राजू श्रीवास्तव को अंतिम बार विदाई देने उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री, सुनील पाल, मधुर भंडारकर, ऐहसान कुरैशी आदि श्मशान घाट पहुंचे थे। सभी ने उन्हें नम आंखों से अलविदा कहा।
राजू श्रीवास्तव पंचतत्व में विलीन हुए। कॉमेडियन की अंतिम यात्रा में शामिल हुए लोगों ने 'अमर रहे' के नारे लगाए।
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का पार्थिव शरीर निगमबोध घाट पहुंच चुका है। बता दें कि राजू की अंतिम यात्रा उनके भाई के घर दशरथपुरी से शुरू हुई थी। थोड़ी ही देर में राजू को मुखाग्नि दी जाएगी।
नम आंखों से अपने दोस्त राजू श्रीवास्तव को अंतिम विदाई देने पहुंचे सुनील पाल, कहा- वह आज के चार्ली चैप्लिन थे।
राजू की पार्थिव देह को दिल्ली के द्वारिका के दशरथपुर से निगमबोध शमशान ले जा रहा है। वहीं उनका अंतिम संस्कार होगा।
लोकप्रिय कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज सुबह 10 बजे निगमबोध घाट पर राजू को अंतिम विदाई दी जाएगी।
राजू श्रीवास्तव को अंतिम विदा देने के लिए उनके दोस्त और कॉमेडियन एहसान कुरैशी और सुनील पाल भी पहुंच चुके हैं। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए सुनील पाल ने कहा कि, ''उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। वह हमारे शिक्षक थे।''
अभिनेता गुरमीत चौधरी ने राजू श्रीवास्तव को याद करते हुए बताया कि कैसे वह राजू श्रीवास्तव के कॉमेडी शो को देखकर उनके प्रशंसक बन गए थे।
राजू श्रीवास्तव के निधन से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। फैंस से लेकर उनके दोस्त और इंडस्ट्री के कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अभिनेता शैलेश लोढ़ा ने राजू श्रीवास्तव को याद करते हुए पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्होंने क्यों उनका नंबर 'राजू आओ आओ' से सेव कर रखा था।
राजू श्रीवास्तव का आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर सुबह 10 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। कॉमेडियन की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए कई कलाकार और उनके दोस्त दिल्ली स्थित उनके भाई के घर पहुंच चुके हैं।
कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव के निधन से हर कोई दुखी है। उनके फैंस से लेकर परिवार और दोस्तों तक सभी उनके जल्द ही ठीक होने की कामना कर रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। कॉमेडियन के निधन के बाद से ही दोस्त, रिश्तेदार और प्रशंसक किदवई नगर स्थित उनके आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
बुधवार को दुनिया से अलविदा ले चुके कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के अंतिम दर्शन गुरुवार सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। इसके बाद दिल्ली के निगमबोध घाट पर कॉमेडियन का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस बारे में बीते दिन उनके परिवार ने पुष्टि की थी।
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने ट्वीट कर राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुख जताया। अजय देवगन ने ट्वीट किया "अपने जीवनकाल में आपने हमें ऑन और ऑफ स्क्रीन हंसी का उपहार दिया। आपका असामयिक निधन मुझे बहुत दुखी करता है। आरआईपी राजू। ऊं शांति। ईश्वर आपके परिवार को इस शोक की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।"
10 अगस्त को जिम में वर्कआउट दौरान राजू को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया था। बीते 41 दिन से वेंटिलेटर पर मौत से जंग लड़ रहे राजू श्रीवास्तव ने बुधवार को अपने प्राण त्याग दिए।
बुधवार को ही राजू श्रीवास्तव के पार्थिव शरीर को द्वारिका में भतीजे मयंक श्रीवास्तव का घर पहुंचाया गया। वहीं, सुबह आठ बजे तक उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।