उत्तर 24-परगना के दमदम में भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने दमदम निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शीलभद्र दत्त के समर्थन में रोड शो किया। TMC ने दमदम सीट से मौजूदा सांसद सौगत रॉय को मैदान में उतारा है। दमदम में 1 जून को मतदान होना है।
बिहार के पटना में कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने सुने होंगे आपने, ये(400 पार) भी वही है... इस चुनाव में उनके लिए 300 पार करना भी बहुत कठिन होगा। वे(भाजपा) 200 के लिए भी लड़ रहे हैं। हम पांच चरण में जो देख रहे हैं, लोग इस सरकार से काफी असंतुष्ट हैं... महंगाई भी बढ़ती जा रही है... पीएम मोदी ने किसान परिवार से कहा था कि आय दोगुनी करेंगे लेकिन कुछ नहीं हुआ... ये सब देखने के बाद लोग कहते हैं कि क्यों इस सरकार को एक और मौका दें?... हमें कोई शक नहीं है कि इस बार, 4 जून को सरकार बदलने वाली है।'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'पंजाब देश का सीमावर्ती राज्य है हमें इसे दोबारा से संकट में नहीं जाने देना है, कांग्रेस ने दशकों तक यहां जो पाप किए थे, अब झाड़ू पार्टी कांग्रेस की उसी विष बेल को खाद, पानी दे रही है। इन्होंने कहा था कि ये 2 महीने में नशे के कारोबार को बंद करेंगे लेकिन आज पंजाब में ड्रग्स डीलर्स को पंजाब में फ्री लाइसेंस मिला है... पंजाब के लोग भी समझ गए हैं कि झाड़ू पार्टी वाले नशे के थोक व्यापारी हैं, जिन्होंने इतना बड़ा शराब घोटाला किया हो वे पंजाब की काली कमाई में डुबकी कैसे नहीं लगाएंगे?'
पंजाब के जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'देश में 5 चरणों का चुनाव हो चुका है, कल छठे चरण का चुनाव होने वाला है... जो लोग कल तक भाजपा के खिलाफ गुब्बारा फुला रहे थे उनका गुब्बारा भी फूट चुका है। अब कांग्रेस और INDI गठबंधन को कोई वोट नहीं देना चाहता। कश्मीर से कन्याकुमारी तक यह तय हो चुका है कि 'फिर एक बार मोदी सरकार'। आज देश भी समझ रहा है कि जब तक कांग्रेस है तब तक समस्याएं हैं। जहां कांग्रेस है वहां समस्याएं हैं और जहां भाजपा है वहां समाधान है...इसलिए देश ने नारा बुलंद किया है '4 जून 400 पार।'
झारखंड के मधुपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस पार्टी, हेमंत सोरेन अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए, अल्पसंख्यक वोट बैंक के लिए SC,ST, OBC के आरक्षण पर डाका डालकर मुसलमानों को देना चाहते हैं। कर्नाटक में 5% आरक्षण मुसलमानों को दे दिया, हैदाराबाद में 4% और ममता बनर्जी ने 180 जातियों को पिछड़ा वर्ग में अनधिकृत रूप से डालने का काम किया। कलकत्ता हाई कोर्ट ने इसपर रोक लगा दी तो राहुल बाबा व्याकुल हो गए... मैं आज यहां कहकर जाता हूं कि जब तक भाजपा है, आदिवासी, दलितों और पिछड़े वर्ग का आरक्षण हम नहीं लूटने देंगे।'
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद ही बंगलूरू महानगर पालिका के चुनाव की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। सीएम ने बताया कि वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब वार्डों में आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। सीएम ने कहा कि हम जिला और तालुक पंचायत चुनाव के लिए तैयार हैं। लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती के बाद ही हम ग्राम पंचायत, तालुक पंचायत, जिला पंचायत के चुनाव कराएंगे। साथ ही बृहत बंगलूरू महानगर पालिका के चुनाव भी कराए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा, 'INDI गठबंधन वाले देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा हैं, ये फिर से कश्मीर में 370 लागू करने की बात कर रहे हैं। इन्हें फिर से कश्मीर में आतंकवाद चाहिए, ये फिर से पाकिस्तान को दोस्ती के पैगाम भेजेंगे, उन्हें गुलाब भेजेंगे और पाकिस्तान बम धमाके करता रहेगा, आतंकी हमले होते रहेंगे और कांग्रेस कहेगी कि कुछ भी हो बातचीत तो करनी होगी... इनके नेता कह रहे हैं कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम है... क्या आपको यह सुनकर डर लगता है? यह कांग्रेस वाले कांप रहे हैं, क्या ऐसे लोग देश चला सकते हैं?'
पीएम मोदी ने कहा 'कांग्रेस जब पंजाब में सत्ता में थी तो वह रिमोट से सरकार चलाना चाहती थी लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली के शहजादे का आदेश मानने से इनकार कर दिया, वे सेना के जांबाज थे उन्होंने सीमावर्ती राज्य होने के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता दी, इसका परिणाम हुआ कि कांग्रेस के शाही परिवार ने उन्हें सत्ता से हटा दिया... दुर्भाग्य से आज भी पंजाब को रिमोट से चलाने की कोशिश हो रही है। दिल्ली के दरबारी पंजाब चला रहे हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री अपने आप एक फैसला नहीं ले सकते। इनके मालिक जेल गए तो पंजाब की सरकार ठप्प पड़ने लगी... 1 जून के बाद कट्टर भ्रष्टाचारी फिर जेल जाएंगे तो क्या फिर पंजाब की सरकार जेल से चलेगी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के गुरदासपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आज एक ओर भाजपा और NDA है, विकसित भारत का स्पष्ट विज़न है, 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड है, भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार है। दूसरी ओर, INDI गठबंधन घोर साम्प्रदायिक, घोर जातिवादी, घोर परिवारवादी है, वे (INDIA गठबंधन) आए दिन जनता को मूर्ख बनाने के लिए खेल खेल रहे हैं। ये लोग दिल्ली में दोस्ती का दिखावा करते हैं और यहां पंजाब में एक-दूसरे को गाली देते हैं। जनता भी जान गई है कि इन दोनों दुकानों का शटर एक ही है।'
झारखंड के दुमका में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'अभी ये जो जेल में बैठकर निवेदन कर रहे हैं, उनके लिए और कांग्रेस पार्टी के लिए ये झारखंड एक वोट बैंक है, प्रॉपर्टी है, लैंड बैंक है, भ्रष्टाचार का ATM है। मैं आज हेमंत सोरेन को पूछने आया हूं कि जिस कांग्रेस ने सालों तक झारखंड के विकास को रोक कर रखा, आज वे मुख्यमंत्री बनने के लिए कांग्रेस पार्टी की गोदी में बैठकर झारखंड के साथ अन्याय कर रहे हैं।'
झारखंड के देवघर में गोड्डा से भाजपा सांसद और उम्मीदवार निशिकांत दुबे ने कहा, 'जयराम रमेश की बातों को कभी गंभीरता से नहीं लेना चाहिए...जयराम रमेश और शशि थरूर ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस को नष्ट करने में लगा दिया है।'
हिमाचल प्रदेश के मंडी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आपने दशकों तक कांग्रेस का शासन देखा है। कांग्रेस को ऐसा भारत पसंद है जहां गरीबी हो, संकट हो, नागरिक समस्याओं से घिरे हों इसलिए वो देश में पुराने हालात वापस लाना चाहती है। वो देश के विकास में रिवर्स गीयर लगाना चाहती है। इसलिए कांग्रेस कह रही है कि अगर हम सत्ता में आएंगे तो 370 वापस लाएंगे, CAA को खत्म करेंगे। कांग्रेस के साथी तो कह रहे हैं कि हम देश के परमाणु हथियार खत्म कर देंगे।'
उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने कहा, 'हम चुनाव को कभी हल्के में नहीं लेते इसलिए हमने 84 दिनों में लगभग 780 नुक्कड़ सभा और बैठकें की हैं... मेरा मानना है कि हमारे लिए कन्हैया कुमार कोई चुनौती नहीं है। कन्हैया कुमार को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने अपना अंतिम अध्याय लिख दिया है... कल लोग बहुत बड़ी संख्या में मतदान करेंगे और वो मोदी जी को पीएम बनाने के लिए होगा।'
छठे चरण के चुनाव के लिए तैयारी और व्यवस्था पर सीईसी राजीव कुमार ने कहा, 'कल कुल 8 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के 58 लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है जिसमें ओडिशा विधानसभा की 42 सीट शामिल है। कल करीब 11.13 करोड़ लोग वोट देने जाएंगे। वह करीब 1 लाख 14 बजार बूथ में वोट देने जाएंगे...हमने गर्मी के इंतजाम किए हुए हैं, सभी व्यवस्था है तो आप बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।...दिल्ली में अच्छी व्यवस्था है।'
भुवनेश्वर के डीजीपी ओडिशा अरुण कुमार सारंगी ने कहा, 'लोकसभा चुनाव के छठे चरण और ओडिशा विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए कल मतदान होगा। 6 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों और 42 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। कुल पोलिंग बूथ की संख्या 10,551 है जिसमें से 20% बूथ संवेदनशील हैं। मतदान के इस चरण के लिए कुल 35 हजार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी, इसमें केंद्रीय अर्धसैनिक बल और राज्य पुलिस बल शामिल हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 21 कंपनियां तैनात रहेंगी।'