फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MCD Live: शाम से रात और रात से हुई सुबह पर नहीं थमा सदन में हंगामा, कल तक के लिए कार्यवाही स्थगित

Thu, 23 Feb 2023 10:49 AM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बुधवार को एमसीडी के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव तो शांतिपूर्ण हो गया लेकिन शाम के वक्त जब स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों का चुनाव शुरू हुआ तो बीच में ही हंगामा मच गया। दरअसल स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव के दौरान सदस्यों को फोन लेकर जाने की अनुमति मिल गई थी। लेकिन भाजपा ने इसका विरोध किया। भाजपा का कहना था कि वोटिंग के दौरान सदस्यों को फोन न ले जाने दिया जाए। इसी मुद्दे ने इतना तूल पकड़ा जिसके चलते सदन में रातभर हंगामा हुआ और आज सुबह सदन को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
विज्ञापन
सदन में मारपीट - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:21 AM, 23-Feb-2023

आतिशी ने कहा- अगर फिर से वोट कराएं तो दोबारा ये कुछ और मांग करेंगे

आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, अब फिर से वोट कराएं, तब 50 वोट कराकर फिर से वोटिंग शुरू कराने की मांग करेंगे। ये क्या हो रहा है? जिनके वोट डल गए हैं, उन्हें कैंसल करवा रहे हैं। अब 200 वोट पड़ जाएंगे, तब फिर बीजेपी खड़ी होगी और फिर से वोट करवाएंगे। भाजपा ने 15 साल एमसीडी में शासन किया। अब जनता ने बीजेपी को हरा दिया है, निगम में आम आदमी पार्टी को बहुमत से जिताया है। 5 साल काम करने दीजिए, यदि काम नहीं कर पाते हैं, तो जनता हटा देगी।

10:19 AM, 23-Feb-2023

तानाशाही और गुंडागर्दी का आचरण हुआ: संजय सिंह

संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, तानाशाही और गुंडागर्दी का आचरण हुआ है। जिन लोगों ने वोट डाल दिया, उसमें भाजपा और आम आदमी पार्टी के भी लोग हैं। एक्ट में मोबाइल फोन नहीं ले जाने का कोई जिक्र नहीं है। हर जगह हार गए हैं। दिल्ली के दो करोड़ लोगों ने हरा दिया, मेयर, डिप्टी मेयर चुनाव में हार गए। अब स्टैंडिंग कमिटी चुनाव में हार रहे हैं। ये हार नहीं पचा पा रहे हैं। संविधान, उच्च न्यायलय को चुनौती दे रहे हैं।

संजय सिंह आगे बोले, एमसीडी के चुनाव में लिखा था कि पोल बूथ पर वोटर मोबाइल ले जा सकता है। अगर गोपनीयता का वायलेशन होता, तो चुनाव आयोग ऐसा क्यों कहता? यहां चुने हुए पार्षद पर रोक लग रही है। क्या चोर छिपा है मन में? एक आदमी वोट देने गया, वोट देकर आ गया, अपना वोट किसी को दिखाया नहीं। तो क्या परेशानी है? मोबाइल लेकर नहीं जाओगे, शर्ट पहनकर नहीं जाओगे, मुस्कुराकर नहीं जाओ, घुटने के बल जाओगे... आखिर ये क्या है...? हमें क्रॉस वोटिंग का डर क्यों होगा?

10:15 AM, 23-Feb-2023

इस बीच आम आदमी पार्टी ने एक ट्वीट कर बीती रात सदन में हुए हंगामे का एक वीडियो डालकर भाजपा पर आरोप लगाए हैं। भाजपा की मेयर उम्मीदवार रेखा गुप्ता की हार की बौखलाहट देखिए! सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बावजूद, पूरी रात सदन में हंगामा किया, तोड़फोड़ की, मारपीट और गुंडागर्दी की। स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव नहीं होने दिया।

 

विज्ञापन
10:09 AM, 23-Feb-2023

सदन स्थगित होने के बाद आप ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

एमसीडी की मेयर शैली ओबरॉय ने आतिशी, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज संग प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान शैली ओबरॉय ने कहा, हमने पूरी रात कोशिश की कि किसी तरह चुनाव हो जाएं। सदन को भाजपा ने गैरकानूनी तरीके से चलाने की कोशिश की, भाजपा ने सदन में मर्यादा का पालन नहीं किया और स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव आखिरकार टालना पड़ा। शैली ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की पार्षद रेखा गुप्ता और अमित नागपाल ने सारी हदों को पार किया। हम इन दोनों पार्षदों पर क्या कार्रवाई की जानी चाहिए उसे लेकर बैठक में विचार करेंगे। कल सुबह 10:00 बजे तक के लिए सदन को स्थगित किया गया है।

10:03 AM, 23-Feb-2023

कल सुबह 10 बजे तक के लिए सदन स्थगित

सदन में हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा ऐसे में सदन की कार्यवाही कल सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

विज्ञापन
10:01 AM, 23-Feb-2023

सदन में पढ़ी गई हनुमान चालीसा

इसके बाद मेयर ने एक घंटे के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित करते हुए कहा कि लौटते ही स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव शुरू कराएंगी, लेकिन करीब दो घंटे की देरी के बाद मेयर चेयर पर लौटीं। इस दौरान पार्षदों ने सदन में हनुमान चालीसा का पाठ किया और देशभक्ति के गाने भी गाए। सदन में जय श्रीराम, जय बजरंग बली के जयकारे लगाए गए। भाजपा की पार्षद शिखा राय ने निगम सचिव भगवान सिंह से सवाल किया कि मेयर मैडम अपनी चेयर पर लौट रही हैं, वे दो घंटे से गायब हैं। इसके करीब दस मिनट बाद मेयर चेयर पर लौटीं। 

09:52 AM, 23-Feb-2023

दरअसल, मेयर, डिप्टी मेयर के चुनाव में सदस्यों को वोटिंग के दौरान मोबाइल साथ में लेकर जाने की रोक थी। इसका सभी सदस्यों ने पालन भी किया। शांतिपूर्वक ये दोनों चुनाव संपन्न हो गए। 

09:31 AM, 23-Feb-2023

छठी बार सदन स्थगित

करीब एक घंटे पहले छठी बार हंगामे के चलते सदन स्थगित किया गया।
 

09:25 AM, 23-Feb-2023

मेयर का आरोप भाजपा पार्षदों ने उन पर हमला किया

मेयर ने आरोप लगाया है कि भाजपा पार्षदों ने उन पर भी हमला किया। आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चुनाव हुए बगैर सत्र खत्म नहीं होगा। भले सदन लगातार कई दिनों तक चलता रहे। स्टैंडिंग कमेटी भी आप की ही बनेगी। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव पहली बैठक में ही कराने का आदेश दिया है। वहीं, रात करीब एक बजे आप के पार्षद सदन से निकल गए, लेकिन भाजपा के पार्षद बैठकर मेयर का इंतजार करते रहे।

08:56 AM, 23-Feb-2023

MCD Live: शाम से रात और रात से हुई सुबह पर नहीं थमा सदन में हंगामा, कल तक के लिए कार्यवाही स्थगित

दिल्ली नगर निगम में बुधवार को मेयर चुनाव से शुरू हुई चुनाव की प्रक्रिया उप मेयर के चुनाव तक तो सुचारू रूप से चली थी लेकिन इसके बाद स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के दौरान सदन में हंगामा शुरू हो गया। यह हंगामा कल शाम से ही जारी है जो पूरी रात चला। इस दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षदों और भाजपा के पार्षदों में हाथपाई और धक्का मुक्की भी हुई। कल रात से आज सुबह तक सदन की कार्यवाही 12 बार से ज्यादा स्थगित हुई है। जैसे ही कार्यवाही शुरू होती है पार्षदों का हंगामा शुरू हो जाता है। कल हाथापाई हुई और बोतलें फेंकी गईं और आज सवेरे तक सदन में कागजी गोले रुक-रुक कर चलते रहे। महिला पार्षद भी आपस में भिड़ती रहीं। हंगामे के मद्देनजर एडिशनल डीसीपी शशांक जायसवाल ने सिविक सेंटर का दौरा किया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें