अब तक 15 मृतकों के डीएनए सैंपल हुए मेल, 3 शव परिजनों को सौंपे गए
अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ रजनीश पटेल ने जानकारी दी है कि अब तक 15 मृतकों के डीएनए सैंपल का मिलान हो चुका है। इनमें से 3 मृतकों के शव उनके परिवारजनों को सौंप दिए गए हैं। अन्य की पहचान की प्रक्रिया अभी भी जारी है।
विमान हादसे में अब तक 19 मृतकों की पहचान
गुजरात के राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने शनिवार को बताया कि अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधिकारियों ने 12 जून को एयर इंडिया विमान दुर्घटना के 19 पीड़ितों की डीएनए परीक्षण के माध्यम से पहचान की है। अधिकारियों ने कहा कि डीएनए परीक्षण किए जा रहे हैं क्योंकि भयानक विमान दुर्घटना के पीड़ितों के शव या तो पहचान से परे जले हुए हैं या टक्कर के कारण गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
गुजरात के गृह राज्य मंत्री संघवी ने शनिवार देर शाम एक्स पर एक पोस्ट में कहा, रात 9:00 बजे तक का अपडेट- अब तक 19 डीएनए नमूनों का मिलान किया गया है, जिससे पीड़ितों की पहचान की पुष्टि हुई है। राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) इकाई की टीम और राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) की टीम और अधिक डीएनए नमूनों का मिलान करने के लिए रात भर काम कर रही है।
अहमदाबाद से लंदन जाने वाला एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघानीनगर इलाके में बी जे मेडिकल कॉलेज छात्रावास परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। डीएनए मिलान प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मंत्री सांघवी ने शनिवार को राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के अधिकारियों के साथ बैठक की।
विजय रूपाणी के परिजनों से खरगे ने की बात
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुजरात के पूर्व सीएम और भाजपा नेता विजय रूपाणी के बेटे और पत्नी से वीडियो कॉल के जरिए बात की और परिवार का दुख साझा किया। पूर्व सीएम रूपाणी की 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 दुर्घटना में मौत हो गई थी।
AAIB ने खाली कराए छात्रावास- डॉ. मीनाक्षी परेश
विमान हादसे के बाद की स्थिति की जानकारी देते हुए बीजे मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. मीनाक्षी परेश ने बताया कि, 'एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने जांच के लिए अतुलयम के सभी हॉस्टल खाली करा लिए हैं। उन हॉस्टलों में रहने वाले पोस्टग्रेजुएट छात्रों के रहने की व्यवस्था कर दी गई है। अतुलयम-1 में 33 डॉक्टर थे, जिन्हें यूएन मेहता हॉस्टल के पोस्टग्रेजुएट विंग में रहने की व्यवस्था दी गई है... जीसीआरआई के 100 डॉक्टरों में से 52 को जीसीआरआई की पुरानी बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है और बाकी 48 के लिए हमने एक साल के लिए 50 कमरे किराए पर लिए हैं... अतुलयम-4 के छात्रों को डेंटल स्टाफ क्वार्टर और मिथिला क्वार्टर में शिफ्ट कर दिया गया है। सभी छात्रों के रहने की व्यवस्था कर दी गई है'।
अहमदाबाद विमान हादसा: खरगे बोले- सरकार को मुआवजा देना चाहिए, जवाबदेही तय करनी चाहिए
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार को भीषण एयर इंडिया विमान दुर्घटना में जवाबदेही तय करनी चाहिए। अहमदाबाद सिविल अस्पताल में घायल व्यक्तियों से मिलने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए खड़गे ने यह भी कहा कि केंद्र को मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कहा, 'सरकार को विमान दुर्घटना के पीड़ितों के परिजनों को मुआवजा देना चाहिए और जवाबदेही तय करनी चाहिए।'
हादसे के अन्य पीड़ितों को मिले मुआवजा और राहत पैकेज- IMA
अहमदाबाद विमान हादसे पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जे नायक ने कहा, 'हमने टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को पत्र लिखकर कहा है कि आपने सभी यात्रियों के लिए 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की घोषणा की थी। इसलिए हमने उनसे अनुरोध किया कि वे उन डॉक्टरों और हॉस्टल के आसपास के लोगों को 1 करोड़ रुपये दें, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। दूसरी बात, अगर कोई छात्र या निवासी घायल या विकलांग है, तो सर्वेक्षण करने के बाद उनके लिए भी पैकेज की घोषणा की जानी चाहिए'।
36 विशेषज्ञों की पूरी टीम कर रही DNA की मिलान
अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों और परिवार के सदस्यों के डीएनए सैंपलिंग के बारे में एफएसएल निदेशक एचपी संघवी ने बताया कि, 'दुर्घटना से बहुत बड़ी लपटें उठीं। उच्च तापमान वाली लपटों के कारण व्यक्ति की पहचान करना असंभव है, इसलिए डीएनए जांच आवश्यक है। हालांकि, ऐसी उच्च लपटें शरीर में मौजूद डीएनए को भी प्रभावित करती हैं। पोस्टमार्टम के दौरान डीएनए एकत्र करने के लिए शरीर के दाहिने हिस्से की पहचान की जानी चाहिए... मृतक और परिवार के सदस्यों के सभी डीएनए सैंपल एफएसएल को सौंपे जाते हैं... यह एक जटिल प्रक्रिया है। एक टेस्ट पूरा होने में लगभग 36-48 घंटे लगते हैं। यह बैचों में किया जा रहा है, और कई टेस्ट एक साथ किए जा रहे हैं... प्रोफाइल मिलान शुरू हो गया है, और परिणाम आने लगे हैं... डॉक्टर और पुलिस एजेंसियां शवों को परिवारों को सौंपने की प्रक्रिया में हैं... हमें उम्मीद है कि यह काम जल्द से जल्द पूरा हो जाएगा... गुजरात फोरेंसिक लैब के 36 विशेषज्ञों की पूरी टीम इस काम के लिए तैनात है... हम राष्ट्रीय फोरेंसिक लैब के साथ मिलकर काम कर रहे हैं'।
अहमदाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज ने बचाई 30 की जान
अहमदाबाद विमान दुर्घटना पर अहमदाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के चीफ फायर ऑफिसर अमित डोंगरे ने बताया, 'हमें उस दिन दोपहर करीब 1.40 बजे हॉटलाइन के जरिए संदेश मिला। हमने तीन मिनट के भीतर जवाब दिया। हमने आग बुझाने और बचाव कार्य एक साथ शुरू किए और बचाव अभियान के दौरान 30 लोगों की जान बचाई गई। 50 एंबुलेंस की मदद से लोगों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया'।
अहमदाबाद पहुंची आतिशी, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, 'अहमदाबाद में जो हादसा हुआ, वो दिल दहला देने वाला था। हम उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने आए हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया, जिनके लोग घायल हैं... स्थानीय लोग, मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले लोगों की मृत्यु हुई, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का की मृत्यु हुई। उन सभी के प्रति हमारी संवेदनाएं, गुजरात के आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रशासन और स्थानीय लोगों की हरसंभव मदद करने के लिए तैयार हैं'।
हॉस्टल की छत से उतारा गया फ्लाइट का हिस्सा
लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट के टूटे हुए पिछले हिस्से को बीजे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स हॉस्टल की जली हुई बिल्डिंग की छत से उतारा गया। विमान में सवार 242 लोगों में से, चालक दल के सदस्यों समेत 241 लोगों की दुर्घटना में मौत हो गई थी।
सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस
अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर सरकार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बताया गया कि 12 जून को एअर इंडिया का दुर्घटना का शिकार हो गया था। यह एक शेड्यूल फ्लाइट थी। इसमें 242 लोग थे। इनमें दो पायलट और आठ क्रू सदस्य थे। उड़ान के तुरंत बाद करीब 650 फीट की ऊंचाई से ही इसने ऊंचाई खोनी शुरू कर दी। हवाई अड्डे से करीब दो किमी. की दूरी पर विमान हादसे का शिकार हो गया। इससे पहले विमान ने अपनी उड़ान बिना किसी दिक्कत के पूरी की थी।
एअर इंडिया विमान दुर्घटना के बाद 270 शव बरामद
डॉक्टरों का कहना है कि अब तक अहमदाबाद सिविल अस्पताल में 270 शव लाए गए हैं।
विमान के मलबे का निरीक्षण कर रहीं टीमें
एनएसजी, एनडीआरएफ, वायुसेना, एफएसएल, अग्निशमन बचाव बल, एएआईबी, डीजीसीए और सीआईएसएफ की टीमें अहमदाबाद में डॉक्टरों के छात्रावास की छत पर दुर्घटनाग्रस्त हुए एयर इंडिया के लंदन जाने वाले विमान के मलबे का निरीक्षण कर रही हैं।
दोपहर 1.30 बजे मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय दोपहर 1.30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा और मीडिया को हादसे के बारे में जानकारी देगा।
सिविल अस्पताल के बाहर का वीडियो
अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के बाहर का वीडियो। यहीं विमान हादसे में जान गंवाने वालों के शव लाए गए। यहीं एकमात्र जीवित व्यक्ति और अन्य घायलों (जिनमें एमबीबीएस छात्र भी शामिल हैं) को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी रेखा क्षत्रिय ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे हमने एक तेज आवाज सुनी। वैसे तो हम तेज आवाज सुनने के आदी हैं, लेकिन इस बार ऐसा लगा कि हमारे कान के पर्दे फट जाएंगे। ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। हमारा घर, हमारी डाइनिंग टेबल, सब कुछ जोर से हिल रहा था। आवाज बम विस्फोट जैसी लग रही थी। फिर हम बाहर गए और पता चला कि एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हमने देखा कि विमान के टूटे हुए टुकड़े हर जगह फैले हुए थे। पूरा आसमान काले धुएं से भर गया था। हर जगह आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं।
लंदन गैटविक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने जताया दुख
लंदन गैटविक हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीवर्ट विंगेट ने अहमदाबाद के पास एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। 'एक्स' पर लंदन गैटविक की ओर से किए गए पोस्ट में विंगेट ने कहा कि हवाई अड्डा एयर इंडिया के संपर्क में है और सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा, 'हम एयर इंडिया की उड़ान AI171 से जुड़ी दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं विमान में सवार लोगों के परिवार और दोस्तों के साथ हैं। उड़ान AI171 जो 12 जून को अहमदाबाद हवाई अड्डे से प्रस्थान के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, लंदन गैटविक में उतरने वाली थी। लंदन गैटविक एयर इंडिया के साथ निकटता से संपर्क कर रहा है और विमान में सवार लोगों के रिश्तेदारों के लिए एक स्वागत केंद्र सूचना और सहायता के साथ उपलब्ध है।