असम के धुबरी में चौर क्षेत्र के बच्चे और लोग स्कूल और काम पर जाने के लिए अब भी नावों पर निर्भर हैं।
भैंस की पीठ पर बैठकर नामाकंन करने पहुंचे निर्दलीय उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से निर्दलीय उम्मीदवार अजीत प्रसाद महतो भैंस की पीठ पर बैठकर नामांकन केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।
शिवसेना उम्मीदवार ने दायर किया नामांकन
मुंबई दक्षिण से शिवसेना उम्मीदवार यामिनी जाधव ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। इस दौरान, सीएम एकनाथ शिंदे, सांसद मिलिंद देवड़ा, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और उनके पति यशवंत जाधव उपस्थित रहे।
हेमंत सोरेन की बहन ओडिशा से लड़ेंगी विधानसभा-लोकसभा चुनाव
ओडिशा विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के लिए झामुमो ने उम्मीदवारों की घोषणा की। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की बहन अंजनी सोरेन मयूरभंज लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ सरस्काना विधानसभा क्षेत्र से भी चुनाव लड़ेंगी।
सेब से बनी माला से टीडीपी विधायक का स्वागत
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में टीडीपी विधायक नंदमुरी बालकृष्ण के रोड शो के दौरान समर्थकों ने सेब से बनी माला से उनका स्वागत किया।
अमित शाह के खिलाफ मामला दर्ज
चुनाव प्रचार के दौरान चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में टी यमन सिंह, हैदराबाद से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्य पार्टी प्रमुख जी किशन रेड्डी और पार्टी नेता राजा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र में बरसे राहुल गांधी
महाराष्ट्र के पुणे में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड योजना अवैध है। इसमें भ्रष्टाचार हुआ है। पीएम मोदी कहते हैं कि वे राजनीति को साफ कर रहे हैं और अगर वे राजनीति को साफ कर रहे हैं तो उन्होंने सभी दानदाताओं के नाम क्यों छुपाये? जब नाम सामने आते हैं तो पता चलता है कि एक दिन एक कंपनी को हजारों करोड़ रुपये का ठेका मिला और बाद में वह कंपनी भाजपा को पैसा देती है। CBI एक कंपनी के खिलाफ केस खोलती है, वह कंपनी भाजपा को हजारों करोड़ रुपये देती है।
रांची में पीएम मोदी का रोड शो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार संजय सेठ के समर्थन में रोड शो किया।
संजय निरुपम ने थामा शिवसेना का हाथ
कांग्रेस से निष्काषित संजय निरुपम एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी बयानों के चलते उन्हें छह वर्षों के लिए निष्काषित किया था।
पोरबंदर में भाजपा उम्मीदवार की रैली
पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मनसुख मंडाविया ने कहा कि आज मेरे रोडशो में इतनी विशाल संख्या में जनता आई है, रूपाली गांगुली भी आई हैं। सभी लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। सब लोगों का विश्वास भाजपा में है। देश भर में भाजपा '370 से अधिक' और NDA '400 से अधिक' सीटें जीतेगी।
उत्तर प्रदेश के आगरा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने फतेहपुर सीकरी से कांग्रेस उम्मीदवार रामनाथ सिकरवार के पक्ष में चुनावी रोड शो किया।
एमपी के मुरैना में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भाजपा उम्मीदवार शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में रोड शो किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पुणे पहुंचे।
नामांकन के बाद भावुक हुए राहुल गांधी
रायबरेली से नामांकन करने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि यह मेरे लिए भावुक पल था। मेरी मां ने मुझे बड़े भरोसे से परिवार की कर्मभूमि सौंपा है। मेरी मां ने मुझे सेवा का मौका दिया है। अमेठी-रायबरेली मेरे लिए अलग-अलग नहीं हैं। दोनों मेरा परिवार है। अन्याय के खिलाफ इस जंग में मैं अपनों की मोहब्बत और उनका आशीर्वाद मांगता हूं। मुझे विश्वास है कि आप संविधान और लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में मेरे साथ खड़े हैं।
ओडिशा की एक विधानसभा सीट के लिए भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार
भाजपा ने शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर जिले की नीलगिरि विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने संतोष खटुआ को अपना उम्मीदवार नामित किया है। खटुआ बीजद से भाजपा में आए हैं। राज्य में 13 मई से 1 जून तक लोकसभा और विधानसभा चुनाव होंगे।
झारखंड में पीएम मोदी की रैली
झारखंड के चाईबासा में पीएम मोदी ने रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि झामुमो राज्य के खनिजों की लूट कर रही है तो वहीं, झामुमो नेता घोटालों में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड और यहां के लोगों के साथ मेरा खास रिश्ता है। भाजपा आप सभी की भावनाओं का सम्मान करती है। पीएम ने इस दौरान कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता है कि हम राज्य में आदिवासी समाज का विकास करें। कांग्रेस और इंडी गठबंधन आदिवासी विरोधी है।
यह चुनाव दो खेमों के बीच: शाह
महाराष्ट्र के सांगली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव दो खेमों के बीच है, एक तरफ वोट फॉर जिहाद और दूसरी और वोट फॉर विकास वाले लोग हैं। एक ओर राहुल बाबा की चाइनीज गारंटी है तो दूसरी ओर PM मोदी की भारतीय गारंटी है।
चंपाई सोरेन ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री के झारखंड दौरे पर मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि उनके आने का कोई असर नहीं होगा। 10 साल लोगों ने देखा कि उनकी एक भी घोषणाएं सही नहीं हुईं। उनकी एक भी घोषणाएं सही नहीं हुईं। सभी घोषणाएं जुमला साबित हुईं। 10 साल में जनता उन्हें समझ गई है।
योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब पाकिस्तान के लोग कांग्रेस के लोगों की तारीफ कर रहे हैं। पाकिस्तान का पूर्व मंत्री जिसने पुलवामा में हमारे जवानों की शहादत पर खुशियां मनाईं, वह व्यक्ति आज राहुल गांधी को समर्थन दे रहा है।
राहुल गांधी के समर्थन में उतरीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व बर्धमान में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बंगाल में सभा करके कहा कि राहुल गांधी क्यों रायबरेली से खड़े हुए। उन्होंने अच्छा किया जो खड़े हुए, उनके पास चुनाव लड़ने का अधिकार है। इसमें प्रधानमंत्री क्यों टिप्पणी कर रहे हैं। किसी समय पीएम मोदी भी तो दो-दो सीटों से चुनाव लड़ते थे। एक प्रधानमंत्री को क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं उन्हें यह तक नहीं पता।
राहुल गांधी पर ठाकुर का तंज
राहुल गांधी के रायबरेली से नामांकन पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि पहले अमेठी छोड़ा तो वायनाड पहुंचे अब वायनाड की हार से इतना डर गए कि अब रायबरेली पहुंच गए हैं। अमेठी में तो उन्हें हार दिख ही रही थी। वहां भी राहुल गांधी की हार निश्चित है। रायबरेली की जनता भी उन्हें वहां से भगाएगी। एक बार फिर राहुल गांधी को हार मिलेगी।
नामांकन के बाद राहुल गांधी ने की पूजा अर्चना
उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ कांग्रेस दफ्तर में पूजा अर्चना की।
वीर सावरकर के नाम पर उद्धव पर अमित शाह का तंज
महाराष्ट्र के रत्नागिरि में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि क्या नकली शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे अपने भाषणों में वीर सावरकर का नाम ले सकते हैं? क्या उनमें हिम्मत है? अगर सावरकर का नाम लेने में शर्म ठाकरे को शर्म आ रही है तो आप किस बात के अध्यक्ष हैं? ठाकरे नकली शिवसेना चला रहे हैं, असली शिवसेना एकनाथ शिंदे चला रहे हैं।
बंगाल में ममता सरकार पर बरसे पीएम मोदी
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक भर्ती घोटाले से टीएमसी नेताओं का असली चरित्र सामने आता है। उन्होंने अपनी गारंटी देते हुए कहा कि मैं बंगाल के लोगों को लूटने वालों को नहीं छोड़ूंगा।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी को राजनीतिक पर्यटक बताया। राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर फडणवीस ने कहा कि 'उन्हें घूमने दीजिए। पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन स्थायी घर न बनाएं।'
पश्चिम बंगाल के बोलपुर में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'बीते 10 साल मोदी ने उन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए दिन रात मेहनत की। मैंने अपने समय का पल-पल आपकी, देश की सेवा में पूरे कर्तव्य भाव से, पूरी नम्रता से समर्पित किया है इसलिए आज देश ने वो उपलब्धियां भी हासिल की हैं जो कांग्रेस 60 सालों में नहीं कर पाई।'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन ऐसा है जैसे किसी अनाड़ी हाथों में ट्रैक्टर दे दिया जाए और कहा जाए चला लो तो वो किसी के ऊपर चढ़ा देगा... ये दो लड़कों की जोड़ी तो ये ही है। ये लोग माफिया और अपराधियों को गले का हार बनाते थे... संतों को प्रताड़ित करते थे।'
पाकिस्तान के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन के कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, 'पाकिस्तान में राहुल गांधी बहुत ज्यादा लोकप्रिय हैं। पाकिस्तान में अगर चुनाव होता है और राहुल गांधी चुनाव में खड़े होते हैं तो राहुल गांधी बहुत ज्यादा वोट से जीतेंगे। पाकिस्तान में राहुल से हम नहीं जीत सकेंगे। पाकिस्तान में राहुल गांधी जरूर चुनाव जीतेंगे। पाकिस्तान जो चाहेगा भारत में उसका उल्टा होगा।'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे।
कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार करण भूषण सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। करण भूषण सिंह ने कहा, 'यह मेरी जिंदगी के सबसे बड़े पलों में से एक है... मैं कैसरगंज की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं और उनसे अनुरोध करता हूं कि वे अपना आशीर्वाद मुझ पर बनाए रखें।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूछा कि 'क्या आप परिवारवादी कांग्रेस चाहते हैं या फिर परंपरा का पालन करने वाली भाजपा को। अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने देश में आतंकवाद खत्म किया, पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया, लेकिन कांग्रेस कर्नाटक में एसडीपीआई के समर्थन से सत्ता में आई। इसके बाद बंगलूरू में बम विस्फोट हो गया। बीते दिनों कर्नाटक के कॉलेज में बेरहमी से नेहा हिरेमथ की हत्या हुई थी। उस मामले पर अमित शाह ने कहा कि इस मामले की जांच सीबीआई को करनी चाहिए, वे ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।'
लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों के लिए कुल 1717 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चौथे चरण में आंध्र प्रदेश की 25, बिहार की 5, जम्मू कश्मीर की 1, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की 4, तेलंगाना की 17, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर मतदान होगा।
राहुल गांधी के रायबरेली से नामांकन से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी रायबरेली पहुंचे। रायबरेली में राहुल गांधी के सामने भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह की चुनौती है।
केंद्रीय मंत्री और अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'मेहमानों का स्वागत है। हमलोग अतिथियों के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, इतना ही कह दूं कि अमेठी से गांधी परिवार का ना लड़ना इस बात का संकेत है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव में वोट पड़ने से पहले ही अमेठी से अपना हार स्वीकार कर चुकी है। अगर उन्हें लगता कि यहां जीत की कोई भी गुंजाइश हो तो वे यहां से लड़ते।'
अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने अपना नामांकन दाखिल किया। अमेठी से किशोरी लाल शर्मा का मुकाबला भाजपा की नेता स्मृति ईरानी से होना है।
राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा 'मैंने पहले ही ये भी बता दिया था कि शहजादे वायनाड में हार के डर से अपने लिए दूसरी सीट खोज रहे हैं। अब इन्हें अमेठी से भागकर रायबरेली सीट चुननी पड़ी है। ये लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं - डरो मत। मैं भी इन्हें यही कहूंगा - डरो मत, भागो मत। आज मैं एक और बात कहूंगा कांग्रेस इस बार पहले से भी कम सीटों पर सिमटने जा रही है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'TMC, लेफ्ट और कांग्रेस के पास विकास का विजन ही नहीं है। लेफ्ट, कांग्रेस और TMC किसी राज्य का क्या हाल कर सकती हैं, ये आप अच्छी तरह जानते हैं। यहां पास में ही त्रिपुरा लेफ्ट वालों ने तबाह कर रखा था। लेकिन पिछले 5 साल में BJP ने पूरे त्रिपुरा की जिंदगी बदल दी। लेफ्ट वाले गए तो विकास का सूरज उगने लगा...मैंने कल टीवी पर देखा कि यहां बंगाल में TMC के एक विधायक ने सरेआम धमकी दी। वो कह रहे थे कि 'हिंदुओं को 2 घन्टे में भागीरथी में बहा देंगे'। ये कौन सी भाषा है?' प्रधानमंत्री ने कहा, 'बंगाल में TMC की सरकार ने यहां हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाकर रख दिया है। ये कैसे लोग हैं कि जय श्रीराम के उदघोष से भी इन्हें आपत्ति है... मैं TMC सरकार से पूछना चाहता हूं कि यहां संदेशखाली में हमारी दलित बहनों के साथ इतना बड़ा अपराध हुआ। पूरा देश कार्रवाई की मांग करता रहा, लेकिन TMC गुनहगार को बचाती रही। क्या सिर्फ इसलिए, क्योंकि उस गुनाहगार का नाम शाहजहां शेख था।'
राहुल गांधी रायबरेली गेस्ट हाउस पहुंच गए हैं और थोड़ी देर में वे नामांकन दाखिल करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मोदी का एक ही सपना है, आपके सपनों को पूरा करना...मुझे ज्यादा से ज्यादा आशीर्वाद चाहिए ताकि मैं ज्यादा से ज्यादा आपकी सेवा कर सकूं। आप तो जानते हैं मेरे पास है ही क्या? ना आगे कुछ है ना पीछे कुछ है। मुझे किसी के नाम कुछ करके नहीं जाना है। मेरे लिए तो आप ही मेरे परिवार जन हैं। मेरा भारत मेरा परिवार- अगर मेरा कोई वारिस है तो देश के हर परिवार के बच्चे मेरे वारिस हैं। मैं उनके लिए कुछ छोड़ कर जाना चाहूंगा।'
पश्चिम बंगाल के बर्धमान-दुर्गापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'शायद दुनिया में कोई इंसान कल्पना तक नहीं कर सकता है कि ईश्वर रूपी जनता जनार्दन इतने आशीर्वाद बरसाएं और लगातार बरसाएं...आप भी जानते हैं अगर पद-प्रतिष्ठा की लालसा हो PM पद की लालसा हो तो एक बार इंसान PM की शपथ ले ले फिर उसके जीवन में ऊंचाई को प्राप्त हो ही जाती है, इतिहास में नाम दर्ज हो ही जाता है। लोगों को लगता है कि मोदी जी 2 बार PM रहे दुनिया में इतना नाम हो गया, अरे कभी तो आराम करो। मैं मौज करने के लिए पैदा नहीं हुआ हूं। मैं खुद के लिए जीना नहीं चाहता हूं। मैं 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने के लिए निकला हूं।'
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा के नामांकन से पहले लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'हम अमेठी में एक बार फिर सच्चाई और सेवा की राजनीति वापस लाना चाहते हैं... हम जनता के बल पर चुनाव लड़ेंगे... अब मौका आ गया है कि हम सब इस पूरे देश में एक संदेश दें कि हम सेवा की राजनीति वापस चाहते हैं... ये आपका चुनाव है, आप लड़ेंगे, आप जिताएंगे।'
रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उम्मीदवारी पर मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार वीडी शर्मा ने कहा, 'इस बार वायनाड में भी जमीन खिसक गई है इसलिए वे(राहुल गांधी) वहां से भी भागने की तैयारी कर रहे हैं और रायबरेली में जमीन ढूंढ रहे हैं लेकिन रायबरेली की जमीन तो पहले ही खिसक गई है। इसलिए कहीं से भी हो, इस बार राहुल गांधी की हार सुनिश्चित है।'
भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा, 'मैंने प्रियंका गांधी के साथ काम किया है। मैं उनका दिल से आदर करता हूं क्योंकि कार्यकर्ता को 15 साल में जब भी परेशानी हुई तब वे मिलती थी बात सुनती थी। उनके प्रति कार्यकर्ताओं में एक लगाव है। आज वे नहीं बोलेंगी, वे अपने परिवार को निजी इच्छा से ऊपर रखेंगी। आप प्रतिक्रिया को नजरअंदाज नहीं कर सकते। कांग्रेस पार्टी में मैं पिछले 2 साल से अहंकार देख रहा हूं कि हम कुछ भी करेंगे जनता उसको स्वीकार कर लेगी। मुझे लगता है उसी कड़ी में ये निर्णय जुड़ गया है। ऐसी नेता जिसने सालों से काम किया है उसके प्रति जनता और कार्यकर्ता की उम्मीद थी की रायबरेली से वे लड़े। अमेठी सालों से उनकी सीट थी उन्हें उसे नहीं छोड़ना चाहिए था।'
रायबरेली लोकसभा सीट से नामांकन के लिए राहुल गांधी के साथ कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा, कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत अमेठी के फुरसतगंज हवाईअड्डे पर पहुंचे।
कैसरगंज से अपने बेटे करण भूषण की उम्मीदवारी पर भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, 'अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी, बस्ती से बड़ी संख्या में समर्थक यहां एकत्र हुए हैं। हम जल्द ही (नामांकन दाखिल करने के लिए) गोंडा के लिए रवाना होंगे।'
लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन से पहले उज्जवल निकम ने अपने सभी मुकदमों से इस्तीफा दे दिया है। उज्जवल निकम विशेष अभियोजक थे और कई हाई प्रोफाइल मामलों जैसे 1993 मुंबई बम ब्लास्ट, मुंबई हमला आदि केस लड़ चुके हैं। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने कहा कि अगर जरूरत होगी तो वे इन मामलों की सुनवाई में फिर शामिल हो जाएंगे। उज्जवल निकम मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। निकम ने आज नामांकन से पहले मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा अर्चना की। उज्जवल निकम के सामने कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ की चुनौती है। पूजा के बाद मीडिया से बात करते हुए निकम ने कहा कि 'हमारा देश महाशक्ति बनेगा और इसमें मेरा क्या योगदान होगा? देश सेवा के लिए किसी पद की जरूरत नहीं है। आम आदमी भी देश सेवा कर सकता है। मैंने लोगों के दिलों में न्यायपालिका के प्रति आस्था बढ़ाई, ऐसा ही राजनीति में भी करूंगा।'
राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने के एलान के बाद भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि 'राहुल जी, आपने कहा था कि डरो मत और अब आप कह रहे हैं कि अमेठी से लड़ो मत। कांग्रेस ने यह बात साबित कर दी है कि उन्होंने समर्पण कर दिया और वे अमेठी से भाग गए हैं। अमेठी को कई वर्षों तक धोखा देने के बाद, वे वायनाड गए और अब वायनाड को भी धोखा दे रहे हैं। वे इस्तेमाल करे और फेंको की तरह वायनाड का इस्तेमाल कर रहे हैं। रायबरेली उनके लिए सुरक्षित सीट है। भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करेगी और एनडीए देश में 400 का आंकड़ा पार करेगा। केएल शर्मा की प्रतिक्रिया सबकुछ बता रही है। उन्हें लग रहा है कि उन्हें बलि का बकरा बना दिया गया है। मुझे राबर्ट वाड्रा के लिए बुरा लग रहा है, उन्होंने काफी कोशिश की, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला।'
रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनाव लड़ने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय ने कहा, 'हम लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग थी और हम चाहते थे कि हम सबके नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ें... पार्टी के कार्यकर्ताओं को और अमेठी-रायबरेली के गांव को वे (राहुल गांधी) जानते हैं... रायबरेली एक परंपरागत सीट है जहां हमेशा विकास का कार्य हुआ है, अमेठी में भी वही हाल है... मैं राहुल गांधी को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं... इसका जबरदस्त असर आने वाले पांचों चरणों के चुनाव पर पड़ने वाला है।'
भाजपा से निष्कासित कर्नाटक के वरिष्ठ नेता केएस ईश्वरप्पा ने कहा 'मैं चाहता हूं कि भजापा 27 सीटों पर जीत दर्ज करे और एक सीट पर मैं बतौर निर्दलीय उम्मीदवार जीतूं और हम सभी मिलकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में योगदान करें। भाजपा मेरी मां है। स्नातक करने के बाद मैंने भाजपा ज्वाइन की और उसके बाद से अभी तक इसके सिद्धांतों का पालन किया। मैंने अभी तक किसी अन्य पार्टी में शामिल नहीं हुआ हूं और ना ही होऊंगा। मैं अभी पार्टी से बाहर हूं, लेकिन चुनाव के बाद फिर से अपनी मां के पास वापस चला जाऊंगा।'
रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे जिसके मद्देनजर कांग्रेस कार्यलय में तैयारियां की जा रही हैं।
रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनाव लड़ने पर भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'राहुल गांधी वायनाड से हार रहे हैं इसलिए वे रायबरेली से चुनाव लड़े जा रहे हैं। पहले उन्होंने अमेठी से हार मानी और सीट छोड़कर भाग गए, अब वायनाड को छोड़कर भाग रहे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि अमेठी जो उनके परिवार की सीट मानी जाती थी, वहां से कोई चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है। पंजाब से के.एल शर्मा को लाया गया है कि आप ही चुनाव लड़ लीजिए कोई कार्यकर्ता टिकट लेने के लिए तैयार नहीं है... उन्हें (राहुल गांधी) रायबरेली से भी हार का मुंह देखना पड़ेगा।'
महाराष्ट्र में सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे और कल्याण लोकसभा सीट से उम्मीदवार श्रीकांत शिंदे ने गुरुवार को नामांकन कर दिया। इस दौरान सीएम एकनाथ शिंदे भी परिवार सहित मौजूद रहे। नामांकन से पहले श्रीकांत शिंदे ने रोड शो भी किया। शिवसेना यूबीटी ने कल्याण सीट से वैशाली दारेकर राणे को चुनाव मैदान में उतारा है।
अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर नाम का एलान होने के बाद किशोरी लाल शर्मा ने पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब उन्हें सूचना मिलेगी, तभी वह कुछ बता पाएंगे।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'कल अमित शाह ने कहा कि पिछले 40 साल से हैदराबाद पर रजाकारों का कब्ज़ा है। यहां कोई रजाकार नहीं हैं, जो रजाकार थे वो पाकिस्तान भाग गए। वफादार यहां ठहरकर 40 साल से RSS को हरा रहे हैं और इस बार भी तुमको और मोदी को हराएंगे।' अमित शाह ने गुरुवार को हैदराबाद में भाजपा उम्मीदवार माधवी लता के समर्थन में रैली की थी।