फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agnipath Protest Live: जानलेवा हुआ अग्निपथ पर आक्रोश, बिहार के 12 जिलों में 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

Fri, 17 Jun 2022 11:05 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Protests Over Agnipath Scheme Live Updates: अग्निपथ योजना की आग पूरे देश में फैल चुकी है। यूपी-बिहार व हरियाणा से लेकर तेलंगाना तक हिंसक प्रदर्शन जारी है। हालात चिंताजनक हो गए हैं। कई जगह ट्रेनें फूंक दी गई हैं, जिससे देशभर में करीब 200 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। वहीं तेलंगाना व बिहार में हुए हिंसक प्रदर्शन में दो लोगों की मौत हो गई। इस बीच थल सेना व वायु सेना की ओर से बड़ा बयान जारी किया गया है। थल सेना प्रमुख ने कहा है कि अग्निवीरों की भर्ती के लिए दो दिन में अधिसूचना जारी होगी तो वायु सेना में 24 जून से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। 
विज्ञापन
नालंदा के इस्लामपुर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन के डिब्बों को आग के हवाले कर दिया - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:58 PM, 17-Jun-2022

जीआरपी ने दर्ज की एफआईआर
रेलवे पुलिस ने वाहनों और ट्रेनों के कोच को आग के हवाले करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। अन्य की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

07:37 PM, 17-Jun-2022

कुल 340 ट्रेनें प्रभावित हुईं
आंदोलन के कारण 94 मेल एक्सप्रेस ट्रेनें और 140 यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गईं। 65 मेल एक्सप्रेस और 30 पैसेंजर ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया। 11 मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया। कुल 340 ट्रेनें प्रभावित हुईं। भारतीय रेलवे ने यह जानकारी दी।

07:18 PM, 17-Jun-2022

बिहिया रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने लूटे तीन लाख
अग्निपथ योजना के विरोध के बीच आरा के बिहिया रेलवे स्टेशन पर एक टिकट कार्यालय से तीन लाख रुपये की नकदी लूट ली गई। टिकट काउंटर प्रभारी ने बताया कि  हम यात्रियों को टिकट दे रहे थे, अचानक भारी भीड़ ने पथराव किया और कार्यालय में आग लगा दी। उन्होंने 3 लाख रुपये नकद भी लूट लिए। 

विज्ञापन
07:16 PM, 17-Jun-2022

बिहार के 12 जिलों में इंटरनेट बंद
बिहार में प्रदर्शन की नीतीश सरकार ने राज्य के 12 जिलों में इंटरनेट बंद करने का फैसला किया है। जिन जिलों में इंटरनेट सुविधा पर रोक लगाई गई है, उनमें रोहतास, लखीसराय, औरंगाबाद, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, सारण, समस्तीपुर, बेगूसराय, नवादा, चंपारण और वैशाली शामिल हैं। यह रोक अलग 48 घंटे तक लागू रहेगी।

06:35 PM, 17-Jun-2022

दिल्ली में छात्र समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया, कई हिरासत में 
अग्निपथ रक्षा भर्ती योजना के खिलाफ वामपंथी संगठन आइसा समेत कई छात्र समूहों के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इस योजना को विनाशकारी करार दिया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने कहा कि यह योजना सशस्त्र बलों में स्थाई नौकरियों को नष्ट करने के अलावा और कुछ नहीं है। आइसा और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) दोनों ने आरोप लगाया कि उनके कई सदस्यों को बेरहमी से हिरासत में लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि 17-18 लोग आईटीओ में विरोध प्रदर्शन करने के लिए जमा हुए थे। उन्हें हिरासत में लिया गया और तुरंत क्षेत्र से हटा दिया गया। दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार शुक्रवार को प्रदर्शन की वजह से बंद करने पड़े।

विज्ञापन
05:40 PM, 17-Jun-2022

केसी वेणुगोपाल स्टैंडिंग कमेटी की बैठक बुलाने को कहा
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने जल्द से जल्द रक्षा मामलों की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक बुलाने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि अग्निपथ योजना पर जल्द से जल्द चर्चा होनी चाहिए। इस योजना पर विस्तार से बातचीत और युवाओं को भरोसा दिलाने के बाद ही हालात काबू में आएंगे।

05:30 PM, 17-Jun-2022

वीआर चौधरी जवानों को बताएंगे योजना के बारे में
भारतीय वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी शुक्रवार को छह फॉरवर्ड बेस का दौरा करेंगे। यहां वे सैनिकों को संबोधित करेंगे और अग्निपथ प्रवेश योजना के बारे में भी बताएंगे। IAF ने आज अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इसका उद्देश्य बल में अंतिम व्यक्ति को योजना के विवरण की जानकारी देना है। वायु सेना के वर्तमान में पूरे भारत में 60 से अधिक हवाई स्टेशन हैं। इन्हें सात कमांड में बांटा गया है- नई दिल्ली में पश्चिमी वायु कमान, शिलांग में पूर्वी वायु कमान, प्रयागराज में मध्य वायु कमान, और तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) में दक्षिणी वायु कमान, गांधीनगर में दक्षिण पश्चिमी वायु कमान, बेंगलुरु में प्रशिक्षण कमान और रखरखाव कमान नागपुर में। सबसे बड़ा एयरबेस हिंडन, उत्तर प्रदेश में है।

04:15 PM, 17-Jun-2022

रेल मंत्री ने युवाओं से की अपील
प्रदर्शन के कारण अब तक 200 से अधिक ट्रेनों पर असर पड़ा है। रेलवे ने कहा कि बुधवार को प्रदर्शन शुरू होने के बाद से 35 ट्रेन रद्द कर दी गईं। इस दौरान 13 ट्रेनों को निर्धारित समय से पहले ही
समाप्त करना पड़ा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने युवाओं से रेलवे संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मैं युवाओं से हिंसक विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं होने और रेलवे की संपत्तियों को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील करता हूं।
 

04:14 PM, 17-Jun-2022

पीएम मोदी को युवाओं की चिंता: नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ‘अग्निपथ योजना’ में शामिल होने की अधिकतम उम्र सीमा बढ़ाने के केंद्र सरकार के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय साबित करता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं की चिंताओं से वाकिफ हैं।

03:10 PM, 17-Jun-2022

दिसंबर से शुरू होगी पहले बैच की ट्रेनिंग- थल सेना प्रमुख

थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा, अग्निवीर योजना के तहत अग्निवीरों के पहले बैच की ट्रेनिंग दिसंबर, 2022 से शुरू होगी। दो दिन में भर्ती प्रक्रिया को लेकर अधिसूचना जारी की जाएगी। 

02:33 PM, 17-Jun-2022

सैन्य प्रमुखों के पीछे छिपना बंद करें मोदी- ओवैसी

देश भर में जारी हिंसक प्रदर्शन के बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का बयान सामने आया है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सैन्य प्रमुखों के पीछे छिपना बंद करें। आपने जो लापरवाही भरा निर्णय लिया है और उसके जो परिणाम सामने आ रहे हैं, उसका सामना करने का साहस दिखाएं। अपने भविष्य को लेकर देश के युवाओं का गुस्सा सिर्फ आप पर है। 

02:10 PM, 17-Jun-2022

लखीसराय में भी एक की मौत 

बिहार के लखीसराय में भी एक व्यक्ति की मौत हुई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, विक्रमशिला एक्सप्रेस में आगजनी के दौरान व्यक्ति की मौत हुई। मृतक ट्रेन में मौजूद था। आग की चपेट में वो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। 

02:03 PM, 17-Jun-2022

अलीगढ़: प्रदर्शनकारियों ने पीएसी कर्मी को पीटा

अलीगढ़ टप्पल इलाके के यमुना एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज पर अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पीएसी कर्मी को घेरकर पीटा। साथ ही अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम की शिला पट्टिका तोड़ दी।

02:02 PM, 17-Jun-2022

गुरुग्राम में धारा 144 लागू

अग्निपथ योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए एहतियात के तौर पर गुरुग्राम जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस हाई अलर्ट पर है।

01:33 PM, 17-Jun-2022

सिकंदराबाद में प्रदर्शन में एक की मौत

तेलंगाना में हो रहे हिंसक प्रदर्शन में एक की मौत की सूचना है। यहां प्रदर्शनकारियों ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन में आगजनी की। इस दौरान हिंसक प्रदर्शन में एक की मौत हो गई। 

01:29 PM, 17-Jun-2022

आर्मी के लिए दो दिन में जारी होगी अधिसूचना- थल सेना प्रमुख 

अग्निपथ योजना के विरोध के बीच थल सेना प्रमुख ने कहा कि आर्मी में भर्ती के लिए दो दिन में अधिसूचना जारी होगी। इसकी सारी जानकारी joinindianarmy.nic.in पर मिलेगी। युवा इस असवर का लाभ उठाएं। 

01:06 PM, 17-Jun-2022

दिल्ली: आईटीओ मेट्रो स्टेशन के सभी गेट बंद

दिल्ली में प्रदर्शन के कारण खराब हुए माहौल को देखते हुए एहतियातन दिल्ली गेट, जामा मस्जिद और आईटीओ मेट्रो स्टेशन के सभी गेट बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इसकी जानकारी दी है। छात्र-युवा संघर्ष समिति अग्निपथ योजना का विरोध कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस योजना को वापस लिया जाए।

12:54 PM, 17-Jun-2022

24 जून से शुरू होगी वायु सेना में भर्ती प्रक्रिया- वायु सेना प्रमुख

कई राज्यों में जारी बवाल के बीच वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा, यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि इस साल भर्ती के लिए आयु सीमा को बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया गया है। इससे युवाओं को लाभ होगा। उन्होंने कहा, भारतीय वायु सेना के लिए भर्ती प्रक्रिया 24 जून से शुरू होगी। 
 

12:32 PM, 17-Jun-2022

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के घर पर हमला 

छात्रों के हिंसक प्रदर्शन के बीच बेतिया में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के घर पर भी हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक, घर पर पत्थर बरसाए गए हैं। इस हमले में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। 

12:19 PM, 17-Jun-2022

देशभर में 200 ट्रेनों पर प्रदर्शन का असर

छात्रों के हिंसक प्रदर्शन के कारण देशभर में 200 ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। रेल मंत्रालय के मुताबिक, पूरे देश में 35 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 13 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। 

12:09 PM, 17-Jun-2022

जल्द ही शुरू होगी सेना भर्ती- सेना प्रमुख

अग्निपथ योजना पर सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कहा है कि सरकार ने 2022 के लिए आयु सीमा को 21 से बढ़ाकर 23 साल कर दिया है। इससे उन युवाओं को लाभ होगा, जो दो साल से सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा, जल्द ही भर्ती प्रक्रिया का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम युवाओं से अपील करते हैं कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। 

11:08 AM, 17-Jun-2022

बिहार की उपमुख्मंत्री के घर पर भीड़ का हमला 

अग्निपथ योजना को लेकर विरोध कर रहे छात्रों ने बेतिया में बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर हमला कर दिया। उनके बेटे ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि बेतिया में उनके आवास पर हमला हुआ है। घर को काफी नुकसान पहुंचा है। रेणु देवी इस समय पटना में हैं। 

10:55 AM, 17-Jun-2022

11 राज्यों में फैली हिंसा की आग

अग्निपथ योजना को लेकर बिहार से उठी विरोध की चिंगारी 11 राज्यों में फैल चुकी है। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और राजस्थान के बाद अब तेलंगाना में भी प्रदर्शन शुरू हो गया है। यहां एक ट्रेन को आग लगा दी गई है।  

10:55 AM, 17-Jun-2022

अग्निपथ योजना से बड़ी संख्या में युवा होंगे लाभान्वित- अमित शाह

अग्निपथ योजना पर बढ़ते बवाल के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, इस योजना से बड़ी संख्या में युवा लाभान्वित होंगे देशसेवा व अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने आगे कहा, पिछले दो साल से कोरोना महामारी के कारण सेना में भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हुई थी, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अग्निपथ योजना’ में उन युवाओं की चिंता करते हुए पहले वर्ष उम्र सीमा में दो वर्ष की रियायत देकर उसे 21 साल से 23 साल करने का संवेदनशील निर्णय लिया है।

10:50 AM, 17-Jun-2022

तेलंगाना पहुंचा मामला 

बिहार, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में अग्निपथ योजना पर चला रहा बवाल अब तेलंगाना भी पहुंच गया है। यहां के सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन को आग के हवाले कर दिया। आग बुझाने के लिए अधिकारियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। 

10:47 AM, 17-Jun-2022

वाराणसी में भी पथराव 

उत्तर प्रदेश के बलिया के अलावा वाराणसी में भी बवाल की सूचना है। यहां रोडवेज की बसों पर छात्रों ने पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। 

10:30 AM, 17-Jun-2022

नारनौल में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

तीसरे दिन हरियाणा में भी प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार सुबह नारनौल में युवाओं ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने दो छात्र नेता सहित नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा हिसार में अग्निपथ योजना के विरोध में सैकड़ों छात्र महावीर स्टेडियम से सचिवालय के लिए निकल गए हैं। रोहतक में अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में सैकड़ों युवा इकट्ठे हो गए हैं। नवीन जयहिंद प्रदर्शनकारी युवाओं का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं मकड़ोली टोल प्लाजा पर किसान भी एकत्रित हो रहे हैं।

10:07 AM, 17-Jun-2022

जनता क्या चाहती है, प्रधानमंत्री नहीं समझते- राहुल गांधी

अग्निपथ योजना पर तीसरे दिन बवाल के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विटर पर सरकार की आलोचना की। उन्होंने लिखा, "अग्निपथ - नौजवानों ने नकारा,  कृषि कानून - किसानों ने नकारा, नोटबंदी - अर्थशास्त्रियों ने नकारा, GST - व्यापारियों ने नकारा।" देश की जनता क्या चाहती है, ये बात प्रधानमंत्री नहीं समझते। क्योंकि,उन्हें अपने ‘मित्रों’ की आवाज़ के अलावा कुछ सुनाई नहीं देता।

 

10:05 AM, 17-Jun-2022

तैयारी करें युवा, बहुत जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया- राजनाथ सिंह

कई राज्यों में हो रहे बवाल के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, सभी नौजवानों से अपील करता हूं कि सेना में भर्ती की तैयारी करें। वे शांति बनाए रखें। बहुत जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। दो साल से भर्ती प्रक्रिया बंद थी, इसको ध्यान में रखते हुए आयु सीमा को इस साल के लिए 21 से 23 वर्ष कर दिया गया है। इससे बहुत से युवाओं को योजना का फायदा मिलेगा। 

09:29 AM, 17-Jun-2022

प्रदर्शन के चलते 34 ट्रेनें निरस्त

हिंसक प्रदर्शन के कारण रेलवे ने 34 ट्रेनें निरस्त कर दी हैं, जबकि आठ आंशिक रूप से रद्द की हैं। 72 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। ज्यादातर ट्रेनें बिहार से होकर गुजरती हैं। 

09:22 AM, 17-Jun-2022

प्रदर्शन में आरजेडी के गुंडे सक्रिय- गिरिराज सिंह 

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अग्निपथ योजना को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, इस प्रदर्शन के पीछे विपक्षी दल हैं। जहां हिंसा की जा रही है, वहां आरजेडी के गुंडे सक्रिय है। छात्रों को ढाल बनाकर हिंसा की जा रही है। हिंसा करने वालों में गैर छात्रों को चिह्नित करना जरूरी है। 

09:03 AM, 17-Jun-2022

सीपीआई नेता ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

सीपीआई नेता व राज्यसभा सांसद विनय विश्वम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने अग्निपथ योजना पर दोबारा विचार करने की मांग की है।
 

08:59 AM, 17-Jun-2022

हरियाणा: बल्लभगढ़ में इंटरनेट सेवाएं अस्थाई रूप से बंद 

हरियाणा के बल्लभगढ़ में जिला प्रशासन ने 24 घंटे के लिए अस्थाई रूप से इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि प्रतिबंध के दौरान वॉयस काल, बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज जैसी सेवाओं की ही अनुमति होगी। यह प्रतिबंध गुरुवार रात 10 बजे से लागू है। 

08:36 AM, 17-Jun-2022

जम्मूतवी गुवाहाटी एक्सप्रेस में आगजनी

बिहार में युवाओं का हिंसक प्रदर्शन जारी है। इस बीच छात्रों ने जम्मूतवी गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगा दी है। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन की दो बोगियां जलकर खाक हो चुकी हैं। 

08:24 AM, 17-Jun-2022

समस्तीपुर: संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पर पथराव 

बिहार के समस्तीपुर में भी योजना का विरोध जारी है। जानकारी के मुताबिक, युवाओं ने संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को रोक लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रेन पर पथराव भी किया गया है। 

08:21 AM, 17-Jun-2022

आरा में 16 प्रदर्शनकारी हिरासत में

बिहार के आरा जिले में गुरुवार को तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने 16 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। वहीं करीब 650 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 

08:16 AM, 17-Jun-2022

बलिया रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल तैनात

08:12 AM, 17-Jun-2022

बिहिया रेलवे स्टेशन पर भी तोड़फोड़ 

बिहार के आरा जिले के बिहिया रेलवे स्टेशन पर भी तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना है। युवाओं ने यहां पर भी रेलेव ट्रैक को जाम कर दिया। उधर, खबर है कि बिहिया थाना प्रभारी पर भी युवाओं ने हमला किया, जिससे उनके सिर पर चोट आई है। 

08:10 AM, 17-Jun-2022

बक्सर में रेलवे ट्रैक पर बैठे युवा 

बिहार में योजना का विरोध करते हुए युवा दूसरे दिन भी सड़क पर उतर गए। कई जगह पर प्रदर्शन जारी है। इस बीच बक्सर में युवा रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और योजना का विरोध किया। बताया जा रहा है इस दौरान युवाओं ने टायर भी जलाए। वहीं लखीसराय में युवाओं ने विक्रमशिला एक्सप्रेस को रोक दिया और ट्रेन में तोड़फोड़ की। 

https://youtu.be/hMSXDdnC0Pw

07:56 AM, 17-Jun-2022

Agnipath Protest Live: जानलेवा हुआ अग्निपथ पर आक्रोश, बिहार के 12 जिलों में 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

अग्निपथ योजना का विरोध दूसरे दिन भी जारी रहा। बलिया में युवाओं ने जमकर हंगामा काटा। शुक्रवार सुबह-सुबह प्रदर्शनकारी बलिया रेलवे स्टेशन पहुंच गए और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। वहीं एक उपद्रवी को हिरासत में लिया गया है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें