डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने कहा कि फिलहाल प्रयागराज स्पेशल प्लेटफॉर्म नंबर 16 से चलेगी और उसके बाद वंदे भारत चलेगी। रेलवे को उस शो का प्रबंधन करने दीजिए, हम अपना काम करेंगे। हमारे पास यहां पर्याप्त तैनाती है।
भगदड़ मामले पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह भ्रम 'प्रयागराज' से शुरू होने वाले एक ही नाम वाली ट्रेनों की घोषणा के कारण हुआ। प्रयागराज स्पेशल के प्लेटफॉर्म 16 पर आने की घोषणा से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई, क्योंकि प्रयागराज एक्सप्रेस पहले से ही प्लेटफॉर्म 14 पर थी। जो लोग प्लेटफॉर्म 14 पर अपनी ट्रेन तक नहीं पहुंच पाए, उन्हें लगा कि उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म 16 पर आ रही है, जिसके कारण भगदड़ मच गई। इसके अलावा, प्रयागराज जाने वाली चार ट्रेनें थीं, जिनमें से तीन देरी से चल रही थीं, जिससे अप्रत्याशित रूप से भीड़भाड़ हो गई।
दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच का नेतृत्व डीसीपी रैंक के अधिकारी कर रहे हैं। मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार, भगदड़ जैसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा छह अतिरिक्त कंपनियों की आपूर्ति की गई। इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस ने दी है।
भगदड़ की घटना पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। लेकिन सबसे अफसोस की बात यह है कि जब भी देश में ऐसी घटनाएं होती हैं, तो हमारी सरकार उस पर पर्दा डालना शुरू कर देती है। इस मामले में रेल मंत्री घटना के बाद भी कुछ भी मानने को तैयार नहीं थे। वह लगातार सफाई दे रहे थे, जैसे कुछ हुआ ही न हो। एलजी साहब ने 29 मिनट बाद ट्वीट को एडिट किया, जैसे कुछ हुआ ही न हो। हजारों लोग वहां दिख रहे हैं। इसे नियंत्रित करने के लिए कोई रेलवे प्रशासन नहीं है। और पूरे मामले की लीपापोती शुरू हो गई है, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है और मुझे लगता है कि इस पूरी घटना ने पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया है। मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनी जान गंवाने वालों के परिवारों को शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं और जो लोग घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। आगे कहा कि यह पूरी घटना हमारे भारतीय रेलवे के कुप्रबंधन और लापरवाही के स्तर को दर्शाती है। 11 फरवरी को संसद में बोलते हुए मैंने कहा था कि हमारे भारतीय रेलवे की हालत ऐसी हो गई है कि जनता को आलू की बोरियों की तरह ट्रेन में ठूंस दिया जाता है।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा, स्पेशल सीपी रॉबिन हिब्बू, स्पेशल सीपी एलएंडओ रवींद्र यादव और ज्वाइंट सीपी विजय सिंह दिल्ली पुलिस द्वारा तैयार की गई शुरुआती जांच रिपोर्ट पर बैठक के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे डीसीपी ऑफिस पहुंचे। अधिकारी अनाउंसमेंट सिस्टम की खामियों की भी जांच करेंगे।
एलएनजेपी अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ज्यादातर मरीजों के निचले अंगों में चोट है और कुछ को हड्डियों में चोट है। चार लोगों को निगरानी में रखा गया है और बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। ज्यादातर मरीजों की हालत स्थिर है। 15 डॉक्टरों की एक टीम घायल मरीजों की देखभाल कर रही है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बीती रात हुई भगदड़ के बाद सरकार की सारी परतें खुल गई हैं। रेलवे प्रशासन और रेल मंत्री इस खबर को दबाने की कोशिश कर रहे थे। वे लगातार एक्स कर रहे थे कि भगदड़ नहीं हुई थी, बस लोगों की भारी भीड़ थी। करीब 15 लोगों की मौत हो गई। जब दिल्ली के एलजी ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए पोस्ट किया तो उन्होंने अपना पोस्ट एडिट किया। सरकार को जानमाल के नुकसान को कम करने की चिंता नहीं है, बल्कि इस खबर को फैलने से रोकने की चिंता है। उन्हें सिर्फ अपनी छवि की चिंता है, लोगों की नहीं। उन्हें महाकुंभ में आने वाले करोड़ों लोगों की आस्था की कीमत पर अपनी छवि की चिंता है। कोई व्यवस्था नहीं है। हमें पता चला कि प्लेटफॉर्म को कुछ समय के लिए बंद किया गया था और भगदड़ के सभी सबूत मिटा दिए गए थे। हम मांग करते हैं कि घटना की सीसीटीवी फुटेज जारी की जाए। ट्रेनों के आने की घोषणा में भी भ्रम की स्थिति थी..."
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये सिर्फ चिंता की बात नहीं है, बल्कि इस घटना को लेकर पूरे देश में गुस्सा है। कल रात रेलवे स्टेशन पर 18 लोगों की मौत हो गई, लेकिन सरकार नफरत की राजनीति करने में व्यस्त है। उसे इस बात की चिंता नहीं है कि प्रयागराज में रेलवे की व्यवस्था कैसे की जाए। यही वजह है कि हमें रोज ऐसी खबरें मिल रही हैं।
पीड़ित के बेटे अंकित ने बताया कि मां मनीषा देवी कल प्लेटफार्म नंबर 12 पर थी। अचानक सूचना जारी की गई थी कि ट्रेन 14 पर आएगी। सूचना के बाद लोग इधर-उधर होने लगे। जिसमें भगदड़ मच गई। इस घटना में उनकी मां घायल हुई है। कूल्हे की हड्डी टूट गई है। मां का इलाज लोकनायक अस्पताल के आर्थोपेडिक विभाग में चल रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर रेलवे के कुछ कर्मचारियों ने मां को रेलवे ट्रैक से उठाया। बाद में एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल में लेकर आए। उनका आरोप है कि मां को अस्पताल लाने में देरी हुई।
लोकनायक अस्पताल में अभी दो मरीजों का इलाज चल रहा है। एक मरीज के साथ दो से तीन पैरा मिल्ट्री के जवान हैं। सीलम देवी नाम की महिला की मौत हुई है। किराड़ी की रहने वाली हैं। बताया जा रहा है कि इनका नाम 18 की सूची में नहीं है।
जेडीयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा कि यह एक अत्यंत दुखद खबर है। हमने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय से बेहतर चिकित्सा सुविधा की बात की है। राज्य सरकार द्वारा इस पूरे घटना क्रम पर नजर रखते हुए अधिकारियों को यह कहा गया है कि वे संपर्क में रहें और वहां जो भी सहायता पहुंचाई जा सकती है, वह पहुंचाई जाएं। हम सभी शोकाकुल हैं और यह वक्त राजनीति का नहीं है।
आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर कहा कि यह एक दुखद खबर है। पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। सरकार को सफाई देनी बंद करनी चाहिए, क्योंकि उनका काम आम आदमी के लिए काम करना है।
नागपुर में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और सभी ने इस पर दुख व्यक्त किया है तथा प्रशासन भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निश्चित रूप से उचित कार्रवाई करेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार, कई कारणों की वजह से रेल सेवाएं प्रभावित रहेगी।
मार्ग परिवर्तित रेलसेवा( प्रारिम्भक स्टेेशन से)
1. गाडी संख्या 15631, बाडमेर -गुवाहाटी एक्सप्रेस रेलसेवा जो दिनांक 17.02.25 को बाडमेर से प्रस्थान करेगी। परिवर्तित मार्ग वाया कानपुर सेन्ट्रल-लखनऊ-बाराबंकी- गोरखपुर होकर संचालित होगी।
आंशिक रद्द रेलसेवाए (प्रारिम्भक स्टेशन से)
1. गाडी संख्या 14118, भिवानी-प्रयारागज एक्सप्रेस रेलसेवा जो दिनांक 16.02.25 को भिवानी से प्रस्थान करेगी वह रेलसेवा प्रयागराज के स्थान पर कानपुर सेट्रल तक ही संचालित होगी।
2. गाडी संख्या 14117, प्रयारागज- भिवानी एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 17.02.25 को प्रयागराज के स्थान पर अपने निर्धारित समय पर कानपुर सेट्रल से संचालित होगी।
रीशड्यूल रेलसेवाएं (प्रारम्भिक स्टेशन से)
1. गाडी संख्या 22308, बीकानेर-हावडा एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 16.02.25 को बीकानेर से अपने निर्धारित समय से चार घंटे देरी से प्रस्थान करेगी।
2. गाडी संख्या 15631, बाडमेर -गुवाहाटी एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 17.02.25 को बाडमेर से अपने निर्धारित समय से चार घंटे देरी से प्रस्थान करेगी।
3. गाडी संख्या 12316, उदयपुर-कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस दिनांक 17.02.25 को उदयपुर से अपने निर्धारित समय से चार घंटे देरी से प्रस्थान करेगी।
लोकनायक अस्पताल की मोर्चरी से सभी शव को परिजन को सौंपा गया। लोकनायक अस्पताल में अभी दो मरीजों का इलाज चल रहा है। एक मरीज के साथ दो से तीन पैरा मिल्ट्री के जवान हैं।
दो सदस्यीय समिति का गठन हो गया है। जो नई दिल्ली स्टेशन पर हुई भगदड़ की जांच करेंगे। जांच समिति ने नरसिंह देव पीसीसीएम/उत्तर रेलवे और पंकज गंगवार, पीसीएससी उत्तर रेलवे का नाम है।घटना की जांच शुरू हो चुकी है। समिति ने एनडीएलएस रेलवे स्टेशन के सभी वीडियो फुटेज को सुरक्षित करने का आदेश दिया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए भगदड़ मामले में अस्पताल से 8 लोग फरार हो गए हैं। वहीं 2 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। जबकि 2 व्यक्ति अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। जो खतरे से बाहर हैं।
1. आहा देवी पत्नी रविन्दी नाथ, निवासी बक्सूर बिहार, उम्र 79 वर्ष
2. पिंकी देवी पत्नी उपेन्द्र शर्मा, निवासी संगम विहार, दिल्ली उम्र 41 वर्ष
3. शीला देवी पत्नी उमेश गिरी, निवासी सरिता विहार, दिल्ली उम्र 50 वर्ष
4. व्योम पुत्र धर्मवीर, निवासी बवाना दिल्ली, उम्र 25 वर्ष
5. पूनम देवी पत्नी मेघनाथ, निवासी सारण बिहार, उम्र 40 वर्ष
6. ललिता देवी पत्नी संतोष, निवासी परना बिहार, उम्र 35 वर्ष
7. सुरुचि पुत्री मनोज शाह, निवासी मुजफ्फरपुर बिहार, उम्र 11 वर्ष
8. कृष्णा देवी पत्नी विजय शाह, निवासी समस्तीपुर बिहार, उम्र 40 वर्ष
9. विजय साह पुत्र राम सरूप साह, निवासी समस्तीपुर बिहार, उम्र 15 वर्ष
10. नीरज पुत्र इंद्रजीत पासवान, निवासी वैशाली बिहार, उम्र 12 साल
11. शांति देवी पत्नी राज कुमार मांझी, निवासी नवादा बिहार, उम्र 40 वर्ष
12. पूजा कुमार पुत्री राज कुमार मांझी, निवासी नवादा बिहार, उम्र 8 वर्ष
13. संगीता मलिक पत्नी मोहित मलिक, निवासी भिवानी हरियाणा, उम्र 34 वर्ष
14. पूनम पत्नी वीरेंद्र सिंह, निवासी महावीर एन्क्लेव, उम्र 34 वर्ष
15. ममता झा पत्नी विपिन झा, निवासी नांगलोई दिल्ली, उम्र 40 वर्ष
16. रिया सिंह पुत्री ओपिल सिंह, निवासी सागरपुर दिल्ली, उम्र 7 वर्ष
17. बेबी कुमारी पुत्री प्रभु साह, निवासी बिजवासन दिल्ली, उम्र 24 वर्ष
18. मनोज पुत्र पंचदेव कुशवाह, निवासी नांगलोई दिल्ली, उम्र 47 वर्ष
शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में कुछ मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया है। लोगों का पोस्टमार्टम दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी हुआ है। उनमें से एक मृतिका 34 वर्षीय संगीता मलिक के परिजन एंबुलेंस में शव को ले जाते हुए।
भगदड़ के दौरान कुली मदद के लिए आगे आए। स्टेशन पर कुली कृष्ण कुमार जोगी ने कहा कि प्रयागराज जाने वाली ट्रेन के आने पर भीड़ बढ़ गई। फुटओवर ब्रिज पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। लोग इतने तंग थे कि कई लोगों का दम घुटने लगा था। करीब 10-15 लोगों की वहीं मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मैंने पूरी घटना देखी। हमने प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 से शवों को एंबुलेंस तक पहुंचाया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले पर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा कि बहुत दुखद घटना घटी है। यह रेलवे के कुप्रबंध के कारण इतने लोगों की मृत्यु हुई है। मुझे काफी अफसोस है। रेल मंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कर चार की बॉडी हैंडओवर कर दी है।
रेलवे स्टेशन पर कुली का काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि मैं 1981 से कुली का काम कर रहा हूं। लेकिन पहले कभी ऐसी भीड़ नहीं देखी थी। प्रयागराज स्पेशल को प्लेटफॉर्म नंबर 12 से रवाना होना था, लेकिन इसे प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर शिफ्ट कर दिया गया। जब प्लेटफॉर्म 12 पर इंतज़ार कर रही भीड़ और बाहर से इंतजार कर रही भीड़ प्लेटफॉर्म 16 पर पहुंचने की कोशिश कर रही थी, तो लोग आपस में टकराने लगे और एस्केलेटर और सीढ़ियों पर गिरने लगे।
आगे बताया कि भीड़ को रोकने के लिए कई लोग वहां जमा हो गए। हमने कम से कम 15 शवों को उठाकर एम्बुलेंस में डाला। प्लेटफ़ॉर्म पर सिर्फ जूते और कपड़े थे। जब प्लेटफॉर्म 12 पर इंतजार कर रही भीड़ और बाहर से आई भीड़ प्लेटफॉर्म 16 पर पहुंचने की कोशिश कर रही थी, तो लोग आपस में टकराने लगे और एस्केलेटर और सीढ़ियों पर गिरने लगे। हमने पुलिस, दमकल गाड़ियों को बुलाया और 3-4 एम्बुलेंस वहां पहुंचीं और लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए 5 शव पहुंचे है। आज इनका पोस्टमार्टम होना है। सुबह 10 बजे से पोस्टमार्टम होना शुरू होगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की दुखद मौत दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।। हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि कल जब यह दुखद घटना घटी, उस समय पटना की ओर जाने वाली मगध एक्सप्रेस नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़ी थी और जम्मू की ओर जाने वाली उत्तर संपर्क क्रांति प्लेटफॉर्म नंबर 15 पर खड़ी थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म 14-15 की ओर आ रहा एक यात्री सीढ़ियों पर फिसल कर गिर गया और उसके पीछे खड़े कई यात्री इसकी चपेट में आ गए और यह दुखद घटना घटी। इसकी उच्च स्तरीय समिति द्वारा जांच की जा रही है।
दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के शवगृह के बाहर का दृश्य है। जहां पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मारे गए लोगों के शव रखे गए हैं। भगदड़ में 14 महिलाओं समेत 18 लोगों की जान चली गई।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर घटना के बाद मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सरकार की ओर से मुआवजे का एलान कर दिया गया है। रेलवे की ओर से मुआवजे का एलान किया गया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में लोगों की मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
कल के हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। आज सवेरे दिल्ली पुलिस ने बताया कि हादसे में 18 लोग मारे गये हैं।
डीसीपी रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने कहा कि हमें भीड़ की उम्मीद थी, लेकिन यह सब कुछ ही समय में हो गया और इसलिए यह स्थिति पैदा हुई। तथ्य-खोज रेलवे द्वारा की जाएगी। पूछताछ के बाद हमें घटना के पीछे का कारण पता चलेगा।
लोकनायक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुरेश कुमार का कहना है कि अभी अस्पताल में 12 लोगों का इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। वही एक अन्य डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में आए 15 शवों के पोस्टमार्टम कल होंगे। उन्हें पुलिस के तरफ से बताया गया है कि 9 शव के पोस्टमार्टम लोकनायक में होने हैं और 6 शव के पोस्टमार्टम राम मनोहर लोहिया अस्पताल में होंगे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से बहुत दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। पूरी टीम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए काम कर रही है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चौंकाने वाली घटना। भगदड़ में लोगों की मौत से गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के बाद दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी का कहना है कि जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। यह एक दुखद घटना है। दो विधायक यहां हैं। मैंने अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि अगर किसी पीड़ित परिवार को किसी तरह की मदद की जरूरत है तो हमारे विधायकों को बताएं। 4-5 मरीजों को जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। एलएनजेपी अस्पताल में 15 लोगों को मृत लाया गया था और इतनी ही संख्या में घायल भी यहां भर्ती हैं। दो शवों की पहचान अभी तक नहीं हुई है।
एनडीआरएफ के कमांडेंट दौलत राम चौधरी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। घायलों को निकाल लिया गया है। हमें स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर भगदड़ की सूचना मिली। हम बचाव अभियान चला रहे हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन मची भगदड़ में घायल कई लोगों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों का हाल जानने के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना लोकनायक अस्पताल पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। एक ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। अधिकारी उन सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं जो इस भगदड़ से प्रभावित हुए हैं।
दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने एक ट्वीट में कहा- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त से बात की है और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए कहा है। सीएस को राहत कर्मियों को तैनात करने के लिए कहा गया है। सीएस और सीपी को साइट पर रहने और राहत उपायों पर नियंत्रण रखने का निर्देश दिया है। मैं लगातार कार्यों की निगरानी कर रहा हूं।
हादसे के बाद एनडीआरएफ की एक टीम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से विनाशकारी खबर। रेलवे प्लेटफॉर्म पर भगदड़ के कारण लोगों की मौत से मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।