कार से पांच करोड़ रुपये की नकदी जब्त
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में गच्चीबावली इलाके से एक कार से पांच करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी जब्त की है। गच्चीबावली पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई के लिए नकदी को आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। तेलंगाना में 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है।
तेलंगाना में चुनावी रैली में सीएम चंद्रशेखर राव ने भाजपा पर चुटकी ली। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, भाजपा को लेकर देश में माहौल खराब है। उनके कार्यकाल के अब कुछ ही दिन बचे हैं।
कांग्रेस ने मंडल आयोग की रिपोर्ट लागू नहीं की: मायावती
बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को तेलंगाना के पेद्दापल्ली में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता आज जोर-शोर से जाति-आधारित जनगणना की मांग कर रहे हैं, लेकिन पूर्व की कांग्रेस सरकारों ने ओबीसी को एससी और एसटी की तर्ज पर आरक्षण देने की मांग को स्वीकार नहीं किया। बसपा प्रमुख ने संसद में पारित महिला आरक्षण विधेयक में एससी, एसटी और ओबीसी को अलग कोटा नहीं देने के लिए केंद्र की एनडीए सरकार की भी आलोचना की। मायावती ने कहा कि पिछड़े वर्ग के लोगों ने कांग्रेस से एससी और एसटी के आधार पर आरक्षण लाभ की मांग की थी। लेकिन सबसे अधिक समय तक देश की सत्ता में रही कांग्रेस ने इस पर विचार नहीं किया था। अब एससी, एसटी, ओबीसी का वोट पाने के लिए कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता अपनी चुनावी सभाओं में कह रहे हैं कि जाति जनगणना कराई जानी चाहिए। मायावती ने कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी के लिए आरक्षण की सिफारिश करने वाले काका कालेलकर आयोग और मंडल आयोग की रिपोर्टों को लागू नहीं किया था।
तेलंगाना में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा, कांग्रेस हमेशा से ही झूठे वादे करती आई है।आज तक कांग्रेस ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं। कांग्रेस और बीआरएस लोगों से झूठे वादे करते आए हैं। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है, जो वादे उन्होंने कर्नाटक में किए थे वे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। बेरोजगारी भत्ता, 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे वादों को कर्नाटक में सिर्फ चुनावी वादे के तौर पर कांग्रेस ने इस्तेमाल किया, वास्तिवकता से उसका कोई लेना देना नहीं।
राजस्थान विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सभी दल जोर अजमाइश कर रहे हैं। चुनावी तारीखों की घोषणा होते ही सभी दलों ने जनसभाओं और रैलियों का आयोजन किया। पीएम मोदी समेत कई स्टार प्रचारकों ने लोगों से वोट देने की अपील की। राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान है। इसी बीच, आज गुरुवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार थम गया है।
तेलंगाना में चुनावी मोड में दिखे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में प्रचार प्रसार के लिए पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी, जिसमें तेलंगाना महत्वपूर्ण योगदान देगा। साथ ही उन्होंने कहा अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो आप देखेंगे कि तेलंगाना पूरी तरह से विकास के पथ पर चलने लगेगा। मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की कर रहा है। उन्होंने देशवासियों के भीतर आत्मविश्वास भर दिया है। साथ ही उन्होंने कहा, नौ साल पहले भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था थी। लेकिन मोदी सरकार आते ही पूरी तरह से तस्वीर बदल गई। हम अगले तीन वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं।
पीएम मोदी पर दिए विवादित बयान पर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मामले पर चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। उनसे चुनाव आयोग ने 25 नवंबर तक नोटिस का जवाब मांगा है।
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'हमारा विश्वास है कि आने वाले 25 वर्षों में, जब हम अमृत काल में आजादी के 100 वर्ष मनाएंगे तब भारत एक विकसित देश होगा। हमारी अर्थव्यवस्था 3.5 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 35 ट्रिलियन डॉलर हो जाएगी और इस विकास यात्रा में तेलंगाना के लोग जुड़ना चाहते हैं। ईमानदार सरकार के साथ तेलंगाना में भी इस प्नकार का परिवर्तन आ सकता है... यह स्पष्ट है कि यह काम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार कर रही है।'
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'जब मैं परिवारवाद की बात बोलता हूं तो मैं ये भी आपको बताना चाहता हूं कि सिर्फ KCR का सवाल नहीं है, ये सारे देश में जितनी भी परिवारवाद की पार्टियां हैं उससे लड़ने का काम और देश में राष्ट्रीय पार्टी आगे बढ़े इसकी जिम्मेदारी भाजपा ने ली है...जम्मू-कश्मीर में फारूक अब्दुल्ला और उनके बेटे उमर अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर में पहले मुफ़्ती मोहम्मद सईद और बाद में महबूबा मुफ्ती। पंजाब में प्रकाश सिंह बादल से अब सुखबीर सिंह बादल। उत्तर प्रदेश में हमारी लड़ाई अखिलेश और डिंपल से हैं। बिहार में हम लड़ते हैं लालू से उनके बाद राबड़ी, फिर तेजस्वी यादव फिर तेज प्रताप यादव। बंगाल में हमारी लड़ाई ममता और उनके भतीजे से है। आंध्र में भी पहले YSR और जगन मोहन रेड्डी, यहां KCR, KTR, कविता उसका बेटा यहीं परिवार है और कुछ नहीं है। परिवारवाद के खिलाफ लड़ाई भाजपा लड़ती है।'
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, 'उन लोगों(अशोक गहलोत और सचिन पायलट) के बीच तो प्रतियोगिता है कि कौन ज्यादा निकम्मा है? अशोक गहलोत कह रहे हैं कि सचिन पायलट सबसे बड़े निकम्मे हैं, सचिन पायलट बोलते हैं कि अशोक गहलोत ज्यादा निकम्मे हैं। ये तो निकम्मों की प्रतियोगिता चल रही है, इसमें मेरी कोई टिप्पणी नहीं है।'
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'हमने अनुरोध किया था कि विधानसभा चुनाव को विधानसभा स्तर पर रखा जाए... आप(भाजपा) हमारी 10 गारंटियों पर बहस कीजिए, उसकी कमियां बताइए लेकिन राजस्थान में उस पर बहस नहीं हो रही है... जितने नेता आते हैं शाम से सुबह तक एक ही तरह की भाषा बोलते हैं... ये हिंसात्मक भाषा है... इन्हें(भाजपा) जनता को इस प्रकार से भड़काने का अधिकार नहीं है।'
AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, 'यहां की BRS सरकार ने जो असंवैधानिक आरक्षण दिया है वो हटाया जाना चाहिए। संवैधानिक तौर पर किसी धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। हमारे संविधान के अनुसार जाति के आधार पर आरक्षण दिया जाता है।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'राजस्थान ने हमेशा मोदी जी के साथ खड़ा रहकर भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया है। 2014 और 2019 दोनों चुनावों में सभी की सभी सीटें भाजपा के खाते में देकर राजस्थान की जनता ने हमेशा मोदी जी को अपना समर्थन दिया है।'
शाह ने कहा कि 'लाल डायरी कांग्रेस के भ्रष्टाचार की पहचान बन गई है। भारतीय इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि मंत्रालय के कपबोर्ड से 2.35 करोड़ नगद और एक किलो सोना मिले, लेकिन इस पर भी सीएम अशोक गहलोत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। मैंने कभी भी किसी को भ्रष्टाचार पर इतना नरम रुख अपनाते नहीं देखा।'
जयपुर में एक पत्रकार सम्मेलन के दौरान अमित शाह ने कहा, 'बीते छह महीने से मैं राजस्थान आ रहा हूं। इस दौरान मैंने पूरा राजस्थान घूमा है और मैं ये बात पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि राजस्थान में अगली सरकार भाजपा की बनेगी। लोगों में बदलाव की चाह है। राजस्थान को लोगों ने कांग्रेस सरकार को विदाई देने का मन बना लिया है क्योंकि वह हर क्षेत्र में असफल हुई है।'
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा है कि लोगों के खिलाफ साजिश रची जा रही है। हाल ही में महादेव एप के मामले में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ साजिश रची गई। मुझे बुरा लगता है कि पीएम मोदी को महादेव एप और लाल डायरी के बारे में बोलने के लिए कहा जा रहा है लेकिन इसी ठीक तरह से जांच भी नहीं की गई और कुछ भी सबूत नहीं है और पीएम इसके बारे में बात कर रहे हैं। ईडी और आईटी ने राजस्थान में 50 बार छापेमारी की है लेकिन कोई भी राजनेता या नौकरशाह नहीं पकड़ा गया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तेलंगाना सीएम केसीआर के खिलाफ तीखा हमला बोला है। दरअसल केसीआर ने अपने एक बयान में इंदिरा गांधी के कार्यकाल की आलोचना की थी। जिस पर खरगे ने कहा है कि जब मिड डे मील और हरित क्रांति जैसी क्रांतिकारी योजनाएं लागू की गईं, तब केसीआर कहां पर थे। बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने 'इंदिराम्मा राज्यम' वापस लाने का नारा दिया है। जिस पर सीएम केसीआर ने इंदिरा गांधी के शासनकाल की आलोचना की। नलगोंडा और आलमपुर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए खरगे ने केसीआर के खिलाफ तीखा हमला बोला। खरगे ने कहा कि केसीआर इंदिरा गांधी को गाली दे रहे हैं। केसीआर ने इंदिरा गांधी के शासनकाल में गरीबी की बात की लेकिन वह तब कहां थे, जब मिड डे मील और हरित क्रांति संबंधी योजनाएं लागू हुईं। खरगे ने कहा कि 'केसीआर अपने फार्महाउस में बैठकर फैसले लेते हैं और कभी लोगों से नहीं मिलते। जो लोगों से नहीं मिलता वो उनके बीच का व्यक्ति नहीं है इसलिए ऐसे व्यक्ति को कभी वोट ना करें।'