नासिक सीट पर टिकट की मांग पर शिवसेना नेता हेमंत तुकाराम गोडसे ने कहा कि आज बैठक में सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि नासिक और 5-7 अन्य लोकसभा सीटों पर चर्चा चल रही है। नासिक सीट पर शिवसेना हमेशा से चुनाव लड़ती रही है। 70% सीटों की घोषणा हो चुकी है। पीएम मोदी ने कहा है कि हमें देश में 400 सीटें पार करनी हैं और महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 45 सीटें हासिल करनी हैं।
भाजपा के महाराष्ट्र चुनाव प्रभारी दिनेश शर्मा ने आज वर्षा बंगले में शिष्टाचार भेंट की और सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अजीत पवार और भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार भी मौजूद थे।
वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) ने महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की।
सतारा लोकसभा सीट पर महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस विधायक पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि वे सतारा के लिए सबसे उपयुक्त और मजबूत उम्मीदवार को मैदान में उतारने की कोशिश करेंगे। कुछ बातचीत चल रही है। सीट एनसीपी (शरद चंद्र पवार) के पास है। शरद पवार और उनकी पार्टी को निर्णय लेने दें।
कर्नाटक के रामानगर में अपने रोड शो के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एक तरफ बंगलूरू में धमाके हो रहे हैं, दूसरी तरफ मुझे अभी खबर मिली की एसडीपीआई ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। अगर ये सच है तो कांग्रेस सरकार के हत कर्नाटक कैसे सुरक्षित हो सकता है।
ओडिशा में दूसरी बार अपनी उम्मीदवारी पर कांग्रेस विधायक मोहना दशरथी गोमांगो ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने मुझे जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए उन्होंने इस बार मुझे दोहराया है। लोग भाजपा और बीजेडी को वोट नहीं देना चाहते हैं, कांग्रेस अच्छी संख्या में वोटों से जीतेगी।
केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने नृसिंहनाथ मंदिर और मां हिंगुला मंदिर में पूजा-अर्चना की।
कर्नाटक के रामानगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रोड शो किया।
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में मक्कल निधि मय्यम प्रमुख कमल हासन ने रोड शो किया।
पांच राज्यों में आठ डीएम, 12 एसपी के तबादले का आदेश
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को पांच राज्यों में आठ जिलाधिकारियों और 12 पुलिस अधीक्षकों के तबादले का आदेश जारी किया है। आयोग ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार की अध्यक्षता में निर्वाचन आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोग द्वारा की गई नियमित समीक्षा के तहत यह फैसला किया गया। स्थानांतरित किए गए सभी अधिकारियों को तत्काल अपने कनिष्ठ अधिकारी को प्रभार सौंपने के लिए कहा गया है। आयोग ने साथ ही कहा कि जिन अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है, उन्हें लोकसभा चुनावों के पूरा होने तक कोई चुनाव ड्यूटी नहीं दी जाएगी।
आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का टिकट पाने में असफल रहे उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव से भाजपा सांसद उन्मेश पाटिल ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत से मुलाकात की, जिससे उनके भविष्य के राजनीतिक कदम के बारे में अटकलें तेज हो गईं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पाटिल को टिकट देने से इनकार कर दिया और उनकी जगह जलगांव संसदीय क्षेत्र से स्मिता वाघ को उम्मीदवार बना दिया। संजय राउत से मुलाकात के बाद उन्मेश पाटिल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आपके सभी सवालों का विस्तार से जवाब दिया जाएगा, लेकिन आज इसके लिए उपयुक्त दिन नहीं है।
मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मुझे मंडी से उम्मीदवार के रूप में चुना गया है। पीएम मोदी कोई साधारण आदमी नहीं हैं। इसलिए, जब उन्होंने अपना प्रतिनिधि चुना, तो मंडी की बेटी को चुना। लेकिन कांग्रेस ने मंडी की बेटियों को अपशब्द कहे। जो लोग महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकते, क्या वे हमारे कल्याण के लिए काम कर सकते हैं।
राजस्थान में चुनावी सभा में पीएम मोदी ने कहा कि आपका सपना मोदी का संकल्प है। पिछली सरकारों ने जो पूछा तक नहीं था, उसे मोदी ने पूजा है। मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत करीब 20 हजार करोड़ रुपये खातों में भेजे हैं।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार कामाख्या प्रसाद तासा के लिए रोड शो किया।
राजस्थान के कोटपूतली में चुनावी रैली में पीएम मोदी पहुंचे । इस दौरान मंच पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अभिनंदन किया।
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राज्य में वोट मांगने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के लोगों को धोखा दिया और सूखा राहत फंड को जारी करने में देरी की। सिद्धारमैया ने कहा कि जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी को अमित शाह से इस मुद्दे पर सवाल करना चाहिए। सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि वह (अमित शाह) हाई पावर कमेटी के अध्यक्ष हैं। क्या उन्होंने मेकेदातु प्रोजेक्ट की इजाजत दी..क्या उन्होंने महादायी प्रोजेक्ट के लिए पर्यावरण मंजूरी दी? 15वें वित्त आयोग ने भद्रा प्रोजेक्ट के लिए 5300 करोड़ रुपये देने की सिफारिश की थी, क्या वो मिले? ऐसे में उन्हें लोगों से वोट नहीं मांगने चाहिए। अमित शाह को इसका कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
केरल के सीएम पिनाराई विजयन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि इलेक्टोरल बॉन्ड योजना में बड़ा घोटाला हुआ और भाजपा ने इसमें अहम भूमिका निभाई। एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पिनाराई विजयन ने कहा कि भाजपा सरकार में इलेक्टोरल बॉन्ड का बड़ा घोटाला हुआ। इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए भाजपा को 8251 करोड़ रुपये मिले, लेकिन कांग्रेस भी इसमें मिली हुई है और कांग्रेस को 1951 करोड़ रुपये मिले।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव पीएम मोदी को फिर से चुनने के लिए हो रहा है। मुझे नहीं लगता कि इन चुनाव में कोई और मुद्दा है। यह सिर्फ औपचारिकता है। हमें हर पांच साल में वोट देना होता है, वरना इसके अलावा चुनाव की भी जरूरत नहीं थी।
कार्बी आंगलोंग में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि 2024 तक सभी राशन कार्ड धारकों को अरुणोदय योजना का लाभ मिलेगा। कार्बी आंगलोंग और दिमा हसाओ जिलों में शिक्षा क्षेत्र को विकसित किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कर्नाटक के बंगलूरू में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 'मैं यहां आपको बताने आया हूं कि भाजपा-जेडीएस का गठबंधन कर्नाटक की सभी 28 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगा। कांग्रेस राज्य में खाता भी नहीं खोल पाएगी।' शाह ने कहा कि हमने वादा किया था कि हम सत्ता में आते ही भ्रष्टाचारियों को जेल में डालेंगे। क्या भ्रष्ट लोगों को जेल में होना चाहिए या नहीं? कांग्रेस नेता तुष्टिकरण की राजनीति के चलते राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल नहीं हुए। कर्नाटक में सूखे के हालात हैं, लेकिन राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को राहत के लिए प्रस्ताव भेजने में देरी की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार पार्टी ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के स्टार प्रचारकों में शरद पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल. अनिल देशमुख, जितेंद्र अव्हाण, रोहित पवार आदि का नाम शामिल है।
रुद्रपुर की रैली में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार के शहजादे ने ऐलान किया है, अगर देश ने तीसरी बार मोदी सरकार को चुना तो आग लग जाएगी। 60 साल तक देश पर राज करने वाले 10 साल सत्ता से बाहर क्या रह गए, अब देश में आग लगाने की बात कर रहे हैं।
उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित रैली में पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इमरजेंसी की मानसिकता वाली कांग्रेस का भरोसा अब लोकतंत्र पर नहीं बचा है। इसलिए वह जनादेश के खिलाफ लोगों को भड़काने में जुटी है। कांग्रेस भारत को अस्थिरता की तरफ ले जाना चाहती है, अराजकता में झोंकना चाहती है।
चुनाव आयोग ने राज्यों में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करने का फैसला किया है।
ईएनपीओ (ईस्टर्न नगालैंड पीपल्स ऑर्गेनाइजेशन) ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह आगामी आम चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में ईएनपीओ संगठन ने लिखा कि अलग राज्य की मांग पूरा न होने के चलते वे लोकसभा चुनाव में शामिल नहीं होंगे। ईएनपीओ ने चेनमोहो रिजोल्यूशन लागू करने की मांग की और अलग राज्य फ्रंटियर नगालैंड के गठन की मांग की।
तेलंगाना की वारंगल सीट से कांग्रेस ने कादियम काव्या को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। कादियम काव्या तेलंगाना के पूर्व डिप्टी सीएम कादियम श्रीहरि की बेटी हैं और हाल ही में उन्होंने बीआरएस छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा था। तेलंगाना में 13 मई को आम चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राहुल गांधी के केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने पर सवाल उठाए हैं। सीएम विजयन ने कहा कि हर कोई सवाल कर रहा है कि राहुल गांधी केरल से चुनाव क्यों लड़ रहे हैं और वे केंद्र में भाजपा से सीधे लड़ाई क्यों नहीं लड़ रहे? राहुल गांधी का मुकाबला सीपीआई के एनी राजा के साथ है। मणिपुर मुद्दे पर भी एनी राजा ने भाजपा सरकार का तगड़ा विरोध किया था, लेकिन राहुल गांधी ने क्या किया? जब भी देश में विरोध प्रदर्शन होते हैं, वहां एनी राजा मौजूद रहती हैं, लेकिन क्या राहुल गांधी इन पर कुछ बोलते हैं?
लोकसभा चुनाव से पहले मणिपुर के भाजपा नेता और पूर्व विधायक समेत चार लोगों ने कांग्रेस की सदस्या ग्रहण कर ली है। कांग्रेस की सदस्यता लेने वालों में येसकुल सीट से पूर्व विधायक एलांगबम चांद सिंह, भाजपा नेता सागोलसेम अछोबा सिंह, वकील ओइनाम हेमंत सिंह और थाउडाम देबदत्ता सिंह शामिल हैं। इंफाल के कांग्रेस भवन में चारों ने कांग्रेस की सदस्यता ली।
समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में दो नाम हैं। जिसमें मेरठ लोकसभा सीट से अतुल प्रधान और आगरा लोकसभा सीट से सुरेश चंद कदम को उम्मीदवार बनाया गया है।
रुद्रपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर भी पहुंच रहे हैं। वह यहां मोदी मैदान में आयोजित भाजपा की शंखनाद रैली को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। इसके लिए मोदी मैदान में भव्य मंच को तैयार किया जा रहा है। जगह-जगह पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। रैली में एक लाख लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी कोटपूतली में जनसभा करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को कोटपूतली में एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से पार्टी के प्रत्याशी राव राजेंद्र सिंह के समर्थन में कोटपूतली में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मंगलवार दोपहर 1.50 बजे कोटपूतली के एकलव्य डेंटल मेडिकल कॉलेज के सामने ग्राम मोलाहेड़ा स्थित सभास्थल पर पहुंचेंगे। मौजूदा लोकसभा चुनाव के लिए यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली सभा होगी। राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे।
Lok Sabha Chunav 2024 Live Updates in Hindi: लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है। सात चरण में होने वाले आम चुनाव के लिए 19 अप्रैल से मतदान शुरू होगा। मतगणना चार जून को होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर विपक्षी नेताओं ने कमर कस ली है। आइए पढ़ते हैं चुनाव से जुड़ी पल-पल की अपडेट अमर उजाला पर...