फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri Violence Live: मृतक लवप्रीत और पत्रकार के परिजनों से मिले राहुल-प्रियंका, कहा- इन्हें न्याय मिलना चाहिए

Wed, 06 Oct 2021 11:28 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

Lakhimpur Kheri Violence Live उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में रविवार को हुए बवाल के बाद घमासान मचा है। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र दिल्ली पहुंच गए हैं। टेनी अमित शाह से मिलने पहुंचे। योगी सरकार ने राहुल-प्रियंका को तीन अन्य लोगों के साथ लखीमपुर खीरी जाने के अनुमति दे दी है। इसके अलावा सभी विपक्षी दल एक बार में पांच लोगों के साथ लखीमपुर खीरी जा सकेंगे। राहुल गांधी लखनऊ से सीतापुर पहुंचे और प्रियंका को लेकर लखीमपुर पहुंचे जहां उन्होंने मृतक लवप्रीत व पत्रकार के परिवारों से मुलाकात की।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:25 PM, 06-Oct-2021

आधे घंटे तक लवप्रीत के घर रहे राहुल-प्रियंका

लखीमपुर के पलिया में शहीद किसान लवप्रीत के घर पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी। साथ में भूपेश बघेल और चरणजीत चन्नी मौजूद रहे। जब राहुल और प्रियंका वहां पहुंचे तो हजारों की संख्या में गांववाले मौजूद थे। परिवार के साथ दोनों ने आधा घंटा बिताया। परिवार से उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर तरह से किसानों के साथ है। न्याय की लड़ाई में हर तरीके से मदद का वादा करती है।

11:14 PM, 06-Oct-2021

चार घंटे से चल रही अफसरों संग सचिन पायलट की वार्ता

लखीमपुर खीरी जाने से रोके गए कांग्रेस नेता सचिन पायलट को मुरादाबाद के सर्किट हाउस में रखा गया है। यहां पिछले चार घंटे से सचिन पायलट और एडीएम सिटी आलोक वर्मा व एसपी सिटी अमित आनंद के बीच वार्ता चल रही है। अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि सचिन पायलट लखीमपुर खीरी जाएंगे या फिर उन्हें वापस दिल्ली लौटना पड़ेगा। उधर, सर्किट हाउस के बाहर कांग्रेसी भी डटे हुए हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे कांग्रेस के दिग्गज व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में लाया गया था। सर्किट हाउस को चारों ओर से पुलिस ने कड़े सुरक्षा घेरे में ले रखा है। मुख्य गेट पर सीओ सिविल लाइंस इंदु सिद्धार्थ के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। भाजपा नेता और पदाधिकारियों को छोड़कर किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है। सूत्रों का कहना है कि सर्किट हाउस के एक कक्ष में सचिन पायलट और एडीएम सिटी व एसपी सिटी के बीच वार्ता चल रही है, जबकि दूसरे कक्ष में आचार्य प्रमोद कृष्ण व कांग्रेस नेता व वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता व अन्य पदाधिकारी बैठे हुए हैं।

11:05 PM, 06-Oct-2021

मृतक पत्रकार के परिवार से मिलकर रवाना हुए राहुल प्रियंका

मृतक पत्रकार के परिवार से मिलकर जब राहुल और प्रियंका गांधी करीब आधे घंटे बाद उनके घर से बाहर निकले तो पत्रकारों की भीड़ होने की वजह से वह कुछ बात नहीं कर सके। एक पत्रकार ने जब प्रियंका से कहा कि आपने इतना संघर्ष किया तो प्रियंका बोलीं कि मेरे संघर्ष का कोई मतलब नहीं है, इन्हें न्याय मिलना चाहिए।

विज्ञापन
10:56 PM, 06-Oct-2021

निघासन पहुंचे राहुल-प्रियंका

राहुल और प्रियंका गांधी इस वक्त निघासन पहुंचे हैं और मृतक पत्रकार के परिवार से मिल रहे हैं।

10:49 PM, 06-Oct-2021

सर्किट हाउस के बाहर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन 

मुरादाबाद सर्किट हाउस में सचिन पायलट से न मिलने दिए जाने से नाराज स्थानीय कांग्रेसी नेता भड़क गए। उन्होंने सर्किट हाउस के बाहर ही सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा शासन में किसानों को कारों से कुचला जा रहा है। कांग्रेसी किसानों का दुख दर्द बांटने के लिए उनसे मिलने जा रहे हैं तो उन्हें रोका जा रहा है। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को सर्किट हाउस में नजरबंद कर रखा है। स्थानीय नेताओं से भी उनको नहीं मिलने दिया जा रहा। सर्किट हाउस के बाहर प्रदर्शन करने वालों में जिला अध्यक्ष असलम खुर्शीद, सचिन चौधरी,अनुभव मल्होत्रा समेत अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद हैं।

विज्ञापन
10:38 PM, 06-Oct-2021

लखीमपुर: चौखड़ा फार्म में मृतक लवप्रीत के परिजनों से प्रियंका और राहुल गांधी ने की मुलाकात

दो दिन से सीतापुर में नजरबंद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को राहुल गांधी के साथ तिकुनिया बवाल में मारे गए मृतक लवप्रीत के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। बुधवार देर शाम 9:30 बजे राहुल और प्रियंका मृतक लवप्रीत के घर पहुंचे और करीब आधे घंटे तक मुलाकात चली। मुलाकात के बाद बाहर निकली प्रियंका व राहुल गांधी ने मीडिया से कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

09:24 PM, 06-Oct-2021

सुप्रीम कोर्ट ने लखीमपुर खीरी मामले का लिया स्वत: संज्ञान

लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है और चीफ जस्टिस एनवी रमण की बेंच 7 अक्तूबर को इस मामले की सुनवाई करेगी।

08:41 PM, 06-Oct-2021

लखीमपुर खीरी पहुंचे राहुल-प्रियंका

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी पहुंच गए हैं। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने भारी सुरक्षा बल तैनात किया है।

07:52 PM, 06-Oct-2021

परगट सिंह ने कहा- 10 हजार वाहनों का काफिला लेकर कांग्रेसी जाएंगे लखीमपुर खीरी

सिद्धू ने लखीमपुर खीरी कूच को लेकर पंजाब भवन में बैठक की। इस दौरान मंत्री परगट सिंह ने कहा कि हम 10 हजार वाहनों का काफिला लेकर लखीमपुर खीरी जाएंगे।

06:52 PM, 06-Oct-2021

लखीमपुर खीरी जा रहे सचिन पायलट हिरासत में

लखीमपुर खीरी जा रहे कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट को पुलिस प्रशासन ने मूंढापांडे टोल प्लाजा से आगे नहीं बढ़ने दिया। मूंढापांडे टोल प्लाजा पर उन्हें रोक लिया गया। रोके जाने पर सचिन ने स्थानीय कांग्रेसियों के साथ अपनी गाड़ी का रुख मुरादाबाद शहर की ओर कर दिया। माना जा रहा है कि वह मुरादाबाद मे पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस पहुंचकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। इस दौरान पुलिस की गाड़ियां भी उनके काफिले के साथ हैं। इससे पूर्व गजरौला और जोया टोल प्लाजा से उनका काफिला बेरोकटोक आगे बढ़ा था। गजरौला में पितृ विसर्जन अमावस्या के कारण गंगा पुल पर लगे जाम के दौरान कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कांग्रेसियों के बीच संक्षिप्त संबोधन भी किया था। हांलांकि इससे पहले आचार्य प्रमोद के ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर दावा किया गया था कि सचिन पायलट और आचार्य प्रमोद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और किसी गुप्त स्थान पर ले जा रहे हैं।

06:45 PM, 06-Oct-2021

7 अक्तूबर को लखीमपुर खीरी जाएंगे अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा है कि वह कल यानी 7 अक्तूबर को लखीमपुर खीरी जाकर पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

06:33 PM, 06-Oct-2021

राहुल-प्रियंका लखीमपुर के लिए रवाना

राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर सीतापुर पीएसी से लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हो गए हैं। इनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, दीपेंद्र हुडा आदि मौजूद हैं। यह लोग पीड़ित किसान परिवार के अलावा मृतक पत्रकार रमन कश्यप के परिवार से भी मिलेंगे।

06:22 PM, 06-Oct-2021

हाईवे से गुजरे कांग्रेस नेता सचिन पायलट, गजरौला में स्वागत, पुलिस रही सतर्क

लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन सतर्क दिखाई दिया। ब्रजघाट से लेकर जया टोल प्लाजा तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सीओ के नेतृत्व में जोया टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रहा। दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे कांग्रेस नेता सचिन पायलट वाया कार गजरौला-जोया हाते हुए लखीमपुर खीरी के लिए रवाना हुए। इस दौरान गजरौला में कांग्रेसियों ने सचिन पायलट का स्वागत किया। बिना रोक-टोक सचिन पायलट अपने काफिले के साथ रवाना हो गए। टोल प्लाजा पर मुस्तैद पुलिस ने भी उन्हें नहीं रोका।

05:52 PM, 06-Oct-2021

महाविकास अघाड़ी ने 11 अक्तूबर को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया

महाराष्ट्र के महाविकास अघाड़ी गठबंधन (शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस) ने लखीमपुर हिंसा मामले के विरोध में 11 अक्तूबर को प्रदेश व्यापी बंद का आह्वान किया है। इसकी जानकारी महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने दी।

05:45 PM, 06-Oct-2021

सीतापुर में राहुल प्रियंका की बैठक जारी

राहुल गांधी लगभग पांच बजे सीतापुर के उस गेस्ट हाउस में पहुंचे जहां प्रियंका को गिरफ्तार कर रखा गया था। तब से लेकर अब तक दोनों के बीच बैठक जारी है। कहा जा रहा है कि यह बैठक खत्म होते ही दोनों लखीमपुर के लिए रवाना होंगे।

05:03 PM, 06-Oct-2021

राहुल गांधी पहुंचे सीतापुर

राहुल गांधी सीतापुर पहुंच चुके हैं, वह यहां से प्रियंका गांधी के साथ लखीमपुर खीरी जाएंगे।

04:31 PM, 06-Oct-2021

सामने आई राहुल गांधी की ये तस्वीर

राहुल गांधी इस वक्त सीतापुर के रास्ते पर हैं जहां से वह प्रियंका के साथ लखीमपुर खीरी जाएंगे। इस बीच राहुल की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें वह सीतापुर के लिए निकलने से पहले अपने साथियों संग भोजन करते नजर आ रहे हैं।


 

04:04 PM, 06-Oct-2021

कभी भी सरेंडर कर सकते हैं आशीष मिश्र- सूत्र

तिकुनियां बवाल मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के तीन दिन बाद भी नामजद अभियुक्त आशीष मिश्र की गिरफ्तारी न होने से पुलिस बैकफुट पर है। विपक्ष समेत किसान नेता उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मामले में बुधवार को अमर उजाला से खास बातचीत में एडीजी लखनऊ जोन एसएन साबत ने बताया कि पुलिस अभी घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। साक्ष्यों की पुष्टि होने पर ही फौरन गिरफ्तारी की जाएगी। उधर, बुधवार को दिल्ली पहुंचे केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी गृह मंत्रालय में कुछ ही देर रुके। सूत्रों के हवाले से खबर है कि आशीष मिश्र कभी भी सरेंडर कर सकते हैं।

03:45 PM, 06-Oct-2021

निघासन के पत्रकार रमन कश्यप को भेजा गया 45 लाख का चेक

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया बवाल मामले में निघासन के मृत पत्रकार रमन कश्यप को भी जिला प्रशासन की तरफ से 45 लाख का चेक दिया गया है। डीएम डॉक्टर अरविंद चौरसिया ने बताया कि निघासन के मृतक पत्रकार रमन कश्यप और  श्याम सुंदर निषाद को 45- 45 लाख का चेक भिजवाया जा रहा है। राहुल गांधी के निघासन, पलिया और धौरहरा जाने के एलान पर जिला प्रशाशन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पत्रकार रमन कश्यप और श्याम सुंदर को 45- 45 लाख का चेक तहसीलदार निघासन के हाथों भिजवाया है। श्याम सुंदर निषाद निघासन तहसील के सींगाही कस्बे के ब्लॉक अध्यक्ष थे। मामले में कुल आठ मृतकों में छह को मुआवजा मिला है। जबकि टेनी के ड्राइवर मृतक हरिओम और भाजपा नेता शुभम मिश्र को अभी कुछ नहीं मिला।

03:17 PM, 06-Oct-2021

राहुल गांधी लखनऊ से सीतापुर के लिए निकले

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब अपनी गाड़ी से जाएंगे। पहले प्रशासन उन्हें अपनी गाड़ी में ले जा रहा था। राहुल गांधी के साथ छत्तीगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी मौजूद हैं। राहुल गांधी सीतापुर के लिए रवाना हो गए हैं। राहुल गांधी पहले प्रियंका गांधी से मिलेंगे।

 

03:15 PM, 06-Oct-2021

झारखंड कांग्रेस के कई विधायक कर रहे हैं उत्तर प्रदेश कूच

झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने रांची में कहा कि हमलोग आज लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा होते हुए उत्तर प्रदेश कूच कर रहे हैं। लखीमपुर खीरी जाएंगे, प्रियंका गांधी से मिलेंगे। कई विधायक शामिल होंगे, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख भी साथ चलेंगे। जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी हो चुका है। 
 

03:09 PM, 06-Oct-2021

किसान और पत्रकार के परिवार को पंजाब सरकार की तरफ से दिए जाएंगे 50 लाख रुपये: चन्नी

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर की घटना पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मैं आज राहुल गांधी के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचा हूं। घटनास्थल पर जाना है। किसानों और पत्रकारों को मार गिराया गया है। मुझे दुख है कि किस तरह योजना बनाकर हमला हुआ। किसानों को मारा जाएगा तो हम चुप नहीं बैठ सकते। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की मौत हुई है पत्रकार समेत प्रत्येक के परिवार को पंजाब सरकार की तरफ से 50 लाख रुपये दिए जाएंगे। 
 

03:04 PM, 06-Oct-2021

पीड़ित किसानों के परिवार को 50 लाख रुपये देगी छत्तीसगढ़  सरकार: बघेल

लखनऊ में लखीमपुर खीरी घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ पूरा हिंदुस्तान खड़ा हुआ है। छत्तीसगढ़  सरकार की ओर से प्रत्येक पीड़ित किसानों के परिवार को 50 लाख रुपये और पीड़ित पत्रकार के परिवार को भी 50 लाख रुपये दिए जाएंगे।  
 

02:59 PM, 06-Oct-2021

लखनऊ एयरपोर्ट पर धरने पर बैठे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट पर धरने पर बैठ गए हैं। लखनऊ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमें अपनी गाड़ी में लखीमपुर खीरी जाना है लेकिन ये (पुलिस) चाहते हैं कि हम इनके साथ इनकी गाड़ी में जाए। इसका मतलब है कि ये कुछ न कुछ बदमाशी कर रहे हैं इसलिए हम लोग यहां बैठे हुए हैं।  राहुल गांधी ने कहा कि मैं किसी से नहीं डरता हूं। राहुल गांधी अपनी गाड़ी से जाने की जिद पर अड़े हैं। 

02:39 PM, 06-Oct-2021

उच्चतम न्यायालय को लखीमपुर बवाल पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कदम उठाना चाहिए: सिब्बल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने बुधवार को लखीमपुर खीरी हिंसा मामले का हवाला देते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय को इस मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कदम उठाना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘एक ऐसा समय था जब यूट्यूब, कोई सोशल मीडिया नहीं था, तब उच्चतम न्यायालय प्रिंट मीडिया की खबरों के आधार पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कदम उठाता था। उसने उन लोगों की आवाज सुनी, जिनकी कोई नहीं सुन रहा था।’  सिब्बल ने आग्रह किया कि आज हमारे नागरिकों पर गाड़ी चढ़ाई जाती है और उनकी हत्या कर दी जाती है। उच्चतम न्यायालय से आग्रह है कि वह इस पर कदम उठाए।

02:18 PM, 06-Oct-2021

राज्य सरकार का निर्देश था कि किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा न जाए: प्रशांत कुमार 

उत्तर प्रदेश एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने लखीमपुर खीरी की घटना पर कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट निर्देश था कि किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा न जाए और पूरे पारदर्शी तरीक से कार्रवाई की जाए। अब लखीमपुर खीरी में 5-5 के ग्रुप में लोगों को जाने की अनुमति दे दी गई है। राज्य सरकार का उद्देश्य हर हाल में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। 
 

02:05 PM, 06-Oct-2021

राहुल गांधी लखनऊ पहुंचे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी लखनऊ पहुंच गए हैं। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी हैं। राहुल गांधी लखीमपुर खीरी जाने से पहले सीतापुर जाएंगे। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तीन अन्य लोगों को लखीमपुर खीरी जाने की अनुमति दे दी है। 
 

02:02 PM, 06-Oct-2021

हम कोई क़ानून नहीं तोड़ रहे हैं: पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि हम कोई क़ानून नहीं तोड़ रहे हैं। हम तो प्रियंका गांधी और लखीमपुर के किसानों से मिलने जाना चाहते हैं। उनसे मिलकर उनके आंसू पोंछना चाहते हैं। इसके लिए हमको बार-बार रोका गया है। मैं अधिकारियों से आग्रह कर रहा कि हमको जाने दें। 

01:55 PM, 06-Oct-2021

सचिन पायलट के काफिले को करीब 20 मिनट टोल प्लाजा पर रोका

लखीमपुर बवाल के बाद बुधवार को सचिन पायलट और प्रमोद कृष्णन के लखीमपुर की ओर जाने की सूचना पर हापुड़ जिले के पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। दोपहर के समय एडीजी राजीव सभरवाल पिलखुवा टोल प्लाजा पर पहुंच गए और व्यवस्थाओ को परखा। जैसे ही सचिन पायलट का काफिला छिजारसी टोल पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक दिया। हालांकि सचिन पायलट को करीब 20 मिनट टोल प्लाजा पर रोकने के बाद आगे जाने दिया गया। 

 

01:47 PM, 06-Oct-2021

विपक्षी दलों के नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत

उत्तर प्रदेश सरकार ने विपक्षी दलों के नेताओं को लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत दे दी है। अब विपक्षी दल पांच लोगों के साथ जा सकते हैं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं। 

01:17 PM, 06-Oct-2021

भूपेश बघेल ने पूछा-क्या छिपाना चाहती है राज्य सरकार?

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी लखीमपुर खीरी हिंसा में जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों से मिलने के लिए हवाई मार्ग से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के लिए रवाना हुए, इस दौरान  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि धारा 144 में 5 से अधिक लोग इकट्ठे नहीं हो सकते। उससे कम लोग जा सकते हैं। कल भी मुझे गलत तरीके से रोका गया था। हम लोग पीड़ित परिवार तक पहुंचने का प्रयास करेंगे। आखिर ऐसी क्या बात है जिसे राज्य सरकार छुपाना चाहती है? ऐसा क्या है जिससे किसी को बचाना चाहती है?

 

01:09 PM, 06-Oct-2021

राहुल और प्रियंका को लखीमपुर जाने की मिली इजाजत

उत्तर प्रदेश सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने की इजाजत दे दी है। उनके साथ तीन अन्य लोग भी लखीमपुर खीरी जा सकते हैं। यूपी सरकार के गृह विभाग ने इसकी पुष्टि की है। राहुल गांधी पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। 
 

12:50 PM, 06-Oct-2021

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र दिल्ली पहुंचे

लखीमपुर कांड के बाद केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अजय मिश्र बुधवार दोपहर दिल्ली स्थित गृहमंत्रालय पहुंचे। इससे पहले बुधवार की सुबह गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी से यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लखीमपुर खीरी कांड के बाद पार्टी नेतृत्व ने तलब किया है तो उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान ने मुझे तलब नहीं किया है। मुझे दिल्ली में निजी काम है। उन्होंने आगे कहा कि मेरा बेटा कार में नहीं था। कार पर हमला करने के बाद, चालक घायल हो गया, कार अपना संतुलन खो बैठी और वहां मौजूद कुछ लोगों के ऊपर दौड़ गई। मैंने उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि किसानों और विपक्ष की उनके इस्तीफे की मांग पर उन्होंने कहा कि वे जब घटनास्थल पर थे ही नहीं तो वे इस्तीफा क्यों दें। वे इस्तीफा नहीं देंगे।

12:46 PM, 06-Oct-2021

सचिन पायलट के काफिले को पुलिस ने रोका

कांग्रेस नेता सचिन पायलट एवं आचार्य प्रमोद कृष्णम सीतापुर जाने के लिए सड़क मार्ग से निकले, लेकिन गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने काफिले को रोक दिया है। काफिले के लोगों की पुलिस से बहस हो रही है। पुलिस हाईवे खाली करने को बोल रही। सचिन पायलट का काफिला सैंकड़ों लोगों के साथ दिल्ली से चला है। 

 

12:42 PM, 06-Oct-2021

हमारे पास बहुत सारी तस्वीरें हैं: एसएन सबत

लखीमपुर खीरी घटना पर लखनऊ के एडीजी एसएन सबत ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई चल रही है। हमारे पास बहुत सारी तस्वीरें हैं और हमने मीडिया में दिया हुआ है कि अगर किसी के पास वास्तविक तस्वीर है तो वो हमें उपलब्ध कराएं ताकि वो तस्वीरें हमें जांच में काम आए।  
 

12:32 PM, 06-Oct-2021

लखीमपुर खीरी बवाल पर एडीजी लखनऊ का बयान

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के पुत्र आशीष मिश्रा को लखीमपुर बवाल में जांच के लिए बुलाया जाएगा या नहीं? एडीजी लखनऊ जोन ने इस सवाल पर कुछ भी जवाब देने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं मामले की जांच पर कोई भी जवाब नहीं दे सकता।

12:24 PM, 06-Oct-2021

सीतापुर में गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में गेस्ट हाउस के बाहर (जहां कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को हिरासत में रखा गया है) कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें लखीमपुर खीरी की घटना के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जाते समय हिरासत में लिया गया था। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी ने कहा कि आज एक बजे राहुल गांधी लखनऊ आ रहे हैं। वे भी लखीमपुर में परिवारों से मिलने जाना चाहते हैं। प्रियंका गांधी ने स्पष्ट किया है कि जबतक मंत्री का इस्तीफा न हो जाए और उनके बेटे पर कार्रवाई न हो जाए ये संघर्ष जारी रहेगा। 

12:17 PM, 06-Oct-2021

किसानों ने क्या बिगाड़ा है: केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इतनी भीड़ के सामने कोई इतने लोगों को कुचलते हुए निकल जाए और पूरा सिस्टम उस हत्यारे को बचाने में लग जाए..ऐसा तो फिल्मों में हम देखा करते थे। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि-किसानों ने क्या बिगाड़ा है। किसानों को क्यों मारा जा रहा है। हर देशवासी न्याय की मांग कर रहा है। 
 

12:06 PM, 06-Oct-2021

हत्यारों को बचाने की कोशिश कर रही सरकार: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लखीमपुर खीरी हिंसा पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि हत्यारों को बचाया जा रहा है। अभी तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सरकार हत्यारों को बचाने की कोशिश कर रही है। किसानों को गाड़ी से कुचला गया। नेता-अमीर किसी को भी कुचल सकते हैं। 
 

11:57 AM, 06-Oct-2021

'देश में अगर सरदारों पर नरसंहार हुआ है तो वह कांग्रेस के शासनकाल में हुआ है'

सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि इतिहास गवाह है कि इस आज़ाद देश में अगर सरदारों पर नरसंहार हुआ है तो वह कांग्रेस के शासनकाल में हुआ है और इमरजेंसी लगाकर किया गया है। ये भूल जाते हैं जब इंदिरा गांधी की हत्या हुई थी तो नरसंहार सरदारों पर हुआ था, सिख समुदाय पर किया गया था। 
 

11:53 AM, 06-Oct-2021

आपको लखीमपुर जाना है कुछ दिन बाद चले जाइएगा: सिद्धार्थ नाथ सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने विपक्षी दलों द्वारा लखीमपुर खीरी जाने पर कहा कि आपको जाना है कुछ दिन बाद चले जाइएगा। आप दुखद परिवारों से मिलें इसमें कोई आपत्ती नहीं है लेकिन माहौल बिगाड़ने के लिए इजाज़त नहीं दी जाती और यह क़ानून के तहत कार्रवाई हो रही है। 

11:28 AM, 06-Oct-2021

सिद्धार्थनाथ सिंह का राहुल गांधी पर पलटवार

यूपी सरकार में मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष लखीमपुर घटना पर सियासत कर रहा है। सिद्धार्थनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पयर्टन के लिए लखीमपुर जाना चाहते हैं। कानून व्यवस्था के चलते इजाजत नहीं। भाई-बहन मिलकर राजनीति कर रहे हैं। सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि किसी को भी माहौल नहीं बिगाड़ने दिया जाएगा। कानून आपना काम करेगा। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। लखीमपुर खीरी का सच सामने लाकर रहेंगे। कांग्रेस के युवराज सिखों का नरसंहार भूल गए। 

11:05 AM, 06-Oct-2021

सरकार ने राहुल गांधी को अनुमति देने से इनकार कर दिया : डीके ठाकुर

लखनऊ के पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने शासन से सीतापुर और लखीमपुर जाने की अनुमति मांगी थी। हमें अवगत कराया गया है कि शासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। शासन ने शायद दिल्ली हावई अड्डे के अधिकारियों से भी कहा है कि उन्हें आने न दें। सीतापुर के एसपी और डीएम ने हमें लिखित रूप से अवगत कराया है कि वहां प्रियंका गांधी हैं। राहुल गांधी, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं के आने से कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है। उन्होंने भी आग्रह किया है कि किसी भी परिस्थिति में राहुल गांधी को सीतापुर न आने दिया जाए। 

10:57 AM, 06-Oct-2021

किसानों की जमीन छीनी गई: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि किसानों की जमीन छीनी गई। तीन नए कानून लाए गए जो कि किसानों के हक के खिलाफ है। इसलिए किसान धरने पर बैठे हैं। 
 

10:42 AM, 06-Oct-2021

लखीमपुर जाने की कोशिश करूंगा: राहुल

राहुल गांधी ने कहा पीएम कल लखनऊ में थे, लेकिन लखीमपुर नहीं गए। राहुल गांधी ने कहा कि वह आज लखीमपुर जाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि हम किसी भी तरह से कानून का उल्लंघन नहीं करेंगे क्योंकि हमलोग तीन आदमी ही जा रहे हैं।
 

10:30 AM, 06-Oct-2021

राहुल गांधी ने योगी सरकार पर बोला हमला

राहुल गांधी ने भी आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के साथ लखीमपुर जाने का ऐलान किया है, लेकिन उत्तर प्रदेश प्रशासन ने उनको इजाजत नहीं दी है। वहीं यूपी रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और उन्होंने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि  कुछ समय से हिंदुस्तान के किसानों पर सरकार का आक्रमण हो रहा है और जीप से किसानों को कुचला जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि अब तक मंत्री पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यूपी में किसानों को मारा जा रहा है और कोई सुध लेने वाला नहीं है।

10:10 AM, 06-Oct-2021

लखीमपुर कांड : एएसपी के नेतृत्व में कमेटी करेगी मुकदमे की विवेचना

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में प्रदर्शन और हादसे में आठ लोगों की मौत के मामले में दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष विवेचना कराने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सख्ती शुरू कर दी। इस मामले में मंगलवार को आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने खीरी के पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष विवेचक कमेटी का गठन किया है। जो मुकदमे के हर बिंदुओं की निष्पक्ष व गुणवत्ता पूर्ण विवेचना करेगी।


10:08 AM, 06-Oct-2021

आज फिर बढ़ेगा यूपी का सियासी तापमान

लखीमपुर में हुए रविवार को बवाल के बाद शांत होता माहौल फिर गरमाने लगा है। प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस आगबबूला है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपने 2 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ लखनऊ आ रहे हैं। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और काग्रेस के महासचिव वेणुगोपाल  शामिल हैं। राहुल गांधी लखनऊ से सीतापुर और लखीमपुर जाना चाहते हैं। उनको रोकने के लिए शासन और प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। लखनऊ से लेकर सीतापुर लखीमपुर तक हाई अलर्ट है। लखनऊ में धारा 144 की अवधि 8 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। वही सीतापुर और लखीमपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। आज दिनभर सियासी माहौल गर्म रहने वाला है।

09:24 AM, 06-Oct-2021

बहराइच में किसान गुरविंदर सिंह का अंतिम संस्कार

बहराइच में किसान गुरविंदर सिंह का दोबारा पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मटेरा क्षेत्र के मोहरनिया गांव में गुरविंदर सिंह का तीन दिन बाद अंतिम संस्कार किया गया है। किसान नेता राकेश टिकैत नानपारा क्षेत्र के बंजारन टांडा रवाना हो गए हैं। राकेश टिकैत मृतक परिवार से मिलेंगे। 
 

09:10 AM, 06-Oct-2021

बहराइच में कुछ देर बंद रहने के बाद इंटरनेट सेवा बहाल

बहराइच में बवाल की आशंका के बीच इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। भारत सरकार की ओर से भेजे गए मैसेज में लिखा था, ''सरकार के निर्देशानुसार, आपके क्षेत्र में इंटरनेट सेवा अगली सूचना आने तक बंद कर दी गई हैं।'' हालांकि कुछ देर बाद एयरटेल, बीएसएनएल और वोडाफोन की सेवाएं शुरू हो गई हैं। लेकिन जिओ अभी बंद है।

08:57 AM, 06-Oct-2021

लखीमपुर बवाल: मृतक लवप्रीत और पत्रकार के परिजनों से मिले राहुल-प्रियंका, कहा- इन्हें न्याय मिलना चाहिए

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में रविवार को हुए बवाल के बाद घमासान मचा है। मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। छह सदस्यों वाली टीम मामले की जांच करेगी। वहीं, बुधवार को बहराइच में बवाल की आशंका के बीच इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। इससे पहले भोर में किसान गुरविंदर का दोबारा पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इसके अलावा रॉबर्ट वाड्रा को लखनऊ जाने से रोका गया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें