इस बीच भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा है कि शराब घोटाले में मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी अभी बाकी है। तिवारी ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। सिसोदिया की गिरफ्तारी केवल इसलिए नहीं हुई है कि वह इस मामले में आरोपी हैं बल्कि उनकी गिरफ्तारी सबूतों को नष्ट करने को लेकर भी की गई है।
शराब घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी भाजपा मुख्यालय पर सोमवार दोपहर 12 बजे प्रदर्शन करेंगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यद प्रदर्शन देश व्यापी स्तर पर होगा।
आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सतैंद्र जैन की गिरफ्तारी के बारे में हमने पहले ही कह दिया था, तब भाजपा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी वाले झूठ बोल रहे हैं। हमने कहा कि अब इनके निशाने पर मनीष सिसोदिया हैं तो भाजपा ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं होने वाला। आज सारी एजेंसियां, संविधान/कानून के हिसाब से नहीं, भाजपा की स्क्रिप्ट के अनुसार काम कर रही हैं।
डिप्टी सीएम सिसोदिया की गिरफ्तारी पर टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि अगर मनीष सिसोदिया ने अपने लिए भजापा ब्रांड की वाशिंग मशीन बनवा ली होती, तो उन्हें कभी गिरफ्तार नहीं किया जाता। सहयोगी दल शिवसेना, अकाली दल, जद(यू) टीडीपी और अन्य सभी दलों ने भाजपा का साथ छोड़ दिया है। सीबीआई, ईडी, आईटी ही सच्चे सहयोगी बने हुए हैं।
आप नेता संजय सिंह और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को फतेहपुर बेरी थाने में हिरासत में रखा गया है और उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। डीसीपी चंदन चौधरी ने कहा कि संजय सिंह (सांसद राज्यसभा), गोपाल राय (विधायक और दिल्ली सरकार में मंत्री), रोहित कुमार महरौलिया (विधायक, त्रिलोकपुरी) और दिनेश मोहनिया (विधायक संगम विहार) सहित कुल 36 लोगों को दक्षिण जिले में लागू धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने मुझे, मंत्री गोपाल राय, विधायक ऋतुराज झा, दिनेश मोहनिया, रोहित मेहरौलिया, आदिल खान समेत कई पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ फतेहपुर बेरी थाने में गिरफ्तार कर लिया है।
मनीष सिसोदिया के परिजनों से मिलने पहुंचे केजरीवाल ने कहा कि देश में ईमानदार लोगों को जेल में डाल रहे हैं। करोड़ों लूटने वाले खुलेआम घूम रहे हैं। सिसोदिया शरीफ आदमी हैं। उन्होंने गरीब बच्चों का भविष्य सुधारा है। वहीं, भगवंत मान ने कहा कि सिसोदिया एक क्रांतिकारी शिक्षा मंत्री हैं। भाजपा ने स्कूल बनाने वाले को जेल भेजा है। ये बच्चों को शिक्षा देने से रोकने की साजिश है। हम उनकी गिरफ्तारी की निंदा करते हैं। इनके(भाजपा) खिलाफ जो भी बोलेगा ये उसके साथ यही करेंगे। दिल्ली की तरक्की कराने वालों को ये जेल में भेजेंगे। आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है यह डरनेवाली नहीं है।
सीएम अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, आप नेता आतिशी और राघव चड्ढा फोटो: भूपिंदर सिंह
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दिल्ली में शराब घोटाला हुआ है। आम आदमी पार्टी ने शराब को बढ़ावा दिया है। सिसोदिया ने शराब घोटाला किया है। उन्होंने कमीशन लिया है। घोटाले में कमीशनखोरी की बदबू आ रही है। हमने कई बार शराब नीति पर सवाल पूछे। किसी ने भी हमारे सवालों के जवाब नहीं दिए। अरविंद केजरीवाल आखिर चुप क्यों हैं। पॉलिसी अच्छी थी तो आप सरकार ने वापस क्यों ली।
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शराब घोटाला हुआ है और सिसोदिया ने कमीशन लिया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान मनीष सिसोदिया के घर उनके परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे हैं।
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली के लाखों बच्चों का भविष्य संवारने वाले शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया को भाजपा की सीबीआई ने फर्जी केस में गिरफ्तार किया। यह लोकतंत्र के लिए काला दिन है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि मनीष बेकसूर हैं। उनकी गिरफ्तारी गंदी राजनीति है। मनीष की गिरफ्तारी से लोगों में बहुत रोष है। लोग सब देख रहे हैं। लोगों को सब समझ आ रहा है। लोग इसका जवाब देंगे।
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आप नेताओं की लगातार प्रतिक्रिया आ रही है। आप आदमी पार्टी के नेता अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर राघव चड्ढा ने कहा कि जेल के ताले टूटेंगे, मनीष सिसोदिया छूटेंगे।
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी ने कहा कि भाजपा के कहने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। भाजपा एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्हें मनीष सिसोदिया और केजरीवाल से डर लगता है। भाजपा आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है। मनीष सिसोदिया ने गरीब बच्चों का भविष्य सुधारा है। सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को फर्जी केस में फंसाकर गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को कल मेडिकल करवाने के बाद दिल्ली रॉउज एवन्यू में सीबीआई जज एम के नागपाल की कोर्ट में किया जाएगा। सीबीआई सूत्र के मुताबिक, अभिषेक मनु सिंघवी मनीष सिसोदिया के तरफ से वकील हो सकते हैं। सीबीआई सूत्र के मुताबिक, मनीष सिसोदिया पर लगे आरोप के मसले पर पूछे गए सवालों का जवाब नहीं देने और जांच एजेंसी को पूछताछ की प्रक्रिया में सहयोग नहीं करने पर मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी हुई है। सीबीआई द्वारा इस मामले में मनीष सिसोदिया से कई सबूतों और गवाहों के दर्ज बयानों के बारे में पूछताछ की जा रही थी।
दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आखिरकार, 8 घंटे की पूछताछ के बाद सीबीआई ने आप के कट्टर भ्रष्टाचारी मनीष सिसोदिया को शराब घोटाले में गिरफ्तार कर लिया। केजरीवाल याद रखना एक भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा। घोटालों में लिप्त केजरीवाल सरकार की असलियत जनता के सामने है। भ्रष्टाचारी आप का पतन निश्चित है।
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी तानाशाही की इंतेहा है। आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ्तार करके अच्छा नहीं किया, भगवान भी आपको माफ नहीं करेगा। एक दिन आपकी तानाशाही का अंत जरूर होगा मोदी जी।
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा,'यह लोकतंत्र के लिए काला दिन।'
शराब घोटाला मामले में सीबीआई ने 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया है।
पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी करने वाली आप कार्यकर्ता ने कहा कि मैं अपने शब्द वापस नहीं लूंगी और कभी माफी नहीं मांगूंगी। जब ये लोग अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बोलते हैं तो कोई नहीं देखता। वह हमारे सीएम और अगले प्रधानमंत्री हैं।
आप नेता संजय सिंह ने पीएम पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी जी आपके जुर्म हमारे हौसले कम नहीं कर सकते। मनीष सिसोदिया दिल्ली के लाखों बच्चों को अच्छी शिक्षा दे रहे हैं आपके मित्र अडानी लाखों करोड़ का घोटाला कर रहे हैं। हिम्मत है तो अडानी पर कार्रवाई करके दिखाओ।
सीबीआई मुख्यालय से कुछ दूर पहले ही आप के समर्थक विधायकों सहित सड़क पर बैठे हैं। आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए आने वाले दिन अभी और कठिन होने वाले हैं। केंद्र की भाजपा सरकार आम आदमी पार्टी को रोकने के लिए और नेताओं को जेल में डाल सकती है। हम संघर्ष करते रहेंगे। पार्टी केंद्र के ऐसे दवाब के बाद भी झुकने वाली नहीं है। विरोध प्रदर्शन पर बैठे आम आदमी पार्टी के विधायक पार्षद को हटाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची।
सीबीआई मुख्यालय के पास आम आदमी पार्टी के विधायकों का जमावड़ा शुरु हो गया है। दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिरला, कस्तूरबा नगर से विधायक मदनलाल, मटियाला के विधायक गुलाब सिंह सहित कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे।
पुलिस ने सीबीआई दफ्तर के आसपास दक्षिण दिल्ली में धारा 144 लागू कर दी है।
मनीष सिसोदिया से सीबीआई मुख्यालय में पूछताछ जारी है। मुख्यालय के बाहर समर्थकों की भारी भीड़
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सिसोदिया पर हमला बोलते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को इवेंट मैनेजमेंट में बदलने से उन्हें भ्रष्टाचार छिपाने में मदद नहीं मिलेगी। शराब नीति घोटाले पर आप ने कोई जवाब नहीं दिया। एक बात तो साफ है कि ये सच को छिपाने में लगे हैं। उन्हें सीबीआई को जवाब देना चाहिए। इवेंट मैनेजमेंट की जरूरत नहीं है।
मैं केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि भले ही मुझे जेल जाना पड़े लेकिन आप देश की सेवा करते रहिएगा।
बच्चों पढ़ाई बिल्कुल मेहनत से करनी है। मां-बाप का नाम रोशन करना है और अगर ठीक से नहीं पढ़ाई की तो मुझे तकलीफ होगी और मैं खाना छोड़ दूंगा।
जीवन में ईमानदारी से काम किया। उन्होंने दिल्ली के बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे से पढ़ना। अगर मैं जेल चला गया और मुझे पता चला कि आपने ठीक से पढ़ाई नहीं की तो मैं खाना छोड़ दूंगा।
मेरे दोनों परिवारों ने मेरा बहुत साथ दिया था। जब मैं टीवी चैनल में काम करता था तब अच्छी जिंदगी चल रही थी। बाद में मैं वो छोड़कर राजनीति में आया। अब ये मुझे जेल भेजेंगे तो मेरी पत्नी अकेली रहेगी लेकिन मैं नहीं डरता।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि मैं जेल जाने से नहीं डरता। इनके झूठे आरोपों के चक्कर में एक-दो बार जेल जाना तो छोटी सी बात है। आगे उन्होने कहा कि 'सरफरोसी की तमन्ना अब हमारे दिल में है'।
मनीष सिसोदिया सीबीआई मुख्यालय के लिए हुए रवाना। सीबीाई मुख्यालय के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ राजघाट पहुंचे ।
मनीष सिसोदिया के घर के बाहर सुबह से ही भारी मात्रा में सुरक्षाबल मौजूद हैं। इसी बीच वह अपने घर से राजघाट के लिए रवाना हो गए हैं।
सीबीआई की जांच से पहले गोपाल राय ने ट्वीट कर इस मुद्दे पर लिखा, दिल्ली के लोकप्रिय शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के लिए मोदी जी की पुलिस मुस्तैदी के साथ तैनात है। दिल्ली में जगह-जहग आम आदमी पार्टी के नेताओं को हाउस अरेस्ट किया जा रहा है। अरविंद केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी से मोदी जी को आखिर इतना डर क्यों है ?
भारी संख्या में समर्थकों के आने की संभावना को देखते हुए लाला लाजपत राय मार्ग समेत लोधी कॉलोनी स्थित सीजीओ कंपलेक्स के आसपास स्थित सभी मार्गों को सुबह बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने प्लान तैयार कर लिया है।
केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने आज दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया है। ऐसे में उप मुख्यमंत्री के साथ आम आदमी पार्टी के भारी संख्या में समर्थकों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। करीबन डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों को सीबीआई मुख्यालय के आसपास तैनात किया गया है।