फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election Live: 'आम आदमी पार्टी के राष्ट्र विरोधी ताकतों से रिश्ते', भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आरोप

Tue, 21 May 2024 09:57 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला

खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live News in Hindi: देश में इन दिनों चुनावी मौसम चल रहा है। अब तक पांच चरणों के दौरान कई प्रदेशों में मतदान हो गए हैं और अभी आगे कई राज्यों में कराए जाने हैं। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वोटरों को लामबंद करने के लिए विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहे हैं और विरोधियों के खिलाफ बयानबाजी का दौर जारी है।
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:36 PM, 21-May-2024

अमित शाह ने ओडिशा में वीके पांडियन पर निशाना साधा

केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने कहा, 'ओडिशा पर कोई तमिल बाबू शासन कर सकता है क्या? नवीन बाबू ने तमिल बाबुओं को ओडिशा का राजा बना दिया है...इन तमिल बाबुओं ने ओडिशा में लूट मचाई है।' अमित शाह का निशाना वीके पांडियन पर माना जा रहा है। 


 

08:42 PM, 21-May-2024

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जाट चौपाल से पालम रेलवे स्टेशन तक रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा 'आम आदमी पार्टी के राष्ट्र विरोधी ताकतों से गहरे रिश्ते हैं। पंजाब चुनाव में भी आरोप लगा था कि उन्हें आतंकियों से फंडिंग मिली है, अरविंद केजरीवाल ने अब तक इस पर कोई जवाब नहीं दिया है। ये शहरी नक्सलवाद के उदाहरण हैं...हमें 400 से अधिक सीटें मिलेंगी।'

08:10 PM, 21-May-2024

संकट मोचन मंदिर में पीएम मोदी ने की पूजा अर्चना

PM नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वाराणसी में संकट मोचन मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की।

विज्ञापन
08:08 PM, 21-May-2024

विपक्षी गठबंधन 300 सीट पार कर चुका है- तेजस्वी यादव का दावा

बिहार के पुर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'प्रधानमंत्री के पास अब कुछ बचा ही नहीं है। वे जान चुके हैं कि INDIA गठबंधन 300 सीट पार कर चुकी है और हम सरकार बनाने जा रहे हैं...400 छोड़ो उनके लिए 240 सीटें लाना भी मुश्किल है।'

07:27 PM, 21-May-2024

मिथुन चक्रवर्ती के रोड शो में चले पत्थर

पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में मंगलवार को मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल के समर्थन में रोड शो किया। अब खबर आई है कि इस रोड शो के दौरान पत्थरबाजी हुई। भाजपा ने इसका आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया है। रोड शो के दौरान हुई पत्थरबाजी के बाद भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और काफी देर हंगामे की स्थिति रही। हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया। पत्थरबाजी में मिथुन चक्रवर्ती और मिदनापुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। 

विज्ञापन
07:18 PM, 21-May-2024

महिलाएं सरकार की नीतियों के केंद्र में हैं- वाराणसी में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'देश में पहली बार सरकार की नीतियों से लेकर निर्णय तक माताएं, बहनें, महिलाएं केंद्र में आई हैं। आप बताइए जब घर आपके बिना नहीं चलता तो देश आपके बिना कैसे चलता, यह बात 60 वर्षों तक सरकारों को समझ नहीं आई। कांग्रेस, सपा की सरकारों ने महिलाओं को सिर्फ उपेक्षा और असुरक्षा दी।'

06:39 PM, 21-May-2024

'विपक्षी गठबंधन महिला आरक्षण का विरोध करता है'

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'INDI गठबंधन वाले महिलाओं को आरक्षण का विरोध करते हैं। जहां इनकी सरकार आती है वहां महिलाओं का जीना दुभर हो जाता है। वाराणसी के लोग उत्तर प्रदेश-बिहार दोनों के जंगलराज से परिचित हैं। बेटियों को सुरक्षा के डर से पढ़ाई छोड़कर घर बैठना पड़ता था और सपा वाले बेशर्मी से कहते थे लड़के हैं, लड़कों से तो गलती हो जाती है। आज सपा के लड़के गलती करें, योगी आदित्यनाथ की सरकार उनका वह हाल करेगी जो उन्होंने सोचा भी नहीं होगा।'

06:37 PM, 21-May-2024

वाराणसी में बोले पीएम मोदी- मां गंगा ने मुझे गोद ले लिया है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'यह पहली बार है जब मैंने काशी का नामांकन अपनी मां के बिना किया है, मां गंगा ही मेरी मां हैं। मैंने इसलिए कहा था कि मां गंगा ने मुझे पहले काशी बुलाया था अब मां गंगा ने मुझे गोद ले लिया है।'

06:01 PM, 21-May-2024

वाराणसी में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'नारी शक्ति संवाद कार्यक्रम' में हिस्सा लेने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। कुछ ही देर में वे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

05:57 PM, 21-May-2024

जनता भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी- अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा के खिलाफ जो मतदान शुरू हुआ है वह आखिरी तक जब पूर्वांचल का चुनाव होगा तब तक चलेगा और जब सातवां चरण खत्म होगा तब तक भाजपा का सफाया हो जाएगा... जनता इन्हें 140 सीटों के लिए तरसा देगी... एयरपोर्ट, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण आदि काम समाजवादियों का है।'

05:16 PM, 21-May-2024

जमशेदपुर में अरविंद केजरीवाल ने किया चुनाव प्रचार

दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जमशेदपुर में चुनाव प्रचार के दौरान अपने सार्वजनिक संबोधन के बाद ड्रम पर हाथ आजमाया।

05:13 PM, 21-May-2024

पश्चिम मेदिनीपुर के नए एसपी के नाम को चुनाव आयोग ने दी मंजूरी

पश्चिम मेदिनीपुर के नए एसपी होंगे सोनावने कुलदीप सुरेश। चुनाव आयोग ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है। वहीं पश्चिम मेदिनीपुर के घाटल में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के संदेशखाली जाने वाले बयान पर कहा, 'उन्हें(ममता बनर्जी) मालूम है कि वहां क्या हुआ है... जब भी नंदीग्राम, संदेशखाली और अन्य जगह ऐसी कोई घटना होती है तो वे कहती हैं कि यह सब कहानी है... लेकिन जनता सब समझती है, यह पार्टी का नहीं जनता का चुनाव है और जनता सब जानती है।'

04:31 PM, 21-May-2024

प्रयागराज में विपक्ष पर जमकर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मोदी का मंत्र है, विकास भी विरासत भी। अभी अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना है, अब निषादराज के श्रृंगवेरपुर का विकास किया भी जाएगा। श्रृंगवेरपुर राम मन गमनपथ का प्रमुख तीर्थ बनेगा। क्या सपा-कांग्रेस वाले कभी भी ये काम करेंगे? सपा-कांग्रेस के शहजादों को अपने परिवार के आगे कुछ भी नहीं दिखता है।'

04:29 PM, 21-May-2024

पीएम मोदी बोले- कांग्रेस के शहजादे भारत को गाली देने विदेश जाते हैं

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'सपा-कांग्रेस और INDI गठबंधन वालों को भारत की तारीफ हजम नहीं होती...कांग्रेस के शहजादे भारत को गाली देने के लिए विदेश जाते हैं। ये INDI गठबंधन वाले चुनाव भी किस एजेंडा पर लड़ रहे हैं...इनका एजेंडा है-कश्मीर में आर्टिकल-370 फिर से लाएंगे, CAA को रद्द करेंगे, भ्रष्टाचार पर जो कड़े कानून बने हैं, उन्हें रद्द करेंगे।'

04:26 PM, 21-May-2024

हिमंता बिस्व सरमा ने उठाया संदेशखाली का मुद्दा

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में जनसभा को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा, 'मैं जब बंगाल आया तो मैं सबसे पहले संदेशखाली गया, वहां माताओं-बहनों ने जो बताया वह सुनकर दिल व्यथित हो गया। वहां माताओं-बहनों पर अत्याचार हो रहा है, यह सब शेख शाहजहां जैसे गुंडे करते हैं लेकिन ममता दीदी ने कोई कार्रवाई नहीं की। अगर शेख शहाजहां जैसे गुंडे असम में होते तो मैं 10 मिनट में उसका हिसाब कर देता... मैं दीदी(ममता बनर्जी) को कहना चाहता हूं कि अगर वे शाहजहां पर कार्रवाई नहीं सकती तो शाहजहां को मुझे सौंप दें, मैं उसे असम ले जाऊंगा और वहां उसका हिसाब कर दूंगा।'

03:52 PM, 21-May-2024

संदेशखाली जाएंगी ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'चुनाव के समय सब अपेक्षा करते हैं कि मैं उनके यहां आऊं... मैं जरूर सब जगह जाऊंगी, मैं आपके यहां भी आऊंगी, मैं संदेशखाली भी जाऊंगी।' गौरतलब है कि विपक्षी पार्टी भाजपा ममता बनर्जी पर संदेशखाली न जाने को लेकर निशाना साध रही है। 

03:18 PM, 21-May-2024

इन सब से कुछ नहीं होगा: मिथुन चक्रवर्ती

भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती के पश्चिम बंगाल में रोड शो के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा नारे लगाए जाने पर उन्होंने कहा, 'उनके (टीएमसी) पास कुछ नहीं बचा है। इन सब से कुछ नहीं होगा। लोगों ने पहले ही फैसला कर लिया है।'
 

02:26 PM, 21-May-2024

ओडिशा के लोग चुनाव में महाप्रभु को लाना पसंद नहीं करते

बीजद नेता वीके पांडियन ने कहा, 'ओडिशा के लोग चुनाव में धर्म या महाप्रभु जगन्नाथ को लाना पसंद नहीं करते। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। उन्होंने 2019 के पंचायत चुनावों में भी ऐसा ही किया। वे हमेशा कुछ न कुछ धर्म और भगवान जगन्नाथ से जोड़ देते हैं। भाजपा कुछ न कुछ पता लगाकर बीजद और नवीन पटनायक को चुनावी टक्कर देने की कोशिश कर रही है। यह एक राजनीतिक रणनीति है जिसे वे करने की कोशिश कर रहे हैं।'

01:53 PM, 21-May-2024

सारे फैसले शाही फरमान की तरह जारी किए जाते हैं: उमर अब्दुल्ला

पीएम मोदी के बयान पर जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और बारामूला लोकसभा सीट से उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'लोगों ने हिम्मत की और अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल किया। हुकूमत को इसका कोई श्रेय नहीं जाता... अगर वे(भाजपा) इसे धारा 370 के साथ जोड़ना चाहते हैं तो फिर उन्हें इस बात का जवाब देना होगा कि 1990 से पहले जो चुनाव रहे उसमें टर्न-आउट इससे ज्यादा रहा। वो क्यों रहा फिर?... सारे फैसले शाही फरमान की तरह जारी किए जाते हैं... अच्छी बात ये है कि मतदान ही एकमात्र तरीका है अपनी आवाज बुलंद करने का और लोगों ने उसका इस्तेमाल किया।'

01:17 PM, 21-May-2024

मैं आपकी सेवा में डटा रहूंगा: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के महाराजगंज में एक जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा, "जिन्होंने बिहार को जंगलराज दिया, नौजवानों को पलायन दिया, परिवारों को गरीबी दी। जिन्होंने बिहार के लोगों को मारा, तड़पाया, माताओं-बहनों का जीवन बर्बाद किया। जो लोग आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं, जिन्हें अदालत ने दोषी साबित किया है। इन लोगों की आंखों में मोदी चौबीसों घंटे खटकता है, लेकिन इनकी लाख कोशिशों के बावजूद मैं आपकी सेवा में डटा रहूंगा।"

12:46 PM, 21-May-2024

दक्षिणी कश्मीर में भी 70-80 प्रतिशत मतदान हो: गुलाम नबी आजाद

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण के मतदान पर डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आज़ाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि दक्षिणी कश्मीर में भी 70-80 प्रतिशत मतदान हो। चाहें कोई भी उम्मीदवार जीते लेकिन इसमें लोगों को भी तसल्ली होगी और उम्मीदवार को भी तसल्ली होगी कि लोगों ने मुझे चुना... 5-10 प्रतिशत पर न तो चुने हुए नुमाइंदे खुश होते हैं और लोगों को भी तसल्ली नहीं होती है कि हमने मतदान ही नहीं किया है तो मांगें किस हक से।'

12:14 PM, 21-May-2024

हर बार जब चुनाव होता है तो मजाक बनाया जाता है: सौरभ भारद्वाज

ईडी द्वारा आप पर केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर एफसीआरए के उल्लंघन में सात करोड़ रुपये से अधिक विदेशी फंड प्राप्त करने के आरोप पर दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'बड़ी-बड़ी विदेशी ताकतें 8 साल के अंदर क्या 7 करोड़ रुपये की फंडिंग आम आदमी पार्टी को देंगी? यह सिर्फ एक मजाक है और हर बार जब चुनाव होता है तो ये मजाक बनाया जाता है, 3-4 दिन पहले अखबारों और टीवी पर चलाया जाता है। ये आरोप चुनाव के साथ खत्म हो जाते हैं।'

12:10 PM, 21-May-2024

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, 'एनडीए ने पांचों चरण में शानदार प्रदर्शन किया है...देश की जनता फिर एक बार मोदी सरकार बनाने के लिए आतुर है...जनता देश में स्थिरता और निरंतरता चाहती है और मोदी जी के मजबूत नेतृत्व में ये जो ईमानदार सरकार चली है, उसके काम को और आगे बढ़ाना चाहती है। दुनिया में भारत की साख बढ़ी है।'

11:40 AM, 21-May-2024

हम राजीव गांधी के आभारी: प्रमोद तिवारी

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, 'हम राजीव गांधी के आभारी हैं कि उन्होंने मताधिकार की आयु 21 साल से घटाकर 18 वर्ष की, पंचायत और नगर निकायों में सुधार किया। वे आधुनिक सोच के साथ एक सशक्त भारत बनाना चाहते थे। हम उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।'

11:31 AM, 21-May-2024

टुकड़े-टुकड़े गैंग पर प्रहार होगा: प्रधानमंत्री मोदी

पूर्वी चंपारण में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, '21वीं सदी का भारत इंडी गठबंधन के पापों के साथ आगे नहीं बढ़ सकता और इसीलिए हर चुनाव में कांग्रेस-आरजेडी जैसे दलों पर जनता जोर का प्रहार कर रही है...चार जून को इंडी वालों के इरादों पर सबसे बड़ा प्रहार होगा। यह देश में भ्रष्टाचार पर, तुष्टिकरण की राजनीति पर, टुकड़े-टुकड़े गैंग पर प्रहार होगा।'

11:25 AM, 21-May-2024

लोग उनका असली रंग समझ गए: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर राम मंदिर, हिंदू-मुस्लिम और भारत-पाकिस्तान के नाम पर लोगों को बार-बार भड़काने और उन्हें भावनात्मक रूप से लूटने का भी आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि लोग अब उनका असली रंग समझ गए हैं।

11:13 AM, 21-May-2024

चार जून को मोदी सरकार जा रही: केजरीवाल

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, '5वें चरण का चुनाव खत्म हो गया है और जैसे-जैस चुनाव होते जा रहे हैं वैसे-वैसे साफ होता जा रहा है कि चार जून को मोदी सरकार जा रही है और इंडी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।...सर्वे के अनुसार चार जून को इंडी गठबंधन को अपने दम पर 300 से अधिक सीट मिल रही है।'

10:56 AM, 21-May-2024

नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम बनने वाले हैं: अरुण साव

लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवें चरण पर छत्तीसगढ़ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, 'पांच चरणों के मतदान के बाद एकदम स्पष्ट हो गया है कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार पीएम बनने वाले हैं और 400 पार का नारा सच होने वाला है।'

10:27 AM, 21-May-2024

लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं: मृत्युंजय तिवारी

छपरा फायरिंग मामले पर आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, 'लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। ये शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वो स्थिति को नियंत्रण में करें और चिन्हित करें कि कौन से लोग लोकतंत्र का गला घोटना चाहते हैं... पुलिस प्रशासन क्या कर रहा है? जिन लोगों की मृत्यु हुई है, उनके परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए... जनता की अदालत में इंडी गठबंधन, राष्ट्रीय जनता दल और हमारे महागठबंधन के उम्मीदवार जीत रहे हैं... जनता वोट की चोट से सबक सिखाने का काम कर रही है।'

10:26 AM, 21-May-2024

सांसद जयंत सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी

भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद जयंत सिन्हा को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर जवाब देने को कहा है। नोटिस में लिखा गया है, 'जब से पार्टी ने मनीष जयसवाल को हजारीबाग लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है तब से आप संगठनात्मक कार्यों और चुनाव प्रचार में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। इसके बावजूद इस लोकतंत्र के महापर्व में आपने अपने मताधिकार का प्रयोग करना भी उचित नहीं समझा। आपके आचरण से पार्टी की छवि खराब हुई है।'

10:21 AM, 21-May-2024

इंडी एलायंस पूरी तरह से बदनाम और हताश: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन पूरी तरह से बदनाम और हताश हो चुका है। उन्होंने 2024 के चुनाव के पांचवें चरण में मतदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि देश के लोगों ने फैसला कर लिया है कि वे केंद्र में एक मजबूत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इंडी एलायंस किसी भी तरह की वोटबैंक की राजनीति कर सकती है। लोग उन पर विश्वास नहीं करेंगे। वे पूरी तरह से बदनाम और हताश हैं।

10:21 AM, 21-May-2024

शौचालय के अंदर मृत मिला बूथ एजेंट

पुलिस ने बताया कि उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना के 62 वर्षीय पोलिंग बूथ एजेंट मनोहर नालगे मुंबई के वर्ली इलाके में एक मतदान केंद्र के शौचालय के अंदर मृत पाए गए। मुंबई की एनएम जोशी मार्ग पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी।

 
 

10:19 AM, 21-May-2024

Lok Sabha Election Live: 'आम आदमी पार्टी के राष्ट्र विरोधी ताकतों से रिश्ते', भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आरोप

देश में इन दिनों चुनावी मौसम चल रहा है। अब तक पांच चरणों के दौरान कई प्रदेशों में मतदान हो गए हैं और अभी आगे कई राज्यों में कराए जाने हैं। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। वोटरों को लामबंद करने के लिए विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहे हैं और विरोधियों के खिलाफ बयानबाजी का दौर जारी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें