फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur case Live: लखीमपुर-खीरी में इंटरनेट सेवा फिर से बंद, सियासी सरगर्मी तेज, धरने पर बैठे सिद्धू

Fri, 08 Oct 2021 10:38 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

खास बातें

Lakhimpur Kheri Violence Live Update लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड के बाद घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंत्री का बेटा आशीष अब तक क्राइम ब्रांच की टीम के सामने पेश नहीं हुआ है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि आशीष नेपाल भाग गया है। वहीं, शिरोमणि अकाली दल का प्रतिनिधिमंडल आज लखीमपुर खीरी जाएगा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेगा। नवजोत सिंह सिद्धू भी आज लखीमपुर जा सकते हैं। 
विज्ञापन
अनशन पर बैठे नवजोत सिंह सिद्धू। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:12 PM, 08-Oct-2021

इंटरनेट सेवा फिर से बंद

लखीमपुर खीरी में शुक्रवार देर शाम को फिर से इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। वहीं इससे पहले भी इंटरनेट बंद कर दिया गया था, लेकिन बाद में बहाल कर दिया गया था। आज शाम को फिर से इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। 

06:12 PM, 08-Oct-2021

अनशन पर बैठे नवजोत सिंह सिद्धू

नवजोत सिंह सिद्धू निघासन में पत्रकार रमन कश्यप के घर पर मौन अनशन पर बैठ गए। सिद्धू ने कहा कि जब तक मंत्री के बेटे गिरफ्तार नहीं हो जाते, अनशन से नहीं हटेंगे। पत्रकार के घर पर अपना बिस्तर लगाकर मौन धारण कर अनशन पर बैठ गए। 

05:59 PM, 08-Oct-2021

अजय मिश्रा बोले- कहीं नहीं गया मेरा बेटा

अजय मिश्रा ने कहा कि मेरा बेटा कहीं नहीं गया है, वो शहपुरा में अपनी कोठी में है। आपको विश्वास नहीं है तो लखीमपुर चलो।

विज्ञापन
05:18 PM, 08-Oct-2021

अजय मिश्रा टेनी बोले- मेरा बेटा निर्दोष, दिया नोटिस का लिखित जवाब

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कहा कि मेरा बेटा बेटा निर्दोष है। उन्होंने कहा कि आज बेटे की तरफ से नोटिस का लिखित जवाब दिया है। बेटे का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के करण पेश नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बेटा कल जांच एजेंसी के सामने पेश होकर अपने निर्दोष होने के सबूत देगा। उन्होंने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है इसका राजनीतिक उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में कोई पक्षपात नहीं होता है। निष्पक्ष जांच होगी, इसमें पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के वेष में कुछ उपद्रवी भीड़ में शामिल थे।

04:20 PM, 08-Oct-2021

लखीमपुर पहुंचे सिद्धू

नवजोत सिंह सिद्धू लखीमपुर खीरी पहुंच गए हैं। मृतक लवप्रीत के घर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिद्धू पहुंचे हैं और उनके परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं।

विज्ञापन
03:59 PM, 08-Oct-2021

आरोपी लवकुश अदालत में पेश

पुलिस ने जिस लवकुश नाम के आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया था आज पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया।

03:36 PM, 08-Oct-2021

कल बेटा होगा पुलिस के सामने हाजिर- अजय मिश्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह महामंत्री संगठन सुनील बंसल उस बैठक में शामिल होंगे जिसमें अजय मिश्र मौजूद होने वाले हैं। अजय मिश्रा ने कहा बेटा कल पुलिस के सामने हाजिर हो जाएगा। हालांकि इस्तीफे के सवाल पर कहा कि ये तो विपक्ष की मांग है।

03:21 PM, 08-Oct-2021

केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र पहुंचे लखनऊ

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे हैं और शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित अवध क्षेत्र के भाजपा सांसद विधायक और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।

02:35 PM, 08-Oct-2021

दोषियों के लिए पद और दबाव किसी काम नहीं आएगा- केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि, लखीमपुर की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और मामले में जांच चल रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। हम प्रदेश के लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और आरोपी के लिए कोई पद या दबाव काम नहीं कर पाएगा।

02:13 PM, 08-Oct-2021

आशीष मिश्र को दूसरा समन

पुलिस ने आज एक बार फिर आशीष मिश्र को पूछताछ में शामिल होने के लिए दूसरा नोटिस उसके घर के बाहर चिपकाया है।

01:35 PM, 08-Oct-2021

आशीष की तबीयत ठीक नहीं: अजय मिश्र

केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र ने कहा है कि उनका बेटा आशीष मिश्र आज यूपी पुलिस के सामने पेश नहीं होगा क्योंकि वह अस्वस्थ है। मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है। लखीमपुर हिंसा में मुख्य आरोपी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्र को आज सुबह 10 बजे क्राइम ब्रांच के सामने पेश होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुआ। 
 

01:31 PM, 08-Oct-2021

'क्या हत्या के आरोपियों के अन्य मामलों में भी सरकार नोटिस भेजकर आरोपी को बुलाती है?'

लखीमपुर घटना के बाद दर्ज किए गए मुकदमें में नामजद आरोपी आशीष मिश्र को अब तक हिरासत में न लिए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार से सवाल पूछे हैं। कोर्ट ने पूछा है कि क्या हत्या के आरोपियों के अन्य मामलों में भी सरकार नोटिस भेजकर आरोपी को बुलाती है? केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे को अब तक हिरासत में न लिए जाने का आधार क्या है?  सुप्रीम कोर्ट की इस टिप्पणी पर राज्य सरकार की ओर से वकील हरीश साल्वे ने कहा कि किसानों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गोली के निशान नहीं दिखे, इसलिए उन्हें नोटिस भेजा गया था।

01:24 PM, 08-Oct-2021

लखीमपुर बवाल: यूपी सरकार को सुप्रीम कोर्ट की फटकार

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में तीन अक्तूबर को हुई हिंसा में आठ लोगों की मौत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई जारी है। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि वह लखीमपुर खीरी हिंसा मामले की जांच में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से संतुष्ट नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 302 की धारा में केस दर्ज होने पर गिरफ्तारी क्यों हुई। मामले में अगली सुनवाई 20 अक्तूबर को होगी। 

01:18 PM, 08-Oct-2021

कांग्रेस पर पीके का तंज: लखीमपुर के बाद वापसी बड़ी गलतफहमी

लखीमपुर खीरी कांड के बाद अचानक से चर्चा में आई कांग्रेस पर चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने निशाना साधा है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर कांग्रेस का नाम लिए बिना लिखा है कि जो लोग या पार्टियां यह सोच रही हैं कि 'ग्रैंड ओल्ड पार्टी' के सहारे विपक्ष की तुरंत वापसी होगी वे गलतफहमी में हैं। उनको निराशा ही हाथ लगेगी। उन्होंने आगे लिखा है कि दुर्भाग्य से 'ग्रैंड ओल्ड पार्टी' की जड़ों और उनकी संगठनात्मक संरचना में बड़ी कमियां हैं। फिलहाल इस समस्या को कोई समाधान भी नहीं है। 

01:14 PM, 08-Oct-2021

क्राइम ब्रांच के सामने अब तक पेश नहीं हुआ आशीष मिश्र

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुए बवाल के मुख्य आरोपी केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र का बेटा आशीष तीन घंटे बाद क्राइम ब्रांच की टीम के सामने पेश नहीं हुआ है। तीन घंटे से ज्यादा का समय बीत गया है लेकिन आशीष मिश्र मोनू नहीं पहुंचे। 
 

12:55 PM, 08-Oct-2021

अजय मिश्रा ने किया रीट्वीट 

खास बात यह है कि अपने खिलाफ किए गए नरेश बाल्यान के ट्वीट को केंद्रीय गृह मंत्री अजय मिश्र ने रीट्वीट कर दिया, जिसके बाद उनका ट्वीट चर्चा में आ गया। हालांकि, मामला बढ़ता देख अजय मिश्रा ने उस ट्वीट को अपने ट्विटर हैंडल से हटा दिया। उनका कहना है कि मेरा ट्विटर हैंडल किसी ने हैक कर लिया है।
 

12:36 PM, 08-Oct-2021

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बोले- 'मेरा अकाउंट हैक हुआ था', ट्वीट भी डिलीट किया गया

लखीमपुर खीरी में हिंसा की आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान के एक ट्वीट ने इस आग को फिर से हवा दे दी है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र 'टेनी' के बेटे आशीष मिश्र के बारे में लिखा है कि- 'नेपाल भाग गया। जहां इनके पिता अजय मिश्र डीजल व चंदन की तस्करी करते थे।'

12:24 PM, 08-Oct-2021

उम्मीद है कि प्रभावित परिवारों को न्याय मिलेगा: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए दो किसानों के परिवारों से मिलने के लिए बहराइच जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना का संज्ञान लिया है, अब उम्मीद है कि प्रभावित परिवारों को न्याय मिलेगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को इस्तीफा दे देना चाहिए। 

12:04 PM, 08-Oct-2021

अजय मिश्र टेनी के बनवीर पुर स्थित आवास पर लगा ताला 

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बनवीर पुर स्थित आवास पर ताला लगा है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के आवास के सामने लगे पेड़ों के नीचे पीएससी बैठी है। 

11:58 AM, 08-Oct-2021

एफआईआर कॉपी में जिस थार का नम्बर है वह थार मंत्री अजय मिश्र टेनी के नाम रजिस्टर

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुए बवाल के बाद दर्ज एफआईआर कॉपी में जिस थार का नम्बर है वह थार मंत्री अजय मिश्र टेनी के नाम रजिस्टर है। इस थार का तीन साल पहले इंसयोरेन्स एक्सपायर हो चुका था। 

11:47 AM, 08-Oct-2021

बहराइच और सीतापुर जिले में इंटरनेट सेवा बहाल

बहराइच और सीतापुर जिले में इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है। लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुए बवाल के बाद दोनों जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। 
 

11:44 AM, 08-Oct-2021

यूपी सरकार सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करेगी स्टेटस रिपोर्ट 

सुप्रीम कोर्ट ने लखीमपुर खीरी में 3 अक्तूबर की घटना में चार किसानों सहित आठ लोगों की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। शीर्ष अदालत ने इस मामले में यूपी सरकार से आज पुलिस की एफआईआर में नामित आरोपियों के नाम और उनकी गिरफ्तारियों के बारे में विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। अदालत ने प्रदेश सरकार द्वारा गठित न्यायिक जांच आयोग और विशेष जांच टीम (एसआईटी) का भी ब्योरा मांगा है।

11:40 AM, 08-Oct-2021

मंत्री के बेटे आशीष की नेपाल भागने की आशंका

लखीमपुर बवाल का मुख्य आरोपी गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र का बेटा आशीष मिश्र मोनू नेपाल भाग गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि आशीष मिश्र मोनू की आखिरी लोकेशन नेपाल में मिली है। हालांकि उनका गांव भी नेपाल बॉर्डर पर है। बनवीरपुर से नेपाल बॉर्डर 8-10 किलोमीटर की दूरी पर ही है।
 

11:27 AM, 08-Oct-2021

अभी तक क्राइम ब्रांच के ऑफिस नहीं आशीष मिश्र

मुख्य अभियुक्त आशीष मिश्र उर्फ मोनू अभी तक क्राइम ब्रांच के ऑफिस नहीं पहुंचा है। नौ सदस्यीय पर्यवेक्षण समिति क्राइम ब्रांच के ऑफिस में ही मौजूद है। गुरुवार को लखीमपुर बवाल में दर्ज एफआईआर की विवेचना की निगरानी के लिए डीजीपी मुकुल गोयल ने नौ सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया था। इस समिति में डीजीपी मुख्यालय में तैनात डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल को समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। जबकि 10वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी में तैनात सेनानायक सुनील कुमार सिंह को वरिष्ठ सदस्य बनाया गया था।

11:20 AM, 08-Oct-2021

पीएम मोदी की चुप्पी पर कपिल सिब्बल ने उठाया सवाल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने लखीमपुर खीरी हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर शुक्रवार को सवाल किया और कहा कि उन्हें कम से कम सहानुभूति का एक शब्द तो बोलना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, 'लखीमपुर खीरी की भयावह घटना। मोदी जी, आप चुप क्यों हैं? आपकी ओर से सिर्फ सहानुभूति के एक शब्द की जरूरत है। यह मुश्किल नहीं होना चाहिए।अगर आप विपक्ष में होते तो आप की प्रतिक्रिया कैसी होती? कृपया हमें बताएं।'

10:51 AM, 08-Oct-2021

सरकार किसानों की नहीं सुन रही है, और अब किसान मारे जा रहे हैं: हरसिमरत कौर

शिरोमणि अकाली दल का प्रतिनिधिमंडल आज लखीमपुर खीरी जाएगा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेगा। शिरोमणि अकाली दल का प्रतिनिधिमंडल लखीमपुर खीरी का दौरा करने लखनऊ हवाई अड्डे पर पहुंच गया है। हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि सरकार किसानों की नहीं सुन रही है, और अब किसान मारे जा रहे हैं; हम किसानों के साथ खड़े हैं

10:40 AM, 08-Oct-2021

क्राइम ब्रांच की टीम ने 10 बजे पूछताछ के लिए बुलाया था

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड के बाद घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम ने आज 10 बजे पूछताछ के लिए मुख्य आरोपी आशीष मिश्र उर्फ मोनू को बुलाया था। लेकिन वह अभी तक वह पेश नहीं हुआ है।

10:31 AM, 08-Oct-2021

लखीमपुर-खीरी में इंटरनेट सेवा फिर से बंद, सियासी सरगर्मी तेज, धरने पर बैठे सिद्धू

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कांड में मुख्य अभियुक्त आशीष मिश्र मोनू को बयान दर्ज कराने के लिए क्राइम ब्रांच ने आज तलब किया है। कुछ देर में आशीष क्राइम ब्रांच के सामने पेश हो सकता है। पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया था।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें