फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi in Gorakhpur: पीएम मोदी ने साधा अखिलेश पर निशाना, बोले- लाल टोपी वालों को सिर्फ लाल बत्ती से मतलब है

Tue, 07 Dec 2021 03:08 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

खास बातें

गोरखपुर जिले के विकास के सफर में एक नया अध्याय जुड़ गया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 हजार करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट खाद कारखाना, एम्स और बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (आरएमआरसी) का लोकार्पण करने किए। वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री ने ही खाद कारखाना और एम्स की नींव रखी थी। अब उन्होंने खुद अपने हाथों इसे जनता को समर्पित किया। इस दौरान पीएम ने क्या-क्या कहा, यहां पढ़ें उनके दौरे का पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
गोरखपुर में पीएम मोदी - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:07 PM, 07-Dec-2021

पहले अनाज नहीं मिलता था अब सबके लिए खुले अनाज गोदाम

हमने पहले की सरकारों के दिन भी देखें हैं जब अनाज होते हुए भी गरीबों को अनाज नहीं मिलता था। आज हमने गरीबों के लिए अनाज के गोदाम खोल दिए हैं। हाल ही में पीएम अन्न योजना को होली से आगे तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पहले यूपी के कुछ जिले बिजली के मामले में वीआईपी थे लेकिन योगी जी के राज में हर जिला वीआईपी है। सभी को भरपूर बिजली मिल रही है। पहले की सरकारों ने दबंगों को संरक्षण दिया था लेकिन योगी जी ने पुलिस व्यवस्था दुरुस्त कर निवेशकों के लिए द्वार खोल दिए हैं। इसी के साथ पीएम ने अपने संबोधन को खत्म किया। 

02:03 PM, 07-Dec-2021

अखिलेश पर साधा निशाना

पीएम ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले की सरकारों ने गोरखपुर एम्स के लिए जमीन देने में आनाकानी की गई। बहुत दबाव पड़ने पर बेमन से उन्होंने एम्स के लिए जमीन दी। ये लोग इस बात को कभी नहीं समझेंगे कि कोरोना के संकट काल में भी विकास के काम डबल इंजन सरकार ने रुकने नहीं दिया। लोहिया और जयप्रकाश नारायण के संस्कारों को ये लोग कब का छोड़ चुके हैं। आज पूरा यूपी जानता है कि लाल टोपी वालों को लाल बत्ती से मतलब रहा है। इन्हें सत्ता से मतलब रहा है, आतंकवादियों पर मेहरबानी दिखाने उन्हें जेल से छुड़ाने के लिए। लाल टोपी वाले यूपी के लिए रेड अलर्ट हैं। यानी खतरे की घंटी हैं।

01:58 PM, 07-Dec-2021

सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं सबका हक- पीएम

पीएम ने कहा कि किसी भी देश में स्वास्थ्य सुविधाएं सस्ती हों तो वहां का विकास होता है। पहले सोचा जाता था कि एम्स जैसे बड़े मेडिकल संस्थान बड़े शहरों के लिए होते हैं लेकिन हमारी सरकार ऐसे संस्थानों को देश के सुदूर क्षेत्रों तक ले जा रही है। इस सदी की शुरुआत तक केवल एक एम्स था, अटल जी ने छह एम्स शुरू हुए और बीते सात सालों में 16 नए एम्स बनाने का काम चल रहा है। हमारा लक्ष्य है कि हर जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज हो और हमें खुशी है कि यह काम तेजी से चल रहा है। हाल में आपने मुझे सौभाग्य दिया था कि 9 मेडिकल कॉलेज का एक साथ लोकार्पण करूं। हमारे लिए स्वास्थ्य सुविधा और समृद्धि सर्वोपरि है। विशेषकर हमारी माताओं-बहनों का स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही घर, शौचालय, बिजली, टीका व अन्य सुविधाएं घर की महिलाओं को मिली है। देश में पहली बार महिलाओं की संख्या पुरुओं से अधिक हुई है। महिलाओं का जमीन व मकान पर मालिकाना हक बढ़ा है। इसमें यूपी टॉप पर है।

विज्ञापन
01:55 PM, 07-Dec-2021

चिकित्सा के क्षेत्र में भी हुआ बहुत काम

पहले गोरखपुर में सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था लोगों को इलाज के लिए बनारस और लखनऊ जाना पड़ता था। जब आपने हमें सेवा का अवसर दिया तो इतना बड़ा एम्स बन गया और रिसर्च सेंटर की अपनी बिल्डिंग भी तैयार है। दिमागी बुखार फैलाने की वजह को दूर करने का काम किया जिसकी मेहनत आज जमीन पर दिख रही है और दिमागी बुखार के मामले 90 प्रतिशत तक कम हो गए हैं। इससे इंसेफेलाइटिस से मुक्ति के अभियान को मजबूती मिलेगी।

01:52 PM, 07-Dec-2021

पहले खाड़ी का तेल आता था, अब झाड़ी का भी आता है- पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि गन्ना किसानों का गढ़ पूर्वांचल का यह एरिया इथेनॉल उत्पादन के लिए भी महत्वपूर्ण है। पहले खाड़ी का तेल आता था अब झाड़ी का भी तेल आने लगा है। मैं योगी सरकार की सराहना करता हूं कि उन्होंने गन्ना किसानों के लिए अभूतपूर्व काम किया है। 350 रुपये तक मूल्य बढ़ाया। पिछली दो सरकारों ने जितना मिलकर किया योगी जी ने सिर्फ साढ़े चार में ही गन्ना किसानों को भुगतान किया। 

विज्ञापन
01:49 PM, 07-Dec-2021

हमने सस्ता उपलब्ध कराया खाद- पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि खाद के मामले में आत्मनिर्भरता क्यों जरूरी है उसे कोरोना काल में हमने देखा। अंतरराष्ट्रीय व्यापार बंद होने से खाद के दाम भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुत बढ़ गए। लेकिन हमने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। इसी साल खाद के दाम बढ़ने पर हमें तैंतालीस हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी बढ़ानी पड़ी। क्योंकि कीमतों का असर हमारे किसानों पर न जाए। विश्व में जहां 60-65 रुपये किलो में खाद बिक रहा है वहीं हम भारत में 10 से 12 गुना कम कीमत पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए राष्ट्रीय मिशन भी शुरू किया गया है।

01:44 PM, 07-Dec-2021

तीन सूत्रों पर हमने किया काम- पीएम मोदी

हमने तीन सूत्रों पर काम करना शुरू किया- यूरिया की शत प्रतिशत नीम कोटिंग की और दुरुपयोग रोका। दूसरा लोगों को यूरिया के कार्ड दिए ताकि पता चले कि किस खेत को कैसे खाद की जरूरत है। तीसरा हमने यूरिया उत्पादन बढ़ाया। बंद पड़ चुके कारखानों को हम खोल रहे हैं। एक शुरू हो गया है बाकी अन्य भी आने वाले सालों में भी खुल जाएंगे। जिस तरह से भगीरथ जी गंगा को लेकर आए थे उसी तरह इस खाद कारखाने तक ईंधन को पहुंचाने के लिए ऊर्जा गंगा को लाया गया है। हल्दिया से गोरखपुर तक गैस पाइपलाइन बिछाई गई है। इससे यहां तो ईंधन पहुंचा ही पूर्वी यूपी के कई शहरों में गैस पाइप लाइन से सस्ती गैस मिल रही है। मैंने कहा था कि गोरखपुर यूपी के विकास की धुरी बनेगा जो सच हो रहा है। यह कारखाना रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी देगा। पूर्वांचल में अनेक नए बिजनेस शुरू होंगे। 

01:39 PM, 07-Dec-2021

भीड़ देख अभिभूत हुए पीएम

पीएम ने कहा कि जब मैं मंच पर आया तो मैंने सोचा कि ये भीड़ है, लेकिन जब मैंने दूसरी तरफ देखा तो इतने दूर तक लोग फैले हुए हैं और झंडे हिला रहे हैं कि कुछ कह भी नहीं सकता। आपका प्यार और आशीर्वाद आपके लिए दिन रात काम करने की प्रेरणा देते हैं। पहले मैं 2016 में शिलान्यास करने आया था अब इनके लोकार्पण का भी सौभाग्य आपने मुझे दिया। आज आईसीएमआर के रीजनल सेंटर को भी अपनी बिल्डिंग मिली। साथियों गोरखपुर में फर्टिलाइजर प्लांट और एम्स का शुरू होना कई संदेश दे रही है। जब डबल इंजन की सरकार होती है तो दोगुनी तेजी से काम होता है, आपदाएं भी अवरोध नहीं पैदा कर पातीं। तब परिश्रम भी होता है और परिणाम भी निकलता है। गोरखपुर का आज का आयोजन इस बात का भी सबूत है कि जब नया भारत ठान लेता है तो इसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है।

01:35 PM, 07-Dec-2021

शुरू हुआ पीएम मोदी का संबोधन

पीएम मोदी ने स्थानीय भोजपुरी भाषा में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए गोरखपुर की जनता को प्रणाम किया। उन्होंने गोरक्षनाथ पीठ और रामप्रसाद बिस्मिल को भी याद किया। पीएम बोले- आप सब के बहुत बहुत बधाई।

01:33 PM, 07-Dec-2021

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में किया रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर का शुभारंभ

तीसरी परियोजना के रूप में पीएम ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बने रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (आरएमआरसी) के अत्याधुनिक नौ लैब का शुभारंभ भी किया। अब गोरखपुर में ही हर तरह के टेस्ट हो सकेंगे।

01:29 PM, 07-Dec-2021

कारखाने के बाद एम्स का किया उद्घाटन

इसके बाद पीएम मोदी ने गोरखपुर एम्स को भी जनता को समर्पित कर दिया। 2014 से पहले गोरखपुर की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की ओर यह एक कदम है। इस तरह अब यूपी में दो एम्स बन चुके हैं।

01:25 PM, 07-Dec-2021

सबसे पहले खाद कारखाने का किया उद्घाटन

पीएम मोदी ने सबसे पहले रिमोट से खाद कारखाने का लोकार्पण किया जिसके साथ ही कारखाने में उत्पादन शुरू हो गया है। तीस वर्षों से यह कारखाने बंद पड़े थे। इन कारखानों से 20 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।

01:22 PM, 07-Dec-2021

परियोजनाओं के बारे में दी जानकारी

सीएम योगी के भाषण के बाद जिन परियोजनाओं का लोकार्पण पीएम मोदी करेंगे उसके बारे में जानकारी दी गई। 

01:13 PM, 07-Dec-2021

मेडिकल क्षेत्र में हुआ विकास

गोरखपुर को बीमारी का गढ़ माना जाता था। पहले मलेरिया, फिर इंसेफेलाइटिस फिर अन्य बीमारियां यहां के लोगों को दशकों तक परेशान करती रहीं। लेकिन पहली बार प्रधानमंत्री ने गोरखपुर एम्स का शिलान्यास 2016 में किया और उद्घाटन भी वही करने जा रहे हैं। आज यूपी 17 करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन देने जा रहा है। देश के अंदर 130 करोड़ लोगों को वैक्सीन मिल रही है। यहां पहले सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज था अब एम्स समेत कई मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं और कई प्रारंभ हो चुके हैं।

01:09 PM, 07-Dec-2021

अपने नाम को सही कर दिखाया- मोदी है तो मुमकिन है

सीएम योगी ने सभी गणमान्य लोगों का भी अभिवादन किया। सीएम ने कहा आज का ये कार्यक्रम पूर्वी यूपी के उस सपने को साकार करने जैसा है जो नामुमकिन सा हो गया था। पांच-पांच सरकारों ने तीन दशक तक इसे असंभव किया था उसे पीएम मोदी ने उसे अपने नाम की तरह मोदी है तो मुमकिन है जैसे साकार किया है। इसके लिए मैं पीएम का हृदय से अभिनंदन करता हूं। 10 जून 1990 को बंद हो गया था यहां का फर्टिलाइजर कारखाना बंद हो गया था और किसी ने इसकी सुध लेने की कोशिश नहीं की। लेकिन पीएम ने आकर इसका शिलान्यास किया था, अब ये नया कारखाना पहले की तुलना में चार गुना बड़ा है और बनकर तैयार हो गया है। शिलान्यास पीएम के हाथ से हुआ और उद्घाटन भी उनके ही हाथ से हो रहा है। 

01:06 PM, 07-Dec-2021

सीएम योगी ने पीएम को भेंट किया अंगवस्त्र और लोगों को किया संबोधित

सीएम योगी ने मंच पर पीएम मोदी को अंग वस्त्र भेंट किया और अब वह लोगों को संबोधित कर रहे हैं। सीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूर्वी यूपी अभिभूत और उद्वेलित है और आनंद का उत्सव मना रहा है क्योंकि पीएम उनके बीच हैं। मैं आप सब की ओर से पीएम मोदी का इस पावन धरती पर स्वागत करता हूं।

01:04 PM, 07-Dec-2021

मंच पर पहुंचे पीएम मोदी

पीएम मोदी मंच पर पहुंच चुके हैं और कुछ ही देर में कई कई परियोजनाओं को जनता को सौंपेंगे।

12:49 PM, 07-Dec-2021

एयरपोर्ट पर हुआ स्वागत

सीएम योगी ने गोरखपुर एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया।

12:43 PM, 07-Dec-2021

गोरखपुर पहुंचे पीएम मोदी

पीएम मोदी का विमान गोरखपुर पहुंच गया है। थोड़ी ही देर में वह जनता को 10 हजार करोड़ की सौगात देंगे।

12:32 PM, 07-Dec-2021

सीएम योगी ने दी जानकारी

सीएम योगी ने कू पर कहा कि विकास के नए क्षितिज पर गोरखपुर, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शिव अवतारी महायोगी बाबा गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर में लगभग ₹10,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न लोक-कल्याणकारी विकास परियोजनाओं को लोकार्पित कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे।





12:23 PM, 07-Dec-2021

क्षेत्रीय अध्यक्ष व भीड़ के बीच कहासुनी

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह से भीड़ की कहासुनी हो गई। फिलहाल मामला शांत हो गया। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश को लेकर आपाधापी मच गई थी। प्रवेश द्वार पर कार्यकर्ताओं ने दूसरे गेट से जाने को बोला तो कार्यकर्ता हंगामा करने लगे। इसी बात को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह से कहासुनी हो गई।

 

12:17 PM, 07-Dec-2021

बीआरडी के आरएमआरसी का भी लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (आरएमआरसी) का लोकार्पण भी कर रहे हैं। यहां विषाणुजनित बीमारियों पर शोध के साथ ही ट्रेनिंग की भी सुविधा होगी। इससे उत्तर प्रदेश और बिहार की बड़ी आबादी लाभान्वित होगी।

12:09 PM, 07-Dec-2021

मुख्य मंच पर पहुंचे विधायक व एमएलसी

लोकार्पण कार्यक्रम के लिए बनाए गए मुख्य मंच के दाईं तरफ विधायक शीतल पांडेय, राघवेंद्र सिंह, एमएलसी सीपी चंद व अन्य मौजूद हैं। बता दें कि कार्यक्रम के लिए तीन मंच बनाए गए हैं। गोरखपुर-बस्ती मंडल के अन्य जिलों के सभी विधायक, विधान परिषद सदस्य, भाजपा के महत्वपूर्ण पदाधिकारी बगल के वीआइपी मंच पर मौजूद रहेंगे।

12:00 PM, 07-Dec-2021

मुख्य मंच बना, पब्लिक गैलरी में लगाई गईं कुर्सियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी के लिए खाद कारखाना मैदान सजकर तैयार हो गया है। थोड़ी ही देर में पीएम मोदी मुख्य मंच से जनता को संबोधित करेंगे। लोगों की सुविधा को देखते हुए पब्लिक गैलरी में कुर्सियां लगाई गई हैं। लोकार्पण स्थल व रैली मैदान में प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं।

11:49 AM, 07-Dec-2021

रोडवेज बस न मिलने के कारण लोग परेशान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चूंकि पीएम के कार्यक्रम में सभी रोडवेज बसों को लगाया गया है। ऐसे में बस स्टेशन पर दूसरे जिले के लोग बस न मिलने के कारण अधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। की बसें रैली में चली गईं हैं। लोग साधन के लिए परेशान घूम रहे हैं

 

11:35 AM, 07-Dec-2021

मुख्यमंत्री योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट है खाद कारखाना

खाद कारखाने के रूप में गोरखपुर को केंद्रित कर पूर्वांचल के किसानों और नौजवानों के हित में योगी आदित्यनाथ का सपना साकार हो गया है। अपने संसदीय कार्यकाल में करीब दो दशक तक जिसके लिए वह संघर्षरत रहे, उसका परिणाम आज सामने है। गोरखपुर का खाद कारखाना मुख्यमंत्री योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है।

11:24 AM, 07-Dec-2021

गोरखपुर एम्स में होगा लाइव प्रसारण

एम्स के लेक्चर-3 हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण होगा। एम्स प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। बता दें कि पीएम मोदी गोरखपुर खाद कारखाने से ही एम्स का उद्घाटन करेंगे।

11:11 AM, 07-Dec-2021
मुख्य मंच पर कलाकारों ने दी प्रस्तुति। - फोटो : अमर उजाला।

वृंदावन व बांके बिहारी की गूंज से गुंजायमान हुआ खाद कारखाना परिसर

'वृंदावन धाम अपार, जपे जा राधे राधे, राधे सब वेदन को सार, जपे जा राधे राधे' भजन के साथ पूरा सभा स्थल गुंजामय है। कार्यक्रम स्थल पर बांके बिहारी की रासलीला पर आधारित लोक नृत्य का कलाकारों ने प्रदर्शन किया। मुख्य मंच के  बायीं तरफ भारत सरकार रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की तरफ से लोक नृत्य का आयोजन किया। मथुरा वृंदावन से आए कलाकारों ने राधा श्याम के भजन गीतों पर प्रस्तुति दी। 'हमारे राम जी उत्तरीहें गंगा घाट, गंगा मैया धीरे बहो' भजन ने श्रोताओं को बांधे रखा है।

11:05 AM, 07-Dec-2021

आईसीएमआर परिसर में कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर

आईसीएमआर का कार्यकारी स्टाफ प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो चुका है। इधर, आईसीएमआर परिसर में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। लोगों के अंदर उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।

10:53 AM, 07-Dec-2021

गोरखपुर खाद कारखाना : एक नजर में

  • शिलान्यास - 22 जुलाई 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों
  • संचालनकर्ता : हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड
  • कार्यदायी संस्था - टोयो जापान
  • कुल लागत -  8603 करोड़ रुपये
  • क्षेत्रफल  - 600 एकड़
  • यूरिया प्रकार - नीम कोटेड
  • प्रिलिंग टॉवर - 149.2 मीटर ऊंचा (विश्व में किसी भी खाद कारखाने में सबसे ऊंचा)
  • रबर डैम का बजट- 30 करोड़
  • रोजाना यूरिया उत्पादन - 3850 मीट्रिक टन
  • रोजाना लिक्विड अमोनिया उत्पादन -2200 मीट्रिक टन

10:52 AM, 07-Dec-2021

योगी की मांग पर मोदी ने निभाया वादा

गोरखपुर में 1968 में स्थापित फर्टिलाइजर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया के खाद कारखाने को 1990 में हुए एक हादसे के बाद बंद कर दिया गया। एक बार यहां की मशीनें शांत हुईं तो तरक्की से जुड़ी उनकी आवाज को दोबारा सुनने की दिलचस्पी सरकारों ने नहीं दिखाई। 1998 में गोरखपुर से पहली बार सांसद बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने हर सत्र में खाद कारखाने को चलाने या नए प्लांट के लिए आवाज बुलंद की। साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने सांसद योगी आदित्यनाथ की मांग पर संजीदगी दिखाई और 22 जुलाई 2016 को नए खाद कारखाने का शिलान्यास किया था।

10:31 AM, 07-Dec-2021

PM Modi in Gorakhpur: पीएम मोदी ने साधा अखिलेश पर निशाना, बोले- लाल टोपी वालों को सिर्फ लाल बत्ती से मतलब है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गोरखपुर आ रहे हैं, यहां वह जिले को 10 हजार करोड़ रुपये की सौगात देंगे इसमें न सिर्फ खाद कारखाना बल्कि एम्स भी शामिल है। प्रधानमंत्री की इन सौगातों के बाद गोरखपुर में वायरस जनित बीमारियों की विश्व स्तरीय जांच के लिए नमूने अब बाहर नहीं भेजने पड़ेंगे। इनकी जांच यहीं हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को खाद कारखाना और एम्स के साथ ही बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बने रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (आरएमआरसी) के अत्याधुनिक नौ लैब का शुभारंभ भी करेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें