AIMIM ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद से इम्तियाज जलील को फिर बनाया उम्मीदवार
तमिलनाडु में पीएमके और भाजपा के बीच गठबंधन
तमिलनाडु में एस रामदौस की पार्टी पाट्टाली मक्कल काच्ची( पीएमके) ने बीजेपी के साथ गठबंधन करने का फैसला किया है। पीएमके महासचिव वदिवेल रावणन ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शीट शेयरिंग के संबंध में पीएमके संस्थापक रामदास परसों घोषणा करेंगे।
देश में चुनावी बयार के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में रोड शो किया। पीएम मोदी ने मोदी ने रोड शो के दौरान हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर 'मोदी, मोदी' के नारे लगाए। साथ ही पारंपरिक संगीत की धुन बजाकर उनका स्वागत किया। यह पहला मौका है जब प्रधानमंत्री ने कोयंबटूर में रोड शो किया है।
बसपा प्रमुख मायावती को उत्तर प्रदेश में बड़ा झटका लगा है। यूपी की लालगंज सीट से सांसद संगीता आजाद ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। राजधानी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में अपने पति और पार्टी नेता आज़ाद अरी मर्दन और सुप्रीम कोर्ट की वकील सीमा समृद्धि (कुशवाहा) के साथ वह भाजपा में शामिल हो गईं। इससे पहले, जब उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी तभी से संगीता के भाजपा में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं।
महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के बीच सीट बंटवारे की चर्चा शुरू हो गई है। आज विधान भवन में भी कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई, जिसमें सीट बंटवारे पर मंथन हुआ।
एमडीएमके के सांसद वाइको ने बताया है कि डीएमके और एमडीएमके के बीच गठबंधन हो गया है। आज डीएमके त्रिची सीट को एमडीएमके को देने का एलान कर देगी। दोपहर में साढ़े तीन बजे हम अपने उम्मीदवार का एलान भी कर देंगे।
तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के सेल्वापेरुंथगाई ने बताया कि डीएमके के साथ गठबंधन के तहत सीएम स्टालिन ने हमें 10 सीटें दी हैं। हम सभी 39 सीटों और एक पुडुचेरी की सीट पर भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने (पीएम मोदी) बीते 10 वर्षों में कुछ नहीं किया है।
राहुल गांधी ने रविवार को मुंबई में आयोजित हुई रैली में कहा था कि पीएम मोदी बिना ईवीएम, ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग के चुनाव नहीं जीत सकते। इस पर जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि 'जिस तरह से राहुल गांधी पार्टी और जनता द्वारा चुने गए नेता का अपमान कर रहे हैं, मुझे लगता है कि यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा मजाक है।'
'मेरे लिए यह सम्मान की बात है कि नारी शक्ति मुझे आशीर्वाद देने आई है। कल विपक्षी गठबंधन ने मुंबई में रैली की, जिसमें एलान किया कि वे शक्ति के खिलाफ लड़ रहे हैं। मेरे लिए हर बेटी, मां और बहन शक्ति का स्वरूप है। जो शक्ति के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, मैं उनकी चुनौती स्वीकार करता हूं। मैं शक्ति के लिए खुद का जीवन बलिदान करने के लिए तैयार हूं।'
'तेलंगाना में भाजपा का समर्थन लगातार बढ़ रहा है और यहां मौजूद लोगों की भीड़ इसका उदाहरण है। मैंने हाल ही में तेलंगाना में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। अब लोग देख रहे हैं कि रिमोट इलाकों में भी अब विकास परियोजनाएं चल रही हैं। भाजपा की लहर में बीआरएस और कांग्रेस साफ हो जाएंगी।'
जनसभा के दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि 'लोकसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का उत्सव प्रारंभ हो चुका है और 13 मई को तेलंगाना के लोग नया इतिहास रचने वाले हैं। 13 मई को तेलंगाना में होने वाला मतदान 'विकसित भारत' के लिए होगा और जब भारत विकसित होगा तो तेलंगाना भी विकसित होगा।'
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि जब भी वे (विपक्ष) हारते हैं तो ईवीएम पर आरोप लगाते हैं, लेकिन जब वे कर्नाटक, केरल में जीते, तब ईवीएम में कोई परेशानी नहीं थी। हारने पर उन्हें किसी पर तो आरोप लगाने होते हैं तो वे ईवीएम पर ही आरोप मंढ देते हैं।
टीएमसी सांसद साकेत गोखले ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में साकेत गोखले ने चुनाव आयोग से की शिकायत की प्रति साझा की। शिकायत में टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के पालनाडु में चुनावी रैली में जाने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया। साकेत गोखले ने बताया कि चुनाव आयोग के नियम आचार संहिता लागू होने के बाद स्टेट मशीनरी के इस्तेमाल पर रोक लगाते हैं।
राहुल गांधी ने इलेक्टोरल बॉन्ड योजना को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने इसे दुनिया की सबसे बड़ी वसूली करार दिया। राहुल के इन बयानों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता नलिन कोहली ने कहा कि 'राहुल गांधी के बयान से साफ है कि उन्हें इलेक्टोरल बॉन्ड योजना पर कोई विश्वास नहीं है और वे इसे अपमानित करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। लोगों ने पीएम मोदी को दो बार वोट देकर सत्ता सौंपी है क्योंकि लोगों को लगता है कि वे पूरे देश को अपना परिवार मानते हैं।'