फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agnipath Protest Live: 'अग्निपथ' के खिलाफ जारी प्रदर्शनों के बीच अग्निवीरों के लिए रियायतों का दौर, अगले दो दिन यह ट्रेनें रहेंगी निरस्त

Sat, 18 Jun 2022 11:06 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Protests Over Agnipath Scheme Live Updates: अग्निपथ योजना को लेकर देश में बवाल मचा हुआ है। एक दर्जन से ज्यादा राज्य हिंसक प्रदर्शन की चपेट में हैं। ट्रेनों को फूंका जा रहा है। छात्र पिछले तीन दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच योजना के विरोध में छात्र संगठनों ने 24 घंटे के बिहार बंद का आह्वान किया है। यह बंद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से बुलाया गया है। वहीं योजना के विरोध में हो रहे हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैठक बुलाई है। वह सुबह 11:30 बजे अधिकारियों संग बैठक करेंगे। 
विज्ञापन
अग्निपथ योजना का विरोध - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 18-Jun-2022

वरूण गांधी ने फिर केंद्र को घेरा
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने ‘अग्निपथ’ योजना को लेकर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब देश की सेना, सुरक्षा और युवाओं के भविष्य का सवाल हो तो ‘पहले प्रहार-फिर विचार’ करना एक संवेदनशील सरकार के लिए उचित नहीं है। वरुण ने सशस्त्र बलों में युवाओं की अल्पकालिक भर्ती के लिए केंद्र द्वारा ‘अग्निपथ’ योजना की घोषणा किए जाने के शीघ्र बाद इसमें किए गए संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि जब नीति बनाई गई, तब इसके विभिन्न आयामों पर विचार नहीं किया गया।

11:01 PM, 18-Jun-2022

स्टालिन ने ‘अग्निपथ’ योजना की निंदा की, राज्यपाल रवि ने इसे ‘क्रांतिकारी’ नीति बताया
तमिलनाडु में केंद्र की ‘अग्निपथ’ योजना के विरूद्ध युवाओं द्वारा यहां प्रदर्शन किए जाने के बीच मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस प्रस्ताव के खिलाफ चिंता प्रकट की। वहीं, राज्यपाल आरएन रवि ने इसे ‘क्रांतिकारी एवं परिवर्तनकारी’ नीति करार दिया। स्टालिन ने आरोप लगाया कि यह योजना राष्ट्रीय हितों के विरूद्ध है और केंद्र से इस पर पुनर्विचार करने की मांग की। हालांकि, रवि ने युवाओं से ‘शत्रु तत्वों के हाथों गुमराह नहीं होने’ की अपील की।

11:00 PM, 18-Jun-2022

नेकां, अपनी पार्टी और आप ने योजना को वापस लेने की मांग की
जम्मू-कश्मीर में ‘अग्निपथ’ योजना का विरोध कर रहे युवाओं को अपना समर्थन देते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां), अपनी पार्टी (जेकेएपी) और आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को मांग की है कि इस योजना को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। सैकड़ों युवाओं ने योजना के खिलाफ शनिवार को लगातार तीसरे दिन जम्मू क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया।

विज्ञापन
10:59 PM, 18-Jun-2022

प्रदर्शन से कोयला पहुंचाने में हो रही परेशानी
सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादन कंपनी पीएसपीसीएल ने कहा कि सेना में भर्ती की केंद्र की ‘अग्निपथ योजना’ के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों से ताप बिजली संयंत्रों तक कोयला पहुंचने में दिक्कत हो रही है। इस बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि पहले रोजाना कोयले के 20 रेक की आवक थी, जो घटकर आठ हो गई है।

09:44 PM, 18-Jun-2022

सशस्त्र बलों में परिवर्तनकारी सुधार जारी: थलसेना प्रमुख
थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा कि सशस्त्र बलों में आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करते हुए मानव संसाधन प्रबंधन और क्षमता विकास जैसे अन्य क्षेत्रों में परिवर्तनकारी सुधार जारी हैं। वह डुंडीगल स्थित वायुसेना अकादमी में एक संयुक्त स्नातक परेड को संबोधित कर रहे थे। थलसेना प्रमुख ने कहा कि भारत का सुरक्षा परिदृश्य विशाल, जटिल और बहुआयामी है। हमारी संवेदनशील सीमाएं और समान रूप से चुनौतीपूर्ण आंतरिक सुरक्षा खतरों के लिए बहुत उच्च स्तर की अभियानगत तैयारियां जरूरी हैं।

विज्ञापन
09:31 PM, 18-Jun-2022

प्रधानमंत्री से अग्निपथ योजना को स्थगित करने की मांग
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अग्निपथ योजना को स्थगित करने और युवाओं की आशंकाओं पर विचार करने का अनुरोध किया है।

09:01 PM, 18-Jun-2022

राजस्थान: एक प्रस्ताव पारित
राज्य मंत्रिपरिषद ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया कि व्यापक जनहित और युवाओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अग्निपथ योजना को वापस लिया जाना चाहिए।

08:35 PM, 18-Jun-2022

21 राज्यों में फैला विरोध
अग्निपथ योजना के विरोध की आंच उत्तर-पूर्व के कुछ छोटे राज्यों को छोड़ करीब-करीब पूरे देश में फैल गई है। गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र, पंजाब, कर्नाटक और केरल में प्रदर्शनकारियों के शनिवार को सड़क पर उतरने के साथ 21 राज्य विरोध की चपेट में आ गए हैं।

08:27 PM, 18-Jun-2022

तेलंगाना: रेल सेवा सुचारु
सिंकदराबाद स्टेशन पर पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत के विरोध में शनिवार को हैदराबाद में बंद का आयोजन किया गया जो पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। शुक्रवार को बाधित रेल सेवा शनिवार को पूरी तरह सुचारु कर दी गई।

08:23 PM, 18-Jun-2022

ओडिशा: विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण
अग्निपथ योजना के विरोध में सेना भर्ती के एक अभ्यर्थी ने नबरंगपुर जिले में 60 किलोमीटर लंबी दौड़ लगाई जबकि बरहमपुर में सैकड़ों युवा धरने पर बैठे। हालांकि विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।

08:22 PM, 18-Jun-2022

गुजरात: युवकों ने प्रदर्शन किया
राज्य के जामनगर में सेना भर्ती कार्यालय के बाहर जमा युवकों ने प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द सेना की लंबित लिखित परीक्षा लिए जाने की मांग की। उन्हें नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी यहां मौजूद थे। खास बात है कि पीएम मोदी भी शनिवार को गुजरात में ही थे।

08:20 PM, 18-Jun-2022

अग्निपथ : राजस्थान में सड़कों पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी, जयपुर-दिल्ली हाईवे किया जाम
राजस्थान में जयपुर, जोधपुर और झुंझुनू समेत कई शहरों में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर अग्निपथ योजना का विरोध किया। साथ ही अलवर में जयपुर-दिल्ली हाईवे को भी कुछ समय के लिए जाम किया गया। पुलिस ने बताया कि बहरोड़ में युवाओं ने हाईवे को करीब 15 मिनट तक बंद रखा। पुलिस द्वारा तितर-बितर किए जाने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक बस के शीशे तोड़ दिए। ऐसा ही प्रदर्शन झुंझुनू में भी हुआ। चिडवा में प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक और एक सड़क को जाम करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने इन सभी को हटा दिया। जयपुर और जोधपुर से भी प्रदर्शन की खबर है।  

08:20 PM, 18-Jun-2022

उपद्रव में शामिल अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगा पुलिस क्लीयरेंस: वायु सेना प्रमुख
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने अग्निपथ योजना को सकारात्मक कदम बताते हुए उपद्रवियों को चेताया है। उन्होंने कहा, हम इस तरह की हिंसा की निंदा करते हैं। सेना में भर्ती का अंतिम चरण पुलिस सत्यापन होता है। हिंसा में शामिल अभ्यर्थियों को पुलिस से क्लीयरेंस नहीं दिया जाएगा। जिस किसी को इस योजना से आपत्ति है, वह नजदीकी सैन्य ठिकाने, वायु सेना या नौसेना अड्डे पर अपनी आशंकाएं दूर कर सकते हैं।

07:53 PM, 18-Jun-2022

बिहार में बवाल पर भाजपा-जदयू आमने-सामने
अग्निपथ योजना के विरोध के बीच बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने जदयू से सवाल पूछते हुए पुलिस प्रशासन की भूमिका को संदेह के घेरे में डाला था। इस पर जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने पलटवार किया है। ललन सिंह ने कहा कि बिहार भाजपा अध्यक्ष ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। इसी लिए वह ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजय उपद्रवियों से पूछें कि उन्होंने क्यों भाजपा कार्यालयों पर हमला किया?

06:43 PM, 18-Jun-2022

प्रभावित ट्रेनों की सूची जारी
पूर्व मध्य रेलवे ने बिहार में मौजूदा कानून-व्यवस्था की समस्या, रेलवे संपत्ति और यात्रियों को खतरे की आशंका के चलते प्रभावित ट्रेनों की सूची जारी की है।



06:25 PM, 18-Jun-2022

कांग्रेस करेगी सत्याग्रह
कांग्रेस पार्टी के नेता अग्निपथ योजना के विरोध में सत्याग्रह करेंगे। पार्टी की ओर से बताया गया कि कल यानी रविवार को सुबह 11 बजे से जंतर मंतर पर कांग्रेस के नेता विरोध प्रदर्शन करेंगे।

06:20 PM, 18-Jun-2022

झारखंड: कांग्रेस विधायक की फिसली जुबान
झारखंड से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी का विवादित वीडियो सामने आया है। इसमें वे अग्निपथ योजना के विरोध में ऐसा कुछ कह गए, जिसका राज्य में विपक्ष मुद्दा बना सकता है। उन्होंने कहा कि देश होगा खून से लथपथ, लेकिन हम नहीं होने देंगे यह अग्निपथ।



 

05:52 PM, 18-Jun-2022

व्हाट्सएप ग्रुप में एक आपत्तिजनक पोस्ट
बिहार एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) संजय सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन विभाग में उप-सचिव आलोक कुमार ने व्हाट्सएप ग्रुप में एक आपत्तिजनक पोस्ट डाला था। मामले में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

'अग्निपथ' योजना के विरोध में प्रदर्शन के संबंध में संजय सिंह ने बताया कि अब तक 3 दिनों में 130 FIR दर्ज की गई हैं और लगभग 620 लोगों की गिरफ्तार किया गया है। आज 140 लोगों की गिरफ्तार किया गया है।

05:47 PM, 18-Jun-2022

शाहनवाज हुसैन ने कही यह बात
रक्षा मंत्रालय में 10% और भारतीय तटरक्षक में 10% नौकरियों पर बिहार सरकार में मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा, 'रक्षा मंत्री जी ने कहा कि डिफेंस के 16 पब्लिक सेक्टरों में 10% आरक्षण अग्निवीरों को मिलेगा। कल भी गृह मंत्री ने कहा कि सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स में भी अग्निवीरों को स्थान मिलेगा।' उन्होंने कहा कि योजना, युवाओं को ज्यादा मौका मिले इसके लिए है और जो लोग गलतफहमी पैदा कर रहे हैं उन्हें अब इसका अवसर नहीं दिया जाएगा। आज जो घोषणा हुई है, तो मुझे लगता है कि इससे युवाओं में बहुत खुशी है।

05:46 PM, 18-Jun-2022

पूर्व मध्य रेलवे ने दी यह जानकारी
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (पूर्व मध्य रेलवे) वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि बिहार राज्य में चल रहे प्रदर्शन के चलते 18 जून को रात 8 बजे से 19 जून सुबह 4 बजे तक तथा पुनः 19 जून रात 8 बजे से 20 जून को रात 8 बजे तक ही पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार से गुजरने/पहुंचने वाली ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।

05:43 PM, 18-Jun-2022

रद्द ट्रेनों की लिस्ट
उत्तर मध्य रेलवे से 18, 19 और 20 जून को गुज़रने वाली गाड़ियों के निरस्तीकरण से संबंधित सूची जारी की गई है।



05:10 PM, 18-Jun-2022

सीएपीएफ, असम राइफल्स में आरक्षित होंगी सीटें: गृह मंत्रालय
अग्निपथ योजना को लेकर चिंताओं को दूर करने की कोशिशों के तहत गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और असम राइफल्स में 10 प्रतिशत रिक्तियों को ‘अग्निवीरों’ के लिए आरक्षित करने की घोषणा की। इसके अलावा ऊपरी उम्र सीमा में भी तीन साल की छूट देने की घोषणा की गई है।

05:07 PM, 18-Jun-2022

कर्नाटक: धारवाड़ में पुलिस ने किया लाठीचार्ज
'अग्निपथ' योजना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवाओं की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। पुलिस के अनुसार, योजना के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए जिले के विभिन्न हिस्सों से सेना में भर्ती के आकांक्षी युवा यहां कला भवन के पास एकत्र हुए थे। जिले के अतिरिक्त उपायुक्त को प्रदर्शनकारियों ने एक ज्ञापन भी सौंपा।

03:43 PM, 18-Jun-2022

अनुराग ठाकुर ने किया बड़ा एलान
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं से अनुरोध है कि हिंसा का रास्ता अपनी बात रखने के लिए ठीक नहीं है। 'अग्निपथ' युवाओं के हित में और देश को और सुरक्षित बनाने के लिए लिया गया निर्णय है। हिंसा फैलाने से, उपद्रव मचाने से कुछ नहीं होगा...कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहते हैं।

03:23 PM, 18-Jun-2022

महाराष्ट्र: सतारा के सैनिकों के गांवों ने किया अग्निपथ का समर्थन

देश के कई हिस्सों में केंद्र की 'अग्निपथ' योजना को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहा है, वहीं महाराष्ट्र में सतारा जिले के एक गांव के कई पूर्व सैनिकों ने सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए इस योजना का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि उनके लिए कई रास्ते भी खोलेगा। सतारा शहर से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अपशिंगे नाम के गांव को सशस्त्र बलों में योगदान के लिए 'अपशिंगे मिलिट्री' के नाम से भी जाना जाता है। पीढ़ियों से इस गांव के लगभग हर घर से कोई न कोई व्यक्ति सेना में सेवारत रहा है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि सशस्त्र बलों में भर्ती होने के आकांक्षी स्थानीय युवा अग्निपथ योजना के बारे में जानने के लिए उनसे संपर्क कर रहे हैं और उनका मार्गदर्शन किया जा रहा है।

03:14 PM, 18-Jun-2022

प्रदर्शनकारियों ने अलवर में हाईवे को जाम किया

सेना में भर्ती के लिए ‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ राजस्थान के कई हिस्सों में युवाओं का विरोध-प्रदर्शन शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। कुछ प्रदर्शनकारियों ने अलवर जिले में जयपुर-दिल्ली राजमार्ग अवरुद्ध कर दिया। पुलिस के अनुसार, जब पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारी युवाओं को तितर-बितर करने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने बस के शीशे तोड़ दिए। केंद्र की योजना का विरोध कर रहे युवा बहरोड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमा हो गए और मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने कहा कि राजमार्ग करीब 15 मिनट तक अवरुद्ध रहा और उसके बाद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर किया। इसी तरह का प्रदर्शन झुंझुनू में भी हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों ने चिड़ावा में एक सड़क मार्ग और रेलवे ट्रैक को अवरुद्ध करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों को हटा दिया।

03:03 PM, 18-Jun-2022

बलिया में 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के कोतवाली पुलिस थाने में शुक्रवार को केंद्र की अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस बीच, एक स्थानीय अदालत ने विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार 109 लोगों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) प्रीति त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि बलिया रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर की शिकायत के आधार पर 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम, भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की रोकथाम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

02:34 PM, 18-Jun-2022

केरल में अग्निपथ के खिलाफ विशाल प्रदर्शन

थलसेना, नौसेना और वायुसेना में भर्ती संबंधी नई अग्निपथ योजना को लागू करने के केंद्र के फैसले के खिलाफ शनिवार को सैकड़ों युवाओं ने यहां एक विशाल मार्च निकाला। सेना में नौकरी पाने के इच्छुक लोग सुबह शहर के मध्य स्थित थंपनूर में एकत्र हुए और उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के आधिकारिक आवास राजभवन तक रैली निकाली। उन्हें केंद्र सरकार की नई सैन्य भर्ती योजना के खिलाफ नारे लगाते हुए और अधिकारियों से जल्द से जल्द अपना फैसला वापस लेने का आग्रह करने वाले बैनर और तख्तियां लिए देखा गया। ऐसा बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी युवा दक्षिणी राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए। प्रदर्शन में शामिल एक व्यक्ति ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक अपना फैसला वापस नहीं ले लेती, उनका विरोध जारी रहेगा।

01:55 PM, 18-Jun-2022

‘अग्निपथ’ पर मचे बवाल के बीच रांची की 12 ट्रेन रद्द

केंद्र सरकार की सैन्य बलों में भर्ती से जुड़ी ‘अग्निपथ’ योजना पर देश के अनेक हिस्सों में मचे बवाल के बीच रेलवे ने रांची मंडल की 12 ट्रेन को रद्द कर दिया है। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित करके चलाया जा रहा है। रांची रेल मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी निशांत कुमार ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि पूर्व-मध्य रेलवे एवं पूर्व-रेलवे के क्षेत्र में छात्र आंदोलन के कारण रांची रेल मंडल से परिचालित 12 ट्रेन को अब तक रद्द किया जा चुका है, जबकि कुछ अन्य ट्रेन के बारे में आज की परिस्थितियों के हिसाब से फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपद्रव के चलते कई ट्रेन का मार्ग भी परिवर्तित कर दिया गया है।

01:31 PM, 18-Jun-2022

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में अग्निपथ योजना को विरोध में हुए प्रदर्शन को लेकर डीआईजी दीपक कुमार का बयान आया है। उन्होंने कहा- "कल छात्रों की आड़ में कुछ अराजक तत्वों ने जिस तरह की छिटपुट हिंसा की, उसपर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 दर्जन से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा हमने सोशल मीडिया पर भी नजर बना रखी है।" उन्होंने बताया- मामले में अब तक 4 FIR दर्ज़ हुई है। आज पूरे अलीगढ़ में स्थिति सामान्य है। सभी जगह पुलिस की तैनाती कर दी गई है। जो भी अपराधी बच्चों की आड़ में यह तमाशा कर रहे हैं, उनके खिलाफ हम सख्त और कड़ी कार्रवाई करेंगे।

01:08 PM, 18-Jun-2022

तमिलनाडु में भी पहुंची प्रदर्शनों की आग

तमिलनाडु: चेन्नई के वॉर मेमोरियल के पास अग्निपथ योजना के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं को पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से हटाकर उन्हें डिटेन किया।

12:41 PM, 18-Jun-2022

थोड़ी देर में तीनों सेनाओं के प्रमुख के साथ रक्षा मंत्री की बैठक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अग्निपथ भर्ती योजना को लेकर सेना प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी रक्षा मंत्री के आवास पर पहुंचे। बताया गया है कि सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे के पहुंचने के साथ ही बैठक शुरू हो जाएगी।

12:32 PM, 18-Jun-2022

जो देश की रक्षा करते हैं, उनको ठेकेदारी पर नहीं रखा जाता: शिवसेना

अग्निपथ स्कीम को लेकर शिवसेना ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा, "हमारी आर्मी को अब तक कभी भी ठेकेदारी पर नहीं रखा गया। ठेकेदारी पर काम करने वाले दूसरे लोग हैं। गुलामों को ठेकेदारी पर रखा जाता है। लेकिन जो अनुशासन बल है, जिनको हमने देश की रक्षा के लिए रखा है उसको कोई ठेकेदारी पर नहीं रखता है।"

12:09 PM, 18-Jun-2022

प्रदर्शनों से रेलवे को 200 करोड़ रुपये का नुकसान

अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार में जारी प्रदर्शनों से रेलवे को भारी नुकसान हुआ है। दानापुर रेलवे डिवीजन के डीआरएम प्रभात कुमार ने बताया कि प्रदर्शनकारियों की वजह से रेलवे को 200 करोड़ का नुकसान हुआ है। उपद्रवियों ने ट्रेन के 50 डिब्बों और 5 इंजनों में आग लगा दी, जिससे सेवाओं में बाधा पैदा हुई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म में घुसकर कंप्यूटर और अन्य तकनीकी सामान को तोड़ा भी गया। 

11:52 AM, 18-Jun-2022

सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर

अग्निपथ योजना के विरोध में हुए हिंसक प्रदर्शन और रेलवे सहित सार्वजनिक संपत्तियों के नुकसान की जांच के लिए एसआईटी के गठन की मांग की गई है। इस संबंध में एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई। याचिका में मांग की गई है कि सरकार को एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए जाएं।  

10:43 AM, 18-Jun-2022

गुलामों को ठेकेदारी पर रखा जाता है- संजय राउत

शिवसेना नेता संजय राउत ने अग्निपथ योजना पर सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, हमारी सेना को अब तक कभी भी ठेकेदारी पर नहीं रखा गया। ठेकेदारी पर काम करने वाले दूसरे लोग हैं। गुलामों को ठेकेदारी पर रखा जाता है। लेकिन जो अनुशासन बल है, जो देश की रक्षा के लिए है। उसको कोई ठेकेदारी पर नहीं रखता है। 

10:05 AM, 18-Jun-2022

पटना में कड़ी सुरक्षा 

अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पटना के डाक बंगाल क्रॉसिंग पर कड़ी सुरक्षा की गई है। यहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। सिटी एसपी अंबरीश राहुल ने बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार है। छात्रों को शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन की अनुमति है, अगर वे हिंसा करेंगे तो हम कार्रवाई करेंगे। 

10:01 AM, 18-Jun-2022

छात्रों के समर्थन में कांग्रेस करेगी सत्याग्रह

अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में कांग्रेस रविवार को सत्याग्रह करेगी। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान कांग्रेस के सभी सांसद, कांग्रेस कमेटी के सदस्य व पदाधिकारी भी शामिल होंगे। 

09:23 AM, 18-Jun-2022

अग्निवीरों के लिए CAPF और असम राइफल्स में 10 फीसदी कोटा

केंद्र सरकार ने मंगलवार को एलान किया कि वह सेना में अग्निपथ स्कीम के तहत चुने गए युवाओं को चार साल पूरे करने के बाद सीएपीएफ और असम राइफल्स जैसे बलों में 10 फीसदी आरक्षण देगा। सरकार की तरफ से यह एलान ऐसे समय में आया है, जब पूरे देश में अग्निपथ स्कीम को लेकर युवा सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा सीएपीएफ और असम राइफल्स में निर्धारित ऊपरी आयु सीमा से 3 साल की छूट देने का भी फैसला किया है। अग्निवीर के पहले बैच के लिए, आयु में छूट निर्धारित ऊपरी आयु सीमा से 5 वर्ष के लिए होगी।

08:49 AM, 18-Jun-2022

बिहार बंद के दौरान ट्रक और बस में लगाई आग 

अग्निपथ योजना के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद के दौरान भी आगजनी की सूचना है। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने जहानाबाद में  टेहटा ओपी के बाहर खड़े ट्रक और बस में आग लगा दी। सूचना मिलते ही डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे हैं। 

08:26 AM, 18-Jun-2022

उत्तर प्रदेश में अब तक 260 लोग गिरफ्तार

अग्निपथ योजना के विरोध में उत्तर प्रदेश में हुए हिंसक प्रदर्शन में अब तक 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें 109 गिरफ्तारियां बलिया में हुई हैं। वहीं चार जिलों में कुल छह मामले दर्ज किए गए हैं। 

08:13 AM, 18-Jun-2022

तेलंगाना: मृतक राकेश के परिवार को 25 लाख का मुआवजा 

अग्निपथ योजना के खिलाफ तेलंगाना में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्र राकेश की मौत पर मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने दुख व्यक्त किया है। राकेश की मौत सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में हुई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री केसीआर ने राकेश के परिजनों 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की घोषणा की है। 


 

08:04 AM, 18-Jun-2022

बिहार के 12 जिलों में इंटरनेट बंद

छात्र संगठनों की ओर से बुलाए गए बिहार बंद और तीन दिन से हो रहे हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए नीतीश सरकार ने राज्य के 12 जिलों में इंटरनेट बंद करने का फैसला किया है। जिन जिलों में इंटरनेट सुविधा पर रोक लगाई गई है, उनमें रोहतास, लखीसराय, औरंगाबाद, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, सारण, समस्तीपुर, बेगूसराय, नवादा, चंपारण और वैशाली शामिल हैं। यह रोक अलग 48 घंटे तक लागू रहेगी।

07:43 AM, 18-Jun-2022

Agnipath Protest Live: 'अग्निपथ' के खिलाफ जारी प्रदर्शनों के बीच अग्निवीरों के लिए रियायतों का दौर, अगले दो दिन यह ट्रेनें रहेंगी निरस्त

अग्निपथ योजना के विरोध में छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए बिहार बंद को राजद और जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा का समर्थन मिला है। खास बात यह है कि 'हम' भाजपा के सहयोगी दलों में से एक है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें