हरियाणा में 9 नगर निगम और 40 नगर निकायों के चुनाव के लिए मतदान शाम छह बजे तक संपन्न हो गया है। पूरे हरियाणा में 40.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे अधिक मतदान फतेहाबाद में 84.6 प्रतिशत और सबसे कम 26.4 फीसदी मतदान सोनीपत में हुआ।
छिटपुट हिंसा के बीच मतदान पांच बजे तक 50 प्रतिशत मतदान
रोहतक नगर निगम चुनाव में रविवार को छिटपुट हिंसा के बीच शाम पांच बजे तक 50 प्रतिशत तक मतदान हुआ। वार्ड 11 के गांव बलियाना में कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी का चचेरा भाई प्रशांत घायल हो गया। जबकि इसी वार्ड के गांव खेड़ी साध में मतदान के दौरान हुए झगड़े में बलंब गांव के युवक कपिल की छाती में बर्फ तोड़ने वाला सुआं मार दिया। उसे पीजीआई के ट्राॅमा सेंटर में दाखिल कराया गया है। बाकी शहर में मतदान शांतिपूर्ण रहा। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा, भाजपा के पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, मेयर के कांग्रेस प्रत्याशी सूरजमल किलोई व भाजपा के मेयर प्रत्याशी रामअवतार वाल्मीकि ने अपना वोट डाला। शहर के आउटर व निगम में शामिल गांव में मतदान प्रतिशत ज्यादा व पुराने शहर और पाश इलाकों में मतदान प्रतिशत कम रहने की संभावना है। मतदान प्रतिशत का फाइनल आंकड़ा शाम छह बजे के बाद आएगा।
सीवन नगर पालिका में पहली बार हो रहा चुनाव
नगर निकाय चुनाव के लिए शाम 5 बजे तक 39.7 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। कैथल जिले में सीवन नगर पालिका में पहली बार हो रहे चुनाव के बीच आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रही हेमलता सैनी की देवरानी पूजा सैनी ने कर्मियों को उनकी वोट पहले ही किसी अज्ञात महिला के माध्यम से डलवाने का आरोप लगाया है। आजाद प्रत्याशी की देवरानी पूजा सैनी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह दोपहर के समय अपना वोट डालने पहुंची थी। इस दौरान जब वह अंदर उन्होंने अपनी वोट पर्ची कर्मियों को दिखाई तो उनका कहना था कि यह वोट तो डल चुका है। इस पर आजाद प्रत्याशियों ने समर्थकों ने हंगामा किया और मिलीभगत का आरोप लगाया। पूजा सैनी ने कहा कि उनका वोट कोई और कैसे डाल सकता है। प्रशासन से अपील है कि उनकी वोट डलवाई जाए।
बेरी में पकड़ा फर्जी वोटर
नगर निकाय चुनाव के लिए शाम चार बजे तक 32.1 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। वहीं, बेरी के पोलिंग बूथ नंबर-6 पर फर्जी वोटिंग करते हुए एक युवक को एजेंट ने पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यमुनानगर के रादौर में शाम चार बजे तक 56.4 प्रतिशत और यमुनानगर में 38.5 फीसदी मतदान हुआ है। इसी तरह शाम चार बजे तक अंबाला सिटी में 21.0 प्रतिशत, अंबाला सदर में 36.1 प्रतिशत और बराड़ा में 55.1 प्रतिशत मतदान हुआ है। हिसार नगर निगम क्षेत्र में तक 41 फीसदी मतदान हुआ है। नारनौंद नगर पालिका में रिकार्ड 73 फीसदी के मतदान हुआ है। नारनौल के अटेली नगर पालिका में शाम 4:00 बजे तक 3868 मतदाता वोट डाल चुके हैं। अब तक 61.1 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
(कुल मतदान - 53.9%)
बूथ नंबर -1 = 57.03%
बूथ नंबर -2 = 57.38%
बूथ नंबर -3 = 59.98%
बूथ नंबर -4 = 59.86%
बूथ नंबर -5 = 51.61%
बूथ नंबर -6 = 54.21%
बूथ नंबर -7 = 44.38%
बूथ नंबर -8 = 46.63%
बूथ नंबर -9 = 54.59%
बूथ नंबर -10 = 48.41%
बूथ नंबर -11 = 57.97%
बूथ नंबर -12 = 62.96%
बूथ नंबर -13 = 63.46%
बूथ नंबर -14 = 36.42%
कुल 56.5
कलायत 59.2
पूंडरी 54.3
सीवन 56.1
कुरुक्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं थानेसर विधायक कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने जनता से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
अरोड़ा ने कहा कि हर मतदाता को अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए, ताकि प्रजातंत्र की जड़ें और मजबूत हों। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में बाहर आकर मतदान करने की अपील की।
भाजपा नेता रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि मैं सभी से अपील करना चाहूंगी कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यह लोकतंत्र का पर्व है।
ध्यान रखें कि आपको अपने शहर में ऐसा प्रशासन लाना है जो ईमानदारी से आपके शहर की सेवा करे। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे यह अवसर दो बार मिला। भाजपा ने इस बार मुझ पर भरोसा किया और मुझे अपना उम्मीदवार बनाया।
करनाल जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान की गति तेज हो रही है। दोपहर 12 बजे तक करनाल में 13.3% मतदान दर्ज किया गया। सुबह की तुलना में मतदान प्रतिशत में तेजी आई है, और मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है।
दोपहर 12 बजे तक जिलेभर में मतदान प्रतिशत
करनाल – 11.7%
असंध – 10.3%
इंद्री – 32.7%
नीलोखेड़ी – 29.8%
तारावड़ी – 36.5%
मतदान केंद्रों पर बढ़ी भीड़, शांतिपूर्ण तरीके से जारी मतदान
सुबह के मुकाबले अब मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। प्रशासन मतदान प्रक्रिया को सुचारु और शांतिपूर्ण रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
करनाल में सुबह 11 बजे तक करनाल में 3.4% मतदान दर्ज किया गया। जैसे-जैसे दिन बढ़ रहा है, मतदान प्रतिशत में भी इजाफा हो रहा है।
मतदान प्रतिशत (सुबह 11 बजे तक)
करनाल – 7.1%
असंध – 4.8%
इंद्री – 17.1%
नीलोखेड़ी – 13.0%
तारावड़ी – 16.3%
अंबाला के बराड़ा में नगर परिषद चुनाव को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच शानू प्रताप चौहान, जो कनाडा में रहते हैं, विशेष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए भारत आए।
शानू प्रताप चौहान ने बताया कि यह उनका पहला वोट है, और उन्हें अपने शहर के चुनाव में भाग लेने पर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि मैं कनाडा से खासतौर पर नगर परिषद चुनाव में मतदान करने आया हूं। यह एक बेहतरीन अनुभव है, और मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने मत का सही तरीके से उपयोग करें।
करनाल नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान जारी है। सेक्टर 13 स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी मनोज वाधवा अपनी धर्मपत्नी के साथ बूथ नंबर 128 पर मतदान करने पहुंचे।
चुनाव आयोग पर लगाया बूथ नंबर गलत देने का आरोप
मनोज वाधवा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा बूथ नंबर गलत दिए गए हैं, जिससे मतदाताओं को असुविधा हो रही है। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फरीदाबाद नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान जोरों पर है। सेक्टर 28 स्थित डायनेस्टी स्कूल में बने वार्ड नंबर 30 के मतदान केंद्र 803 पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अपना वोट डाला।
मतदान के बाद केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह हताश हो चुकी है और पार्टी का चुनाव प्रचार भी कमजोर रहा है।
कनीना नगर पालिका चुनाव के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। राजकीय मॉडल संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना में बने मतदान केंद्र पर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
बूथ नंबर 11 और 12 पर मतदान जारी
मतदान केंद्र के बूथ नंबर 11 और 12 पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग और प्रशासन ने यहां सुचारू मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।
फरीदाबाद नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान जोरों पर है। बल्लभगढ़ से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने सेक्टर-2 स्थित कम्युनिटी सेंटर में परिवार के साथ मतदान किया।
वोट डालने के बाद मूलचंद शर्मा ने कहा कि जनता को विकास और सुशासन के लिए मतदान करना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
हिसार नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड नंबर 18 के मतदान केंद्र 212 पर ईवीएम में खराबी आ गई, जिससे मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई। मतदान शुरू होने के बाद मशीन में तकनीकी दिक्कत सामने आई, जिससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हिसार नगर निगम चुनाव के तहत मतदान जारी है। मेयर पद के प्रत्याशी कृष्ण कुमार सिंगला उर्फ़ टीटू ने सेक्टर 13 स्थित कम्युनिटी सेंटर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
यमुनानगर में नगर निगम चुनाव के तहत मतदान जारी है। भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुमन बहमनी ने गोबिंदपुरा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र नंबर 340 पर परिवार सहित मतदान किया।
मतदान से पहले लिया आशीर्वाद
मतदान करने से पहले सुमन बहमनी अपने परिवार के साथ गोबिंदपुरा स्थित श्री हनुमान मंदिर और श्री खेड़ा मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने माथा टेककर जीत की कामना की।
सोनीपत नगर निगम मेयर उपचुनाव के तहत मतदान जारी है। इसी क्रम में भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन सेक्टर 15 स्थित मतदान बूथ पर अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी और पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन तथा उनका बेटा भी मतदान करने पहुंचे।
राजीव जैन ने वोट डालने के बाद कहा कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और वह विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस और अन्य दलों के प्रत्याशी भी मतदाताओं को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
कुरुक्षेत्र नगर निकाय चुनाव में मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच, डॉ. सुरेश भोला और डॉ. दीपा भोला ने सबसे पहले मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
सुबह मतदान शुरू होते ही दोनों मतदाता मतदान केंद्र पहुंचे और अपना वोट डालकर अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। कुरुक्षेत्र में नगर परिषद थानेसर के चेयरपर्सन और 30 वार्ड पार्षदों के लिए मतदान हो रहा है, जिसके लिए 108 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।