दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान आप नेता सौरभ भारद्वाज, अतिशी और संजय सिंह भी मौजूद रहे। दिल्ली आबकारी नीति मामले में 17 महीने बाद कल उन्हें तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा किया गया है।
दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'हनुमान जी संकटमोचन हैं। जब-जब आम आदमी पार्टी पर संकट आया है, तब-तब उन्होंने संकट हरा है इसलिए आज हम यहां उनका आशीर्वाद लेने यहां आए हैं।'
शनिवार की सुबह उन्होंने अपनी पत्नी सीमा सिसोदिया के साथ चाय पीते हुए एक फोटो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट की। फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'आजादी की सुबह की पहली चाय.... 17 महीने बाद! वह आजादी जो संविधान ने हम सब भारतीयों को जीने के अधिकार की गारंटी के रूप में दी है। वह आजादी जो ईश्वर ने हमें सबके साथ खुली हवा में सांस लेने के लिए दी है।'
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और ईडी-सीबीआई पर हमला बोला है। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसी बेनकाब हो गई हैं। 17 महीने से एक ऐसे व्यक्ति को जेल में रखा, जिसने शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी। नेताओं ने कहा कि वह पहले दिन से कह रहे थे कि कोर्ट में यह केस एक दिन भी नहीं टिकेगा।
आप के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक और पार्टी की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने सिसोदिया को जमानत मिलने को लेकर संयुक्त प्रेसवार्ता की। इस दौरान पाठक ने कहा कि सिसोदिया ने लाखों बच्चों के लिए सरकारी स्कूलों को न केवल सुधारा, बल्कि उन्हें विश्वस्तरीय बनाया है। इसका परिणाम यह है कि बड़ी संख्या में लोग निजी स्कूलों से अपने बच्चों का नाम कटवाकर सरकारी स्कूलों में दाखिला करवा रहे हैं।
उन्होंने कोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इस मामले को लेकर पहले भी कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, तब कोर्ट ने सकारात्मक टिप्पणी करते हुए कहा था कि इस मामले का जल्द ट्रायल शुरू किया जाए। लेकिन, केंद्रीय जांच एजेंसियां ट्रायल शुरू कराने में असफल रहीं। वहीं, आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अन्य राज्यों में सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है।