केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से पूर्व भाजपा सांसद नामग्याल कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसकी घोषणा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल दौरे पर पहुंचे हैं। राजनीतिक कार्यक्रम और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पीएम मोदी 3 मई को राज्य भर में बर्धमान-दुर्गापुर, कृष्णानगर, बोलपुर और सिंहभूम में चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
चुनाव आयोग ने सार्वजनिक पद के कथित दुरुपयोग की शिकायतों के बाद ओडिशा की वरिष्ठ नौकरशाह सुजाता आर कार्तिकेयन के तबादले का आदेश सुनाया है। सूत्रों ने बताया कि गैर-सार्वजनिक व्यवहार वाले विभाग में तत्काल स्थानांतरित किया जाएगा। सुजाता ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी बीजेडी नेता वीके पांडियन की पत्नी हैं।
कार्तिकेयन ओडिशा के मिशन शक्ति विभाग में आयुक्त सह सचिव के पद पर थीं। सूत्रों के मुताबिक पद के कथित दुरुपयोग की शिकायतों के बाद कार्तिकेयन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। भाजपा ने कार्तिकेयन को उनके पद से हटाने के लिए चुनाव आयोग में याचिका दायर की थी। उन पर सत्तारूढ़ बीजद के एजेंट के रूप में 'सक्रिय रूप से' काम करने के आरोप भी लगे।
लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात में भाजपा समर्थकों की संख्या बढ़ी है। लगभग 45 पूर्व शाही परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना समर्थन देने का एलान किया है। राजपरिवार से जुड़े सदस्यों ने राजकोट में जमा होने के बाद पीएम मोदी का समर्थन करने की घोषणा की। घोषणा के समय 15-16 पूर्व शाही परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। अन्य लोगों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अपने समर्थन का एलान किया।
चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को सर्वेक्षण की आड़ में मतदाताओं का पंजीकरण बंद करने का निर्देश दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजनीतिक पार्टियों पर आरोप लगे हैं कि चुनाव के बाद लाभार्थी बनने का प्रलोभन देकर कथित तौर पर सरकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण कराए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने नड्डा के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि जनता के बीच जो भी समानता की मांग करता है उसे नक्सली बताया जाता है। राहुल ने कहा, भाजपा नेताओं ने एक बार फिर संविधान पर हमला किया है। नड्डा कह रहे हैं कि अगर दलित, पिछड़ी जातियां और आदिवासी समानता चाहते हैं तो वे नक्सली हैं। संविधान पर इससे बड़ा कोई हमला नहीं हो सकता.''
कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'संविधान पर हमले' के लिए दलितों, आदिवासियों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि अगर भाजपा संविधान की रक्षा करना चाहती है, तो उसके अध्यक्ष समानता पर हमला क्यों कर रहे हैं? वह समानता की मांग करने वालों को नक्सली क्यों कहते हैं? पीएम को इन सवालों के जवाब देने चाहिए।
गुजरात के जूनागढ़ में चुनाव प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके दिल में केवल एक ही भावना है। उन्होंने कहा कि 'मेरा भारत मेरा परिवार' भाव रखकर उन्होंने कई संकल्प लिए हैं। बकौल पीएम मोदी उन्होंने 2047 के लिए चौबीसों घंटे काम (24/7 for 2047) करने की कसम खाई है।
गुजरात के भावनगर में आम आदमी पार्टी का प्रचार करने पहुंचीं सुनीता केजरीवाल ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 40 दिनों से दिल्ली के सीएम और मेरे पति को जबरदस्ती जेल में रखा गया है। सुनीता केजरीवाल ने कहा, 'वे (केंद्र और सीबीआई / ईडी) कहते हैं कि जांच चल रही है, अगर 10 साल तक जांच चलेगी तो क्या वे उन्हें 10 साल तक जेल में रखेंगे? यह स्पष्ट रूप से तानाशाही है। वे (अरविंद केजरीवाल) पढ़े-लिखे, देशभक्त और सच्चे व्यक्ति हैं। समाज सेवा के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी और झुग्गियों में जाकर उनके लिए काम किया। जब हमारी शादी हुई तो उन्होंने मुझसे बस एक ही सवाल पूछा, मैं समाज सेवा करना चाहता हूं, क्या तुम्हें इससे कोई दिक्कत नहीं होगी?'
कर्नाटक के शिवमोगा में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, 'महालक्ष्मी योजना हिंदुस्तान की अगली सरकार बनाने जा रही है। हर गरीब परिवार की लिस्ट बनाई जाएगी। हर परिवार में से एक महिला का नाम चुना जाएगा और साल के एक लाख रुपए उस महिला के बैंक अकाउंट में चले जाएंगे। हर महीने 8,500 रुपए खटाखट-खटाखट आपके बैंक अकाउंट में जाएंगे। हम पहली नौकरी पक्की योजना लागू करने जा रहे हैं। एक साल की नौकरी मिलेगी, 8,500 रुपए हर महीने बैंक अकाउंट में जाएंगे, एक लाख रुपए साल के होंगे और देश के सभी स्नातकों को अच्छी गुणवत्ता की ट्रेनिंग मिलेगी।'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'लोकसभा चुनाव को लेकर पूरे देश में जो माहौल है उस माहौल को ध्यान में रखते हुए मैनपुरी भी इस बार परिवर्तन की राह पर चल रहा है। सपा और कांग्रेस का ये गठबंधन भारत को एक बार फिर से गुलामी की ओर धकेलने की साजिश का हिस्सा है। ये SC,ST और OBC के आरक्षण में सेंध लगाकर अल्पसंख्यकों को बांटने की साजिश रच रहे हैं। INDI गठबंधन को वोट देने का मतलब भारत की आस्था के साथ खिलवाड़ और कोई भी सच्चा भारतीय जो अपनी आस्था को सम्मान करते हैं वे कांग्रेस गठबंधन की इस साजिश को कतई सफल नहीं होने देंगे।'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कल्याण लोकसभा सीट से शिवसेना उम्मीदवार श्रीकांत शिंदे की नामांकन रैली में हिस्सा लिया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'अबकी बार 400 पार पक्का है, फिर एक बार मोदी सरकार भी पक्का है। देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है।'
अमेठी और रायबरेली से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की उम्मीदवारी पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा, 'अमेठी में राहुल गांधी को जनता ने बहुत आशीर्वाद दिया। 5 साल में जनता से संपर्क बरकरार रहना चाहिए था। रायबरेली ने वर्षों से आशीर्वाद दिया है। कल नामांकन का आखिरी दिन है और अभी तक उस पर निर्णय नहीं लेना, मुझे लगता है कि उनके सलाहकार वामपंथी विचारधारा के शिकार हैं। चुनाव में हार जीत लोकतंत्र का हिस्सा है। अगर जनता नाराज भी है तो भी दिल खोल कर जाना चाहिए वापस आशीर्वाद मांगना चाहिए था।'
कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद भाजपा नेता नवीन जिंदल ने कहा, 'हम सभी क्षेत्रों का विकास करेंगे। मुझे लोगों का समर्थन और प्यार मिल रहा है। लोगों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भाजपा पर भरोसा है। हरियाणा सरकार ने पिछले 9 वर्षों में बहुत सारे विकास कार्य किए हैं।'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'कांग्रेस के कारण दशकों तक देश के संविधान के साथ खिलवाड़ हुए। सरदार साहब बहुत जल्दी चले गए, जिसकी वजह से देश को बहुत नुकसान हुआ। मेरे मन में है कि मैं सरदार साहब के सपने भी पूरे करने की कोशिश करूं। कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं, लेकिन कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में 2 संविधान, 2 झंडे थे, 2 प्रधानमंत्री थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।'
प्रधानमंत्री ने कहा, '2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। 10 साल में इस गुजराती ने, चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, '60 साल में कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, बैंकों पर कब्जा कर लिया और ये कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर करने के बावजूद भी कांग्रेस सरकार 60 साल में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खोल पाई। मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले।'
गुजरात के आणंद में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है और देश ने 10 साल भाजपा का सेवा काल भी देखा है। वो शासन काल था ये सेवा काल है। कांग्रेस के 60 साल के शासन में करीब 60% ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 60 साल बाद 10 साल में भाजपा सरकार ने शत प्रतिशत शौचालय बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ 3 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई यानी 20% भी नहीं, 10 साल में नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या 14 करोड़ घर हो गई है, यानी 75% घरों में नल से जल पहुंचा है।'
लोजपा (रामविलास) प्रमुख और हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार चिराग पासवान ने नामांकन दाखिल करने से पहले अपने आवास पर पूजा की। चिराग पासवान ने कहा, 'पापा की कमी महसूस हो रही है। यह पहली बार है जब पापा के बिना मैं नामांकन भरने जा रहा हूं...मुझे उम्मीद है कि जैसे पापा को हाजीपुर के लोगों ने हमेशा स्नेह और आशीर्वाद दिया, वही प्यार और आशीर्वाद मुझे भी मिलेगा...मैं किसी भी चुनौती या चुनाव को हल्के में नहीं लेता।'
केंद्रीय मंत्री और संबलपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने अपना नामांकन दाखिल करने से पहले मां समलेश्वरी मंदिर में पूजा की। पूजा अर्चना के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'मां समलेश्वरी का आशीर्वाद लेकर आज मैं नामांकन भरने जा रहा हूं...इस बार ओडिशा 21 की 21 सीटें प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद के रूप में देगा। यहां के गरीब, दलित, आदिवासी, सब मोदी जी के साथ हैं और सभी भाजपा को जिताएंगे।'
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'जनता सच्चाई के साथ होती है, कांग्रेस के जो मुद्दे हैं वे जनता के मुद्दे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, गरीब अमीर के बीच की खाई का मुद्दा कांग्रेस का भी है और जनता का भी है...जब प्रधानमंत्री से कांग्रेस के घोषणा पत्र की आलोचना होने लगी तो ज्यादा से ज्यादा लोग घोषणा पत्र को डाउनलोड करने लगे। उससे घोषणा पत्र और लोकप्रिय हो गया।'