कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस मना कर रही है। नेता विपक्ष होने के नाते मेरा अधिकार बनता है वहां जाने का, लेकिन तब भी जाने नहीं दिया जा रहा। मैं अकेला वहां जाने को तैयार हूं, लेकिन ये बात भी नहीं मानी गई। हम सिर्फ संभल जाना चाहते हैं। वहां के लोगों से मिलना चाहते हैं। लेकिन हमारा संवैधानिक अधिकार हमें नहीं दिया जा रहा। यही है नया हिंदुस्तान, जिसमें संविधान को खत्म करने का काम किया जा रहा है।
करीब दो घंटे यूपी गेट पर राहुल गांधी का काफिला रूका रहा। संभल न जाने देने पर दिल्ली वापस लौटे। सुबह 10:46 पर राहुल गांधी यूपी गेट पहुंचे थे। जाम में फंसे लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आपस में बहस हुई
प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने राहुल गांधी को अकेले भेजने और पुलिस के साथ जाने को कहा लेकिन पुलिस ने हमारी यह बात भी नहीं मानी।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी.वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सम्भल जा रहे हमारे प्रतिनिधिमंडल को गाजियाबाद में यूपी सीमा पर रोक दिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों से मिलने से लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को क्यों रोका? जिस व्यक्ति ने इतना दुख और क्षति झेली हो, उसके साथ खड़ा होना मानवता का मूलमंत्र है। राहुल का नारा रहा है 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान'। और जब सत्ताधारी शासन ने नफरत का माहौल बना दिया है, तो विपक्ष के तौर पर हमारा कर्तव्य है कि हम करुणा, सहानुभूति और प्रेम लाएं। हम अपने देश में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के हित में पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए दृढ़ हैं, यूपी सरकार को प्रतिनिधिमंडल को सम्भल जाने की अनुमति देनी चाहिए।
दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे राहुल गांधी के काफिले को रोक दिया गया। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने राहुल गांधी से बातचीत की। फिलहाल राहुल गांधी अपने काफिले के साथ यूपी गेट पर ही हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा जारी है।
राहुल गांधी को संभल जाने से रोकने पर यूपी गेट पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं का हंगामा जारी है। वहीं राहुल गांधी के बॉर्डर पर पहुंचने से पहले एसपीजी से डीसीपी निमिष पाटील और एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बातचीत की।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी का काफिला बॉर्डर पर रोक दिया गया है। बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात है। बैरिकेडिंग की गई है। कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत गाड़ी से उतार कर पब्लिक के साथ आईं। वहीं अमेठी के सांसद किशोरी लाल ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है।
गाजीपुर बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम के दौरान स्कूल बस, एंबुलेंस और दुल्हन को लेकर जा रही दूल्हे की कार जाम में फंस गई। अभी भी यूपी गेट पर जाम लगा हुआ है। चारों तरफ से यूपी पुलिस कड़ी सुरक्षा के साथ तैनात है।
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य पार्टी नेताओं के साथ संभल जा रहे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी अपने काफिले के साथ घर से संभल के लिए निकल चुके हैं। प्रशासन ने संभल जाने के लिए मना किया है। इससे पहले समाजवादी पार्टी के कई नेता संभल जाने के लिए निकले थे। लेकिन सभी को मना कर दिया। दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर लंबा जाम लगा हुआ है।
यूपी गेट पर राहुल गांधी के पहुंचने से पहले ही यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पहुंच गए हैं। वहीं बुलंदशहर से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी बॉर्डर पर मौजूद हैं। बैरिकेडिंग लगाए जाने के दौरान स्कूल बस और एंबुलेंस जाम में फंस गई। यूपी गेट पर गाजियाबाद के पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, नोएडा महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव भी पहुंचे हैं। बैरिगेडिंग पर चढ़ते कांग्रेस कार्यकर्ता को पुलिस समझा रही है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संभल जा रहे हैं। उससे पहले ही गाजियाबाद में पुलिस ने दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर नाकेबंदी कर दी है। सुबह सात बजे से ही बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल बॉर्डर पर तैनात था। बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा के बाद कांग्रेस के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता यूपी बॉर्डर पर पहुंचे। वहीं नाकेबंदी की वजह से सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया है। फ्लाइओवर के ऊपर और यूपी गेट के नीचे दोनों तरफ जाम ही जाम है।