फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election Results 2021: बंगाल में टीएमसी ने लगाई सत्ता की हैट्रिक, असम में भाजपा की जीत

Mon, 03 May 2021 01:04 AM IST
कुमार संभव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के लिए कुल 2364 केंद्रों में मतगणना जारी है। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने निर्णायक बढ़त बना ली है तो असम में भी सत्तारूढ़ भाजपा और केरल में वाम मोर्चा एक बार फिर जीत की तरफ बढ़ते नजर आ रहे हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यही संकेत मिलता है कि इन राज्यों में सत्तापक्ष एक बार फिर सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। वहीं तमिलनाडु में विपक्षी द्रमुक की अगुवाई वाला गठबंधन अन्नाद्रमुक को सत्ता से बेदखल करता दिख रहा है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एआईएनआरसी नीत एनडीए जीत की तरफ बढ़ रहा है। पांच राज्यों के चुनाव नतीजों से संबंधित अपडेट्स यहां पढ़िए...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:04 AM, 03-May-2021

कमल हासन हारे

तमिलनाडु: मक्कल नीधि मय्यम के प्रमुख कमल हासन कोयंबटूर (दक्षिण) सीट से भाजपा उम्मीदवार वनती श्रीनिवासन से हारे।  
 

11:13 PM, 02-May-2021

असम : हिमंत बिस्व सरमा ने पांचवीं बार चुनाव जीता

पांचवीं बार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद असम के वरिष्ठ मंत्री एवं भाजपा नेता हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को कहा कि वह इस बारे में बात नहीं करना चाहते हैं कि कौन राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा क्योंकि यह निर्णय पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा।

भाजपा ने 2016 में विधानसभा चुनाव से पहले तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था लेकिन इस बार उसने इस शीर्ष पद के लिए किसी नाम की घोषणा नहीं की। ऐसी अटकलें हैं कि सरमा नए मुख्यमंत्री होंगे।

10:44 PM, 02-May-2021

राहुल ने ममता बनर्जी और स्टालिन को बधाई दी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की प्रचंड जीत के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं भाजपा को पराजित करने के लिए ममता बनर्जी जी और पश्चिम बंगाल के लोगों को बधाई देता हूं।’’

राहुल गांधी ने तमिलनाडु में जीत के लिए द्रमुक नेता एम के स्टालिन को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘तमिलनाडु के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया। हम आपके (स्टालिन) नेतृत्व में लोगों के भरोसे को सही साबित करेंगे।’’ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने ममता को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘आज झांसी की रानी ने फिर से इतिहास लिख दिया।’’

विज्ञापन
10:36 PM, 02-May-2021

पीएम मोदी ने पुडुचेरी की जनता का जताया आभार

पीएम मोदी ने एनडीए की जीत के लिए पुडुचेरी की जनता का आभार जताया। पीएम ने कहा कि हम राज्य की जनता की सेवा और उनके सपनों को पूरा करने का कार्य करेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं ने असाधारण प्रयास किया है। 
 

10:09 PM, 02-May-2021

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा का इस्तीफा

कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष रिपुन बोरा ने चुनावी हार के बाद इस्तीफा दिया, पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी को पत्र भेजा।

 

 

विज्ञापन
10:04 PM, 02-May-2021

सर्वानंद सोनोवाल ने कांग्रेस उम्मीदवार राजीव लोचन पेगू को हराया

असम के मुख्यमंत्री भाजपा के सर्वानंद सोनोवाल ने माजुली में कांग्रेस उम्मीदवार राजीव लोचन पेगू को हराया : निर्वाचन आयोग
 

08:42 PM, 02-May-2021

Assembly Results: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जीत दर्ज करने वाले नेताओं को दी बधाई

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, केरल के सीएम पिनराई विजयन और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन को उनकी जीत पर बधाई दी है।
 

08:09 PM, 02-May-2021

West Bengal Chunav: टीएमसी को पूर्ण बहुमत, 164 पर बढ़त, 51 सीटों पर जीत

चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की 292 सीटों पर रुझान आ चुके हैं। रुझानों के मुताबिक टीएमसी तीसरी बार बंगाल में अपनी सरकार बना रही है। टीएमसी 164 सीटों पर आगे है और 51 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं भाजपा 65 सीटों पर आगे है और 10 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है।

07:55 PM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election: डीएमके 146 सीटों पर आगे, तीन सीटों पर दर्ज की जीत

चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर रुझान आ चुके हैं। इसमें तीन सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 146 पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं एआईडीएमके 2 सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है और 81 सीटों पर आगे चल रही है।

07:31 PM, 02-May-2021

Kerala Chunav Result: धर्मदाम सीट से केरल के सीएम ने दर्ज की जीत

चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, धर्मदाम विधानसभा क्षेत्र से केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने जीत दर्ज कर ली है। 
 

07:21 PM, 02-May-2021

Puducherry Chunav Result: एनडीए 11 सीटों पर जीती, तीन पर आगे

चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, पुडुचेरी की 30 सीटों में से 25 सीटों पर रुझान आ गए हैं। इसमें यूपीए की सरकार चार सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है और दो पर आगे चल रही है। वहीं एनडीए की सरकार 11 सीटें जीत चुकी है और तीन पर आगे चल रही है।

07:08 PM, 02-May-2021

Kerala Election Result: 29 सीटों पर एलडीएफ ने हासिल की जीत, 71 पर आगे

चुनाव आयोग की आधिकारी वेबसाइट के अनुसार, केरल की सभी 140 सीटों के रुझान आ चुके हैं। इसमें एलडीएफ 29 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 71 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं यूडीएफ सात सीटों पर जीत हासिल कर चुकी है और 31 सीटों पर आगे चल रही है।

07:00 PM, 02-May-2021

Assam Chunav Election: राज्य में भाजपा 5 सीटें जीती, 50 सीटों पर आगे

चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, अब तक असम में 126 सीटों में से 124 सीटों पर रुझान आ गए हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी पांच सीट जीत चुकी है और 50 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस अबतक मात्र एक सीट जीती है और 29 सीटों पर आगे चल रही है।

06:48 PM, 02-May-2021

Assam Chunav Result: हेमंत बिस्वा शर्मा का बयान, पार्टी का चेहरा ही होगा सीएम

असम के मंत्री और भाजपा नेता हेमंत बिस्वा शर्मा ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी दोबारा सरकार बनाएगी और मुख्यमंत्री भी पार्टी का ही चेहरा होगा।
 

06:05 PM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election Result: एमके स्टालिन की जीत पर राहुल गांधी ने दी बधाई

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने तमिलनाडु में डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की जीत पर उन्हें बधाई दी है। 
 

05:57 PM, 02-May-2021

Kerala Chunav Result: सीएम विजयन का बड़ा बयान, ये जश्न मनाने का सही समय नहीं

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि केरल की जनता ने एक बार फिर एलडीएफ की सरकार पर भरोसा जताया है और भारी बहुमत से जिताया है। उन्होंने आगे कहा कि ये समय जश्न मनाने का नहीं है, बल्कि कोविड के खिलाफ लड़ाई लड़ने का है।
 

05:40 PM, 02-May-2021

Kerala Result: सीपीआई (एम) के नेता का बयान, ये जनता की जीत है

केरल में सीपीआई (एम) के नेता कोडियरी बालकृष्णन ने कहा कि लोगों के जनादेश से साबित होता है कि वे एलडीएफ सरकार की जन समर्थक नीतियों से खुश हैं। ये लोगों की जीत है। पीएम मोदी ने दर्जनों मंत्रियों के साथ यहां रैली की लेकिन एक भी सीट नहीं जीते।
 

05:22 PM, 02-May-2021

Assam Results: हेमंत बिस्व शर्मा पांचवी बार जीतें

असम के जलुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से असम के मंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा लगातार पांचवी जीते हैं। 1,01,911 वोटों के मार्जिन से उन्होंने यहां जीत दर्ज की है।
 

05:01 PM, 02-May-2021

Kerala Election: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बड़ा सवाल, भ्रष्टाचार के बावजूद भी कैसे मिली बड़ी जीत

केरल के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने कहा कि केरल की सरकार अपने भ्रष्टाचार के लिए जानी जाती है और उसके बाद भी बहुमत के साथ जीत दर्ज कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस चुनाव का ध्यान से विश्लेपण करना जरूरी है।
 

04:54 PM, 02-May-2021

Bengal Chunav Result: 1200 वोटों से नंदीग्राम का संग्राम ममता ने जीता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार तीसरी बार राज्य में सत्ता काबिज करने में कामयाब हुई हैं। ममता बनर्जी नंदीग्राम से 1200 वोटों से सुवेंदु अधिकारी को हरा दिया है। बता दें कि सुबह से ही दोनों नेताओं के बीच कांटे की टक्कर चल रही थी।
 

04:40 PM, 02-May-2021

Puducherry Chunav Result: पुडुचेरी में भाजपा के ए नमस्सिवयम ने दर्ज की जीत

पुडुचेरी से भारतीय जनता पार्टी के ए नमस्सिवयम मन्नाडिपेद सीट से जीत गए हैं। जीत के बाद उन्होंने कहा कि मैं अपने मतदाताओं का शुक्रगुजार हूं। 
 

04:18 PM, 02-May-2021

हमारे पास कोई पूर्णकालिक अध्यक्ष नहीं - संजय निरुपम

कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव के नतीजे जो आए हैं, वो कांग्रेस के लिए बेहद निराशाजनक हैं। सबसे अहम बात यह है कि हमारे पास पिछले दो सालों से कोई पूर्णकालिक अध्यक्ष नहीं है। इस चुनाव से निराश होने के बजाय गलतियों को दूर करने पर जोर दिया जाना चाहिए।

04:07 PM, 02-May-2021

Assam Chunav Result: असम में कौन होगा अगला मुख्यमंत्री?

असम में भाजपा की दोबारा सरकार बनना तय है। असम में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का कहना है कि जब चुनाव के बाद हमारा विधानसभा दल गठित होगा, तो इस पर सही समय पर फैसला लिया जाएगा। 

04:02 PM, 02-May-2021

Assam Election: पार्टी मुख्यालय में मिठाई बांटकर मनाया जीत का जश्न

असम में चुनावी रुझानों के मुताबिक एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी वापसी करती नजर आ रही है। रुझानों के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय में लोगों को मिठाई बांटी। बता दें कि असम में भाजपा 57 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
 

03:54 PM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election: एमके स्टालिन ने कार्यकर्ताओं से जश्न ना मनाने की अपील की

चुनाव आयोग के जश्न मनाने या फिर विजय जुलूस निकालने पर रोक लगाने के बाद भी कई राज्यों में पार्टी के समर्थकों की ओर से जीत का जश्न मनाते हुए देखा गया। हालांकि डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से जश्न ना मनाने की अपील की है। 
 

03:03 PM, 02-May-2021

Tamil Nadu Elections: डीएमके मुख्यालय के बाहर जश्न कर रहे पार्टी के समर्थक वापस लौटे

चेन्नई में डीएमके मुख्यालय के बाहर जश्न मना रहे पार्टी के समर्थक और कार्यकर्ता अब वहां से जा चुके हैं। बता दें कि चुनाव आयोग के संज्ञान लेने और जश्न मना रहे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने के बाद समर्थक अपने-अपने घर को लौट गए। 
 

02:56 PM, 02-May-2021

Kerala Election Result: एतिहासिक जीत की ओर एलडीएफ

केरल में सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सत्ता में फिर से काबिज होने के लिए तैयार है। एलडीएफ राज्य में जारी मतगणना के मद्देनजर आ रहे रुझानों में 140 में से कम से कम 94 सीटों पर आगे चल रहा है। अगर वे जीत जाते हैं तो दक्षिणी राज्य में कम्युनिस्ट और कांग्रेस नीत यूडीएफ के बीच सत्ता की अदला-बदली के चार दशक पुराने चलन को खत्म कर देंगे। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, एलडीएफ 85 सीटों पर आगे है जबकि विपक्षी दल कांग्रेस नीत यूडीएफ 44 और भाजपा की अगुवाई वाला राजग तीन सीटों पर आगे है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, वाम मार्चा 14 जिलों में से 10 में अपने प्रतिद्वंद्वियों से कहीं आगे है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन कन्नूर के धर्मादम निर्वाचन क्षेत्र में अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी से 13,000 से अधिक मतों से आगे हैं।

02:49 PM, 02-May-2021

By Election Result: नागार्जुन सागर सीट पर टीआरएस को बढ़त

तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस पार्टी के प्रत्याशी नोमूला भगत नागार्जुन सागर सीट पर हुए उपचुनाव के लिए जारी मतगणना के अब तक आ रहे रुझान में बढ़त बनाए हुए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, भगत 15 दौर की मतगणना के बाद अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी के जाना रेड्डी से 9842 मतों से आगे चल रहे हैं। इस सीट पर उपचुनाव पिछले साल दिसंबर में टीआरएस के मौजूदा विधायक नोमूला नरसिम्हैया के निधन के चलते आवश्यक हो गया था। इस सीट के लिए मतदान 17 अप्रैल को हुआ था। भाजपा ने पी रविकुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस प्रत्याशी जाना रेड्डी पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे थे। वह 2018 के विधानसभा चुनावों में इसी सीट से हार चुके हैं।

02:42 PM, 02-May-2021

Puducherry Election Result: एआईएनआरसी के खाते में दूसरी सीट

पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों में से चार पर मतगणना पूरी हो चुकी है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार इनमें से दो सीटें एआईएनआरसी के खाते में आई हैं और एक-एक सीट पर भाजपा और द्रमुक ने जीत दर्ज की है।

02:36 PM, 02-May-2021

Assembly Election Live: इन तीन राज्यों में सरकार बदलने के आसार नहीं

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने निर्णायक बढ़त बना ली है तो असम में भी सत्तारूढ़ भाजपा और केरल में वाम मोर्चा एक बार फिर से जीत की तरफ बढ़ते नजर आ रहे हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यही संकेत मिलता है कि इन राज्यों में सत्तापक्ष एक बार फिर सरकार बनाने की ओर अग्रसर है तो तमिलनाडु में विपक्षी द्रमुक की अगुवाई वाला गठबंधन अन्नाद्रमुक को सत्ता से बेदखल करने की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एआईएनआरसी नीत एनडीए जीत की तरफ बढ़ रहा है।

02:26 PM, 02-May-2021

Bengal Election Result: ममता को मिलने लगीं बधाईयां

बंगाल के रुझानों में तृणमूल को साफ बहुमत मिलता दिख रहा है। इसके बाद कई नेताओं ने ममता बनर्जी को बधाई दी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस चुनाव को शानदार लड़ाई करार दिया और ममता बधाई दी। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदियाने कहा कि आपने (ममता बनर्जी) ने अथक लड़ाई लड़ी और जीत के लिए भीषण हमले झेले। वहीं, एनसीपी प्रमुख शरदवाप ने बधाई देते हुए अपील की कि आइए हम लोगों के कल्याण के लिए अपना काम जारी रखें।

02:18 PM, 02-May-2021

Puducherry Election Result: तीन सीटों पर आया परिणाम

पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों में से तीन पर परिणाम आ चुका है। इनमें से एआईएनआरसी, भाजपा और द्रमुक, तीनों के खाते में एक-एक सीट आई है। एआईएनआरसी अभी चार सीटों पर, भाजपा दो पर, कांग्रेस तीन पर आगे चल रही है। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहा है। 

 

02:11 PM, 02-May-2021

Assam Election Result: एनडीए 77 सीटों पर आगे

असम में विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के रुझानों के मुताबिक सत्तारूढ़ भाजपा नीत राजग को 77 सीटों पर बढ़त मिली है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व में बना महागठबंधन 40 सीटों पर आगे चल रहा है। मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा और एजीपी प्रमुख व मंत्री अतुल बोरा क्रमश: माजुली, जालुकबारी और बोकाखत से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद रिपुन बोरा और विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया गोहपुर और नजीरा में पीछे चल रहे हैं।

01:43 PM, 02-May-2021

By Election Result: गुजरात की मोरवा हडफ विस सीट पर भाजपा आगे

गुजरात के पंचमहल जिले की मोरवा हडफ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए हो रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा की निमिषा सुथार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुरेश कटारा से आगे चल रही हैं। निर्दलीय विधायक भूपेंद्रसिंह खांट को अवैध जाति प्रमाणपत्र जमा करने को लेकर मई 2019 में अयोग्य ठहराये जाने के कारण मोरवा हडफ विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। इस मुद्दे पर उनकी अपील बाद में गुजरात उच्च न्यायालय में खारिज हो गई थी। खांट का इस साल जनवरी में स्वास्थ्य समस्याओं के चलते निधन हो गया था। मोरवा हडफ सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।

01:37 PM, 02-May-2021

Bengal Election Result: टीएमसी नेता बोले- तीसरी बार सीएम बनेंगी ममता

बंगाल में मतगणना के रुझान सामने आने के बाद टीएमसी नेता फिरहाद हाकिम ने कहा है कि मैं हमेशा से मीडिया को कहता कहा था कि ममता बनर्जी तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। भाजपा ने उन्हें हटाने की पूरी कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। लेफ्ट बंगाल से पूरी तरह साफ हो चुका है। हम विकास और निरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम लोगों को एक साथ लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

01:31 PM, 02-May-2021

By Election Result: कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर पोन राधाकृष्णन पीछे

कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए जारी मतगणना के रुझानों में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन अपने निकटतम प्रतिद्ंवद्वी कांग्रेस के विजय वसंत से 58,813 मतों से पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर उपचुनाव कांग्रेस के नेता एस वसंत कुमार के निधन के बाद जरूरी हो गया था। पिछले साल कोविड-19 के कारण उनकी मौत हो गई थी। वसंत कुमार के बेटे विजय वसंत को पोन राधाकृष्णन के सामने उतारा गया है, जो पूर्व में 2014 में इस सीट से जीत चुके हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, विजय वसंत को दोपहर 12 बजे तक 55.65 प्रतिशत मत जबकि राधाकृष्णन को 36.02 फीसदी मत मिले हैं।

01:25 PM, 02-May-2021

Keral Election Result: प्रकाश करात बोले- एलडीएफ की अहम जीत

सीपीआईएम नेता प्रकाश करात ने केरल में मतगणना रुझानों में एलडीएफ के आगे चलने पर कहा कि यह एक अहम जीत है क्योंकि पिछले 40 साल में कोई सरकार दूसरे कार्यकाल के लिए नहीं चुनी गई है। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि केरल की जनता ने विजयन सरकार के प्रदर्शन की सराहना की है।

01:16 PM, 02-May-2021

जश्न की खबरों पर चुनाव आयोग सख्त

रुझानों के साथ ही आ रही संबंधित पार्टी समर्थकों की ओर से जश्न मनाने की खबरों पर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने पांचों राज्यों के मुख्य सचिवों को निर्देश दिया है कि ऐसे किसी भी मामले में संबंधित एसएचओ और अन्य अधिकारियों को  निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ तुरंत आपराधिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

01:08 PM, 02-May-2021

नंदीग्राम में बड़ा उलटफेर, अधिकारी से आगे निकलीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की सबसे चर्चित विधानसभा सीट रही नंदीग्राम के रुझानों में बदलाव आया है। शुरुआत से आगे रहे भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी अब ममता बनर्जी से पीछे हो गए हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस समय सुवेंदु अधिकारी से करीब 1500 वोट से आगे चल रही हैं।

12:57 PM, 02-May-2021

Assembly Election Result: जानिए कहां कैसे हैं हालात

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ निर्णायक बढ़त बना ली है तो भाजपा की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन असम में और द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन तमिलनाडु में आगे है। केरल में माकपा की अगुवाई वाला वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) कुल 140 विधानसभा सीटों में से 88 पर आगे है तो कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की बढ़त 50 सीटों पर है। पुडुचेरी में एनडीए नौ सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को तीन सीटों पर बढ़त मिली हुई है।

12:49 PM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election Result: द्रमुक समर्थकों का जश्न

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में से द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन 137 पर आगे चल रहा है। इनमें से 118 सीटों पर द्रमुक ने बढ़त बना रखी है। इससे उत्साहित द्रमुक कार्यकर्ताओं ने चेन्नई में पार्टी मुख्यालय पर जश्न मनाना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी सेलम जिले की एडाप्पडी सीट पर आगे चल रहे हैं और विपक्ष के नेता व द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन कोलाथुर विधानसभा सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं।
 

12:41 PM, 02-May-2021

Bengal Election Result: अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को दी बधाई

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में मतगणना के शुरुआती रुझानों के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा को भी निशाने पर लिया।
 

12:34 PM, 02-May-2021

Bengal Election Result: तृणमूल कार्यकर्ताओं का जश्न

पश्चिम बंगाल में रुझानों से उत्साहित तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने कोलकाता के कालीघाट में जश्न मनाया। इस दौरान समर्थक झंडे लहराते, नारे लगाते, रंग खेलते और नाचते नजर आए। इसके साथ ही आसनसोल में भी तृणमूल समर्थकों ने जश्न मनाने की शुरुआत कर दी। बता दें कि कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने जीत के किसी भी जश्न पर प्रतिबंध लगाया है।
 

12:27 PM, 02-May-2021

Bengal Election Result: तृणमूल की बढ़त 200 के पार

बंगाल में रुझान तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। अभी तक राज्य की 292 विधानसभा सीटों में से 284 के रुझान आ रहे हैं। इनमें से तृणमूल कांग्रेस 202 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, शुरुआत में मजबूत नजर आ रही भाजपा की बढ़त 77 सीटों पर पहुंच गई है। अभी तक के आंकड़े देखें तो राज्य में एक बार फिर तृणमूल सरकार बनाती दिख रही है।

12:24 PM, 02-May-2021

Assembly By Election Result: विस उपचुनाओं के ऐसे हैं रुझान

गुजरात और उत्तराखंड में भाजपा आगे चल रही है। झारखंड में झामुमो आगे है। कर्नाटक में एक सीट पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस आगे है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। राजस्थान में कांग्रेस दो और भाजपा एक सीट पर आगे चल रही है। तेलंगाना में टीआरएस और महाराष्ट्र में एनसीपी बढ़त बनाए हुए हैं।

12:19 PM, 02-May-2021

Puducherry Election Result: नौ सीटों पर एनडीए को बढ़त

पुडुचेरी में छह अप्रैल को हुए चुनाव के लिए रविवार को जारी मतगणना के पहले दौर में एआईएनआरसी नीत राजग नौ सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को तीन सीटों पर बढ़त मिली हुई है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, एआईएनआरसी के प्रमुख एन रंगासामी अपनी सीट पर आगे चल रहे हैं।

12:13 PM, 02-May-2021

Bengal Election Result: तृणमूल 198 सीटों पर आगे

बंगाल की 292 में से 183 सीटों पर रुझान आ गए हैं। तृणमूल कांग्रेस 198 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, शुरुआत में तृणमूल को कड़ी टक्कर देती दिख रही भारतीय जनता पार्टी की बढ़त केवल 80 सीटों पर रह गई है। राज्य में दो सीटों पर निर्दलीय आगे चल रहे हैं। कांग्रेस, राष्ट्रीय सेकुलर मजलिस पार्टी और अजसू पार्टी एक-एक सीट पर आगे हैं।

12:05 PM, 02-May-2021

Assembly Election Result: कौन कहां से आगे

केरल की त्रिशूर विधानसभा सीट ने भाजपा उम्मीदवार सुरेश गोपी आगे चल रहे हैं। तमिलनाडु की चेपॉक विधानसभा सीट से डीएमके प्रत्याशी उदयनिधि स्टालिन औक कोलाथुर सीट से एमके स्टालिन बढ़त बनाए हुए हैं। बंगाल की सबसे चर्चित सीट नंदीग्राम से भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी अभी भी ममता बनर्जी से आगे चल रहे हैं।

11:57 AM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election Result: द्रमुक मजबूत स्थिति में

निर्वाचन आयोग के अनुसार तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटों में से 225 के रुझान सामने आ चुके हैं। शुरुआती रुझानों में द्रमुक 117 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, उसकी सहयोगी कांग्रेस 13 सीटों पर आगे है। अन्नाद्रमुक को 76 सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं, भाजपा केवल चार सीटों पर आगे चल रही है।

11:51 AM, 02-May-2021

Puducherry Election Result: 12 सीटों पर आए रुझान

निर्वाचन आयोग के अनुसार केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों में से 12 पर रुझान आए हैं। पुडुचेरी में भाजपा तीन सीटों पर आगे है और उसकी सहयोगी ऑल इंडिया एन आर कांग्रेस छह सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस दो और द्रमुक एक सीट पर आगे हैं। 

11:45 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: तृणमूल को रुझानों में बहुमत

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार बंगाल में 292 में से 275 सीटों पर रुझान आ चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस 187 सीटों पर आगे चल रही है। 84 सीटों पर भाजपा ने बढ़त बनाई है। इसके अलावा दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं और एक सीट पर कांग्रेस आगे हैं। अजसू एक सीट पर आगे चल रही है। 

11:38 AM, 02-May-2021

Assam Election Result: अच्छी स्थिति में भाजपा 

चुनाव आयोग के अनुसार राज्य की 126 विधानसभा सीटों में से 117 पर रुझान आ चुके हैं। इनमें भाजपा 56 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस 29 सीटों पर आगे है। भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद ने 10 सीटों पर बढ़त बना रखी है। इसके अलावा ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट 11, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट तीन, यूनाइटेड पीपल्स पार्टी सात और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे है। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि रुझानों से यह साफ हो गया है कि भाजपा राज्य में फिर सरकार बनाएगी।

11:28 AM, 02-May-2021

Kerala Election Result: मेट्रोमैन चल रहे आगे

केरल में एलडीएफ 90 सीटों पर आगे चल रही है और यूडीएफ 47 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा केवल तीन सीटों पर आगे चल रही है। इनमें से पलक्कड़ विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार 'मेट्रोमैन' ई श्रीधरन आगे चल रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पी विजयन धर्मदम सीट से आगे चल रहे हैं। 140 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 71 सीटें चाहिए।

11:23 AM, 02-May-2021

Rajasthan By Election Result: कांग्रेस दो, भाजपा एक सीट पर आगे

राजस्थान में विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतगणना रविवार को हो रही है और शुरुआती रूझान में कांग्रेस दो और भाजपा एक सीट पर आगे चल रही है। भारतीय निर्वाचन आयोग के अनुसार, राजसमंद सीट पर भाजपा की दीप्ति माहेश्वरी कांग्रेस के तनसुख बोहरा से आगे चल रही है। वहीं, सहाड़ा और सुजानगढ़ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गायत्री देवी तथा मनोज कुमार अपने निकटवर्ती प्रतिद्वंद्वी भाजपा के क्रमश: रतनलाल जाट और खेमाराम से आगे चल रहे हैं। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और सुबह 11 बजे तक सुजानगढ़ सीट के लिए 30 में से सात, राजसमंद में 25 में से 11 और सहाड़ा सीट पर 28 में से नौ चरणों की मतगणना हो चुकी है। राज्य की राजसमंद, सुजानगढ़ और सहाड़ा सीट पर 17 अप्रैल को हुए उपचुनाव में 60.37 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

11:19 AM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election Result: कमल हासन आगे

तमिलनाडु की कोयंबटूर (दक्षिण) विधानसभा सीट ने मक्कल निधि मइयम के प्रमुख और अभिनेता कमल हासन आगे चल रहे हैं।

11:15 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: अधिकारी और बनर्जी के बीच वोटों का अंतर घटा

बंगाल के शुरुआती रुझान भाजपा के लिए अच्छी खबर लेकर नहीं आए हैं। राज्य की सबसे चर्चित सीट नंदीग्राम से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी से आगे तो चल रहे हैं लेकिन दोनों के बीच वोटों का अंतर कम होता जा रहा है। एक समय जो अंतर 9000 वोट का था वो अब 4000 पर पहुंच गया है। शुरुआती रुझानों में तृणमूल 192 सीटों पर तो भाजपा 95 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन को पांच सीटों पर ही बढ़त मिल पाई है।

11:10 AM, 02-May-2021

Pandharpur By Election Result: एनसीपी ने शुरुआती बढ़त बनाई

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में पंढरपुर-मंगलवेढ़ा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना में शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) विपक्षी दल भाजपा से आगे चल रही है। जिले के एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चौथे चरण की मतगणना के अंत में भाजपा के समाधान अवताडे को 11,303 मत मिले जबकि एनसीपी के भागीरथ भालके को 11,941 मत मिले। उपचुनाव में एनसीपी और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। एनसीपी विधायक भारत भालके की गत वर्ष नवंबर में कोविड-19 के कारण मौत होने से इस सीट पर उपचुनाव कराया गया था।

11:04 AM, 02-May-2021

Kerala Election Result: एलडीएफ को बढ़त

केरल में एलडीएफ 92 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, यूडीएफ 46 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा केवल दो सीटों पर आगे है।

10:58 AM, 02-May-2021

Puducherry Election Result: भाजपा नौ सीटों पर आगे

पुडुचेरी में एनडीए नौ सीटों पर आगे चल रही है जबकि यूपीए को पांच सीटों पर बढ़त मिली है।

10:52 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: विजयवर्गीय बोले, छुएंगे जादूई आंकड़ा

भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि चूंकि अभी कई कई दौर की मतगणना बाकी है ऐसे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। स्थिति शाम तक ही साफ हो पाएगी। हमें चुनौती दी गई थी कि हम 100 सीट भी नहीं जीत पाएंगे। लेकिन हम जादूई आंकड़ा भी छुएंगे। 

10:49 AM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election Result: रुझानों में द्रमुक को बहुमत

तमिलनाडु में शुरुआती रुझानों में द्रमुक ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। द्रमुक-कांग्रेस का गठबंधन 133 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं, अन्नाद्रमुक और भाजपा का गठबंधन 100 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। एक सीट पर अन्य उम्मीदवार आगे चल रहा है।

10:44 AM, 02-May-2021

Assam Election Result: रुझान भाजपा के पक्ष में

असम में शुरुआती रुझान भाजपा के पक्ष में दिख रहे हैं। यहां एनडीए को 71 सीटों पर बढ़त मिली है। इसमें से भाजपा 54 और उसके सहयोगी दल 17 सीटों पर आगे हैं। वहीं, कांग्रेस गठबंधन 39 सीटों पर आगे चल रहा है। दो सीटों पर अन्य उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।

10:39 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: बंगाल में तृणमूल मजबूत

बंगाल में तृणमूल फिलहाल 191 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और भाजपा 96 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन की बढ़त केवल पांच सीटों पर रह गई है। 

10:27 AM, 02-May-2021

Parliamentary By Election Result: संसदीय उपचुनाव के ऐसे हैं रुझान

संसदीय क्षेत्रों में उपचुनाव की बात करें तो तिरुपति (आंध्र प्रदेश) में युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी आगे चल रही है। बेलगाम (कर्नाटक) में भाजपा को बढ़त मिली है। मलप्पुरम (केरल) में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) आगे चल रही है। इसके अलावा कन्याकुमारी (तमिलनाडु) में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है।

10:22 AM, 02-May-2021

By Election Result: विधानसभा उपचुनाव के आधिकारिक आंकड़े

गुजरात और झारखंड में भाजपा आगे चल रही है। कर्नाटक में भाजपा और कांग्रेस दोनों को एक-एक सीट पर बढ़त मिली है। मिजोरम में जोरम पीपल्स मूवमेंड आगे चल रहा है। राजस्थान में कांग्रेस दो और भाजपा एक सीट पर आगे है। तेलंगाना में टीआरएस बढ़त बनाए हुए है।

10:17 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: सभी सीटों पर आए रुझान

बंगाल में सभी सीटों पर शुरुआती रुझान आ गए हैं। इसके अनुसार तृणमूल कांग्रेस 171 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, भाजपा नीत गठबंधन एनडीए को 115 सीटों पर बढ़त मिली है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन को केवल छह सीटों पर बढ़त मिली है। 292 सीटों वाली बंगाल विधानसभा में बहुमत के लिए 147 सीटें चाहिए।

10:11 AM, 02-May-2021

Assembly Election Result: क्या कह रहे हैं आधिकारिक आंकड़े

चुनाव आयोग की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों की बात करें तो असम में भाजपा 18 सीटों पर आगे है वहीं इसकी सहयोगी असम गण परिषद छह सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस पांच सीटों पर और उसकी सहयोगी एआईयूडीएफ एक सीट पर आगे है। केरल में सीपीआई (एम) 36 सीटों पर, कांग्रेस 18 सीटों पर और भाजपा एक सीट पर आगे चल रही है। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक 52 और द्रमुक 49 सीटों पर आगे है। भाजपा को महज तीन सीटों पर बढ़त मिली है। बंगाल में तृणमूल 68 सीटों पर आगे चल रही है और भाजपा को 36 सीटों पर बढ़त मिली है। दो सीटों पर यहां निर्दलीय आगे चल रहे हैं।

10:01 AM, 02-May-2021

Tamil Nadu Election Result: द्रमुक 122 सीटों पर आगे

तमिलनाडु में चेपॉक विधानसभा सीट से द्रमुक प्रत्याशी उदयनिधि स्टालिन चेन्नई के क्वीन मैरी कॉलेज पहुंचे हैं। यहां मतगणना हो रही है। राज्य में अन्नाद्रमुक 90 सीटों पर और द्रमुक 122 सीटों पर आगे चल रही है। एक सीट पर अन्य को बढ़त मिली है। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी सेलम जिले की एडाप्पडी सीट पर आगे चल रहे हैं और विपक्ष के नेता एवं द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन कोलाथुर विधानसभा सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष एल मुरुगन धारापुरम और राज्य के मंत्री केसी वीरामणि व बेंजामिन क्रमश: जोलारपेट और मादुरावोयल सीटों से आगे हैं।

09:56 AM, 02-May-2021

Puducherry Election Result: एनडीए को नौ तो यूपीए को पांच सीटों पर बढ़त

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में शुरुआती रुझानों में एनडीए को नौ सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं, यूपीए पांच सीटों पर आगे है। यहां की 30 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 16 सीटों की जरूरत है। एनडीए ने 2016 के चुनाव में 17 सीटें जीती थीं। वहीं, यूपीए के खाते में आठ सीटें आई थीं।

09:53 AM, 02-May-2021

Assam Election Result: भाजपा को बढ़त

126 सीटों वाली असम विधानसभा के लिए शुरुआती रुझानों में भाजपा की अगुवाई वाला गठबंधन 50 सीटों पर आगे चल रहा है। वहीं यूपीए को 26 सीटों पर बढ़त मिली है। दो सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे हैं। राज्य में बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत है।

09:43 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: तृणमूल 137 सीटों पर आगे

तृणमूल कांग्रेस 145 सीटों पर आगे चल रही है वहीं भाजपा 110 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन के पास केवल छह सीटों पर बढ़त है। नंदीग्राम में अभी भी सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार बनर्जी, अधिकारी से 4000 से ज्यादा वोटों से पीछे चल रही हैं। वहीं, टॉलीगंज से अब तक आगे चल रहे भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो पीछे हो गए हैं। 

09:25 AM, 02-May-2021

Kerala Election Result: केरल में लेफ्ट की बढ़त जारी

केरल में लेफ्ट 80 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य में फिर एक बार पी विजयन के मुख्यमंत्री बनने के आसार दिखाई दे रहे हैं। भाजपा का प्रभाव यहां नहीं दिख रहा है और पार्टी को केवल तीन सीटों पर बढ़त मिल पाई है। वहीं, कांग्रेस 57 सीटों पर आगे है। 140 सीट वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 71 सीटों की आवश्यकता है।

09:18 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: बंगाल में कहां कौन आगे?

बंगाल में मतगणना जारी है और शुरुआती रुझान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर की ओर इशारा कर रहे हैं। यहां के आसनसोल से तृणमूल की सयानी घोष, तारकेश्वर से भाजपा से स्वपन दास गुप्ता आगे चल रहे हैं। वहीं, टॉलीगंज सीट से भाजपा के बाबुल सुप्रियो देबरा सीट से भाजपा की भारती घोष आगे चल रही हैं। नंदीग्राम सीट से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। यहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है।

09:12 AM, 02-May-2021

Assembly Election Result: बंगाल में टीएमसी को बढ़त

बंगाल में तृणमूल 87 सीटों पर आगे चल रही है वहीं भाजपा 75 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन तीन सीटों पर आगे है। असम में एनडीए 26 और यूपीए 14 सीटों पर आगे हैं। चार सीटों का रुझान अन्य के खाते में जाता दिख रहा है। केरल में एलडीएफ 80 सीटों पर आगे है तो यूडीएफ के पास 57 सीटों पर बढ़त है। एनडीए यहां केवल तीन सीटों पर आगे चल रही है।

09:06 AM, 02-May-2021

Assembly Election Result: तमिलनाडु में कांग्रेस गठबंधन 31 सीटों पर आगे

तमिलनाडु में भाजपा नीत गठबंधन 23 सीटों पर आगे चल रहा है वहीं कांग्रेस गठबंधन 31 सीटों पर आगे है। असम में एनडीए 22 और यूपीए 12 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। पुडुचेरी में एनडीए पांच और यूपीए चार सीटों पर आगे है।

09:01 AM, 02-May-2021

Bengal Election Result: बंगाल में तृणमूल को शुरुआती बढ़त

बंगाल में तृणमूल कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। फिलहाल तृणमूल 71 सीटों पर और भाजपा 66 सीटों पर आगे है। इसके अलावा कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। 

08:55 AM, 02-May-2021

Kerala Election Result: केरल के रुझानों में लेफ्ट को बहुमत

केरल के शुरुआती रुझानों में लेफ्ट को बहुमत मिलता दिख रहा है। लेफ्ट फिलहाल 77 सीटों पर आगे है तो कांग्रेस 60 सीटों पर। भाजपा केवल एक सीट पर आगे चल रही है।

08:52 AM, 02-May-2021

Assembly Election Result: शुरुआती रुझानों का हाल

बंगाल के शुरुआती रुझानों के अनुसार तृणमूल कांग्रेस 62 सीटों पर और भाजपा 55 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस तीन सीटों पर आगे है। वहीं, असम में एनडीए 15 तो यूपीए 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। एक सीट का रुझान अन्य के खाते में जाता दिख रहा है। तमिलनाडु की 14 सीटों पर अन्नाद्रमुक और 24 सीटों पर द्रमुक ने बढ़त बनाई है। छह सीटों पर अन्य दलों के उम्मीदवार आगे हैं। केरल में एलडीएफ 71 और यूडीएफ 60 सीटों पर आगे हैं। एनडीए यहां केवल एक सीट पर आगे चल रहा है। पुडुचेरी में अभी एनडीए पांच और कांग्रेस चार सीटों पर आगे है।

08:48 AM, 02-May-2021

बंगाल के नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी आगे

बंगाल की सबसे चर्चित विधानसभा सीट रही नंदीग्राम के शुरुआती रुझान भी सामने आए हैं। इसके अनुसार भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी तृणमूल की प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आगे चल रहे हैं। 

08:42 AM, 02-May-2021

भाजपा और तृणमूल के बीच कांटे की टक्कर

पश्चिम बंगाल की 292 विधानसभा सीटों पर आठ चरणों में 27 मार्च से 29 अप्रैल तक मतदान हुआ था। कुछ उम्मीदवारों की मौत के कारण मुर्शिदाबाद जिले में शमशेरगंज और जांगीपुर सीटों पर मतदान स्थगित कर दिया गया था। इन दो सीटों पर अब मतदान 16 मई को होगा और मतगणना 19 मई को होगी। एग्जिट पोल में 294 सदस्यीय विधानसभा के आठ चरणों में हुए चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भााजपा के बीच कड़ा मुकाबला रहने का अनुमान जताया गया है। अभी तक के रुझानों के अनुसार राज्य में तृणमूल 53 सीटों पर आगे चल रही है वहीं एनडीए 49 सीटों पर। इसके अलावा कांग्रेस दो सीटों पर आगे चल रही है।

08:38 AM, 02-May-2021

केरल में लेफ्ट को बढ़त

केरल में शुरुआती रुझानों में लेफ्ट को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। यहां लेफ्ट 55 और कांग्रेस 38 सीटों पर आगे है। इसके अलावा एक सीट का रुझान अन्य के खाते में जाता दिख रहा है। 

08:34 AM, 02-May-2021

बंगाल में भाजपा और तृणमूल के बीच कड़ी टक्कर

बंगाल में अभी तक सामने आए 80 सीटों के रुझान के अनुसार तृणमूल और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। तृणमूल 40 तो भाजरपा 39 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन भी एक सीट पर आगे है। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक चार सीटों पर तो द्रमुक 17 सीटों पर आगे चल रही है। 

08:28 AM, 02-May-2021

असम में भाजपा आगे

बंगाल के शुरुआती रुझान में आंकड़े तेजी से बदल रहे हैं। एनडीए अब 33 सीटों पर आगे है तो टीएमसी 29 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा माकपा भी एक सीट पर आगे चल रही है। वहीं, असम में एनडीए 10 तो यूपीए दो सीटों पर आगे चल रही है। बता दें कि अभी पोस्टल बैलट गिने जा रहे हैं। ईवीएम के मतों की गिनती अभी शुरू नहीं हुई है।

08:22 AM, 02-May-2021

रुझान आने शुरू हुए

मतगणना शुरू होने के साथ चुनावी रुझान भी आने शुरू हो गए हैं। मतगणना के शुरुआती रुझानों में बंगाल में तृणमूल और केरल में लेफ्ट बढ़त बनाते दिख रहे हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस फिलहाल 15 सीटों पर और भाजपा 14 सीटों पर आगे चल रही है। असम में एनडीए पांच और यूपीए दो सीटों पर आगे है। वहीं, केरल में एलडीएफ 25 और यूडीएफ 18 सीटों पर आगे चल रही है।

08:15 AM, 02-May-2021

टीवी पर चुनावी चर्चा में शामिल नहीं होगी कांग्रेस

कांग्रेस ने फैसला किया है कि वह रविवार को टेलीविजन पर चुनावी परिचर्चा में शामिल नहीं होगी, जब पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने शनिवार को कहा था कि देश में कोरोना की गंभीर स्थिति के मद्देनजर पार्टी के प्रवक्ता चुनाव परिणाम आने के बाद टेलीविजन पर होने वाली परिचर्चा में हिस्सा नहीं लेंगे।

08:10 AM, 02-May-2021

यहां भी हो रही है मतगणना

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के अलावा आंध्र प्रदेश (तिरुपति), कर्नाटक (बेलगाम), केरल (मलप्पुरम) और तमिलनाडु (कन्याकुमारी) में संसदीय सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना भी हो रही है। इसके साथ ही 10 राज्यों में विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतगणना की जा रही है।

08:02 AM, 02-May-2021

शुरू हुई मतगणना

चार राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की कुल 822 विधानसभा सीटों पर मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है।

07:48 AM, 02-May-2021

असम: डिब्रूगढ़ में दो केंद्रों में होगी मतगणना

असम के डिब्रूगढ़ में दो स्थानों पर मतगणना प्रक्रिया चलेगी। इन दोनों जगहों पर अधिकारी और मतगणना एजेंट पहुंच चुके हैं और जल्द ही यहां मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। 
 

07:40 AM, 02-May-2021

केरल: मतगणना के लिए तिरुवनंतपुरम में स्ट्रॉन्ग रूम खोला

केरल विधानसभा चुनाव के नतीजों की गणना के लिए तिरुवनंतपुरम में स्ट्रॉन्ग रूम खोल दिया गया है। जल्द शुरू होगी मतगणना की प्रक्रिया।
 

07:31 AM, 02-May-2021

असम चुनाव नतीजों की गणना आठ बजे से होगी शुरू

असम समेत बाकी राज्यों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। बता दें कि मतगणना केंद्र पर एजेंट को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लानी जरूरी है। कोरोना निगेटिव रिपोर्ट के साथ-साथ केंद्रों पर कोई अप्रिय घटना ना हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा। 
 

07:20 AM, 02-May-2021

सुबह आठ बजे से शुरू होगी मतगणना

केरल विधानसभा चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। कन्नूर के मतगणना केंद्र से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। 
 

06:30 AM, 02-May-2021

Election Results 2021: बंगाल में टीएमसी ने लगाई सत्ता की हैट्रिक, असम में भाजपा की जीत

देश के पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी समेत चार राज्यों व एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 822 विधानसभा सीटों पर आज (2 मई) सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, इस दौरान कोविड-19 नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। पांचों सूबों में कुल 2,364 केंद्रों में मतगणना होगी, जबकि साल 2016 में मतगणना केंद्रों की कुल संख्या 1,002 थी। इस बार कोरोना के चलते मतगणना केंद्रों की संख्या 200 फीसदी बढ़ाई गई है। पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 1,113, केरल में 633, असम में 331, तमिलनाडु में 256 और पुडुचेरी में 31 केंद्र बनाए गए हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें