फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election 2024 Live: दिल्ली में कांग्रेस CEC की बैठक जारी, इन राज्यों की लोकसभा सीटों पर हो रही चर्चा

Sun, 31 Mar 2024 10:41 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस दौरान देश के 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए भाजपा-कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। आइए पढ़ते हैं चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2024 - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:51 PM, 31-Mar-2024

बीजद ने तीन रेलवे अफसरों पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया

ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजद ने चुनाव आयोग से संपर्क कर आरोप लगाया है कि रेलवे के तीन अधिकारियों ने 29 मार्च को भारतीय जनता पार्टी की चुनावी बैठक में भाग लेकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। राज्यसभा सदस्य सस्मित पात्रा के नेतृत्व में बीजद के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को इस संबंध में ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि खुर्दा मंडल के तीन रेलवे अधिकारी 29 मार्च को जिले के बड़ापोखरिया गांव में भाजपा की चुनावी बैठक में शामिल हुए थे।

बीजद ने कहा, ‘‘यह आम चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है।’’ ज्ञापन में रेलवे अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की भी मांग की गई।

09:20 PM, 31-Mar-2024

टीएमसे ने चुनाव आयोग से की बंगाल भाजपा अध्यक्ष की शिकायत

तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। टीएमसी ने कहा है कि मजूमदार ने टीएमसी के कई कार्यकर्ताओं को ईडी की कार्रवाई का हवाला देकर डराने की कोशिश की है। 

09:00 PM, 31-Mar-2024

देवेंद्र फडणवीस ने की भाजपा की समीक्षा बैठक

मुंबई: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की समीक्षा बैठक की।

विज्ञापन
08:25 PM, 31-Mar-2024

कांग्रेस CEC की बैठक पर छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव ने कहा, "ओडिशा और बिहार के संदर्भ में चर्चा हुई है, अभी विधानसभा की सीटों को लेकर चर्चा चल रही है।"

07:57 PM, 31-Mar-2024

लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक जारी

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मुख्यालय में कांग्रेस सीईसी की बैठक जारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।

विज्ञापन
07:25 PM, 31-Mar-2024

अपना दल (कमेरावादी) से गठबंधन पर क्या बोले ओवैसी?

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने डॉ. पल्लवी पटेल की अपना दल (कमेरावादी) के साथ गठबंधन पर कहा, "वह PDA सिर्फ पब्लिक डिस्प्ले अफेक्शन था, जमीन पर कुछ भी नहीं था। यह जो गठबंधन बना है वह सही मायनों में सामाजिक न्याय के लिए एक बहुत बड़ा कदम होगा। यह सिर्फ चुनाव के लिए नहीं बनाया गया है, यह आगे भी रहेगा।"

06:44 PM, 31-Mar-2024

राजस्थान: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ सीकर में रोड शो किया।

06:05 PM, 31-Mar-2024

चुनाव अधिकारियों ने केसीआर के वाहन की ली तलाशी

देश में लेकसभा चुनाव की दुंदुभी बजने के बाद से ही चुनाव आयोग सक्रिय हो गया है। लोकसभा चुनाव में निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस बीच, तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में पूर्व सीएम केसीआर के वाहन की तलाशी ली गई है। सूर्यापेट की यात्रा के दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। बीआरएस ने कहा कि जिले के एडुलापर्रे टांडा चेक पोस्ट पर वाहन की जांच की गई। पढ़ें पूरी खबर...

05:31 PM, 31-Mar-2024

भाजपा ने भीलवाड़ा सीट पर दामोदर अग्रवाल को उतारा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान की भीलवाड़ा लोकसभा सीट से दामोदर अग्रवाल को रविवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। अग्रवाल भाजपा की प्रदेश इकाई के महासचिव हैं। इसी के साथ भाजपा ने राजस्थान की सभी 25 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी को भीलवाड़ा सीट से टिकट दिया है।

04:47 PM, 31-Mar-2024

ममता बनर्जी ने भाजपा को दी 200 सीटों का आंकड़ा पार करने की चुनौती

लोकसभा चुनाव में कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने में लगी हुई हैं। वहीं भाजपा लगातार 400 से अधिक सीट पर जीत दर्ज करने का दावा कर रही है। इस पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को निशाना साधा। उन्होंने भगवा खेमे को कम से कम 200 सीटें जीतने की चुनौती दी। पढें पूरी खबर...

04:21 PM, 31-Mar-2024

पीएम मोदी की बिहार रैली पर चिराग पासवान ने जताई खुशी

लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा, "यह वास्तव में मेरे लिए सौभाग्य और गर्व का क्षण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार की चुनावी रैलियों की शुरुआत जमुई से करेंगे, जो मेरी कर्मभूमि है। 4 अप्रैल को कार्यक्रम तय हुआ है, प्रधानमंत्री 4 अप्रैल को जमुई आएंगे और यहां की चुनावी रैली की शुरुआत करेंगे।"

03:43 PM, 31-Mar-2024

उत्तर प्रदेश; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे।

03:24 PM, 31-Mar-2024

TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, "INDIA गठबंधन का नाम भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा दिया गया था। हम लोग राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन के साथ हैं, लेकिन बंगाल में राज्य कांग्रेस और CPM भाजपा के एजेंट बन गए हैं। उनके पास भाजपा से लड़ने के लिए कोई संगठन नहीं है, लेकिन वे भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए TMC के खिलाफ राजनीति करते हैं और इसलिए बंगाल में TMC भाजपा, कांग्रेस और CPM के खिलाफ सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी..."

03:02 PM, 31-Mar-2024

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जयपुर पहुंचे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जयपुर पहुंचे। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा ने उनका स्वागत किया।

01:19 PM, 31-Mar-2024

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की नौवीं सूची
लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। इसमें राजस्थान की भीलवाड़ा लोकसभा सीट से दामोदर अग्रवाल को टिकट दिया गया है। इससे पहले भाजपा ने बीते दिन अपने उम्मीदवारों की आठवीं सूची जारी की थी। इसमें पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद और बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल का टिकट काट दिया गया था। उनकी जगह दिनेश सिंह को टिकट दिया गया था।

12:42 PM, 31-Mar-2024

ओवैसी की पार्टी के साथ मिलकर यूपी में चुनाव लड़ेंगी पल्लवी पटेल
अखिलेश यादव के साथ सीटों पर हुई असहमति के बाद अपना दल कमेरावादी आने वाले लोकसभा चुनाव में एआईएमआईएम के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। आज दोपहर लखनऊ में होने वाली प्रेस वार्ता में इस पर औपचारिक मुहर लगेगी। बीच में ऐसी खबरें भी आईं थी कि पल्लवी पटेल की मायावती के साथ बातचीत चल रही है और वह बसपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। पर ऐसा नहीं हुआ। 

12:41 PM, 31-Mar-2024

स्वामी प्रसाद कुशीनगर से लड़ेंगे चुनाव
सपा से इस्तीफा देने वाले पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य कुशीनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि उनके सहयोगी एस एन चौहान देवरिया से चुनाव लड़ेंगे। स्वामी प्रसाद मौर्य ने एलान किया है कि इंडिया गठबंधन का रुख देखने के बाद अन्य सीटों पर भी वह उम्मीदवार उतरेंगे।

11:56 AM, 31-Mar-2024

अमित शाह ने भी कांग्रेस को घेरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, "कांग्रेस ने स्वेच्छा से कच्चातिवू छोड़ दिया और उन्हें इसका कोई पछतावा भी नहीं है। कभी कांग्रेस के एक सांसद देश को विभाजित करने के बारे में बोलते हैं और कभी-कभी वे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बदनाम करते हैं। इससे पता चलता है कि वे भारत की एकता और अखंडता के खिलाफ हैं। वे केवल हमारे देश को विभाजित करना या तोड़ना चाहते हैं।"

11:56 AM, 31-Mar-2024

'कांग्रेस पर कभी भरोसा नहीं कर सकते', पीएम मोदी का फूटा गुस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्चातिवु को लेकर सामने आई एक आरटीआई रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला है। पीएम मोदी ने विपक्षियों को घेरते हुए कहा है कि नए तथ्यों से पता चलता है कि कांग्रेस ने किस तरह बेरहमी से कच्चातिवु को छोड़ दिया। इसने हर भारतीय को नाराज कर दिया है। भारत की एकता, अखंडता और हितों को कमजोर करना कांग्रेस का 75 सालों से काम करने का तरीका रहा है।

11:03 AM, 31-Mar-2024

कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से खत्म करने की योजना: अजय राय
आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस को दिए नोटिस पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ''...ये कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से खत्म करने की योजना है... क्योंकि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो लगातार मुद्दों को उठाती रहती है... खाता फ्रीज कर देना, आयकर विभाग का नोटिस देना, ये दुर्भाग्यपूर्ण है... कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता, एक-एक व्यक्ति पार्टी के साथ है..."

09:29 AM, 31-Mar-2024

आज मेरठ में हुंकार भरेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को क्रांतिधरा मेरठ से शंखनाद करेंगे। इसमें उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मुख्यमंत्री के अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी शामिल होंगे। ये रैली इस लिहाज से भी खास होने जा रही है क्योंकि 15 साल बाद रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह प्रधानमंत्री के साथ दूसरी बार मंच साझा करेंगे।

08:04 AM, 31-Mar-2024

त्रिपुरा: भाजपा के स्टार प्रचारकों का एलान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने त्रिपुरा में लोकसभा चुनाव और रामनगर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों का एलान कर दिया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नाम शामिल हैं।

सूची में सर्बानंद सोनोवाल, अर्जुन मुंडा, स्मृति ईरानी, किरेन रिजिजू, योगी आदित्यनाथ, हिमंत बिस्व सरमा, माणिक साहा, राजीव भट्टाचार्जी, बिप्लब कुमार देब, महारानी कृति सिंह देबबर्मा, रबींद्र राजू, संबित पात्रा, प्रतिमा भौमिक और जिष्णु देव वर्मा शामिल हैं। इसके अलावा प्रणजीत सिंघा रॉय, राजू बिस्ता, हेमा मालिनी, अग्निमित्रा पॉल, रेबती त्रिपुरा, मनोज तिवारी, सुवेंदु अधिकारी, मिथुन चक्रवर्ती, रतन लाल नाथ और विकास देबबर्मा भी राज्य में भाजपा के प्रचार का जिम्मा संभालेंगे। सूची में सुधांशु दास, टिंकू रॉय, सैन्टाना चकमा, कल्याणी रॉय, अमित रक्षित, पापिया दत्ता, राम पदा जमातिया, प्रमोद रियांग, भगवान दास, संभू लाल चकमा और मोहम्मद बिलाल मिया को भी जगह दी गई है।

गौरतलब है कि राज्य में आगामी आम चुनाव दो चरणों में होने हैं। पश्चिमी त्रिपुरा सीट पर 19 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि पूर्वी त्रिपुरा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।

08:00 AM, 31-Mar-2024

Lok Sabha Election 2024 Live: दिल्ली में कांग्रेस CEC की बैठक जारी, इन राज्यों की लोकसभा सीटों पर हो रही चर्चा

Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इस दौरान देश के 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए भाजपा-कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। आइए पढ़ते हैं चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स...

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें