सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक देश-एक चुनाव और टीम इंडिया की बात करने वाले लोग अपने ही देश की राजधानी के लोगों को प्यासा मार रहे हैं। हरियाणा की भाजपा सरकार ने जान-बूझकर दिल्ली का पानी रोक रखा है। इस मामले में प्रधानमंत्री चुप बैठे हैं। उन्हें दिल्ली का संकट नहीं दिख रहा है।
अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठीं जल मंत्री आतिशी ने अनशन के तीसरे दिन दिल्ली वालों को संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हथिनी कुंड में पानी भरा हुआ है लेकिन हरियाणा सरकार ने दिल्ली को पानी छोड़ने वाले गेट बंद कर दिए हैं। दिल्ली के हक के पानी पर हरियाणा सरकार ने ताला लगाया है। जब तक दिल्ली की जनता को उनके हक का पानी नहीं मिल जाता तब तक 'पानी सत्याग्रह' जारी रहेगा।
आतिशी ने कहा, 'मैं इस अनशन पर इसीलिए बैठी हूं क्योंकि दिल्ली में पानी का बहुत संकट है। दिल्ली में अपना पानी नहीं है। दिल्ली का सारा पानी पड़ोसी राज्यों से आता है। दिल्ली में कुल पानी 1005 एमजीडी है, जिसमें से 613 एमजीडी (मिलियन गैलन प्रति दिन) हरियाणा से आता है लेकिन पिछले 3 हफ्ते से हरियाणा ने अपना पानी कम कर दिया है। वो दिल्ली को पानी नहीं दे रहे हैं। हरियाणा सरकार कहती है कि हमारे पास पानी नहीं है लेकिन कल कुछ लोग हथिनी कुंड बैराज गए और दिखाया कि हथिनी कुंड बैराज में पानी है लेकिन जिस गेट से दिल्ली के लिए पानी छोड़ा जाता है वो बंद कर दिया गया है और वहां से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है।
जल मंत्री आतिशी के धरने को भाजपा ने प्रशासनिक अराजकता बताया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शनिवार को कहा कि सत्याग्रह एक पवित्र आंदोलन है जिसे महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय समेत कई शीर्ष नेताओं ने अंग्रेज शासकों के खिलाफ जनजागरण के लिए शुरू किया था। उनके सत्याग्रह में एक मंच होता था, वहीं दिन रात बैठकर जनता से जुड़ते थे। ऐसा लगता है कि आतिशी एक फाइव स्टार सत्याग्रह कर रही हैं, वे चार घंटे मंच पर बैठती हैं और 18 घंटे मंच के पीछे एयरकंडीशन कमरे में चली जाती हैं। दिल्ली के लोग स्तब्ध हैं कि यह कैसा अनशन है जिसमे अनशनकारी हर फाइव स्टार सुख सुविधा भोग रहा है। यह सत्याग्रह आंदोलन की पवित्रता का अपमान है। आतिशी सत्याग्रह की मूल भावना को ठेस पहुंचा रही हैं। एक मंत्री का धरना देना भूख हड़ताल की बात करना हास्यास्पद लगता है। मंत्री का काम जनता की सुविधा के लिए काम करना होता है। सच में उन्हें लगता है दिल्ली में जल की कमी है और हरियाणा सरकार अतिरिक्त जल नहीं दे रही है तो वे अपनी पार्टी की पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पानी मांग लेतीं।
दिल्ली में पानी के संकट पर राजनीति तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने शनिवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना को चिट्ठी लिखी है और रविवार को आप के सांसद, विधायक और नेता मुलाकात के लिए जाएंगे। रविवार सुबह 11 बजे आप नेता उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलने जायेंगे। यह मुलाकात पानी की समस्या को लेकर होगी।
शनिवार को दोपहर में अनशन स्थल पर पूर्व बस मार्शल भी अपनी मांग रखने के लिए पहुंच गए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। आप ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया। आरोप है कि भाजपा के लोगों ने व्यवस्था को बिगाड़ने और शांतिपूर्ण अनशन में बाधा डालने की कोशिश की।