉकडाउन की शुरुआत कर दी गई है। आज महाराष्ट्र में साप्ताहिक लॉकडाउन का दूसरा दिन है और मुंबई के कई इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है। दादर के शिवाजी पार्क में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। सोमवार सुबह सात बजे तक महाराष्ट्र में ये वीकेंड लॉकडाउन लगा रहेगा।