चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, लगभग सभी राज्यों में बड़े नेताओं की सभाओं की तैयारियों में जुटी है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले महीने मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रचार करने जा सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उम्मीदवारों के प्रचार के लिए राहुल 16 अक्टूबर से तीन दिनों के लिए मिजोरम का दौरा कर सकते हैं। मिजोरम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष लालमलसावमा नघाका ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य की अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी आइजोल शहर में मार्च करेंगे और लोगों से बातचीत करेंगे।
मिजोरम में भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी
उन्होंने कहा कि जब गांधी राज्य में मौजूद रहेंगे, उसी समय कांग्रेस पार्टी 40 सदस्यीय विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर सकती है। बता दें कि प्रदेश में 7 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। नघाका ने बताया कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के तहत 16 अक्टूबर को मिजोरम पहुंचेंगे। अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान, वह आइजोल में चानमारी से ट्रेजरी स्क्वायर तक दो किलोमीटर के मार्च में भाग लेंगे और कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।"
तेलंगाना के चुनावी माहौल में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में वोट खरीदने के लिए तेलंगाना में करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए कर्नाटक से पैसा जुटा रही है। कर्नाटक में आयकर तलाशी के दौरान 40 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद होने के मामले में केटीआर ने कहा, बौद्धिक रूप से दिवालिया कांग्रेस और उसका नेतृत्व तेलंगाना में वोट खरीदने के लिए कर्नाटक से सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। उन्होंने कहा, उनका प्रदेश कांग्रेस चीफ नोट के बदले वोट घोटाले में रिश्वत देते हुए कैमरे पर पकड़ा गया था। अब ठगों के समूह का नेतृत्व कर रहा है।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और अन्य पार्टी नेता आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में शामिल हुए।
आम आदमी पार्टी ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी सूची
आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी की ओर से 11 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है।
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज
मध्य प्रदेश और तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन के लिए कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति (CWC) की बैठक आज होगी। इससे पहले कांग्रेस सीईसी ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ और मिजोरम विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चा की। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई सीईसी की बैठक में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
Vidhan Sabha Chunav 2023 News in Hindi: मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में एक चरण में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे, जबकि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान होगा। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 25 नवंबर, तेलंगाना में 30 नवंबर और मिजोरम में सात नवंबर को मतदान होगा। इसी तरह छत्तीसगढ़ में दो चरणों में सात एवं 17 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। पांचों राज्यों में तीन दिसंबर को मतगणना होगी।