08:03 AM, 08-Apr-2026
असम को घुसपैठियों का गढ़ नहीं बनने देंगे- शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प. बंगाल में बदलाव जरूर होगा और जब राज्य में भाजपा सत्ता में आएगी, तो सभी घुसपैठियों को उनके देशों में वापस भेज दिया जाएगा। पथारकंडी में एक चुनावी रैली में शाह ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने असम की बराक घाटी में घुसपैठियों को पनाह दी, जिससे वे श्रीभूमि, सिलचर और कछार जिलों में हावी हो गए। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध इसलिए करती है क्योंकि वह जानती है कि यह कानून यह सुनिश्चित करेगा कि राज्य में कोई भी घुसपैठिया न रहे। शाह ने कहा, बांग्लादेश से सताए हुए हिंदू इस कानून के दायरे में आते हैं। कांग्रेस इसका विरोध करती है, पर मुस्लिम घुसपैठियों के लिए लाल कालीन बिछाती है। उन्होंने कहा कि देश में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, राहुल बाबा सुन लें, हम असम को घुसपैठियों का इलाका नहीं बनने देंगे।