फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Live: कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ पहुंचा, 'जय श्रीराम' और 'बाबूजी अमर रहे' के नारों से गूंजा स्टेडियम

Sun, 22 Aug 2021 08:19 PM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ में उनके आवास, विधान भवन और भाजपा कार्यालय में रखा गया। पीएम मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लखनऊ पहुंचकर कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, सीएम योगी समेत कई बड़े नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन
अलीगढ़ पहुंचा कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:18 PM, 22-Aug-2021

सीएम योगी करेंगे मीडिया को संबोधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में 8.30 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे।

06:57 PM, 22-Aug-2021

नरौरा में हो रहा शव दाह स्थल का निर्माण 

पूर्व सीएम कल्याण सिंह का सोमवार को बुलंदशहर के नरौरा में अंतिम संस्कार होगा। शव दाह स्थल का निर्माण कराया जा रहा है। कमीश्नर, डीएम, सीडीओ व अन्य अधिकारियों ने जायजा लिया है। 

06:40 PM, 22-Aug-2021

आचार्यों में ये होंगे शामिल

वैदिक रीति रिवाज से अंतिम संस्कार किया जाएगा। आचार्यों में रणधीर शास्त्री, दीपक शास्त्री, आचार्य अविनाश शास्त्री, महेंद्र देव हिमांशु, मवासी सिंह शास्त्री, नरपत सिंह, सुभाष कुमार आर्य, मनोज कुमार शास्त्री, जनेश कुमार, सत्यप्रकाश शामिल रहेंगे।

विज्ञापन
06:26 PM, 22-Aug-2021

11 आचार्य वैदिक रीति रिवाज के साथ कराएंगे कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार

बुलंदशहर के नरौरा में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दाह संस्कार के लिए 25 किलो चंदन की लकड़ी की व्यवस्था की गई है। आर्य समाज के 11 आचार्य अंतिम संस्कार वैदिक रीति रिवाज से सम्पन्न कराएंगे। बताया गया है कि चंदन, ढक, पीपल व आम की लकड़ी का उपयोग किया जाएगा। 

06:02 PM, 22-Aug-2021

जय श्री राम और बाबूजी अमर रहे के नारों से गूंजा स्टेडियम

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ पहुंच गया है। यहां स्टेडियम आम लोगों के लिए पार्थिव शरीर रखा गया है। जैसे ही कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर वहां पहुंचा तो स्टेडियम जय श्री राम और बाबूजी अमर रहे के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी ने पुष्प अर्पित किए। 

विज्ञापन
05:55 PM, 22-Aug-2021

उमा भारती और सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत कई बड़े नेताओं के आने की खबर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ पहुंच गए हैं कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर भी अलीगढ़ आ गया है। रात में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत कुछ अन्य बड़े नेताओं के आने की खबर है। 
 

05:31 PM, 22-Aug-2021

पार्थिव देह के साथ मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भी

एयर एबुंलेंस आते ही भाजपा नेताओं ने अपने चहेते नेता के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और उसके बाद एक सुसज्जित वाहन में शव को रखवाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष भी पार्थिव देह के साथ हैलीकॉप्टर में अलीगढ़ पहुंचे हैं। 
 

05:12 PM, 22-Aug-2021

कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर धनीपुर मिनी एयरपोर्ट पर पहुंचा

पूर्व सीएम कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर एयर एंबुलेंस से शाम पांच बजे के करीब धनीपुर मिनी एयरपोर्ट पर पहुंचा। एटा सांसद राजवीर सिंह राजू और उनकी पत्नी पूर्व विधायक अतरौली प्रेमवती वर्मा शव के साथ ही आए। इससे एक घंटे पहले राज्यमंत्री संदीप सिंह अपनी बड़ी बहन पूर्णिमा सिंह, छोटी बहन श्वेता सिंह, कल्याण सिंह की पत्नी रामवती और छोटे भाई सौरभ सिंह के साथ हेलीकॉप्टर से आए थे। संदीप सिंह एयरपोर्ट पर उतर पर यहां इंतजार कर रही जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह को साथ लेकर अन्य परिजनों के साथ मैरिस रोड स्थित आवास पर पहुंचे।

04:38 PM, 22-Aug-2021

कुछ देर में धनीपुर मिनी एयरपोर्ट पर पहुंचेगा पार्थिव शरीर

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर कुछ देर में धनीपुर मिनी एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगा। परिवार के लोग एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की शव यात्रा लगभग 5:30 बजे तक स्टेडियम में पहुंचेगी। धनीपुर हवाई पट्टी पर कल्याण सिंह के नाती मंत्री संदीप सिंह व प्रभारी मंत्री सुरेश राणा समेत कई नेता पहुंच गए हैं। 

04:23 PM, 22-Aug-2021

लड़ाकू कद्दावर जननेता के रूप में कल्याण सिंह हमेशा याद रहेंगे: राम नाईक

पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने उन्हें श्रद्घांजलि देते हुए कहा कि मेरे ज्येष्ठ सहयोगी व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की मृत्यु से उत्तर प्रदेश को अपूरणीय क्षति हुई है। लड़ाकू कद्दावर जननेता के रूप में वह हमेशा याद रहेंगे। उनको भावभीनी श्रद्धांजलि।
 

04:07 PM, 22-Aug-2021

पैतृक गांव मढौली के लिए रवाना हुआ पार्थिव शरीर 

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर लखनऊ एयरपोर्ट से अतरौली के लिए रवाना हो गया है। पार्थिव शरीर को सबसे पहले पैतृक गांव मढौली ले जाया जाएगा। यहां से अवन्तीबाई चौराहे होते हुए शव वाहन एनेक्सी में रुकेगा। इसके बाद शरीर अंतिम दर्शन के लिए एनेक्सी भवन में रखा जाएगा। 
 

04:03 PM, 22-Aug-2021

रामभक्त और भाजपा के लोग उन्हें सदैव याद रखेंगे: गोविंदाचार्य

पूर्व भाजपा नेता गोविंदाचार्य ने कहा कि कल्याण सिंह भाजपा के कद्दावर नेता थे। पिछड़े वर्गों को पार्टी से जोड़ने में उनका अहम योगदान था। राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका सर्वविदित है। रामभक्त और भाजपा के लोग उन्हें सदैव याद रखेंगे।

03:49 PM, 22-Aug-2021

मुरली मनोहर बोले- वो एक राष्ट्रीय नेता थे, उनकी कमी पूरी करना मुश्किल

हिंदुत्व के नायक कल्याण सिंह के निधन पर अलग-अलग दलों के नेताओं ने प्रतिक्रया दी और श्रद्घांजलि दी। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि कल्याण सिंह सिर्फ एक जाति के नेता नहीं थे। वो किसानों, पिछड़ों व वंचितों के नेता थे। वह एक राष्ट्रीय नेता थे। यह मेरे लिए एक निजी नुकसान की तरह है। हमने एक साथ लाठी और गोलियों का सामना किया। उनकी कमी को पूरा करना बेहद मुश्किल होगा। 

03:39 PM, 22-Aug-2021

राजस्थान सरकार ने सरकारी अवकाश घोषित किया

राजस्थान सरकार ने राज्य के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन पर प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित कर दिया है। कल्याण सिंह के निधन पर 22 और 23 अगस्त का प्रदेश में शोक भी घोषित किया गया है। राजस्थान में दो दिन राजकीय शोक के साथ ही सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि सम्मान के रूप में राज्य सरकार के सभी कार्यालय और संस्थान 23 अगस्त को बंद रहेंगे। 22 और 23 अगस्त को दो दिनों के लिए राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
 

03:28 PM, 22-Aug-2021

अलीगढ़: नरौरा घाट पर कल होगा अंतिम संस्कार

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा सोमवार को होगी। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ सोमवार दोपहर बाद नरौरा परमाणु केंद्र के पास स्थित गंगाघाट पर किया जाएगा। शनिवार शाम को उनका लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया था। रविवार को लखनऊ में पीएम मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं ने उनको अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। 

03:18 PM, 22-Aug-2021

अलीगढ़: पूर्व सीएम के निधन से रक्षाबंधन हुआ फीका

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल स्व. कल्याण सिंह के निधन की खबर मिलते ही अलीगढ़ मंडल और जनपद में शोक की लहर दौड़ गई थी। रविवार को रक्षाबंधन के त्योहार में भी इसका असर दिखा। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मी उनकी अंतिम यात्रा को यादगार बनाने में जुटे रहे तो भाजपा नेता भी शनिवार देर शाम से व्यस्त रहे। लखनऊ से उनकी अंतिम यात्रा की शुरुआत से लेकर अलीगढ़ में होने वाली सभी तैयारियों को बहुत तेजी से निपटाया गया। इस खबर के मिलने के बाद शनिवार रात से ही अधिकारी व्यस्त हो गए थे। शनिवार की पूरी रात इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए हर प्रयास किया गया। बेहतर से बेहतर इंतजाम कराए गए। सुबह से अधिकारियों ने अपने अपने तयशुदा स्थलों पर जिम्मेदारी संभाल ली थी। भाजपा के विधायक, जिला कमेटी, महानगर कमेटी, अन्य पदाधिकारीगण भी अलग-अलग तैयारियों में जुटे रहे। इसी कारण उनके घरों में रक्षाबंधन का त्योहार भी फीका पड़ गया। 
 

03:06 PM, 22-Aug-2021

अतरौली के एनेक्सी भवन में अंतिम दर्शन को रखा जाएगा पूर्व सीएम का पार्थिव शरीर

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर आज अतरौली पहुंचेगा। पार्थिव शरीर को सबसे पहले पैतृक गांव मढौली ले जाया जाएगा। यहां से अवन्तीबाई चौराहे होते हुए शव वाहन एनेक्सी में रुकेगा। इसके बाद शरीर अंतिम दर्शन के लिए एनेक्सी भवन में रखा जाएगा। भाजपा के जिला महामंत्री डॉ. गोपाल माहेश्वरी ने बताया कि एनेक्सी में आम लोग बाबूजी के दर्शन कर सकेंगे। वहीं केएमवी इंटर कॉलेज में तीन हैलीपेड बनाए गए हैं। जहां मुख्यमंत्री राज्यपाल समेत कई बड़े नेताओं के हेलीकॉप्टर उतरेंगे। एडीएम प्रशासन डीपी पॉल, एसपीआरए शुभम पटेल, एसडीएम पंकज कुमार ने तैयारियों का जायजा लिया और अधीनस्थों को व्यवस्थाएं जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

02:50 PM, 22-Aug-2021

एयरपोर्ट लाया गया पार्थिव शरीर

कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अब चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लाया गया है। यहां से पार्थिव शरीर को लेकर अलीगढ़ ले जाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

02:32 PM, 22-Aug-2021

अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक जताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में उनका विशिष्ट स्थान था। कुशल प्रशासक के तौर पर उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से राजनीति में रिक्तता आएगी।

01:39 PM, 22-Aug-2021

पूरी हुई कल्याण सिंह की आखिरी इच्छा

पार्टी कार्यालय में पीएम मोदी की मौजूदगी में जेपी नड्डा ने कल्याण सिंह की आखिरी इच्छा पूरी की। उन्होंने पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे से ढंका और वहां मौजूद सभी लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

01:31 PM, 22-Aug-2021

भाजपा कार्यालय लाया गया पार्थिव शरीर

विधान भवन में अंतिम दर्शन के बाद अब कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को भाजपा कार्यालय लाया गया है। यहां पहले से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद थे।

01:28 PM, 22-Aug-2021

लोगों को याद आ रहा कल्याण सिंह का भाषण

कल्याण सिंह ने अपने एक भाषण में कहा था कि मैंने अपना जीवन भाजपा के लिए समर्पित किया है, मैं चाहता हूं कि मैं मरूं तो मेरा शव भी भाजपा के झंडे में ही जाए।

01:09 PM, 22-Aug-2021

श्रद्धांजलि देने पहुंचे राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे। नम आंखों से उन्होंने कल्याण सिंह को नमन किया।
 

01:02 PM, 22-Aug-2021

विधानसभा भवन लाया गया पार्थिव शरीर

अंतिम दर्शन के लिए कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को अब विधानसभा भवन लाया गया है। 

11:41 AM, 22-Aug-2021

पीएम बोले- उन्होंने अपना नाम सार्थक कर दिया

श्रद्धांजलि के बाद पीएम मोदी ने कल्याण सिंह को याद करते हुए कहा कि हमसब के लिए यह शोक की घड़ी है। उन्होंने जीवन ऐसे जिया कि माता-पिता द्वारा दिए गए नाम को सार्तक कर दिया। उन्होंने जनकल्याण को अपना जीवन समर्पित कर दिया। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत और सामर्थवान नेता खोया है। हम उनके आदर्शों को ध्यान में रखते हुए उनका सपना साकार करने का प्रयास करेंगे।

11:16 AM, 22-Aug-2021

कल्याण सिंह से आवास पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एयरपोर्ट से सीधे कल्याण सिंह के मॉल एवेन्यू आवास पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर पुष्प चक्र अर्पित किया।

10:48 AM, 22-Aug-2021

उत्तराखंड में एक दिन का शोक घोषित

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के बाद सोमवार को उत्तराखंड में भी एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
 

10:45 AM, 22-Aug-2021

लखनऊ पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ पहुंचे। यहां पहले से ही बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उनके आने की प्रतीक्षा कर रहे थे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने उनका अभिवादन किया।

10:27 AM, 22-Aug-2021

आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लगी भीड़

पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम दर्शन के लिए स्वामी चिन्मयानंद, राजा भैया, महापौर संयुक्ता भाटिया और विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित भी उनके आवास पर पहुंचे।
 

10:24 AM, 22-Aug-2021

अमौसी एयरपोर्ट पर उतरेगा पीएम मोदी का विमान

लखनऊ स्थित कल्याण सिंह के आवास पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बताया गया कि पीएम मोदी का विमान कुछ ही देर में अमौसी एयरपोर्ट पर उतरेगा, जिसके बाद वो सीधे कल्याण सिंह के आवास पर पहुंचेंगे।

10:22 AM, 22-Aug-2021

आवास पर लगा नेताओं का जमावड़ा

कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। केशव प्रसाद मौर्य, महेंद्र सिंह, आशुतोष टंडन समेत कई नेता वहां मौजूद हैं। सभी को पीएम मोदी के आने का इंतजार है।

10:07 AM, 22-Aug-2021

लाल कृष्ण आडवाणी ने जताया दुख

लाल कृष्ण आडवाणी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मेरे करीबी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैं काफी दुखी हूं। भारतीय राजनीतिक का चमकता सितारा और जमीनी नेता थे। उन्होंने कमजोर वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काफी मेहनत की थी जिसके चलते वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने राज्य के बहुमुखी विकास में काफी योगदान दिया था। मैं राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उनके साथ अपनी कई  बातें याद करता हूं।

09:37 AM, 22-Aug-2021

पीएम मोदी के साथ पहुंचेंगे जेपी नड्डा

कुछ ही देर में प्रधानमंत्री मोदी कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ स्थित उनके आवास पर पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहेंगे।
 

09:10 AM, 22-Aug-2021

11 बजे विधानसभा में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर

कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए सुबह 11:00 बजे से विधानसभा में उनके पार्थिव शरीर को रखा जाएगा। दोपहर 12:30 बजे भाजपा प्रदेश पार्टी कार्यालय में लोग श्रद्धा सुमन अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद 2:30 बजे पार्थिव शरीर को बापू भवन ,महाराणा प्रताप, चारबाग, आलमबाग होते हुए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट ले जाया जाएगा, जहां से एयर एंबुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास ले जाया जाएगा।

09:06 AM, 22-Aug-2021

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री योगी

कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और अन्य दिग्गज नेता लखनऊ स्थिति आवास पर पहुंचे। यहां अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रखा गया है।
 

09:02 AM, 22-Aug-2021

पैतृक जिले में होगा अंतिम संस्कार

रविवार को अंतिम दर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक जिले अलीगढ़ ले जाया जाएगा। यहां 23 अगस्त को अतरौली के नरौरा में गंगा तट के किनारे अंतिम संस्कार किया जाएगा।

08:52 AM, 22-Aug-2021

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचेंगे पीएम मोदी

यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ स्थिति उनके आवास पर रखा गया है। पीएम मोदी भी अंतिम दर्शन के लिए यहां पहुंचेंगे। उम्मीद है कि पीएम 10 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।
 

08:42 AM, 22-Aug-2021

प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के सम्मान में प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। वहीं सोमवार को सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा कर दी गई है। 

08:39 AM, 22-Aug-2021

अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं मायावती

सोमवार सुबह ही बसपा अध्यक्ष मायावती कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर पहुंचीं। इस दौरान मायावती ने कहा कि भाजपा के कद्दावर नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन की खबर अति-दुःखद है। उनके परिवार व समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

08:20 AM, 22-Aug-2021

यूपी: कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ पहुंचा, 'जय श्रीराम' और 'बाबूजी अमर रहे' के नारों से गूंजा स्टेडियम

सोमवार को किया जाएगा अंतिम संस्कार
उनका अंतिम संस्कार 23 अगस्त की शाम नरौरा में गंगा नदी के तट पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक और 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें