बीजद ने विधानसभा चुनाव के लिए की आठ उम्मीदवारों की घोषणा
बीजद ने ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की 8वीं सूची जारी की। ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री प्रधान कर रहे हैं प्रचार
केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने पल्लाहारा विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। यहां उन्होंने एक दुकान पर चाय पी और स्थानीय लोगों से बात की।
गुजरात के वड़ोदरा में आयोजित रोड शो में शामिल हुए गृहमंत्री अमित शाह
एनसीपी-एससीपी नेता जितेंद्र अवहाड़ मामला दर्ज
मणिपुर पुलिस ने बताया कि फर्जी वीडियो साझा करने के लिए एनसीपी-एससीपी नेता जितेंद्र अवहाड़ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में बरसे पीएम मोदी
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोल्हापुर महाराष्ट्र का फुटबॉल केंद्र है। यहां युवाओं के बीच फुटबॉल काफी लोकप्रिय है। पीएम मोदी ने कहा कि अगर मैं फुटबॉल की भाषा में बोलूं तो लोकसभा चुनाव में दूसरे चरण का मतदान खत्म होने के बाद भाजपा 2-0 से आगे हैं।
नसीम खान से मिलीं वर्षा गायकवाड़
मुंबई कांग्रेस प्रमुख वर्षा गायकवाड़ ने शनिवार को नसीम खान से मुलाकात की। बता दें, एक दिन पहले ही नसीम ने मुस्लिम उम्मीदवारों की कमी के कारण पार्टी की चुनाव अभियान समिति से इस्तीफा दे दिया था। कहा जा रहा है कि वे खुद मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाह रहे थे लेकिन पार्टी ने गायकवाड़ को टिकट दे दिया। शनिवार को खान और गायकवाड़ के बीच 25 मिनट तक मुलाकात हुई। खान ने कहा कि वह पार्टी के लिए प्रचार नहीं करने के अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि गायकवाड़ मेरी छोटी बहन हैं और कभी भी मुझसे मिल सकती हैं। मैं अपने रुख पर कायम हूं। न केवल महाराष्ट्र में, बल्कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी कोई (कांग्रेस) मुस्लिम उम्मीदवार नहीं है।
भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारी की चौथी सूची जारी की है।
प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने शनिवार को दावा किया कि भाजपा आलाकमान अभी सिर्फ दिखावा कर रही है कि वे संविधान नहीं बदलेंगे लेकिन सत्ता में वापस आते ही पार्टी संविधान बदल देगी। पीएम पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी महंगाई आदमी हैं। वलसाड लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अनंत पटेल के समर्थन में आयोजित एक सार्वजनिक रैली में उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कह रहे हैं कि वे संविधान बदलेंगे लेकिन पीएम मोदी लगातार इनकार कर रहे हैं।
कर्नाटक के चामराजनगर लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ पर पुनर्मतदान
चुनाव आयोग ने शनिवार को कहा कि कर्नाटक के चामराजनगर संसदीय क्षेत्र के हनूर के एक मतदान केंद्र पर 29 अप्रैल को पुनर्मतदान कराया जाएगा। आयोग ने कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के अनुसार 26 अप्रैल को मतदान केंद्र संख्या 146, सरकारी निम्न प्राथमिक विद्यालय, इंदिगानाथ, 221-हंसूर विधानसभा क्षेत्र में हुआ मतदान शून्य माना जाएगा।
मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से भाजपा उम्मीदवार होंगे उज्ज्वल निकम
भाजपा ने पूनम महाजन का टिकट काटकर मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से उज्ज्वल निकम को अपना उम्मीदवार बनाया है।
एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने कांग्रेस नेता के इस्तीफे का किया समर्थन
कांग्रेस नेता द्वारा स्टार प्रचारक पद से इस्तीफा देने पर एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने कहा कि इंडी गठबंधन ने महाराष्ट्र की 48 में से एक भई लोकसभा सीट पर मुस्लिम को टिकट नहीं दिया है। राज्य में 48 सीटें हैं। कम से कम तीन सीटें तो मुस्लिमों को दी जानी चाहिए। ऐसा क्यो। आपको 90 प्रतिशत मुस्लिम वोट चाहिए लेकिन उनके राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कुछ नहीं करना चाहते।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भरूच और पोरबंदर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनता एक बार फिर मोदी सरकार को चुनने का संकल्प ले चुकी है। इससे पहले उन्होंने पोरबंदर की रैली में कहा, गुजरात की जनता देश के विकास के स्पष्ट विजन और रोडमैप वाली भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है। पोरबंदर वासियों के जोश और उत्साह ने बता दिया है कि तुष्टीकरण में डूबी कांग्रेस का हाथ इस बार भी खाली ही रहने वाला है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'एक तरफ 'सबका साथ, सबका विकास' के नारे के साथ भाजपा और NDA है और दूसरी तरफ कांग्रेस-सपा का INDI गठबंधन है। कांग्रेस ने 1947 में देश का विभाजन कराया। पहले देश को बांटा और अब कांग्रेस अपने घोषणापत्र में कह रही है कि हम भारत में संपत्ति का सर्वे करवाएंगे... अगर आपके बाप-दादा ने 4 कमरों का घर बनाया है तो आप 2 कमरो में रहो, 2 कमरे कांग्रेस और सपा के अधिकार में चला जाएगा...पहले देश को बांटा, आज आपकी संपत्ति को बांटने की साजिश ये लोग कर रहे हैं।'
गुजरात के वलसाड में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र की इस बार बहुत चर्चा है... इस बार हमने इसे 'न्यायपत्र' का नाम दिया है क्योंकि हम देख रहे हैं कि पिछले 10 सालों से बड़ी-बड़ी बातें की गई है लेकिन आपके जीवन में कुछ भी बदलाव नहीं हुए हैं। राहुल गांधी ने एक न्याय यात्रा निकाली... ये कहने के लिए कि अब देश को न्याय चाहिए... क्योंकि आपके साथ अन्याय हो रहा है।'
कर्नाटक CM सिद्धारमैया ने कहा, 'संविधान में सामाजिक और शैक्षिक तौर पर पिछड़े लोगों के लिए आरक्षण का प्रावधान है। संविधान में किसी धर्म विशेष की बात नहीं की गई है...प्रधानमंत्री मोदी वोटों का ध्रुवीकरण करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं।' दरअसल कर्नाटक में पूरे मुस्लिम समुदाय को ओबीसी आरक्षण में शामिल किया गया है। इसे लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के बयान पर कहा, 'ये कांग्रेस का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी जैसे नेता कांग्रेस पार्टी में है। जिन्हें खुद ही समझ नहीं आता कि वे क्या बोल रहे हैं तो लोग उसे क्या समझेंगे... कांग्रेस पार्टी एक तरह से नेता विहीन पार्टी है।'
AIMIM प्रमुख और हैदराबाद लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी ने घर-घर चुनाव अभियान चलाया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'कोई सरकारी कर्मचारी अगर किसी भी आरोप में पकड़ा जाता है तो 48 घंटे के अंदर उसका इस्तीफा ले लिया जाता है। अरविंद केजरीवाल, आप तो सरकार चलाने वाले मुख्यमंत्री हैं। आपको शर्म आनी चाहिए थी। अब तक आपको इस्तीफा दे देना चाहिए था लेकिन कुर्सी का मोह, उस बंगले का मोह जो आपने जनता के पैसों से बनाया वो आपको ये पद छोड़ने नहीं दे रहा।'
आंध्र प्रदेश में YSRCP सांसद विजयसाई रेड्डी ने अपने निर्वाचन क्षेत्र नेल्लोर में चुनाव प्रचार के दौरान ऑटो चलाया।
स्मृति ईरानी ने कहा कि 'वे (राहुल गांधी) वायनाड को अपना घर बताते हैं। हमने देखा है कि लोग रंग बदलते हैं, लेकिन पहली बार हमने परिवार बदलते देखा है। भाजपा को वोट का मतलब है मुफ्त राशन। वहीं कांग्रेस देश में सभी की संपत्ति की गिनती करने की बात कह चुकी है।'