एनसीपी (एसपी) के नेता जितेंद्र अव्हाड़ ने बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर वाले पोस्टर को फाड़ने के लिए माफी मांग ली। एनसीपी नेता अजित पवार ने जितेंद्र अव्हाड़ को घटना के लिए निशाने पर लिया था और उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। वहीं भाजपा ने पूरे महाराष्ट्र में इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। ऐसे में मामला बढ़ते देख जितेंद्र अव्हाड़ ने माफी मांग ली। बता दें कि जितेंद्र अव्हाड़ ने रायगढ़ के महाड में राज्य सरकार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। यह विरोध प्रदर्शन राज्य सरकार की उस कथित योजना के खिलाफ था, जिसमें मनुस्मृति के कुछ छंदों को पाठ्यक्रम में शामिल करने की योजना शामिल है। इस विरोध प्रदर्शन के एक वीडियो में अव्हाड़ एक पोस्टर को फाड़ते नजर आए, जिस पर आंबेडकर की तस्वीर थी। इसी से विवाद हो गया।
ओडिशा के नीमापाड़ा में मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने रोड शो किया।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मैं आपको बोल रहा हूं कि बीजेपी का 400 पार होगा।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर ओडिशा के मुख्यमंत्री और BJD प्रमुख नवीन पटनायक ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी ने आज ओडिशा में एक रैली में कहा कि मेरा स्वास्थ्य ख़राब है और वे इस मामले में एक जांच कराना चाहते हैं। अगर उन्हें मेरे स्वास्थ्य की इतनी चिंता है तो वो मुझे फोन कर सकते हैं। ओडिशा और दिल्ली में भाजपा के कई नेता पिछले 10 सालों से मेरे स्वास्थ्य के बारे में ऐसी अफवाहें फैला रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री को कहना चाहता हूं कि मेरा स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है...उन्हें ओडिशा को विशेष राज्य का दर्ज़ा देने की हमारी मांग पर ध्यान देना चाहिए। हम ये मांग कई सालों से उठा रहे हैं। इससे ओडिशा के लोगों को फायदा पहुंचेगा।'
यूपी के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रवि किशन के समर्थन में रोड शो किया। रोड शो के दौरान भारी भीड़ उमड़ी।
ओडिशा के केंद्रपाड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मोदी दिल्ली से हर घर नल से जल देने में लगा है यहां हर किसी को नल नहीं मिला। ओडिशा इस स्थिति को बदलने के लिए वोट दे रहा है। ओडिशा मोदी की मुफ्त चावल योजना में भी BJD की लूट को खत्म करने के लिए वोट दे रहा है।'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत को एक मानहानिकारक लेख को लेकर नोटिस भेजा है। इस लेख में संजय राउत ने लिखा था कि सीएम शिंदे पूरी कोशिश कर रहे हैं कि एनसीपी उम्मीदवारों को हार मिले। संजय राउत ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में सीएम शिंदे द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस को साझा किया। सीएम शिंदे के करीबी सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि सीएम शिंदे ने कानूनी नोटिस भेजा है।
नोटिस में कहा गया है कि शिवसेना के मुखपत्र सामना में 26 मई को लिखे गए लेख में संजय राउत ने झूठा दावा किया कि सीएम शिंदे ने हर लोकसभा में करोड़ों रुपये बांटे हैं। लेख में ये भी दावा किया गया कि शिंदे ने अजित पवार की एनसीपी के उम्मीदवारों को हराने के लिए ये सब किया। नोटिस में कहा गया कि आपत्तिजनक लेख संजय राउत द्वारा चर्चा में आने के लिए और राजनीतिक फायदे के लिए लिखा। सीएम शिंदे ने संजय राउत से उनके दावे के पक्ष में सबूत पेश करने को कहा है। नोटिस के अनुसार, अगर संजय राउत सबूत पेश नहीं कर पाते हैं तो उन्हें तीन दिनों के भीतर माफी मांगनी चाहिए या फिर कानूनी कार्यवाही के लिए तैयार रहें। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन में भाजपा के साथ सीएम शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी सहयोगी पार्टियां हैं।
चुनाव आयोग ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों, ट्रांसजेंडरों और विशेष रूप से कमजोर आदिवासी समूहों के सदस्यों जैसे विभिन्न वर्गों के मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और 40 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों के लिए घर से मतदान की सुविधा इस संसदीय चुनाव में पहली बार अखिल भारतीय स्तर पर बढ़ाई गई थी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के हवाले से चुनाव आयोग के एक बयान में कहा गया, 'चुनावी प्रक्रियाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रयास करना आयोग का संकल्प रहा है, जो वैश्विक स्तर पर नए मानक स्थापित करता है।'
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वाराणसी संसदीय क्षेत्र में पीएम मोदी के लिए प्रचार में जुटे हैं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'जिस प्रकार से प्रधानमंत्री और योगी जी ने इस भूमि को बदला है, यहां काम हुआ है, उसे देखकर दुनिया यहां आना चाहती है... यहां प्रचार करने की आवश्यकता नहीं है। यहां लोग मोदी जी को आशीर्वाद देना चाहते हैं।'
हिमाचल प्रदेश मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा उम्मीदवार और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा, 'उनका हिमाचल के मुद्दों के साथ, हिमाचल के इतिहास के साथ कोई कनेक्ट नहीं है। मुद्दों की समझ नहीं है। उनके पास समय नहीं है। एक टांग आपकी हिमाचल में है और एक टांग आपकी मुंबई में है। मोहतरमा कह रही हैं कि 4 जून के बाद मैं मुंबई चली जाऊंगी। मेरी कई फिल्में बची हैं...इसलिए लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते हैं।'
पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फवाद हुसैन का बयान पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, 'हमने न उनका समर्थन मांगा है, न हम उन्हें चाहते हैं। पाकिस्तान अपने काम से काम रखे। हमने उनके चुनाव पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्हें भी हमारे चुनाव पर कोई टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। ये भारतवासियों का चुनाव है, हम चाहते हैं कि भारतवासी अपने भविष्य के बारे में सोचकर वोट करें।'
उत्तर प्रदेश के बलिया में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'भाजपा ने पूर्वांचल को मच्छर और माफिया दोनों से मुक्त कराने का काम भाजपा ने किया है...एक जमाने में उत्तर प्रदेश में देसी कट्टे बनते थे आज उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही हैं। तोप के गोले बन रहे हैं। अगर युद्ध की नौबत आई तो यूपी में बना तोप का गोला पाकिस्तान को सीधा करने का काम करेगा...बुचड़ खाने की जगह गौशाला बनाने का काम भाजपा ने किया है।'
प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा के बालासोर में कहा, 'आज नवीन बाबू के शुभचिंतक यह देखकर परेशान हैं कि पिछले एक साल में नवीन बाबू की तबियत लगातार बिगड़ती जा रही है। जो बरसों से नवीन बाबू के साथ रहे हैं वे बताते हैं कि अब नवीन बाबू खुद से कुछ नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे लोग यह भी आशंका जताते हैं कि नवीन बाबू की तबियत बिगड़ने के पीछे कोई साजिश भी हो सकती है, यह लोगों की आशंका है... 10 जून को जब भाजपा की सरकार बनेगी तब एक स्पेशल कमिटी गठित होगी, यह कमिटी जांच करेगी कि अचानक नवीन बाबू की तबियत खराब कैसे हो रही है। जांच करके सारी सच्चाई देश और ओडिशा के सामने लाएगी।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'इस बार लोकसभा सीट पर लोग बीजेडी उम्मीदवार को वोट देने का नाम नहीं ले रहे हैं...ओडिशा के लोग वोट बेकार नहीं होने देना चाहते हैं। लोग कहते हैं कि दिल्ली में जिसकी सरकार बन रही है हम उसे ही वोट देंगे... आपने बीजेडी को 25 साल दिए लेकिन उन्होंने विकास के नाम पर आपके साथ विश्वासघात किया।'
ओडिशा के बालासोर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, '10 साल पहले लोगों को लगता था कि घोटालों को रोकना असंभव था, 10 साल में बिना घोटाले की सरकार मोदी ने चलाकर दिखाई है। 10 पहले लगता था कि आतंकवाद थामा नहीं जा सकता है। हमने देश के बड़े शहरों को बम धमाकों से मुक्त करके दिखाया है। किसी ने नहीं सोचा था कि जम्मू-कश्मीर में शांति आएगी। हमने 370 की दीवार गिराई। आज वहां लोकतंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है। रिकॉर्ड मतदान हो रहे हैं।'
पीएम मोदी ने कहा, 'बीजद पर आपने 25 साल भरोसा किया, लेकिन बीजद ने हर कदम पर आपके भरोसे को तोड़ा है। यही BJD सरकार आदिवासी बंधुओं की जमीन हड़पने के लिए कानून लेकर आई थी। भाजपा के दबाव में उसे वो कानून वापस लेना पड़ा। अब इस बार अगर इन्हें मौका मिला, तो ये आदिवासियों की जमीन हड़पने का अवसर छोड़ेंगे नहीं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'इस चुनाव का नेतृत्व देश की जनता कर रही है क्योंकि उसी जनता ने 10 साल की विकास यात्रा भी देखी है और 60 वर्षों की दुर्गति भी देखी है। देश के करोड़ों गरीब जीवन की मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे। भारत जैसे देश में भुखमरी की खबरे आम होती थीं.... पीने के लिए पानी नहीं था, 18 हजार से ज्यादा गांवों में बिजली नहीं थी... सबसे बड़ा दुर्भाग्य ये भी था कि सुधार के लिए चर्चा भी नहीं होती थी। परिवारवाद की राजनीति ने करोड़ों युवाओं के सपनों को मार दिया था... जो देश हमारे साथ आजाद हुए थे, हमसे छोटे थे, सामान्य थे, वो आज कहां से कहां पहुंच गए। हमारे पास इतना टैलेंट, इतना सामर्थ था लेकिन हम पीछे छूटते चले गए। वही भारत जब नई रफ्तार से आगे बढ़ रहा है तो पूरी दुनिया देख रही है... ये किसने किया?'
पूरा देश ही राम भक्त: तिवारी