फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assembly Bypoll Results Live: उपचुनाव में एनडीए पर भारी पड़ा इंडी गठबंधन, 13 में से 10 सीटों पर मिली जीत

Sat, 13 Jul 2024 11:24 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Assembly Bypoll Results Live Updates in Hindi: सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में से 11 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर एनडीए बनाम इंडी गठबंधन की लड़ाई देखने को मिली, लेकिन इस बार इंडी गठबंधन एनडीए पर भारी पड़ा। भाजपा को उपचुनाव में सिर्फ दो सीटों पर जीत से संतोष करना पड़ा। बिहार की रुपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। 
विज्ञापन
उपचुनाव के नतीजे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:24 PM, 13-Jul-2024

'विक्रवंडी में उपचुनाव में लोकतंत्र की हत्या'

तमिलनाडु की विक्रवंडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में डीएमके प्रत्याशी की जीत हुई है। इसे लेकर पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) नेता अंबुमणि रामादोस ने कहा,‘विक्रवंडी में उपचुनाव में लोकतंत्र की हत्या हुई है। सारी दुनिया जानती है कि यहां क्या हुआ है। यहां वोटों की खरीद-फरोख्त हुई है। ऐसा पूरे भारत में कहीं नहीं होता।’

05:51 PM, 13-Jul-2024

ममता बनर्जी ने जनता का आभार प्रकट किया

विधानसभा उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस को चार सीटों पर जीत मिली है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि चार में तीन सीटों पर पहले भारतीय जनता पार्टी का कब्जा था और अब इन पर टीएमसी को जीत मिली है। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि इस जीत के लिए वे जनता का आभार प्रकट करती हैं।
 

 

05:25 PM, 13-Jul-2024

मानिकताला विधानसभा उपचुनाव में टीएमसी की जीत  

पश्चिम बंगाल की मानिकताला विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस को जीत हासिल हुई है। टीएमसी प्रत्याशी सुप्ति पांडे को 62312 वोटों से जीत मिली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के कल्याण चौबे को बड़े अंतर से मात दी।

विज्ञापन
04:17 PM, 13-Jul-2024

विक्रवंडी विधानसभा उपचुनाव में डीएमके की जीत

तमिलनाडु की विक्रवंडी विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव में डीएमके की जीत हुई है। डीएमके प्रत्याशी को 67,757 वोट हासिल हुए। उधर एनडीए समर्थित पट्टाली मक्कल काची पार्टी के प्रत्याशी को 56,296 वोट मिले। इस तरह से देशभर में 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में इंडी गठबंधन को नौ सीटों पर जीत मिली है।  
 

03:06 PM, 13-Jul-2024

कांग्रेस उम्मीदवार ने अपनी जीत को बताया न्याय की जीत

अपनी जीत पर कांग्रेस उम्मीदवार लखपत सिंह बुटोला ने कहा, 'बदरीनाथ की जनता का मैं बहुत धन्यवाद देना चाहता हूं... तमाम लोग जिन्होंने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से न्याय की इस लड़ाई में मेरा साथ दिया है, उन्हें इसका श्रेय जाता है।'

विज्ञापन
02:36 PM, 13-Jul-2024

उपचुनाव में एनडीए पर इंडी गठबंधन भारी

उपचुनाव के नतीजों में इंडी गठबंधन एनडीए पर भारी पड़ा है। अभी तक के नतीजों में इंडी गठबंधन ने उपचुनाव वाली 13 सीटों में से आठ पर जीत दर्ज कर ली है और दो सीटों पर इंडी गठबंधन के उम्मीदवार आगे हैं। हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट और मध्य प्रदेश की अमरगढ़ सीट पर ही भाजपा को जीत मिली है। वहीं बिहार की रुपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। 
 

01:57 PM, 13-Jul-2024

उत्तराखंड में भाजपा को झटका

उत्तराखंड की बदरीनाथ सीट पर कांग्रेस के लखपत बुटोला ने जीत दर्ज की हैं। वहीं मंगलौर सीट पर भी कांग्रेस के काजी मोहम्मद निजामुद्दीन आगे हैं। हालांकि मंगलौर सीट पर कड़ा मुकाबला है और भाजपा उम्मीदवार करतार सिंह भड़ाना भी कांग्रेस उम्मीदवार से ज्यादा पीछे नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि बदरीनाथ सीट पर विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भंडारी ने कांग्रेस के टिकट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इन उपचुनाव में राजेंद्र भंडारी भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में थे, लेकिन जनता ने उन्हें इस बार नकार दिया। 
 

01:53 PM, 13-Jul-2024

तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर डीएमके आगे

तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर हुए उपचुनाव में डीएमके उम्मीदवार अन्नीयूर शिवा आगे चल रहे हैं। डीएमके उम्मीदवार ने निर्णायक बढ़त बनाई हुई है और वह करीब 40 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। 
 

01:47 PM, 13-Jul-2024

बंगाल की राजगंज सीट टीएमसी ने जीती

बंगाल की रायगंज सीट से टीएमसी ने जीत हासिल की है। टीएमसी के कृष्णा कल्याणी रायगंज से चुनाव जीत गए हैं। 
 

01:05 PM, 13-Jul-2024

सुक्खू बोले- जनता ने खरीद-फरोख्त का जवाब दिया

देहरा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी और अपनी पत्नी कमलेश ठाकुर की जीत पर हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा 'हिमाचल की जनता ने हमें 2022 में 40 सीटें दी थी, हमें फिर से जिताना जनता ने तय किया है। जिस प्रकार की खरीद-फरोक्त हिमाचल में हुई है उसका जवाब जनता ने दिया है... देहरा उपचुनाव में मैंने अपनी सरकार की साख दांव पर लगाई थी, 25 साल से कांग्रेस पार्टी वहां जीत नहीं पा रही थी। जब मुख्यमंत्री अपने परिवार के किसी व्यक्ति को मैदान में उतारता है तो उसकी साख भी दांव पर होती है, भाजपा ने पूरा जोर लगाया लेकिन मैं देहरा की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने अपने विवेक का इस्तेमाल किया और कमलेश ठाकुर की एक अच्छी जीत हो रही है। मैं उन्हें बधाई देता हूं।'

12:35 PM, 13-Jul-2024

देहरा सीट से जीतीं कांग्रेस की कमलेश ठाकुर

हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट से जीतीं सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर। जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 'मैं इसका पूरा श्रेय जनता को दूंगी कि उन्होंने हमारा इतना साथ दिया। मुख्यमंत्री का अपना काम है और देहरा के लोगों के प्रति मेरी अपनी जिम्मेदारी है, दोनों अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।'
 

12:04 PM, 13-Jul-2024

इंडी गठबंधन एनडीए पर भारी

लोकसभा चुनाव के बाद हुए उपचुनाव को एनडीए बनाम इंडी गठबंधन की लड़ाई बताया गया। अभी तक के रुझानों में इंडी गठबंधन एनडीए पर भारी पड़ता दिख रहा है क्योंकि 13 में से 10 सीटों के उपचुनाव के नतीजों में इंडी गठबंधन के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं जालंधर पश्चिम सीट आम आदमी पार्टी ने जीत ली है। 

11:57 AM, 13-Jul-2024

राणाघाट दक्षिण पर टीएमसी उम्मीदवार बोले- जीत को लेकर आश्वस्त

पश्चिम बंगाल की राणाघाट दक्षिण से TMC उम्मीदवार मुकुट मणि अधिकारी ने उपचुनाव की मतगणना पर कहा, '5 राउंड की गिनती के बाद हमारी पार्टी यहां 13 हजार वोटों से आगे चल रही है, लोगों ने हमें जो समर्थन और आशीर्वाद दिया है, उसके आधार पर हमें लगता है कि अगले 6 राउंड में यह समर्थन और बढ़ेगा और हमारी पार्टी की जीत होगी।'
 

11:34 AM, 13-Jul-2024

जालंधर पश्चिम सीट पर जीती आप

जालंधर पश्चिम सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने जीत हासिल की है। यहां दूसरे स्थान पर कांग्रेस और तीसरे स्थान पर भाजपा उम्मीदवार रहे। 
 

11:23 AM, 13-Jul-2024

पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट पर आप उम्मीदवार आगे

पंजाब की जालंधर पश्चिम सीट से आप उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने बढ़त बना ली है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस की सुरिंदर कौर और भाजपा के शीतल अंगुराल तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। 

10:51 AM, 13-Jul-2024

उत्तराखंड की दोनों सीटों पर क्या हैं रुझान

उत्तराखंड की बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं मंगलौर सीट पर बसपा उम्मीदवार आगे हैं। मंगलौर में बसपा विधायक के निधन के बाद यहां उपचुनाव हुए हैं। बसपा ने दिवंगत नेता के बेटे को ही टिकट दिया है। 

10:43 AM, 13-Jul-2024

हिमाचल प्रदेश की देहरा सीट पर कांटे की टक्कर

हिमाचल प्रदेश की देहरा सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। छह राउंड की मतगणना हो चुकी है और यहां हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर 16 हजार से ज्यादा वोट पाकर आगे चल रही हैं। हालांकि भाजपा के होशियार सिंह भी ज्यादा पीछे नहीं हैं और 15 हजार से ज्यादा वोट पाकर दूसरे स्थान पर हैं। ये उपचुनाव एक तरह से सीएम सुक्खू की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है, यही वजह है कि यहां के नतीजों पर काफी कुछ निर्भर करेगा। 

10:28 AM, 13-Jul-2024

तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर डीएमके आगे

तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर डीएमके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 

10:18 AM, 13-Jul-2024

बंगाल की चारों सीटों पर टीएमसी आगे

पश्चिम बंगाल की चारों सीटों पर सत्ताधारी टीएमसी पार्टी आगे चल रही है। बंगाल की बगदा, रानाघाट, मनिकतला और रायगंज सीट पर उपचुनाव हुए हैं। 

10:16 AM, 13-Jul-2024

रुपौली सीट पर जदयू के कलाधर प्रसाद मंडल आगे

बिहार की रुपौली सीट के उपचुनाव पर सभी की नजरें हैं। इस सीट पर जदयू की पूर्व नेता और अब राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं बीमा भारती का मुकाबला जदयू के कलाधर प्रसाद मंडल से है। अभी तक के रुझानों में जदयू उम्मीदवार कलाधर प्रसाद मंडल साढ़े छह हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। 

09:54 AM, 13-Jul-2024

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार आगे

हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पिंदर वर्मा पहले राउंट की मतगणना के बाद करीब तीन हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। 

09:30 AM, 13-Jul-2024

बिहार की रुपौली सीट पर राजद की बीमा भारती पीछे

बिहार की रुपौली सीट पर जदयू उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं राजद उम्मीदवार बीमा भारती पिछड़ रही हैं। 

09:15 AM, 13-Jul-2024

हिमाचल प्रदेश की देहरा सीट पर भाजपा उम्मीदवार आगे

7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। हिमाचल प्रदेश के देहरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह वर्तमान में चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार आगे चल रहे हैं।

08:48 AM, 13-Jul-2024

कैसा रहा था उपचुनाव में मतदान का प्रतिशत

उपचुनाव में सभी सीटों पर हुआ था इतने प्रतिशत मतदान-
 

राज्य सीट वोट %
पश्चिम बंगाल रायगंज 67.12
पश्चिम बंगाल रानाघाट दक्षिण 65.37
पश्चिम बंगाल बागदा 65.15
पश्चिम बंगाल मानिकतला 51.39
हिमाचल प्रदेश देहरा 63.89
हिमाचल प्रदेश हमीरपुर 65.78
हिमाचल प्रदेश नालागढ़ 75.22
उत्तराखंड बद्रीनाथ 47.68
उत्तराखंड मंगलौर 67.28
बिहार रुपौली 51.15
पंजाब जालंधर पश्चिम 51.3
मध्य प्रदेश अमरवाड़ा 78.38
तमिलनाडु विक्रवंडी 77.73

08:45 AM, 13-Jul-2024

इन सीटों पर हुआ उपचुनाव

मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर, बिहार की रुपौली सीट पर, पश्चिम बंगाल की रानाघाट दक्षिण, रायगंज, बागदा, मानिकतला सीटों पर, पंजाब  की जालंधर पश्चिम सीट, हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर, देहरा, नालागढ़ सीटों, उत्तराखंड की बद्रीनाथ, मंगलौर, तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को मतदान हुआ था। 

08:16 AM, 13-Jul-2024

Assembly Bypoll Results Live: उपचुनाव में एनडीए पर भारी पड़ा इंडी गठबंधन, 13 में से 10 सीटों पर मिली जीत

जिन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें से भाजपा ने 3 सीट, कांग्रेस 2, अन्य पार्टियों ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस उपचुनाव में 10 सीट विधायकों के इस्तीफे और तीन सीटें मौजूदा विधायक के निधन की वजह से खाली हुईं थी।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें