भाजपा ने चुनाव आयोग कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने राहुल के सेना पर दिए गए बयान को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। राहुल गांधी ने कहा था कि मोदी सरकार ने सैनिकों की दो श्रेणियां बनाई हैं। एक श्रेणी में गरीब परिवारों और आरक्षित वर्गों को रखा गया है। दूसरी में अमीर परिवारों के लोगों को भर्ती किया जाता है। विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राजीव चंद्रशेखर समेत भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से शिकायत की। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि राहुल गांधी ने झूठ बोला है और यह हमारे सशस्त्र बलों पर हमला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के घाटकोपर में रोड शो किया। पीएम मोदी के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस भी मौजूद रहे।
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर से पार्टी के उम्मीदवार अभिषेक बनर्जी ने बैरकपुर में बोरोपोल से जाफरपुर मोड़ तक रोड शो किया।
आंध्र प्रदेश में 13 मई को हुए चुनाव के दौरान 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों के लिए कुल मतदान प्रतिशत 81.86 प्रतिशत रहा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीना ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ईवीएम के माध्यम से 80.66 प्रतिशत और डाक मतपत्रों के माध्यम से 1.2 प्रतिशत मतदान हुआ है।
पीएम के मंच पर जाने की अनुमति न मिलने पर शिवसेना नेता का इस्तीफा
महाराष्ट्र में पीएम मोदी की रैली में मंच पर जाने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक पदाधिकारी ने इस्तीफा दे दिया। ठाणे जिले के कल्याण-मुरबाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी इकाई के प्रभारी अरविंद मोरे ने अपने इस्तीफे के बारे में बुधवार को जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को पीएम मोदी के निर्देशों पर चलने वाली कठपुतली करार दिया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि आयोग ने भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए जान-बूझकर दो महीने की अवधि तक चुनाव करवाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी हो रही है लेकिन चुनाव आयोग को इसकी कोई चिंता नहीं है। सीएम बनर्जी ने पीएम मोदी पर आचार संहिता के उल्लंघन का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनावों के दौरान आयुष्मान भारत योजना के विस्तार करने की योजना का कथित रूप से एलान किया गया।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा ‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज राजनीति की परिभाषा, राजनीति की संस्कृति, काम करने का तरीका और राजनीति की सोच बदल चुकी है। अब राजनेता मेवा नहीं खाते बल्कि पीएम मोदी के नेतृत्व में लोगों की सेवा करते हैं। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 'मजबूत सरकार' चला रहे हैं लेकिन इंडि गठबंधन के लोग 'मजबूर सरकार' चाहते हैं।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन निभाया नहीं। खरगे ने कहा कि भाजपा सरकार हर काम में विफल रही है। आरक्षण पर पीएम मोदी की टिप्पणी पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ‘हम आरक्षण के लिए और संविधान को बचाने के लिए लड़ रहे हैं और भाजपा को आरक्षण के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है।’
ओडिशा के गंजम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि नवीन पटनायक दोबारा नहीं आएंगे क्योंकि ओडिशा के लोगों ने उन्हें अलविदा कह दिया है। अमित शाह ने दावा किया कि ओडिशा में भाजपा का मुख्यमंत्री आएगा।
बीजेडी नेता वीके पांडियन ने कहा कि भगवान जगन्नाथ और लोगों के आशीर्वाद से, नवीन पटनायक 9 जून को फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पांडियन ने कहा कि पटनायक का पहला आदेश मुफ्त बिजली आपूर्ति प्रदान करना होगा। इसके अलावा ओडिशा की जनता के लिए बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना का विस्तार करना होगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान को 'नष्ट' करना चाहती है और आदिवासियों, दलितों तथा पिछड़े वर्ग के लोगों को दिए गए आरक्षण को खत्म करना चाहती है। ओडिशा के बोलांगीर में एक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि अगर भाजपा यह चुनाव जीतती है तो वह सार्वजनिक क्षेत्र का निजीकरण कर देगी। कांग्रेस नेता ने हाथ में पकड़ी हुई भारत के संविधान की प्रति की ओर इशारा करते हुए कहा, 'भाजपा इस किताब को फाड़ना चाहती है लेकिन हम और भारत के लोग उन्हें इसकी इजाजत नहीं देंगे।' राहुल गांधी ने आशंका जताते हुए कहा, 'अगर भाजपा जीतती है तो आरक्षण खत्म कर दिया जाएगा, सार्वजनिक क्षेत्र का निजीकरण कर दिया जाएगा और देश को 22 अरबपति चलाएंगे। इसलिए आम लोगों की सरकार बननी चाहिए।'
झारखंड के गिरिडीह में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, हेमंत सोरेन पूछते हैं कि पीएम मोदी को 400 सीटें क्यों चाहिए? इसका मतलब है कि उन्हें हमारे सरकार बनाने पर कोई आपत्ति नहीं है... पिछली बार हमारे पास 300 सीटें थीं, हमने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की... अगर 300 सीटों में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हुई तो 400 सीट में कृष्णजन्मभूमि मंदिर नहीं बनेगा?... औरंगजेब ने कृष्णजन्मभूमि में 'शाही ईदगाह' बनाई थी। क्या अब समय नहीं आया है जब हम ईदगाह की जगह मंदिर बनाएं?'
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'जब आपके पास खाने के लिए पर्याप्त भोजन नहीं होता है तो आप कर्ज लेते हैं...जब बात जिंदगी की हो तब भी प्रधानमंत्री मोदी की सरकार के पास आपका कर्ज माफ करने के लिए पैसे नहीं हैं।'
उत्तर प्रदेश के महोबा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'भारत में 80 करोड़ लोग मुफ्त राशन ले रहे हैं लेकिन पाकिस्तान की आबादी कितनी है? 23 से 24 करोड़... पाकिस्तान की जितनी आबादी है उससे ज्यादा लोग हमारे यहां गरीबी से उभरे हैं... वहां 1 किलो आटे के लिए मारपीट हो रही है... जो ये पाकिस्तान का राग अलाप रहे हैं तो उसे बोलो कि अगर पाकिस्तान से प्यार है तो हिंदुस्तान पर बोझा क्यों बने हो। पाकिस्तान में जाओं और वहां भी कटोरा लेकर भीख मांगों... अरे हमारा देश तो बहुत बड़ा है, पाकिस्तान की तो उतनी आबादी नहीं है जितनी उत्तर प्रदेश की है।'
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, 'अब तक 4 चरणों में 379 सीटों पर मतदान हो चुका है। पहले 2 चरणों के बाद यह साफ हो गया कि 'दक्षिण भारत में भाजपा साफ और उत्तर, पूर्वी और पश्चिम भारत में भाजपा हाफ'। यह निश्चित है कि 4 जून को INDIA गठबंधन को स्पष्ट और निर्णायक जनादेश मिलेगा। प्रधानमंत्री की भाषा में गड़बड़ी दिखती है, वे परेशान नजर आ रहे हैं। गृह मंत्री कुछ भी कहते हैं लेकिन सच तो यह है कि उनका प्रचार काम नहीं कर रहा है, कोई लहर नहीं है, नाराजगी है, लोग बदलाव चाहते हैं... 2004 में बदलाव की किसी ने उम्मीद नहीं की थी... लेकिन 2004 में सरकार किसने बनाई? जनादेश किसे मिला? जनता ने मन बना लिया है, 4 जून को चुपचाप प्रधानमंत्री मोदी की विदाई करेगी।'
ओडिशा के बलांगीर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, '2024 की चुनावी लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच की है। पहली बार किसी राजनीतिक दल ने देश को बताया है कि अगर वे चुनाव जीतेंगे तो वे इस संविधान को खत्म कर देंगे। हिंदुस्तान के गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों को जो भी दिया है वह इसी संविधान ने दिया है। मैं भाजपा के नेताओं से कहना चाहता हूं कि भाजपा या नरेंद्र मोदी तो दूर दुनिया की कोई भी शक्ति इस किताब(संविधान) को नहीं छू सकती।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के श्रीरामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'ममता बनर्जी, कांग्रेस-सिंडिकेट कहती है कि धारा 370 को मत हटाओ। मैंने संसद में पूछा कि क्यों न हटाएं तो उन्होंने कहा कि खून की नदियां बह जाएंगी... 5 साल हो गए खून कि नदियां छोड़ो किसी की कंकड़ चलाने की हिम्मत नहीं है... जब INDI गठबंधन का शासन था तो हमारे कश्मीर में हड़तालें होती थीं... आज POK में हड़ताल होती है। पहले कश्मीर में आजादी के नारे लगते थे, अब POK में नारेबाजी होती है... राहुल गांधी, आपको डरना है तो डरते रहिए, ममता बनर्जी आपको डरना है तो डरते रहिए लेकिन मैं आज श्रीरामपुर की धरती से कहता हूं कि ये POK भारत का है और हम उसे लेकर रहेंगे।'
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'मुख्यमंत्री आवास में यह घटना घटी है, मुख्यमंत्री वहां मौजूद थे तो वे सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़े, उन्होंने चूड़ियां क्यों पहन रखी हैं? वे जवाब दें कि उनके घर में जो घटना घटी उसके लिए जिम्मेदार कौन है और वे क्या कार्रवाई कर रहे हैं। इस घटना को 50 घंटे हो गए संज्ञान लेने में कितना समय लगता है? अरविंद केजरीवाल के सामने यह घटना घटी है और वे खुद संदेह के घेरे में हैं इसलिए वे अपनी चुप्पी नहीं तोड़ रहे।'
राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा, 'ये दर्शाता है कि वे हमारे मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) के बिना कितने असमर्थ और कमजोर हैं... हमारा NDA गठबंधन कितना मजबूत है, जनता जानती है... वहीं INDI गठबंधन में एकता कहां है? बिहार में पांचवें चरण का चुनाव करीब है। आप मुझे एक भी मंच दिखा दीजिए जो भव्य तरीके से तैयार हुआ हो और जहां INDI गठबंधन के तमाम घटक दल दिखाई दिए हों।'
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने अपने एक बयान में कहा कि 'प्रधानमंत्री, जिन प्रफुल्ल पटेल पर आरोप लगाते थे कि उनके रिश्ते दाऊद इब्राहिम और इकबाल मिर्ची से हैं, कल वह उन्हीं प्रफुल्ल पटेल के साथ थे। उन्होंने (प्रफुल्ल पटेल) पीएम मोदी के सिर पर छत्रपति शिवाजी महाराज की पगड़ी रखी। हम किसी को पगड़ी नहीं पहनाते, ये खास है। प्रफुल्ल पटेल को ये अधिकार किसने दिया? पीएम मोदी और प्रफुल्ल पटेल ने छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराष्ट्र का अपमान किया है।'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'हमने(कांग्रेस) देश को बहुत कुछ दिया है। महात्मा गांधी ने आजादी दिलाई, जवाहर लाल नेहरु ने लोकतंत्र की बुनियाद डाली, डॉ. बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान लिखा... ये लोग(भाजपा) इसे बदलने की कोशिश कर रहे हैं... हम ये नहीं कहते कि हमारे पास इसे साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है। पहली बार RSS के नेता मोहन भागवत ने कहा था कि अगर हम आएंगे तो हम संविधान में बदलाव लाएंगे.... उत्तर प्रदेश में तो भाजपा नेता संविधान बदलने की बातें करते ही रहते हैं और मुझे हैरानी होती है कि पीएम मोदी इस पर चुप बैठे रहते हैं... ये देश, संविधान और लोकतंत्र को बचाने का विषय है। इस पर आप(पीएम मोदी) क्यों नहीं बोलते?'
बसपा द्वारा INDIA गठबंधन के खिलाफ प्रत्याशी चुनाव में उतारने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, 'मैं यही अपील करूंगा कि बहुजन समाज के लोग जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर में आस्था रखते हैं, जो उनके बनाए हुए संविधान को बचाना चाहते हैं वे अपना वोट खराब न करें। INDIA गठबंधन की मदद करें जिससे लोकतंत्र को मज़बूत किया जा सके।'
दिल्ली में AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले के खिलाफ भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया।
लखनऊ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'चार चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, INDIA गठबंधन मजबूत स्थिति में है। जनता ने पीएम मोदी की विदाई तय कर दी है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि 4 जून को INDIA गठबंधन नई सरकार बनाने जा रही है। 2024 का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है, यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। यह दो विचारधाराओं के बीच का चुनाव है।'
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी के घुसपैठिए वाले बयान पर सवाल उठाए और पूछा कि उन्हें झूठी सफाई देने में इतना वक्त क्यों लग गया? ओवैसी ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि 'पीएम मोदी ने अपने भाषण में मुसलमानों को घुसपैठिया और ज्यादा बच्चे वाला कहा था। अब वो कह रहे हैं कि वो मुसलमानों की बात नहीं कर रहे थे, उन्होंने कभी हिंदू मुस्लिम नहीं किया।' ओवैसी ने पूछा कि 'ये झूठी सफाई देने में इतना वक्त क्यों लग गया? मोदी का सियासी सफर सिर्फ और सिर्फ मुस्लिम विरोधी सियासत पर बना है। इस चुनाव में पीएम मोदी और भाजपा ने मुसलमानों के लिए अनगिनत झूठ और बेहिसाब नफरत फैलाई है।' ओवैसी ने भाजपा और भाजपा समर्थकों पर ऊंगली उठाते हुए कहा कि 'कटघरे में सिर्फ मोदी नहीं है बल्कि हो वो वोटर है, जिसने इन भाषणों के बावजूद भाजपा को वोट दिया।'
दरअसल पीएम मोदी ने एक हालिया इंटरव्यू में अपने घुसपैठिए और ज्यादा बच्चों वाले बयान पर कहा कि उन्होंने सिर्फ मुस्लिमों की बात नहीं की थी बल्कि हर गरीब परिवार की बात कही थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस दिन वे हिंदू मुस्लिम करने लग जाएंगे उस दिन वो सार्वजनिक जीवन के लिए अयोग्य हो जाएंगे।