दिल्ली की नई मेयर शैली ओबरॉय दल-बल के साथ भाजपा पार्षदों की शिकायत करने थाने पहुंची हैं। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग भी की है। शैने कहा कि जब मैं परिणाम घोषित करने वाली थी तो भाजपा पार्षदों का एक समूह विशेष रूप से अर्जुन मारवाह, चंदन चौधरी और रवि नेगी अन्य लोगों के साथ मंच पर आए और मेरी कुर्सी खींची और मुझे धक्का दिया। में नीचे गिर गई। हमने स्थायी समिति चुनाव के लिए भाजपा की मांगों पर सहमति व्यक्त की। जैसे ही मतगणना हुई, भाजपा पार्षदों ने देखा कि वे हार रहे हैं तो चिल्लाने लगे।
भाजपा पार्षद मीनाक्षी शर्मा ने आप पार्षदों के खिलाफ कमला मार्केट पुलिस थाने में 'गंभीर नुकसान और चोट पहुंचाने और भाजपा की महिला पार्षदों के साथ आपराधिक हमले करने और आपराधिक साजिश के साथ जीवन को खतरे में डालने के इरादे से आपराधिक हमला करने' की शिकायत दर्ज कराई है। इससे पहले भाजपा की मीनाक्षी शर्मा ने कहा था कि आप के किसी व्यक्ति ने मुझे किसी नुकीली चीज से मारा। उन्होंने मेरी गर्दन को भी छुआ। यह एक पुरुष पार्षद द्वारा किया गया था। उन्होंने सदन नहीं चलने दिया है। पता नहीं वह दिल्ली की मेयर हैं या आप की। वह केजरीवाल और अन्य आकाओं के आदेश पर काम करती हैं।
आम आदमी पार्टी के पार्षद कमला मार्केट थाने पहुंचे और थाने के बाहर धरना प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के पार्षद यहां महिला पार्षद पर हत्या के प्रयास के आरोप में भाजपा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे हैं।
बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लगाया आरोप
एमसीडी सदन में हुई मारपीट को लेकर बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। बीजेपी ने कहा कि दिल्ली के इतिहास में इस तरह की घटना कभी नहीं हुई है। दिल्ली में अराजकता का माहौल है। बीजेपी ने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर मेयर के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। एमसीडी सदन में जमकर हंगामा और मारपीट हुई
आम आदमी पार्टी और बीजेपी पर्षदों के बीच जमकर मारपीट हुई, आप ने बीजेपी पर मारपीट का आरोप लगाया है। हंगामे के बीच एक शख्श के घायल होने की खबर है।
स्टैंडिंग कमेटी के छह सदस्यों के चुनाव होने के बाद वोटों की गिनती को लेकर घमासान मचा हुआ है। एक वोट इनवैलिड पाया गया। मेयर ने री-काउंटिंग का आदेश दिया।
अभी तक एक वोट इनवैलिड पाया गया है। इनवैलिड वोट को लेकर विवाद शुरू हुआ। भाजपा ने इनवैलिड वोट को काउंट करने की मांग की। मेयर ने कहा ऐसा नहीं किया जा सकता।
एक एक वोट की गिनती बारीकी से हो रही, कभी आप तो कभी भाजपा के पार्षद मचा रहे शोर
कैमरे की निगरानी में निगम सचिव कार्यालय के लोग काउंटिंग में जुट गए हैं।
मेयर शैली ओबरॉय ने सदस्यों का धन्यवाद देते हुए कहा कि शालीनता और सभ्यता से आज स्टैंडिंग कमेटी का वोट दिया। लंच के बाद काउंटिंग की प्रक्रिया शुरू करेंगे, कोई सदन छोड़कर कहीं नहीं जाएगा।
वार्ड 47, 188, 189, 213, 227, 234, 243, 245 के पार्षदों ने वोट नहीं दिया। पार्षदों ने सदन में शेरावाली और श्रीराम के नारे लगाए।
सभी 250 वार्डों की वोटिंग कंप्लीट हो गई है। पार्षद बृजेश सिंह ने आखिर में वोट दिया है। अब मेयर वोट देने जा रही हैं।
वार्ड 230 की पार्षद रेखा रानी ने मतदान किया। वहीं, अब तक कांग्रेस के केवल एक पार्षद ने वोट डाला है।
वार्ड 211 की भाजपा पार्षद ने वोट दिया, जिसके बाद उन्होंने विक्ट्री का साइन दिखाया। इस बीच आप पार्षदों ने हूटिंग की।
वार्ड 210 की वोटिंग जारी है। करीब आधे घंटे मे वोटिंग कंप्लीट हो जाएगी।
वार्ड 175 की वोटिंग जारी है। इस बीच सदन में पार्षद रहरहकर एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। सदन मोदी-मोदी, केजरीवाल-केजरीवाल के नारे लग रहे हैं।
वार्ड 125 तक वोटिंग पूरी हो गई है। मतदान बेहद शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। आम आदमी पार्टी के विधायक व पार्टी के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने अपनी पार्टी और भाजपा के पार्षदों से पहुंचने पर हाथ मिलाया।
वार्ड 118 -119 की वोटिंग इस समय चल रही है और सदन का माहौल काफी सामान्य है।
भाजपा पार्षद मनोज कुमार जिंदल मोबाइल लेकर अंदर वोट देने गए तो आम आदमी पार्टी ने हंगामा कर दिया। इस पर भाजपा पार्षद ने फोन चेक कराया।
इस वक्त सदन में वार्ड संख्या 30 से 35 की वोटिंग जारी है।
आम आदमी पार्टी से आज ही भाजपा में शामिल हुए पवन सहरावत का नाम वोटिंग के लिए एनाउंस होने के बाद आप के पार्षदों ने उन्हें देखते हुए गद्दार-गद्दार के नारे लगाए।
भाजपा पार्षद सदन में पहुंचकर नारेबाजी कर रहे हैं।
आज दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के छह सदस्यों का चुनाव होना है। हालांकि सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया है। वहीं आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि हमें पूरा विश्वास है कि जैसे मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव जीते वैसे ही हम स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव भी जीतेंगे।
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही आप पार्षद पवन सहरावत भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी हंगामा बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक हुआ वो आप के इशारे पर हुआ।