किसान टीकरी बॉर्डर पर पहुंचे
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेरोज़गारी के खिलाफ धरना देने के लिए किसान टीकरी बॉर्डर पर पहुंच रहे हैं। बेरोज़गारी के खिलाफ जंतर-मंतर पर आज किसानों के विरोध-प्रदर्शन के आह्वान पर गाज़ीपुर बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम लग गया है।
किसान महापंचायत में भाकियू चढूनी नहीं
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर किसान महापंचायत की जाएगी। भाकियू चढूनी गुट ने इससे दूरी बना ली है। उन्होंने करनाल में 25 व 26 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने का निर्णय लिया है। महापंचायत में सोनीपत से बड़ी संख्या में किसान पहुंचेंगे। महापंचायत में लखीमपुर खीरी के पीड़ित किसानों को इंसाफ, बिजली बिल 2022 रद्द करने, गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने, चीनी मिल से गन्ने का बकाया भुगतान करने सहित अन्य मांगों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद किसान राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने जाएंगे।
दिल्ली से सटे गाजीपुर बॉर्डर पर भारी जाम
दिल्ली से सटे गाजीपुर बॉर्डर पर भारी जाम है। सड़क पर वाहनों की काफी लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। वहींं, गाजियाबाद डाबर तिराहे होते हुए दिल्ली जाने वाले मार्ग पर लोगों को जाम से परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, जंतर-मंतर पर किसानों के विरोध के आह्वान से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। जिस वजह से यह स्थिति पैदा हुई है।
दिल्ली की सभी सीमाओं पर गाड़ियों की चेकिंग
दिल्ली की सभी सीमाओं पर गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। किसान दिल्ली की सीमाओं में प्रवेश नहीं कर पाएं, इसलिए सीमाओं पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा कर रखी है। नेशनल हाईवे-48 पर पिकेट लगाकर दिल्ली पुलिस गाड़ियों की चेकिंग कर रही है।
पुलिस के जवान अलर्ट मोड पर
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि पुलिस के जवान अलर्ट मोड पर हैं। गाजीपुर सीमा पर वाहनों की लंबी कतार लगी है। हर एक वाहन को पुलिस द्वारा चेक किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि सिंघु बॉर्डर पर वाहनों की आवाजाही भी धीमी है। यहां महापंचायत के मद्देनजर अतिरिक्त पिकेट लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि अतिरिक्त पिकेट लगाने के कारण यातायात की गति धीमी रही है। हम यातायात का सुचारू रूप से संचालन करने के लिए कर्मियों को तैनात किया गया है।
पुलिस ने इन रास्तों से बचने की दी सलाह
वहीं, पुलिस ने ट्वीट कर वाहन चालकों को जंतर मंतर पर किसानों की महापंचायत के चलते टालस्टाय मार्ग, संसद मार्ग, जनपथ रोड, अशोका रोड, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, बाबा खड़क सिंह मार्ग और पंडित पंत मार्ग से बचने को कहा है। वहीं, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए बाहरी जिले के टिकरी सीमा, प्रमुख चौराहों, रेलवे पटरियों और मेट्रो स्टेशनों पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बल की पर्याप्त तैनाती की गई है।
जाम में फंसी एंबुलेंस
दिल्ली यूपी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग 9 और गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की कतार लगी है। राजनगर एक्सटेंशन से एलिवेटेड रोड होते हुए यूपी गेट जाने वाले रास्ते पर वाहनों की कतार लगी है। इस बीच दिल्ली जाने वाली लेन पर एंबुलेंस भी फंसी है।
ये हैं किसानों की प्रमुख मांगें
-लखीमपुर खीरी नरसंहार के पीड़ित किसान परिवारों को इंसाफ, जेलों में बंद किसानों की रिहाई और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी की गिरफ्तारी
-स्वामीनाथन आयोग के सी2+50 प्रतिशत फॉर्मूले के अनुसार एमएसपी की गारंटी का कानून
-देश के सभी किसानों को कर्जमुक्त करने
-बिजली बिल 2022 को रद्द करने
-गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने और बकाया राशि का तत्काल भुगतान
-विश्व व्यापार संगठन से बाहर आए और सभी मुक्त व्यापार समझौते रद्द करने
-किसान आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं
-प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के बकाया मुआवजे का तत्काल भुगतान
-अग्निपथ योजना की वापसी
महापंचायत शुरू होने में देरी
किसानों का समूह जंतर मंतर पर पहुंच रहा है। अभी भी किसान सीमाओं से दिल्ली में प्रवेश कर रहे हैं। अभिमन्यु कुहाड़ के नतृत्व में हरियाणा से किसानों का एक समूह सिंधु बॉर्डर पर पहुंचा। वहीं महापंचायत शुरू होने में देरी हो रही है, दोपहर 12 बजे के बाद शुरू होने की उम्मीद है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने खुद को महापंचायत से किया अलग
एसकेएम ने स्पष्टीकरण दिया है कि जंतर मंतर पर आज का विरोध संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) का आह्वान नहीं है। कुछ किसान संघ जो 2020-21 के किसानों के विरोध के दौरान एसकेएम का हिस्सा थे, वही इसका आयोजन कर रहे हैं। बीकेयू एकता सिद्धूपुर के जगजीत सिंह दल्लेवाल विरोध का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि बाकी किसान संघ और नेता इसका हिस्सा नहीं हैं।
किसानों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-यूपी सीमा पर गाजीपुर में प्रदर्शन कर रहे किसानों को हिरासत में लिया।
कई किलोमीटर का लगा लंबा ट्रैफिक जाम
शास्त्री पार्क से कश्मीरी गेट राजघाट की तरफ और तीस हजारी कोर्ट से घंटाघर तक कई किलोमीटर का लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वहीं, कश्मीरी गेट के पास ट्रैफिक जाम के कारण यात्री सवार एक डीटीसी इलेक्ट्रिक बस ने भी अपना रास्ता बदला।
जंतर मंतर पर महापंचायत शुरू
संयुक्त किसान मोर्चा अराजनैतिक के आह्वान पर जंतर मंतर पर महापंचायत शुरू हो गई है। संयोजक जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा अपनी मांगों के समर्थन में राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न राज्यों से भारी संख्या में किसान पहुंच चुके हैं। किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर यहां प्रदर्शन कर रहे हैं।