फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election Results LIVE: हार की समीक्षा के लिए ममता ने बनाई टीम, कहा- इंडी गठबंधन एकजुट; कल कोलकाता आएंगे अखिलेश

Tue, 05 May 2026 04:32 PM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Bengal, Assam, Tamil Nadu, Puducherry, Kerala Vidhan Sabha Chunav 2026 Result Live: देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना पूरी हो चुकी है। बंगाल में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल की है। केरल ने यूडीएफ गठबंधन ने एलडीएफ को पटखनी देते हुए जीत दर्ज की है। जानिए चुनाव नतीजों से जुड़ी पल-पल की अपडेट।
विज्ञापन
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल ( स्क्रीनग्रैब) - फोटो : @AITCofficial
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:50 PM, 05-May-2026

टीवीके प्रमुख विजय ने समर्थकों का जताया आभार, आलोचकों को भी दिया जवाब

तमिलगा वेत्री कझगम के अध्यक्ष विजय ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए एक भावुक संदेश जारी किया है। उन्होंने विरोधियों के उपहास और अपमान का जिक्र करते हुए अपनी राजनीतिक दृढ़ता के बारे में भी बात की। विजय ने एक्स पोस्ट साझा किया, 'मेरे दिल में बसने वाले सभी लोगों को नमस्कार; पार्टी की शुरुआत से ही कई लोगों ने हमारा मजाक उड़ाया और हमें कमतर आंका, जिसे हमने राजनीति का स्वाभाविक हिस्सा मानकर स्वीकार किया और आगे बढ़े।' उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी पर निर्भर हुए बिना और केवल जनता पर अटूट विश्वास रखते हुए चुनावी मैदान में पूरी निडरता के साथ डटी रही, जो उनके स्वतंत्र राजनीतिक संघर्ष और पीपुल फर्स्ट की नीति को दर्शाता है।

07:49 PM, 05-May-2026

बंगाल में सत्ता बदलते ही इस्तीफों का दौर शुरू, किशोर दत्ता का महाधिवक्ता पद से इस्तीफा

पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता किशोर दत्ता ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र राज्यपाल सीवी आनंद बोस को भेजा है। सूत्रों के अनुसार, दत्ता ने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। दत्ता का यह दूसरा कार्यकाल था, जिसकी शुरुआत दिसंबर 2023 में एसएन मुखर्जी के इस्तीफे के बाद हुई थी। इससे पहले वह साल 2017 से 2021 तक भी इस जिम्मेदारी को संभाल चुके हैं। ममता बनर्जी सरकार के कार्यकाल में अब तक पांच महाधिवक्ता बदले जा चुके हैं। फिलहाल सरकार ने नए नाम की घोषणा नहीं की है।

06:31 PM, 05-May-2026

'यह जेन-जी का जनादेश है', टीवीके प्रमुख विजय के साथ बैठक के बाद MLA मैरी विल्सन का बयान

चेन्नई में तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष विजय की ओर से बुलाई गई नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में शामिल होने के बाद विधायक मैरी विल्सन ने पार्टी की जीत को युवाओं की आकांक्षाओं से जोड़ा। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने उत्साह के साथ कहा कि यह चुनाव परिणाम जेन-जी का फैसला है। बैठक के दौरान पार्टी प्रमुख ने सभी विधायकों को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और नए जमाने की राजनीति के माध्यम से जनसेवा करने का मंत्र दिया।
 

विज्ञापन
06:26 PM, 05-May-2026

टीवीके प्रमुख विजय ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ की बैठक; जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

चेन्नई में तमिलगा वेत्री कझगम के पार्टी प्रमुख विजय ने नवनिर्वाचित विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक के बाद तिरुवन्नामलाई के पोलूर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक अभिषेक आर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु जनता की सेवा और उनके कल्याण के लिए उठाए जाने वाले जरूरी कदम थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का प्राथमिक लक्ष्य लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध रहना है, जिसके लिए पार्टी नेतृत्व ने विधायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

04:32 PM, 05-May-2026

हार की समीक्षा के लिए ममता ने बनाई टीम, कहा- इंडी गठबंधन एकजुट; कल कोलकाता आएंगे अखिलेश यादव

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों में मिली शिकस्त के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में हार की विस्तृत समीक्षा के लिए एक विशेष टीम गठित करने का एलान किया है। चुनाव आयोग पर भगवा पार्टी के पक्ष में काम करने और मतदाता सूची में धांधली का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे अत्याचारी चुनाव था। हार के बावजूद विपक्षी एकजुटता का संदेश देते हुए उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और उद्धव ठाकरे समेत इंडी गठबंधन के तमाम नेताओं ने उन्हें फोन कर अपना समर्थन दिया है। ममता बनर्जी ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कल छह मई को उनसे मिलने कोलकाता आएंगे, जिसके बाद गठबंधन के अन्य नेता भी बारी-बारी से मुलाकात करेंगे ताकि आगे की साझा रणनीति तैयार की जा सके।

विज्ञापन
04:27 PM, 05-May-2026

हार की समीक्षा के लिए गठित होगी विशेष टीम, ममता बनर्जी का एलान

चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी ने एक विशेष टीम गठित करने की घोषणा की है। इस टीम का काम होगा बंगाल में पार्टी की हार का समीक्षा करना। इसमें पार्टी के दस नेता शामिल होंगे। 

04:20 PM, 05-May-2026

'90 लाख वोट काटे और EVM लूटीं': ममता बनर्जी बोलीं- छात्र जीवन से अब तक का सबसे गंदा चुनाव देखा

ममता ने कहा कि यह चुनाव नहीं, बल्कि जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों और ईवीएम की खुली लूट थी। उन्होंने तकनीकी धांधली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि वोटिंग के बाद भी ईवीएम में 80-90% चार्ज कैसे रह सकता है? यह नामुमकिन है। ममता ने सनसनीखेज दावा किया कि चुनाव से दो दिन पहले उनके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, छापेमारी की गई और निष्पक्ष आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को हटाकर भाजपा के पसंदीदा लोगों को तैनात कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सीधा वार करते हुए कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग के बीच यह मैच फिक्सिंग थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर साजिश रचकर 90 लाख नाम वोटर लिस्ट से काटे गए और कोर्ट जाने के बाद केवल 32 लाख ही वापस जुड़े। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर सीधा हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में ऐसा नीच और घिनौना खेल कभी नहीं देखा।

04:17 PM, 05-May-2026

ममता बनर्जी बोलीं- छात्र जीवन से आज तक ऐसा चुनाव नहीं देखा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला बोला है। ममता ने कहा कि छात्र राजनीति के दिनों से लेकर आज तक, ऐसा गंदा और घिनौना चुनाव नहीं देखा। मुख्यमंत्री ने सीधा आरोप लगाया कि यह चुनाव भाजपा के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी सरकारी मशीनरी, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के सीधे हस्तक्षेप के खिलाफ था। ममता ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दावा किया कि साजिश के तहत वोटर लिस्ट से 90 लाख नाम हटा दिए गए थे। जब टीएमसी कोर्ट गई, तब जाकर 32 लाख नाम बहाल हुए, लेकिन खेल यहीं खत्म नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में चोरी-छिपे 7 लाख अन्य नाम जोड़ दिए गए, जिसके बारे में किसी को कानोकान खबर नहीं होने दी गई। ममता ने कहा कि 2004 में जब वह अकेली थीं, तब भी उन्होंने ऐसी चुनावी डकैती और अत्याचार नहीं देखा था।

04:15 PM, 05-May-2026

ममता बोलीं-हमारी लड़ाई चुनाव आयोग से थी, भाजपा से नहीं, मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं

पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा से नहीं बल्कि पक्षपाती चुनाव आयोग से थी। हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए ममता ने बड़ा एलान किया कि मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। उन्होंने भाजपा पर संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

04:11 PM, 05-May-2026

ममता बनर्जी ने लगाया आरोप-बंगाल में हुई लोकतंत्र की हत्या, भाजपा ने की वोटों की लूट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी हार को सिरे से नकारते हुए भाजपा पर 'लोकतंत्र की हत्या' और 'वोटों की लूट' का सनसनीखेज आरोप लगाया है। ममता ने दहाड़ते हुए कहा कि हम इलेक्शन नहीं हारे हैं, बल्कि भाजपा ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर जनादेश का अपहरण किया है। उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया कि वोटर लिस्ट रिवीज़न के नाम पर जानबूझकर उनके समर्थकों के लाखों वोट काट दिए गए और काउंटिंग के दौरान उनके एजेंटों को डराया-धमकाया गया। ममता ने साफ कर दिया कि पूरा इंडिया गठबंधन उनके साथ खड़ा है और वे भाजपा की इस 'वोट डकैती' के खिलाफ चुप नहीं बैठेंगी, बल्कि इस धांधली को अदालत में चुनौती देकर आर-पार की लड़ाई लड़ेंगी।
 

03:38 PM, 05-May-2026

अतुल बोरा ने हिमंत बिस्वा सरमा को दी बधाई, कहा- यह जीत दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम

असम विधानसभा चुनाव 2026 में एनडीए गठबंधन की शानदार जीत के बाद असम सरकार के मंत्री और एजीपी नेता अतुल बोरा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात कर उन्हें इस बड़ी कामयाबी पर बधाई दी। इस दौरान बोरा ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री के गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है, जिस पर जनता ने मुहर लगाई है। राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करते हुए भाजपा नीत एनडीए ने दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है।

03:14 PM, 05-May-2026

सिर्फ कांग्रेस के समर्थन से तमिलनाडु में सरकार नहीं बना सकती टीवीके: द्रमुक नेता

तमिलनाडु चुनाव के नतीजों पर द्रमुक नेता टीकेएस इलांगोवन ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके केवल कांग्रेस के समर्थन से सरकार नहीं बना सकती, क्योंकि कांग्रेस के पास सिर्फ पांच विधायक हैं। 234 सीटों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतने वाली टीवीके को अन्नाद्रमुक (47 सीटें) के समर्थन की जरूरत होगी। इलांगोवन ने कहा कि अगर अन्नाद्रमुक समर्थन नहीं देती है, तो त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनेगी और दोबारा चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने अपनी हार की समीक्षा करने की बात कहते हुए भाजपा पर राज्य में माहौल बिगाड़ने का आरोप भी लगाया।

03:14 PM, 05-May-2026

जनता ही असली मालिक, यूडीएफ सीपीआई(एम) की गलतियों से ले सबक: एके एंटनी

वरिष्ठ कांग्रेस नेता एके एंटनी ने यूडीएफ नेतृत्व से विनम्रता के साथ शासन करने और जनादेश का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यूडीएफ को सीपीआई के नेतृत्व वाली वामपंथी सरकार की गलतियों को नहीं दोहराना चाहिए। एंटनी ने कहा कि 'जनता ही असली मालिक है' और नई सरकार को लोकलुभावन फैसलों के बजाय राज्य की आर्थिक स्थिति सुधारने को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने सीपीआई (एम) को आत्ममंथन करने की सलाह भी दी। मुख्यमंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि तीनों संभावित चेहरे योग्य हैं और आलाकमान सभी से विचार-विमर्श के बाद उचित फैसला लेगा।


 

02:46 PM, 05-May-2026

तमिलनाडु में विजय बने विधायक दल के नेता

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। टीवीके राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी प्रमुख विजय द्रविड़ राजनीति के संस्थापक सीएन अन्नादुरई को श्रद्धांजलि अर्पित कर नई शुरुआत के संकेत दिए। चेन्नई के पास पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई, जिसमें विजय को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। 

02:12 PM, 05-May-2026

असम और पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को असम में पार्टी के विधायी दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल में पार्टी के विधायी दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।


 

01:54 PM, 05-May-2026

राजारहाट न्यू टाउन सीट पर वोटों की दोबारा गिनती शुरू

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को राजारहाट न्यू टाउन विधानसभा सीट पर वोटों की दोबारा गिनती (रीकाउंटिंग) शुरू कर दी है। यह राज्य की एकमात्र ऐसी सीट है जिसके अंतिम नतीजे पर फिलहाल रोक लगा दी गई थी। दरअसल, दोनों प्रमुख उम्मीदवारों के बीच हार-जीत के बेहद मामूली अंतर को लेकर एक उम्मीदवार द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद चुनाव आयोग ने यहां फिर से मतगणना कराने का फैसला किया है। चुनाव पैनल के एक अधिकारी ने बताया कि रीकाउंटिंग पूरी होने के बाद ही अंतिम नतीजे घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सोमवार को 17वें राउंड की गिनती के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार तापश चटर्जी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पीयूष कनोडिया से मात्र 323 वोटों से आगे चल रहे थे। मंगलवार के ताजा रुझानों में भी चटर्जी आगे चल रहे हैं। इस सीट पर पीछे चल रहे अन्य उम्मीदवारों में भाजपा के पीयूष कनोडिया के अलावा आम जनता उन्नयन पार्टी के फिरदौस अली मोल्ला और माकपा (CPI-M) के सप्तर्षि देब शामिल हैं।

01:09 PM, 05-May-2026

बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर महुआ मोइत्रा बोलीं- जनता सर्वोपरि

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। चुनाव में पार्टी की करारी हार के एक दिन बाद मंगलवार को मोइत्रा ने कहा कि टीएमसी इस जनादेश का पूरी तरह सम्मान करती है, क्योंकि जनता की इच्छा ही सर्वोपरि होती है। 

सोशल मीडिया पर महुआ मोइत्रा ने लिखा कि जनता की इच्छा सबसे ऊपर है। अगर बंगाल भाजपा को चाहता था, तो बंगाल को भाजपा मिल गई है। हम इसका सम्मान करते हैं। गौरतलब है कि सोमवार को आए नतीजों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में इतिहास रचते हुए 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है। इस बड़ी जीत के साथ ही राज्य में टीएमसी का 15 साल पुराना शासन खत्म हो गया है। 

मोइत्रा ने अपनी नेता और पार्टी पर गर्व जताते हुए कहा कि हमने एक असमान पिच पर अकल्पनीय बाधाओं के खिलाफ शानदार लड़ाई लड़ी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टीएमसी एक धर्मनिरपेक्ष देश के लिए मजबूती से अपनी लड़ाई जारी रखेगी, जहां संविधान ही अंतिम शब्द है, न कि कोई क्रूर बहुसंख्यकवाद।

12:25 PM, 05-May-2026

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दिया इस्तीफा

सत्तारूढ़ पार्टी द्रमुक के उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद सत्ता परिवर्तन की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री का यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि एमके स्टालिन ने अपना इस्तीफा सौंप कर राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ कर दिया है।

12:24 PM, 05-May-2026

TMC की हार पर खुश होने वालों को राहुल गांधी की नसीहत

राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार पर खुशी मनाने वाले अपनी पार्टी के नेताओं और अन्य लोगों को कड़ी नसीहत दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि लोगों को यह स्पष्ट रूप से समझना चाहिए कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने के मिशन में भाजपा का एक बड़ा कदम है। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में सभी से छोटी राजनीति को एक तरफ रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला किसी एक राजनीतिक दल या दूसरे दल का नहीं है, बल्कि यह भारत से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इसे गंभीरता से समझना चाहिए।

12:11 PM, 05-May-2026

भवानीपुर सीट की मतगणना में गड़बड़ी का आरोप, टीएमसी नेता ने शेयर किया ऑडियो क्लिप

पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता कल्याण बनर्जी ने एक सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप साझा किया है। इस ऑडियो क्लिप के माध्यम से उन्होंने राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती के दौरान भारी गड़बड़ी और अनियमितताओं का गंभीर आरोप लगाया है। कल्याण बनर्जी द्वारा साझा की गई इस क्लिप में भवानीपुर सीट के विभिन्न काउंटिंग राउंड्स पर सीधे सवाल उठाए गए हैं। टीएमसी नेता ने इस ऑडियो के जरिये चुनाव आयोग की मतगणना प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सीधा निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर सामने आए इस दावे के बाद पश्चिम बंगाल की सियासत में एक बार फिर से नई बहस छिड़ गई है।

11:42 AM, 05-May-2026

पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सरकारी गाड़ी लेने से किया इनकार, पार्टी की कार से हुए रवाना

केरल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन कन्नूर से राजधानी तिरुवनंतपुरम पहुंच गए हैं। तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद विजयन ने एक बड़ा कदम उठाते हुए सरकारी गाड़ी का उपयोग करने से साफ इनकार कर दिया। हवाई अड्डे पर उनके लिए सरकारी वाहन की व्यवस्था थी, लेकिन उन्होंने इसे छोड़ दिया। इसके बजाय, हवाई अड्डे से बाहर निकलने के लिए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी सीपीआई (एम) की एक गाड़ी वहां पहुंची थी। विजयन इसी पार्टी की गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हुए।।

11:39 AM, 05-May-2026

बंगाल में नौ मई को होगा नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का एलान

इस बीच, कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर बड़ा एलान किया है। समिक भट्टाचार्य ने बताया कि पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 9 मई को आयोजित किया जाएगा। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

11:33 AM, 05-May-2026

टीवीके को समर्थन पर वीसीके ने नहीं खोले पत्ते, स्टालिन से मुलाकात के बाद होगा फैसला

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच टीवीके को समर्थन देने के सवाल पर विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने बड़ा बयान दिया है। चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं किया है। 

थिरुमावलवन ने आगे बताया कि वीसीके, सीपीआई और सीपीएम के शीर्ष नेता आज सुबह करीब 11 बजे एमके स्टालिन से मुलाकात करने जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि द्रमुक प्रमुख के साथ होने वाली इस अहम बैठक के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा और मीडिया को इसकी जानकारी दी जाएगी।

11:28 AM, 05-May-2026

विजय पहले अपना रुख साफ करें, हम अभी द्रमुक गठबंधन के साथ; टीवीके के साथ गठबंधन पर बोले CPIM के सचिव

तमिलनाडु में राजनीतिक हलचल के बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। चेन्नई में तमिलनाडु माकपा के सचिव पी. षणमुगम ने अभिनेता से नेता बने विजय को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। पी. षणमुगम ने कहा कि सबसे पहले विजय को अपनी राजनीतिक स्थिति और रुख पूरी तरह से स्पष्ट करना चाहिए। जब वह अपना रुख साफ कर देंगे, उसके बाद ही हम यह तय करेंगे कि हमें किसे समर्थन देना है। इसके साथ ही माकपा नेता ने मौजूदा गठबंधन को लेकर भी तस्वीर साफ की। उन्होंने जोर देकर कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम वर्तमान में द्रमुक (DMK) गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े हैं।

11:05 AM, 05-May-2026

बंगाल में जीत के बाद काली मंदिर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन

पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में मिली शानदार चुनावी जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली के सीआर पार्क स्थित काली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक साथ माता के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद नितिन नबीन ने चुनाव वाले सभी राज्यों की जनता को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मां काली और मां कामाख्या की धरती पर मिली जीत के लिए वे यहां प्रार्थना करने आए हैं। 

10:49 AM, 05-May-2026

बंगाल में भाजपा की जीत पर क्या बोले भारतीय-अमरीकी नेता?

बंगाल के नतीजे आने के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जाने-माने भारतीय-अमरीकी नेता डॉ. भरत बराई ने इसे पश्चिम बंगाल की जनता की बहुत बड़ी जीत बताया है। पिछली राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए डॉ. बराई ने आरोप लगाया कि वहां राज्य के सभी संसाधनों का गलत इस्तेमाल करके एक 'माफिया राज' कायम कर दिया गया था। अब इस जनादेश से उस शासन का पूरी तरह अंत हो गया है।

10:45 AM, 05-May-2026

विजय के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

 विजय के चेन्नई स्थित आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। समर्थकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना और चुनावी नतीजों के बाद के हालातों को देखते हुए उनके घर के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

10:30 AM, 05-May-2026

तमिलनाडु चुनाव: टीवीके प्रमुख विजय के घर पहुंचे आधव अर्जुन

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। अब आगे की रणनीतियों को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में टीवीके के प्रमुख नेता आधव अर्जुन आज पार्टी चीफ विजय से मुलाकात करने उनके चेन्नई स्थित आवास पर पहुंचे। राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद सरकार गठन की संभावनाओं के बीच दोनों की मुलाकाता काफी अहम मानी जा रही है।

09:20 AM, 05-May-2026

टीवीके की आंधी में एक ही जीत पाई भाजपा, इन दिग्गजों को मिली शिकस्त 

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक के साथ 27 सीटों पर चुनाव लड़ी भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी केवल उधगमंडलम सीट (भोजराजन) ही जीत सकी है। इस बड़ी हार का मुख्य कारण अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके का उभार रहा, जिसने भाजपा के शहरी और युवा वोट बैंक में गहरी सेंध लगाई है। इसके अलावा जी.के. वासन की टीएमसी सहित अन्य सभी सहयोगी दल भी अपना खाता खोलने में विफल रहे। 

इस करारी शिकस्त के बाद प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठ रहे हैं और आगामी चुनावों के लिए पार्टी में बड़े संगठनात्मक बदलाव की तैयारी है। आइए, चुनाव हारने वाले प्रमुख भाजपा दिग्गज नेताओं के नाम जानते हैं।

  • नैनार नागेंद्रन
  • एल. मुरुगन
  • तमिलिसाई सुंदरराजन
  • वनथी श्रीनिवासन

09:15 AM, 05-May-2026

 केरल में कांग्रेस कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने बड़ी जीत दर्ज की है। 140 सीटों वाली विधानसभा में यूडीएफ ने 102 सीटें हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। राजधानी तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल देखा गया, जहां पार्टी नेताओं के पोस्टर लगाए गए। इन पोस्टरों में केसी वेणुगोपाल की तस्वीरें भी प्रमुख रूप से दिखीं। इस जीत को कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। लंबे समय बाद राज्य में सत्ता में वापसी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा दिया है और आगे की रणनीति को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।

09:03 AM, 05-May-2026

शशि थरूर बोले- कांग्रेस को अब गंभीर आत्ममंथन की जरूरत

विधानसभा चुनाव नतीजों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी ही पार्टी को बड़ी नसीहत दी है। केरल के तिरुवनंतपुरम में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने स्पष्ट कहा कि इन परिणामों के बाद पार्टी को बिना किसी शक के बहुत ही गंभीर आत्ममंथन करने की सख्त जरूरत है। थरूर ने केरल में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए कहा कि आज हमारे सामने इस बात का बहुत अच्छा उदाहरण मौजूद है कि हमने वहां क्या सही किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर हम केरल में सही रणनीति अपना सकते हैं, तो बाकी जगहों पर भी सफलता पाने के लिए हमें क्या करना चाहिए, इस पर विचार होना चाहिए।

08:58 AM, 05-May-2026

राहुल-प्रियंका पर सीएम मोहन यादव का तंज, कहा- उन्हें चुकानी पड़ी भारी कीमत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भोपाल में अपना बयान देते हुए उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर सीधा निशाना साधा। सीएम यादव ने आरोप लगाया कि इन दोनों कांग्रेस नेताओं ने देश की आधी आबादी (महिलाओं) का मजाक उड़ाया था, जिसकी भारी कीमत अब उन्हें इन चुनावों में चुकानी पड़ी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाते हुए इसे ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में बंगाल में सरकार बनाने जा रहे हैं। अपनी बात को पूरा करते हुए उन्होंने भाजपा की इस सफलता को सुशासन की शानदार जीत और राज्य में कुशासन का अंत करार दिया।

08:34 AM, 05-May-2026

बंगाल-असम के नतीजों पर थरूर ने की पीएम मोदी और अमित शाह की तारीफ

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जमकर तारीफ की है। केरल के तिरुवनंतपुरम में थरूर ने कहा कि उन्होंने बंगाल और असम में अच्छा काम किया है। वे चुनाव का प्रबंधन करने में बहुत माहिर और पेशेवर रूप से संगठित हैं। थरूर ने भाजपा की मजबूत संगठनात्मक ताकत और चुनाव प्रचार में भारी वित्तीय संसाधनों के इस्तेमाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनसे बहुत कुछ सीखना चाहिए। हालांकि, इसके साथ ही थरूर ने यह उम्मीद भी जताई कि उनका संदेश भारतीयों को बांटने वाला नहीं, बल्कि एकजुट करने वाला होना चाहिए।

08:01 AM, 05-May-2026

असम में राजनीतिक परिवारों को झटका, तीन मुख्यमंत्रियों के बेटे हारे

असम विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस के तीन बड़े राजनीतिक परिवारों को बड़ा नुकसान हुआ है। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया और दिगंत बर्मन चुनाव हार गए। खास बात यह रही कि ये तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटे हैं, जिनका राज्य की राजनीति में लंबा प्रभाव रहा है।

  • गौरव गोगोई, पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे हैं। तरुण गोगोई असम के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे और 2001 से 2016 तक लगातार 15 साल तक उन्होंने राज्य की सत्ता संभाली।
  • देबब्रत सैकिया, पूर्व मुख्यमंत्री हितेश्वर सैकिया के बेटे हैं। हितेश्वर सैकिया दो बार असम के मुख्यमंत्री रहे। पहली बार 1983 से 1985 तक और दूसरी बार 1991 से 1996 तक उन्होंने राज्य का नेतृत्व किया।
  • दिगंत बर्मन, पूर्व मुख्यमंत्री भूमिधर बर्मन के बेटे हैं। भूमिधर बर्मन ने 1996 में कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कुछ समय के लिए पद संभाला था, जब हितेश्वर सैकिया का निधन हो गया था।
  • इन तीनों नेताओं की हार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने वंशवादी राजनीति की हार बताया है और कहा कि जनता अब परिवार के नाम से ज्यादा काम को महत्व दे रही है।

06:19 AM, 05-May-2026

जीत के बाद भाजपा नेता हितेंद्र नाथ गोस्वामी बोले- गौरव गोगोई से कोई निजी दुश्मनी नहीं

असम की जोराहट विधानसभा सीट पर भाजपा के हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई को 23,182 वोटों के भारी अंतर से हराया। जीत के बाद गोस्वामी ने कहा कि वह हमेशा जनता की भलाई के लिए काम करेंगे। उन्होंने साफ किया कि गौरव गोगोई के खिलाफ उनके मन में कोई कड़वाहट नहीं है।

भाजपा नेताओं ने इस जीत को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के विकास कार्यों और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन का नतीजा बताया है। नाहरकटिया से भाजपा उम्मीदवार तरंग गोगोई ने कहा कि असम में गांधी परिवार का कोई आधार नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि जनता केवल विकास चाहती है। भाजपा सांसद प्रदान बरुआ ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं था, इसलिए वे फेल हो गए। असम की 126 सीटों में से भाजपा ने 82 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस केवल 19 सीटों पर सिमट गई है। यह असम में एनडीए की लगातार तीसरी जीत है।

06:16 AM, 05-May-2026

केरल में यूडीएफ की सुनामी, कांग्रेस गठबंधन ने जीतीं 102 सीटें 

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) ने 140 में से 102 सीटें जीतकर बड़ी सफलता हासिल की है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसे केरल की जीत और यूडीएफ की सुनामी बताया। उन्होंने कहा कि वामपंथियों के गढ़ अब ढह चुके हैं और जनता ने पुराने समीकरणों को नकार दिया है। इस चुनाव में अकेले कांग्रेस ने 63 और सहयोगी आईयूएमएल ने 22 सीटें जीती हैं। राहुल गांधी ने जनता का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि नई सरकार राज्य की प्रतिभा और क्षमता को निखारने का काम करेगी। प्रियंका गांधी ने वायनाड की सभी 7 सीटों पर मिली जीत को ऐतिहासिक बताया और जनता के भरोसे को पूरी ईमानदारी से निभाने का वादा किया।

06:12 AM, 05-May-2026

पीएम मोदी की लोकप्रियता और अमित शाह की रणनीति से मिली ऐतिहासिक जीत: अनुराग ठाकुर

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी के चुनाव नतीजों को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वहां ममता बनर्जी के 15 साल के 'माफिया राज' का अंत हुआ है और डर पर भरोसे की जीत हुई है। ठाकुर ने बंगाल में भाजपा की 'डबल सेंचुरी' यानी 206 सीटें जीतने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और अमित शाह की रणनीति को दिया। उन्होंने बताया कि असम में भाजपा गठबंधन ने जीत की हैट्रिक लगाई है और 126 में से 100 से ज्यादा सीटें जीती हैं। पुदुचेरी में भी भाजपा दोबारा सरकार बनाने जा रही है। बंगाल में टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई है, जबकि भाजपा ने अपनी ताकत 77 सीटों से बढ़ाकर 206 कर ली है।
 

03:48 AM, 05-May-2026

बंगाल में डर पर भरोसे की जीत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भाजपा की जीत पर खुशी जताई

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि बंगाल में डर के ऊपर भरोसे की जीत हुई है। वैष्णव के अनुसार, जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के विकास और पारदर्शिता वाले मॉडल पर विश्वास जताया है। पीएम मोदी ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बंगाल में सुशासन की राजनीति सफल रही। उन्होंने इस जीत का श्रेय कई पीढ़ियों से संघर्ष कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। पीएम ने बंगाल की जनता को भरोसा दिलाया कि नई सरकार सभी को सम्मान और अवसर देगी। 

03:41 AM, 05-May-2026

विजय के ड्राइवर के बेटे ने जीती विरुगमबक्कम सीट, डीएमके विधायक को हराया

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके (TVK) प्रमुख विजय के निजी ड्राइवर राजेंद्रन के बेटे आर शबरीनाथन ने विरुगमबक्कम सीट से बड़ी जीत हासिल की है। शबरीनाथन ने डीएमके के मौजूदा विधायक प्रभाकर राजा को 27,086 वोटों के अंतर से हराया। जीत के बाद शबरीनाथन ने कहा कि अब डीएमके का अंत हो गया है।

03:37 AM, 05-May-2026

भाजपा नेता तरुण चुघ ने कांग्रेस और टीएमसी पर साधा निशाना

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों को प्रधानमंत्री मोदी के लिए जनता का आशीर्वाद बताया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में हर तरफ अत्याचार हो रहे थे, जिसे जनता ने खत्म कर दिया। चुघ ने कांग्रेस और टीएमसी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश की जनता ने इनकी 'जिहादी मानसिकता' को हरा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल मुस्लिम लीग और जमात-ए-इस्लामी के साथ मिलकर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे थे। चुघ ने कहा कि सनातन का अपमान करने वाले अब चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा ने 294 में से 206 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया है। ममता बनर्जी की टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई है। कांग्रेस और एजेयूपी को 2-2 सीटें मिलीं, जबकि सीपीआई(एम) को केवल 1 सीट मिली।

03:33 AM, 05-May-2026

भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार पर बंगाल भाजपा अध्यक्ष बोले- यह तो होना ही था

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हार को पहले से तय बताया है। उन्होंने कहा कि यह तो होना ही था क्योंकि भवानीपुर की जनता हमेशा भाजपा का साथ देती है। भट्टाचार्य के अनुसार, लोगों ने ममता बनर्जी के नेतृत्व को पूरी तरह नकार दिया है और अब उन पर से जनता का भरोसा उठ गया है। भवानीपुर में भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से हराया। शुभेंदु को 73,917 और ममता बनर्जी को 58,812 वोट मिले। पूरे बंगाल में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की है, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर रह गई।
 

03:29 AM, 05-May-2026

कपिल सिब्बल ने पश्चिम बंगाल चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया

राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जीता नहीं गया, बल्कि चुराया गया है। सिब्बल के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को भाजपा ने नहीं हराया, बल्कि चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मिलकर हराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 लाख मतदाताओं को वोट देने के अधिकार से वंचित किया गया। सिब्बल ने ममता बनर्जी का समर्थन करने की बात कही। ममता बनर्जी ने भी भाजपा पर 100 से ज्यादा सीटें लूटने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग को भाजपा का आयोग कहा। इन नतीजों में भाजपा ने 206 सीटें जीती हैं, जबकि टीएमसी 81 सीटों पर सिमट गई है।

03:28 AM, 05-May-2026

असम की जीत ऐतिहासिक, विकास और सुशासन पर जनता की मुहर: सर्बानंद सोनोवाल

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने असम चुनाव में भाजपा-एनडीए की जीत को ऐतिहासिक जनादेश बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा को इस बड़ी सफलता के लिए बधाई दी। सोनोवाल ने कहा कि यह जीत विकास और सुशासन पर जनता का भरोसा दिखाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पूर्वोत्तर के विकास के लिए उनके समर्पण का आभार जताया। सोनोवाल ने गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को असम, पश्चिम बंगाल और पुदुचेरी में जीत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि अब 'डबल इंजन' सरकार असम को और अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाएगी।

03:23 AM, 05-May-2026

टीवीके की ऐतिहासिक जीत, मुख्यमंत्री स्टालिन अपनी सीट हारे

तमिलनाडु चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। डीएमके सांसद कनिमोझी ने जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए विजेताओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी कोलाथुर सीट टीवीके के वीएस बाबू से 8,795 वोटों से हार गए हैं। टीवीके नेता आधव अर्जुना ने इस जीत को करूर हादसे के पीड़ितों को समर्पित किया और कहा कि जनता ने डीएमके को बाहर कर दिया है। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने धर्मनिरपेक्ष ताकतों से एकजुट होने की अपील की। 1977 के बाद पहली बार राज्य में डीएमके और एआईएडीएमके के बिना सरकार बनने की संभावना है।

03:22 AM, 05-May-2026

पुदुचेरी चुनाव: एनडीए की जीत पर पीएम मोदी ने जनता का आभार जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुदुचेरी विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि जनता का यह समर्थन सुशासन की कोशिशों को और मजबूती देगा। पीएम ने मुख्यमंत्री एन रंगासामी के नेतृत्व और एनडीए के काम की तारीफ की। पुदुचेरी की 30 सीटों में से एनआर कांग्रेस ने 12 और भाजपा ने 4 सीटें जीती हैं। एनडीए की सहयोगी एआईएडीएमके को 1 सीट मिली है। वहीं, विपक्ष में डीएमके को 5 और कांग्रेस को केवल 1 सीट मिली। नई पार्टी टीवीके ने भी 2 सीटें जीतकर शानदार शुरुआत की है।

02:13 AM, 05-May-2026

बंगाल में बड़ा उलटफेर: भाजपा को मिला भारी बहुमत, जानें किसे मिली कितनी सीटें

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। इन नतीजों ने राज्य की राजनीति की पूरी तस्वीर बदल दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में ऐतिहासिक और प्रचंड जीत दर्ज की है। भाजपा ने कुल 206 सीटों पर कब्जा किया है। इस भारी बहुमत के साथ भाजपा राज्य की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरी है। ममता बनर्जी की पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस को कुल 81 सीटें मिली हैं। इसमें 80 सीटों पर जीत और 1 सीट पर बढ़त शामिल है। सत्ता की दौड़ में टीएमसी इस बार भाजपा से काफी पीछे रह गई है।

अन्य राजनीतिक दलों का प्रदर्शन बहुत ही निराशाजनक रहा है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा। आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) ने भी 2 सीटों पर जीत हासिल की है। वामपंथी दलों की स्थिति और भी खराब रही। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) यानी सीपीआई(एम) को सिर्फ 1 सीट मिली है। इसके अलावा ऑल इंडिया सेकुलर फ्रंट (AISF) के खाते में भी 1 सीट आई है। कुल 293 सीटों के इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि बंगाल की जनता ने इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान किया है। भाजपा ने पहली बार राज्य में इतनी बड़ी सफलता हासिल की है। कांग्रेस और वामपंथी दल पूरी तरह हाशिए पर चले गए हैं। अब राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारी शुरू हो गई है।
 

02:08 AM, 05-May-2026

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम: टीवीके का 108 सीटों पर कब्जा, जानें किसे मिली कितनी सीटें

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के सभी 234 सीटों के नतीजे आ गए हैं। इन नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत हासिल की है। राज्य की सत्ता पर लंबे समय तक काबिज रहने वाली द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) दूसरे नंबर पर रही। डीएमके को इस चुनाव में 59 सीटें मिली हैं। वहीं, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (ADMK) को 47 सीटों पर जीत मिली है। इन दोनों बड़ी पार्टियों को टीवीके ने कड़ी टक्कर दी और उन्हें पीछे छोड़ दिया।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के खाते में 5 सीटें आई हैं। पट्टाली मक्कल कड़ची (PMK) ने 4 सीटों पर कब्जा किया है। इसके अलावा कई अन्य दलों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई), विदुथलाई चिरुथैगल कड़ची (वीसीके) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) यानी सीपीआई(एम) को 2-2 सीटें मिली हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) को इस चुनाव में केवल 1 सीट मिली है। तमिलनाडु की जनता ने इस बार नए विकल्प के रूप में टीवीके को चुना है। इन नतीजों से साफ है कि राज्य में अब एक नई राजनीतिक शक्ति का उदय हो गया है। टीवीके ने बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंचकर सबको हैरान कर दिया है।
 

01:59 AM, 05-May-2026

केरल में कांग्रेस का दबदबा: 140 सीटों के नतीजे घोषित, जानें किसे मिली कितनी सीटें

केरल विधानसभा चुनाव के सभी 140 सीटों के नतीजे सामने आ गए हैं। इन नतीजों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 63 सीटों पर जीत हासिल की है। इस बड़ी जीत के साथ कांग्रेस ने राज्य में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। वामपंथी दलों में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) यानी सीपीआई(एम) को 26 सीटें मिली हैं। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के खाते में 8 सीटें आई हैं। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और 22 सीटों पर कब्जा किया।

क्षेत्रीय दलों में केरल कांग्रेस (KEC) को 7 सीटों पर जीत मिली है। रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 3-3 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा कुछ छोटी पार्टियों ने भी अपना खाता खोला है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD), रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (RMPOI), केरल कांग्रेस (जैकब) और कम्युनिस्ट मार्क्सिस्ट पार्टी केरल स्टेट कमेटी (CMPKSC) को 1-1 सीट मिली है। इस चुनाव में 4 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी सीटों पर जीत हासिल की है। 
 

01:50 AM, 05-May-2026

असम चुनाव के फाइनल नतीजे: भाजपा की बंपर जीत, जानें किसे मिली कितनी सीटें

असम विधानसभा चुनाव के सभी 126 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। राज्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में एकतरफा जीत हासिल की है। भाजपा ने कुल 82 सीटों पर कब्जा किया है। इस बड़ी जीत के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। विपक्ष में बैठी कांग्रेस को इन चुनावों में भारी नुकसान हुआ है। कांग्रेस को केवल 19 सीटें ही मिल सकीं। क्षेत्रीय दलों में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BOPF) और असम गण परिषद (AGP) का प्रदर्शन एक जैसा रहा। इन दोनों पार्टियों ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की है।

बदरुद्दीन अजमल की पार्टी एआईयूडीएफ (AIUDF) और अखिल गोगोई के रायजोर दल (RJRD) के खाते में 2-2 सीटें आई हैं। वहीं, ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (AITC) ने भी असम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। तृणमूल कांग्रेस को 1 सीट पर जीत मिली है। इन नतीजों ने राज्य की राजनीति में भाजपा की पकड़ को और मजबूत कर दिया है।

01:44 AM, 05-May-2026

पुदुचेरी चुनाव के नतीजे: जानें किसे मिली कितनी सीटें

पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के सभी 30 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इन नतीजों में ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। एआईएनआरसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 सीटों पर कब्जा किया है। वहीं द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) दूसरे नंबर पर रही है और उसे 5 सीटों पर जीत मिली है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है और 4 सीटें जीतने में सफल रही है। इस चुनाव में नई पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने भी अपना खाता खोला है। टीवीके ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है।

वहीं, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा और उसे केवल 1 सीट मिली है। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (ADMK) को भी महज 1 सीट से संतोष करना पड़ा। इनके अलावा लचिया जननायक कड़गम (LJK) और नेयम मक्कल कड़गम (NYMK) ने भी 1-1 सीट पर जीत दर्ज की है। इस चुनाव में 3 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपनी सीटों पर जीत हासिल की है।
 

01:06 AM, 05-May-2026

बंगाल में जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी बोले- 24 घंटे में हो जाएगा TMC का सफाया

भवानीपुर और नंदीग्राम सीट से जीत दर्ज करने के बाद भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "इस बार मैंने लगभग दस हजार वोटों से चुनाव जीता है। नंदीग्राम के हिंदू लोगों ने मुझे फिर से जिताया है। वहां पूरा मुस्लिम वोट टीएमसी को गया। मैं नंदीग्राम के हिंदुओं के लिए काम करूंगा। टीएमसी का अंत होगा। 24 घंटे के भीतर यह नष्ट हो जाएगी, इसका सफाया हो जाएगा। इस भ्रष्ट, परिवारवादी पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है। हम वह काम करेंगे जो गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणापत्र में घोषित किया था और प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार आश्वासन दिया है। हम इसे पूरा करेंगे।"

12:59 AM, 05-May-2026

Election Results LIVE: हार की समीक्षा के लिए ममता ने बनाई टीम, कहा- इंडी गठबंधन एकजुट; कल कोलकाता आएंगे अखिलेश

देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आ चुके हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा का कमल खिल चुका है। भाजपा ने टीएमसी को पटखनी देते हुए 206 सीटें हासिल की हैं। वहीं, तमिलनाडु में डीएमके को बड़ा सियासी झटका देते हुए अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ा दल बनकर उभरी है। हालांकि, बिना गठबंधन के राज्य में विजय की सरकार नहीं बनेगी। इधर, असम में भाजपा ने सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में जीत की हैट्रिक लगाई है। असम में एनडीए को 102 सीटें मिली हैं। वहीं, देश में वाम दलों का आखिरी किला कहे जाने वाले केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। उधर, पुदुचेरी में एक बार फिर से एनडीए सरकार की वापसी हुई है। सीएम एन रंगासामी के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार सरकार बनने जा रही है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें