फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana Assembly Election: भिवानी सीट के लिए कांग्रेस और माकपा में गठबंधन, कामरेड ओमप्रकाश को प्रत्याशी बनाया

Thu, 12 Sep 2024 03:47 PM IST
नवीन दलाल अमर उजाला नेटवर्क, हरियाणा

खास बातें

Haryana Assembly Election Live News in Hindi: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। जिसके चलते आज राजनीतिक हलचल तेज होने वाली हैं। आज के दिन हरियाणा की राजनीति में कई समीकरण बिगड़ने वाले हैं तो कई समीकरण बनने वाले हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:33 PM, 12-Sep-2024

मौजूदा कुशासन से देश का हर नागरिक दुखी- ओपी चौटाला

हरियाणा विधानसभा चुनाव पर पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि मौजूदा कुशासन से इस देश का हर नागरिक दुखी है, परेशान है। अतीत में हमारी सरकार के समय में जो सुविधाएं लोगों को मिली थी आज लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि वही सरकार आएगी और उन्हें वही सुविधाएं मिलेंगी।

03:16 PM, 12-Sep-2024

भाजपा नेता राजीव जैन ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भरा नामांकन

सोनीपत विधानसभा क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है। भाजपा के दो बार मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रहे राजीव जैन ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। यह निर्णय पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन की भाजपा से टिकट कटने के बाद लिया गया। राजीव जैन और उनकी पत्नी कविता जैन ने आज सोनीपत लघु सचिवालय में अपने नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे।

02:49 PM, 12-Sep-2024

पुत्री चित्रा सरवारा ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में दाखिल किया नामांकन

कांग्रेस के प्रत्याशी निर्मल सिंह की पुत्री चित्रा सरवारा ने अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से आज निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। चित्रा सरवारा ने नामांकन के दौरान अपने समर्थकों और क्षेत्रीय नेताओं के साथ अंबाला कैंट में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया।

विज्ञापन
02:39 PM, 12-Sep-2024

कांग्रेस ने समझौते में माकपा के लिए छोड़ी भिवानी विधानसभा सीट

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस द्वारा पार्टी के लिए छोड़ी भिवानी विधानसभा सीट पर कामरेड ओमप्रकाश को प्रत्याशी बनाया है। 65 वर्षीय ओमप्रकाश ने 2014 में यूको बैंक के चीफ मैनेजर पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर अपने आपको किसान मजदूर और सामाजिक आंदोलनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

02:38 PM, 12-Sep-2024

ऐलनाबाद में 5वीं बार मैदान में अभय सिंह चौटाला

ऐलनाबाद से इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने अपना नामांकन भर दिया है। 2010 में हुए इसी सीट से उपचुनाव में वह इस हलके से विधायक बने थे। इसके बाद से लगातार विधायक बनते आ रहें हैं। 2021 में भी उपचुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी। इससे पहले 2014 व 2019 के आम चुनाव में वह जीत हासिल कर चुके हैं।

विज्ञापन
02:36 PM, 12-Sep-2024

ट्रिपल इंजन देश के अन्य राज्यों से ज्यादा तरक्की करेगा- राघव चड्ढा

करनाल में आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि हरियाणा के एक छोर पर दिल्ली है और दूसरे छोर पर पंजाब, दोनों में ही आप की सरकारें हैं। अगर हरियाणा में आप की सरकार बनती है तो यह ट्रिपल इंजन देश के अन्य राज्यों से ज्यादा तरक्की करेगा।
 

02:10 PM, 12-Sep-2024

अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी परविंदर सिंह परी ने भरा नामांकन

अंबाला कैंट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी परविंदर सिंह परी ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान परविंदर सिंह परी ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अंबाला कैंट में एक रैली का आयोजन किया।

01:54 PM, 12-Sep-2024

इनेलो-बीएसपी प्रत्याशी सपना बड़शामी ने भरा नामांकन

कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र से इनेलो-बीएसपी गठबंधन की प्रत्याशी सपना बड़शामी ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पहले इस सीट पर शेर सिंह बड़शामी को प्रत्याशी घोषित किया गया था, लेकिन हाल के बदलावों के बाद सपना बड़शामी को चुनावी मैदान में उतारा गया है।

01:52 PM, 12-Sep-2024

विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन करने पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम चंद्र मोहन

पंचकूला से विधानसभा चुनाव के लिए पूर्व डिप्टी सीएम चंद्र मोहन ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान चंद्र मोहन के साथ कांग्रेस पार्टी के कई प्रमुख नेता और समर्थक उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पंचकूला क्षेत्र के लोगों के जीवन में सुधार लाना और विकास की गति को तेज करना है।

01:40 PM, 12-Sep-2024

तीसरी बार बनेगी बीजेपी की सरकार- मनोहर लाल

हरियाणा विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज नामांकन का आखिरी दिन है। पहले इस लोकसभा क्षेत्र के पांच नामांकन भरे जा चुके थे। हरियाणा में 27 और नामांकन भरने के बाद पूरे 90 नामांकन हो जाएंगे। मैं हरियाणा में कह सकता हूं कि यहां पर तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनेगी।
 

01:27 PM, 12-Sep-2024

भाजपा के कद्दावर नेता नहीं लड़ेंगे चुनाव, पार्टी प्रत्याशी का किया समर्थन

महेंद्रगढ़ से भाजपा के नेता रहे प्रो. रामबिलास शर्मा ने पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवार का समर्थन करते हुए कहा कि मैंने जिस झंडे के लिए जीवन समर्पित कर दिया उसी झंडे के साथ रहना है। इस दौरान भावुक हुए कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप मेरी ताकत हैं मुझे कमजोर मत करो। उन्होंने कहा कि वह 55 सालों से पार्टी की सेवा में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह मंत्री से लेकर संतरी तक रहा। मुझे अंत में उसी झंडे के साथ रहना है। उन्होंने कंवर सिंह यादव को भी बधाई दी।

वहीं, दूसरी और भाजपा की ओर से घोषित उम्मीदवार कंवर सिंह यादव कार्यकर्ताओं के साथ लघु सचिवालय में नामांकन करने पहुंचे। हालांकि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता व उनके समर्थक साथ रहे। पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा के पुत्र गौतम शर्मा भी उनके नामांकन में शामिल हुए। कंवर सिंह यादव ने 1:30 मिनट पर अपना नामांकन कर दिया।

01:14 PM, 12-Sep-2024

महम से भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ लड़ेगी राधा अहलावत

महम सीट जीतने को लेकर चुनावी शतरंज तैयार हो गई है। भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ टिकट न मिलने से नाराज राधा अहलावत निर्दलीय चुनाव लड़ेगी। वीरवार को नामांकन के अंतिम दिन राधा ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया। 



दोपहर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ महम पहुंच और पार्टी प्रत्याशी दीपक हुड्डा का एसडीएम कार्यालय में नामांकन कराया। भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान रह चुके दीपक हुड्डा के साथ उनकी पत्नी स्वीटी बूरा भी मौजूद रही। स्वीटी अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज है। भाजपा प्रत्याशी का नामांकन होने के तुरंत बाद निर्दलीय प्रत्याशी राधा अहलावत ने नामांकन किया।

01:13 PM, 12-Sep-2024

थानेश्वर विधानसभा क्षेत्र से जजपा और इनेलो-बएसपी के प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

थानेश्वर विधानसभा क्षेत्र जननायक जनता पार्टी के प्रत्याशी सूर्य प्रताप सिंह राठौड़ और इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल)-बीएसपी (बहुजन समाज पार्टी) गठबंधन की प्रत्याशी तनुजा ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

01:03 PM, 12-Sep-2024

कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी मनदीप सिंह चट्ठा ने भरा नामांकन

पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी मनदीप सिंह चट्ठा ने नामांकन दाखिल करवाया।

01:00 PM, 12-Sep-2024

आप में भी बगावत, टिकट न मिलने से नाराज प्रदेश सचिव ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस हुए शामिल

आम आदमी पार्टी में भी बगावत हो गई है। टिकट न मिलने से नाराज पार्टी के प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टूटेजा ने वीरवार को पार्टी छोड़ दी। साथ ही डी पार्क स्थित आवास पर पहुंचकर कांग्रेस में शामिल हुए। खुद रोहतक शहर से कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा ने उनको पार्टी में शामिल किया।



उधर, गढ़ी सांपला-किलोई हलके से भाजपा प्रत्याशी मंजू हुड्डा ने नामांकन दाखिल कर दिया है। मस्तनाथ मठ के महंत बाबा बालकनाथ ने उनका नामांकन करवाया। साथ में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल भी मौजूद रहे। इनेलो के टिकट पर गढ़ी सांपला-किलोई हलके से पार्टी के जिला प्रवक्ता व गौड़ संस्था के पूर्व कोषाध्यक्ष कृष्ण कौशिक ने नामांकन दाखिल किया है।

12:48 PM, 12-Sep-2024

कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने भरा नामांकन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा रहे मौजूद

कुरुक्षेत्र के थानेसर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस महत्वपूर्ण मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा भी मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने इस अवसर पर कहा कि अशोक अरोड़ा एक सक्षम और अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने हमेशा पार्टी और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

12:44 PM, 12-Sep-2024

ईडी की हिरासत में विधायक सुरेंद्र पंवार ने भरा नामांकन

सोनीपत में एक महत्वपूर्ण घटना सामने आई है। खनन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंबाला जेल में बंद कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को नामांकन के लिए सोनीपत लाया गया। हरियाणा पुलिस और ईडी के अधिकारियों ने सुरेंद्र पंवार को सोनीपत लघु सचिवालय तक पहुंचाया, जहां वह एसडीएम कार्यालय में अपने नामांकन पत्र दाखिल किया।

12:40 PM, 12-Sep-2024

बाबा मस्तनाथ मठ के महंत बाबा बालकनाथ की मौजूद में मंजू हुड्डा ने भरा नामांकन

बाबा मस्तनाथ मठ के महंत बाबा बालकनाथ ने मंच पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए, भाजपा की प्रत्याशी मंजू हुड्डा का नामांकन पत्र दाखिल कराया।

12:20 PM, 12-Sep-2024

हिसार में बीजेपी मंत्री के खिलाफ सावित्री जिंदल ने भरा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन

कुरुक्षेत्र से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल की माताजी सावित्री जिंदल ने आज हिसार में बीजेपी के मंत्री कमल गुप्ता के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भरा। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीतिक परिदृश्य में हलचल मचा दी है। सावित्री जिंदल ने अपने नामांकन के दौरान कहा कि उनकी कोशिश क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं को हल करने के लिए है।

12:18 PM, 12-Sep-2024

भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र राणा ने कराया नामांकन दाखिल

असंध सीट से भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र राणा ने नामांकन कराया है, और इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी उनके साथ थे।

12:12 PM, 12-Sep-2024

कांग्रेस प्रत्याशी भरत सिंह बेनीवाल ने भरा ऐलनाबाद से नामांकन

ऐलनाबाद विधानसभा हलके से कांग्रेस प्रत्याशी भरत सिंह बेनीवाल ने अपना नामांकन भर दिया है। भरत सिंह बेनीवाल के छोटे भाई की पत्नी संतोष बेनीवाल भी ऐलनाबाद से टिकट की दौड़ में थी। वह सिरसा से कांग्रेस की सांसद कुमारी सैलजा गुट से हैं और टिकट के लिए दिल्ली में डेरा डाले हुए थीं।



जबकि भरत सिंह बेनीवाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खेमें से हैं और वह टिकट लेने में कामयाब रहे हैं। भरत सिंह बेनीवाल के सामने जहां हलके की जनता को साधने की चुनौती है, तो परिवार के लोगों को भी एकजुट करना होगा। भरत सिंह बेनीवाल इससे पहले दड़बा हलके से विधायक रह चुके हैं।

11:59 AM, 12-Sep-2024

करनाल से कांग्रेस उम्मीदवार सुमिता सिंह ने किया नामांकन

कांग्रेस की उम्मीदवार सुमिता सिंह ने करनाल विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। सुमिता सिंह, जो पूर्व में विधायक रह चुकी हैं, को इस बार फिर कांग्रेस ने करनाल से टिकट दिया है। वे भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ मुखर हैं, खासकर महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर, और उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन प्राप्त है।

11:37 AM, 12-Sep-2024

बिजली मंत्री रणजीत सिंह का आरोप, भाजपा और इनेलो के बीच चल रहा गठबंधन

हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने भाजपा और इनेलो पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि दोनों पार्टियों के बीच गुप्त गठबंधन चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि रानियां और डबवाली विधानसभा क्षेत्रों में कमजोर और कम प्रभावशाली नेताओं को चुनावी मैदान में उतारना उनकी सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

11:26 AM, 12-Sep-2024

इनेलो ने हलोपा को दिया समर्थन

हरियाणा की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए इनेलो ने हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) को समर्थन देने का एलान किया है। इस समर्थन से रानियां, ऐलनाबाद और सिरसा विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी समीकरण बदलने की संभावना है। इनेलो का यह कदम इन क्षेत्रों में हलोपा की स्थिति को मजबूत कर सकता है।

हलोपा कार्यालय में इनेलो समर्थकों की मुलाकात गोबिंद कांडा से हुई, जहां समर्थन की औपचारिक घोषणा की गई। इनेलो के वरिष्ठ नेता और विधायक अभय सिंह चौटाला नामांकन से पहले हलोपा को समर्थन देने पहुंचे, जिससे यह गठबंधन और भी मजबूत होता दिख रहा है।

11:13 AM, 12-Sep-2024

भाजपा से टिकट कटने पर निवर्तमान मेयर आज आजाद उम्मीदवार के रूप में भरेंगे नामांकन

हिसार से विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने से भाजपा से नाराज निवर्तमान मेयर गौतम सरदाना ने वीरवार को बतौर निर्दलीय उम्मीदवार नामांकन भरेंगे। इससे पहले मंगलवार शाम को समर्थकों की बैठक बुलाई थी, जिसमें समर्थकों ने उन्हें हर हाल में चुनाव लड़ने की सलाह दी थी। इस पर गौतम सरदाना ने फैसला लेने के लिए सुबह तक का समय मांगा था। गौतम सरदाना इससे पहले भी वर्ष 2009 में बतौर निर्दलीय उम्मीदवार विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। यह उनका पहला चुनाव था और उस समय उनकी टक्कर पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल से थी। गौतम सरदाना को 18,138 वोट मिले थे।

10:54 AM, 12-Sep-2024

जस्सी पेटवाड़ को नारनौंद से मिली कांग्रेस की टिकट

कांग्रेस ने नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से जस्सी पेटवाड़ को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जस्सी पेटवाड़ को टिकट मिलने से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। वह स्थानीय स्तर पर एक लोकप्रिय और सक्रिय नेता माने जाते हैं और लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं।

10:34 AM, 12-Sep-2024

भाजपा के शासन में बढ़ा अपराध व भ्रष्टाचार: अभय चौटाला

नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से बुधवार को इनो के राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान ने इनेलो प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन निर्वाचन अधिकारी को सौंपा। इस अवसर पर इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला व कई बसपा नेता मौजूद रहे। नामांकन पत्र भरने के बाद अभय सिंह चौटाला ने नारनौंद की अनाज मंडी में एक जनसभा को भी संबोधित किया। 

कहा कि प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार से प्रदेश में भ्रष्टाचार व अपराध बहुत ज्यादा बढ़ा है। भाजपा सरकार ने 6 लाख बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन और 2 लाख गरीब परिवारों के गुलाबी पीले राशन कार्ड काटने का काम किया है। आज का चुनाव बदलाव का चुनाव है। आपका वोट प्रदेश से भाजपा सत्ता को बाहर करने का काम करेगा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के 10 साल के राज में विकास के कार्य एक विशेष क्षेत्र तक सीमित होकर रह गए।

10:15 AM, 12-Sep-2024

पूर्व विधायक राम भगत सिंह नारनौंद से भरेंगे निर्दलीय नामांकन

पूर्व विधायक राम भगत सिंह ने नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। वह आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। राम भगत सिंह का यह कदम नारनौंद की सियासत में नई हलचल पैदा कर सकता है।

10:04 AM, 12-Sep-2024

उकलाना से नरेश सेलवाल को कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित

कांग्रेस ने उकलाना विधानसभा क्षेत्र से नरेश सेलवाल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। नरेश सेलवाल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाते हैं। उनके प्रत्याशी बनने से उकलाना क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत बढ़त मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सेलवाल के राजनीतिक अनुभव और हुड्डा के समर्थन ने उन्हें पार्टी के अंदर एक मजबूत चेहरा बनाया है। वहीं, सोहना से रोहताश खटाना पर भरोसा जताया है।

09:58 AM, 12-Sep-2024

हिसार से पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल करेंगी नामांकन

हरियाणा की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। हिसार विधानसभा क्षेत्र से वह आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस अवसर पर उनके समर्थक सुबह 10:30 बजे उनकी कोठी पर जुटेंगे।

सावित्री जिंदल एक प्रतिष्ठित राजनीतिक और उद्योगपति परिवार से ताल्लुक रखती हैं। इस निर्णय को चुनावी माहौल में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने के फैसले ने सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

09:41 AM, 12-Sep-2024

हिसार में पूर्व विधायक घोड़ेला समेत पांच सीटों पर कांग्रेस ने उतारे प्रत्याशी

हिसार की 7 सीट में से 5 प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इसमें चार प्रत्याशी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थकों को मिली है। हिसार शहर की टिकट सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा के समर्थक को मिली है। नारनौंद व उकलाना में कुमारी सैलजा अपने समर्थकों के लिए अड़ी हुई हैं। इसके चलते इन सीट को लेकर फैसला आखिरी दिन तक अटका हुआ है।

पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल के चुनाव लड़ने को लेकर अब सस्पेंस बना हुआ है। वह कांग्रेस के टिकट का इंतजार कर रही थीं, लेकिन उनको टिकट नहीं दिया गया। अब अगर चुनाव लड़ेंगी तो निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर उतरेंगी। वहीं, हिसार शहर से निवर्तमान मेयर गौतम सरदाना ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का एलान किया है। हिसार सीट से भाजपा के बागी तरुण जैन, अमित ग्रोवर निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में कूद चुके हैं।

09:32 AM, 12-Sep-2024

कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने 25 हजार युवाओं की भर्ती रुकवाई- मुख्यमंत्री नायब सैनी

फतेहाबाद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 56 दिनों में प्रदेश की जनता के हित में 126 फैसले किए हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा बताएं कि उन्होंने दस साल के राज में जनता के हित के लिए कितने फैसले लिए। हाल ही में 25 हजार युवाओं की भर्ती होनी थी। मगर, कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने यहां भी रोड़ा अटकाया और चुनाव आयोग में शिकायत करके यह भर्ती रुकवा दी। सैनी ने कहा कि 8 अक्तूबर को जब रिजल्ट आएगा, तो सबसे पहले इन 25 हजार युवाओं की ज्वाइनिंग करवाऊंगा। इसके बाद ही सीएम पद की शपथ लूंगा।

09:13 AM, 12-Sep-2024

निर्दलीय नामांकन भरने वाले पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली की संपत्ति

समालखा विधानसभा सीट से निर्दलीय नामांकन भरने वाले पूर्व विधायक रविंद्र मच्छरौली ने भी बुधवार को नामांकन भरा है। 51 वर्षीय रविंद्र मच्छरौली पहले भी चुनाव लड़कर जीत चुके हैं। 2014 में रविंद्र ने धर्म सिंह छौक्कर को हराया था। रविंद्र मच्छरौली की कुल चल अचल संपत्ति करीब 1.05 जबकि इनकी पत्नी पूनम की संपत्ति करीब 82 लाख रुपये के करीब है। यानी मच्छरौली दंपती के पास कुल 1.8 करोड़ की चल अचल संपत्ति है। रविंद्र के पास चार लाख तो उनकी पत्नी के पास तीन लाख की नकदी है। रविंद्र के पास 25 लाख की कार और 21 लाख के सोने के आभूषण हैं। जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 28.5 लाख के आभूषण हैं।

09:11 AM, 12-Sep-2024

राज्यसभा सदस्य कृष्ण लाल पंवार की संपत्ति 09 लाख घटी, पत्नी की 90 लाख बढ़ी

इसराना विधानसभा से भाजपा की टिकट पर राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने बुधवार को नामांकन भरा है। राज्यसभा सांसद की संपत्ति पांच साल में 09 लाख घटी जबकि उनकी पत्नी की 90 लाख बढ़ गई।

मतलौडा गांव निवासी 10 वीं पास 67 वर्षीय कृष्ण लाल पंवार हलके से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं, ये कुल पांच बार विधायक रहे हैं। पिछली बार ये कांग्रेस प्रत्याशी बलबीर बाल्मीकि से हार गए थे। इसके बाद भाजपा ने इनको राज्यसभा सांसद बनाकर भेजा। फिलहाल इनका चार साल का कार्यकाल बाकी है लेकिन अबकी बार फिर से भाजपा की टिकट पर इसराना विधानसभा से ही चुनाव लड़ने जा रहे हैं।

बुधवार को पंवार ने इसराना सीट से भाजपा की टिकट पर नामांकन दाखिल किया। इसमें इन्होंने अपनी कुल चल अचल संपत्ति करीब 2.35 करोड़ का उल्लेख किया है जबकि अपनी पत्नी की संपत्ति करीब 1.95 करोड़ दिखाई। यानी पंवार दंपती के पास कुल 4.30 करोड़ की संपत्ति है। पिछली बार की बात करें तो पांच वर्ष पहले पंवार के पास करीब 2.46 करोड़ की चल अचल संपत्ति दर्शायी गई थी। यानी पांच साल में अबकी बार पंवार की संपत्ति में करीब नौ लाख रुपये घटी है। जबकि इनकी पत्ती की चल अचल संपत्ति पिछली बार 1.09 करोड़ के आसपास थी जो अबकी बार बढ़कर करीब 1.95 लाख रुपये के आसपास हुई है। यानी पंवार की धर्मपत्नी की संपत्ति में करीब 90 लाख रुपये का इजाफा हुआ है।

08:58 AM, 12-Sep-2024

पूंडरी में अब भाजपा नेता तेजबीर सिंह आए विरोध में, आज करेंगे नामांकन

पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में सतपाल जाम्बा को टिकट दिए जाने का विरोध अब लगातार बढ़ रहा है। पूंडरी के पूर्व विधायक व भाजपा नेता प्रो दिनेश कौशिक के बाद अब पूर्व विधायक तेजबीर भी विरोध किया है। तेजबीर ने बुधवार को कौल में अपने समर्थकों के साथ बैठक की। इस बैठक में पूर्व विधायक तेजबीर ने बगावती सुर अपनाते हुए वीरवार को नामांकन करने का एलान किया है। बता दें कि पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तेजवीर सिंह भाजपा की ओर से पूंडरी विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं दिए जाने से खफा हैं। अब वे किसी भी पार्टी उम्मीदवार बन सकते हैं।
 

08:56 AM, 12-Sep-2024

कांग्रेस में शामिल हुए दाता राम, ब्लॉक समिति के चेयरमैन ने भी छोड़ी भाजपा

साढौरा (आरक्षित) सीट से पूर्व विधायक बलवंत सिंह को टिकट दिए जाने से नाराज पूर्व प्रत्याशी दाता राम ने पिछले सप्ताह भाजपा छोड़ दी थी। सैलजा के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हो गए। साढौरा से वर्तमान कांग्रेस विधायक रेनू बाला ने नामांकन से पहले अनाज मंडी बिलासपुर में जनसभा का आयोजन किया गया था। जिसमें दाता राम ने कांग्रेस का पटका पहनकर सदस्यता ग्रहण की। रेनू बाला ने उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान देने की बात कही।

08:52 AM, 12-Sep-2024

कुछ दल गठबंधन की तलाश में भटक रहे: मनोहर लाल

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कुछ दल गठबंधन के साथी तलाश कर रहे हैं मगर उन्हें गठबंधन के लिए दल नहीं मिल रहे हैं, जो मिलता भी है, वह हाथ पीछे खींच लेता है, इसलिए आज भी कांग्रेस का पिछला 10 साल का प्रशासन लोगों को याद है।

उन्होंने कहा कि भय का वातावरण था, हफ्ते लिए जाते थे, थाने चौकियां बिकते थे, इनकी बोलियां लगती थी। सीएम सैनी ने दो महीने में इतनी घोषणाएं कर दी हैं, जो कांग्रेस के 10 सालों के कार्यकाल पर भारी हैं। कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की घोषणा तक नहीं कर पा रही है, प्रत्याशी निर्दलीय नामांकन कराने को विवश हो रहे हैं, उन्हें तैयारी का मौका तक नहीं मिल पा रहा है, यदि कांग्रेस प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाती है तो निर्दलीयों की लाइन लंबी हो सकती है।

केंद्रीय मंत्री करनाल से भाजपा प्रत्याशी जगमोहन आनंद और घरौंडा से हरविंद्र कल्याण का नामांकन कराने पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में हैट्रिक लगाएगी और विधायक भी हैट्रिक लगाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा के 60 प्रत्याशियों का नामांकन हो चुका है, आज में सभी प्रत्याशी नामांकन करा देंगे।

08:36 AM, 12-Sep-2024

Haryana Assembly Election: भिवानी सीट के लिए कांग्रेस और माकपा में गठबंधन, कामरेड ओमप्रकाश को प्रत्याशी बनाया

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन भाजपा के 26 उम्मीदवार आज अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से नामांकन भरेंगे। भाजपा प्रत्याशियों में कैथल से लीलाराम, नीलोखेड़ी से भगवान दास कबीरपंथी, पानीपत ग्रामीण से महिपाल ढांडा, समालखा से मनमोहन भड़ाना, गोहाना से डॉ. अरविंद शर्मा, जींद से डॉ. कृष्ण मिड्ढा, तोशाम से श्रुति चौधरी, महम से दीपक हुड्डा, गढ़ी सांपला किलोई से मंजू हुड्डा, कोसली से अनिल डहीना और नारायणगढ़ से पवन सैनी शामिल हैं।

इसके अलावा, पेहवा से जय भगवान शर्मा, पुंडरी से सतपाल जांबा, असंध से योगेंद्र राणा, गन्नौर से देवेंद्र कौशिक, जुलाना से कैप्टन योगेश बैरागी, नरवाना से कृष्ण कुमार बेदी, डबवाली से बलदेव सिंह, ऐलनाबाद से अमीरचंद मेहता और रोहतक से मनीष ग्रोवर भी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

बावल से डॉ. कृष्ण कुमार, नूंह से संजय सिंह, फिरोजपुर झिरका से नसीम अहमद, हथीन से मनोज रावत, होड़ल से हरविंद्र सिंह और बड़खल से दिनेश अदलखा भी नामांकन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें