फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nuh Violence Live: नूंह हिंसा पर राहुल गांधी ने भाजपा पर कसा जोरदार तंज, अब तक पांच की मौत

Tue, 01 Aug 2023 07:05 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नूंह

खास बातें

Nuh Haryana Violence News Live Updates: हरियाणा के नूंह में सोमवार को ब्रजमंडल 84 कोस शोभायात्रा पर पथराव और फायरिंग के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पत्थरबाजी, गोलीबारी और आगजनी में दो होम गार्ड के जवानों की मौत हो गई है। गुरुग्राम में भी धार्मिक स्थल पर हमला हुआ है, इसमें एक की मौत हो गई है। नूंह हिंसा में डीएसपी समेत 12 पुलिस कर्मचारी घायल हैं। इसके अलावा 20 से अधिक आम लोग घायल हैं। इंटरनेट सेवा को बुधवार तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले की सीमाएं भी सील कर दी गई हैं। पढ़ें ताजा अपडेट्स
विज्ञापन
Nuh Violence - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:02 PM, 01-Aug-2023

राहुल गांधी ने नूंह हिंसा पर भाजपा को घेरा

हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा को लेकर अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा को निशाने पर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और उसके साथ खड़ी ताकतों ने पूरे देश में नफरत का केरोसिन फैला दिया है। सिर्फ मोहब्बत ही देश में लगी आग को बुझा सकती है।

05:38 PM, 01-Aug-2023

गुरुग्राम में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य, हालात काबू में

नूंह में सांप्रदायिक हिंसा के बाद गुरुग्राम समेत कई जिलों में हालात बिगड़ गए। जिसके बाद अब गुरुग्राम के डीसी निशांत यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि यहां कानून-व्यवस्था सामान्य है। बीते दिन नूंह में जो कुछ हुआ। उसका असर सोहना पर भी पड़ा है। हालांकि, शाम तक स्थिति पर काबू पा लिया गया। स्थिति अब शांतिपूर्ण है।

03:38 PM, 01-Aug-2023

नूंह हिंसा पर दिल्ली सीएम केजरीवाल का ट्वीट

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर नूंह हिंसा को लेकर कहा कि नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा बहुत परेशान करने वाली है। मणिपुर के बाद हरिणाया में इस तरह की हिंसा का संकेत अच्छा नहीं है। मैं हरियाणा की समस्त जनता से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। ऐसे नाजुक वक्त में हम शांति और आपसी भाईचार कायम रखें। अमन विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सभी को मिलकर काम करना होगा। 
 

विज्ञापन
03:05 PM, 01-Aug-2023

उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा: सीएम मनोहर लाल

हरियाणा के सीएम ने आगे कहा कि उपद्रवियों ने पुलिस पर भी आक्रमण किया और उस यात्रा को भंग करने का प्रयास किया। गाड़ियों को आग लगाई गई और आगजनी की घटना कुछ स्थानों पर सामने आई है। फिलहाल नूंह समेत सभी जगह स्थिति सामान्य है। अभी तक कई एफआईआर दर्ज की गई हैं, कुल 70 लोगों को अभी तक हिरासत में लिया गया है। कुल पांच लोग की मौत की अभी तक सूचना है, जिनमें दो पुलिसकर्मी और तीन आम नागरिक हैं। नूंह से बाहर के लोग जो इस घटना में शामिल थे उनकी पहचान की जा रही है। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी नागरिकों से अपील कि शांति बहाली के लिए आगे आए। 

02:45 PM, 01-Aug-2023

नूंह हिंसा पर सीएम मनोहर लाल ने की बैठक

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नूंह में उत्पन्न हुई स्थिति पर बैठक की। उन्होंने कहा कि नूंह में जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है, घटना का पता लगते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासन को तुरंत भेजा गया। एक सामाजिक यात्रा जो हर वर्ष निकलती है जिसके ऊपर कुछ लोगों ने आक्रमण किया। पुलिस को भी निशाना बनाया गया। सुनियोजित और षडयंत्र पूर्ण तरीके से यात्रा को भंग किया गया, जो बड़ी साजिश की तरफ इशारा करती है।

विज्ञापन
02:11 PM, 01-Aug-2023

केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती

हरियाणा सरकार के आग्रह पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मेवात की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उसके बाद वहां पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की बीस कंपनियों को भेजा गया है। इनमें सीआरपीएफ की चार कंपनियां, जिनमें दो महिला कंपनी भी शामिल हैं, भेजी गई हैं। इसके अलावा रेपिड एक्शन फोर्स की 12 कंपनियां तैनात की गई हैं। बीएसएफ और आईटीबीपी की दो-दो कंपनियां लगाई गई हैं। अभी तक इन कंपनियों को छह अगस्त तक मेवात में तैनात रहने का आदेश मिला है। 

02:09 PM, 01-Aug-2023

मुख्यमंत्री मनोहरलाल और गृह मंत्री अनिल विज की बैठक

मुख्यमंत्री मनोहरलाल और गृह मंत्री अनिल विज की बैठक चल रही है। बैठक में कई अधिकारी मौजूद हैं। इसके अलवा कई अधिकारी वर्चुली जुड़े हैं। नूंह हिंसा पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पर बैठक चल रही है।

01:54 PM, 01-Aug-2023

सोनीपत पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर

नूंह हिंसा के बाद सोनीपत पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। जिले में धारा-144 लागू कर दी गई है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के एकत्रित होने पर रोक लगा दी गई है। चार से अधिक लोग एक साथ एकत्रित नहीं हो सकेंगे। डीसीपी हेडक्वार्टर वीरेंद्र सिंह ने आदेश जारी किए हैं।

01:34 PM, 01-Aug-2023

थोड़ी देर में खुल जाएंगे सोहना के बाजार

सोहना में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैछक में दोनों पक्षों ने शांति और सद्भाव बनाने का आश्वासन दिया। डीसी निशांत कुमार यादव ने पीस कमेटी में पहुंचे लोगों से क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाने की अपील की। डीसी ने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सोहना के विधायक संजय सिंह, पूर्व विधायक तेजपाल तंवर सहित बैठक में समाज के मौजिज लोग शामिल हुए। बैठक के बाद सोहना में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। सोहना में हालात सामान्य है। थोड़ी देर में बाजार खुल जाएंगे। 

01:21 PM, 01-Aug-2023

लगभग 60 लोगों के घायल होने की सूचना-एसपी

नूंह के जिला उपायुक्त प्रशांत पवार और एसपी नरेंद्र सिंह बिजारणिया की अध्यक्षता में शांति वार्ता की बैठक संपन्न हुई। शहर के मौजिज लोगों ने आश्वस्त किया कि हिंसा को नहीं बढ़ने देंगे, शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे। एसपी ने आरोपियों की पहचान करने में मदद करने की शांति कमेटी के सदस्यों से अपील की है। एसपी नूंह ने बताया कि अब तक इस मामले में 16 एफआईआर दर्ज हुई हैं। लगभग 60 लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं। जिले में अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां और हरियाणा पुलिस बल की भी 20 कंपनियां तैनात हैं। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि जारी आदेशों का पालन करें और कोई भी व्यक्ति कानून हाथ में ना लें।

01:14 PM, 01-Aug-2023

अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां तैनात

नूंह घटना पर DC प्रशांत पवार ने कहा कि जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है, कर्फ्यू लगा हुआ है, अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियां आज जिले में तैनात हैं। राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी यहां मौजूद हैं। हमने जिले को सब-सेक्टर में विभाजित किया है। पुलिस और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीमें बनाई हैं ताकि हम जल्द से जल्द सामान्य स्थिति कायम कर सकें।
 

01:10 PM, 01-Aug-2023

शांति समिति की बैठक

हरियाणा के नूंह में कल दो गुटों के बीच हुई झड़प को लेकर नूंह उपायुक्त कैंप कार्यालय में शांति समिति की बैठक हुई। नूंह एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने कहा कि हिंदू और मुस्लिम दोनों कमेटियों को बुलाया है। पहले दोनों की अलग-अलग बैठकें की हैं और एक बार कॉमन ग्राउंड तैयार होते ही आज शाम कॉमन बैठक होगी।

 

01:07 PM, 01-Aug-2023

राज्यसभा में भी उठा नूंह हिंसा का मुद्दा

आप सांसद सुशील गुप्ता और संजीव अरोड़ा ने राज्यसभा अध्यक्ष को नोटिस दिया है। वे राज्यसभा में नूंह हिंसा को लेकर चर्चा करना चाहते हैं।

12:58 PM, 01-Aug-2023

नूंह में गोली लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

नूंह में हिंसा के दौरान गोली लगने से घायल हुए पानीपत के युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। वहीं नूंह में फंसे पानीपत के 99 लोग सुरक्षित पानीपत पहुंच गए है। वह डरे सहमे हुए है। फिलहाल वह इतना बता रहे है कि बहुत खरतनाक मंजर था, जिसकाे वह शब्दों में बयान नहीं कर सकते। वहीं इस उपद्रव के बाद पानीपत पुलिस भी अलर्ट हो गई। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने सभी थाना प्रभारियों में क्षेत्र गश्त करने और संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर उससे पूछताछ करने के आदेश दिए है।

12:44 PM, 01-Aug-2023

तिकोना पार्क के पास किया था प्रदर्शन

सोमवार को नूंह में दो गुटों के बीच हुए टकराव व हिंसक झड़प के बाद बजरंग दल के सदस्यों ने तिकोना पार्क के पास प्रदर्शन किया। विधायक विनोद भयाना ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की बात गृहमंत्री अनिल विज से करवाई थी। हालात को देखते हुए ऐतिहासिक चार कुतुब दरगाह के बाहर भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई थी। बाद में पुलिस बल को हटा लिया गया विरोध प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष राजेश भड़ाना, बजरंग दल के जिला संयोजक मोनू मालवाल, सतबीर वर्मा, शमशेर रामपुरा, अमन, जोनी, गुरजीत, ढोलू गुर्जर, सुनील टूटी, अश्वनी भाटिया, राजेश सैनी, विनोद खत्री, रजत शर्मा, शंकर सैनी, विक्रम वर्मा, सोनू वर्मा, सोनू सैनी सहित अन्य उपस्थित थे।

12:21 PM, 01-Aug-2023

सुबह तीन बजे हिसार पहुंचे 70 श्रद्धालु

नूंह में हुई हिंसा-आगजनी में फंसे श्रद्धालु हिसार लौट आए हैं। मंगलवार तड़के 3 बजे रोडवेज की दो बसों में यह श्रद्धालु वापस हिसार पहुंचे। इन सभी को पारिजात चौक स्थित संघ कार्यालय के बाहर उतारा गया। यहां से सभी श्रद्धालु अपने अपने घरों के लिए रवाना हुए। पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
हिसार जिले से तीन बस ब्रजमंडल की यात्रा के लिए सोमवार को रवाना हुई थी।

12:10 PM, 01-Aug-2023

सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने की शांति बनाए रखने की अपील

सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मेवात के लोगों ने हमेशा से भाईचारे की मिसाल कायम की है, इसको किसी भी सूरत में टूटने नहीं देना है। जिन भी लोगों ने नफरत की आग लगा कर भाईचारे के माहौल को बिगाड़ा है, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मैं सभी वर्ग के लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं। 

12:01 PM, 01-Aug-2023

नूंह दंगों के बाद झज्जर पुलिस व प्रशासन अलर्ट

नूंह दगों के बाद पुलिस प्रशासन झज्जर में भी पूरी तरह से अलर्ट नजर आया। शहर में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में झज्जर के पुलिस स्टेशनों के कर्मचारी, महिला पुरुष कर्मचारी और पुलिस से संबंधित अन्य यूनिट के कर्मचारी शामिल हैं।

11:54 AM, 01-Aug-2023

नूंह में फंसे बजरंग दल के 12 सदस्य लौटे वापस, एक के लगी चोट 

नूंह में शोभायात्रा पर पथराव और फायरिंग के बाद यात्रा में फंसे सिरसा के बजरंग दल के 12 सदस्य सुबह वापस लौट आए। नूंह में दूसरे समुदाय के लोगों की ओर से उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। जबकि एक युवक के सिर पर पत्थर भी लगा है। वहीं उन्होंने हरियाणा सरकार व पुलिस प्रशासन पर भी संगीन आरोप लगाए हैं और हमलावरों से मिले होने की बात कही है।  सिरसा में पहुंचे बजरंग दल के प्रांत मिलन केंद्र प्रमुख हरियाणा सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि वह सोमवार सुबह चार बजे सिरसा से यात्रा में शामिल होने के लिए गए थे। सोमवार दोपहर करीब दो बजे नूंह में एक समुदाय की ओर से उन के काफिले पर हमला और गोलीबारी की गई। किसी तरफ से पत्थर चलाए गए तो किसी क्षेत्र से पेट्रोल बम बरसाए गए। हमलावरों ने पहले ही वहां पर पराली और अन्य बंदोबस्त किए थे। काफिले के पहुंचते ही उन्होंने अवैध हथियारों से गोलियां चला दीं। उनकी गाड़ी के आगे बस चल रही थी। जिसको हमलावरों ने आग के हवाले कर दिया। वह गाड़ी से निकलकर बाहर भाग गए और अपनी जान बचाई। उनके आसपास के लोगों को गोलियां भी लगी है। जिसके कारण कई लोगों की मौत भी हो गई। रात करीब साढ़े सात बजे सीआरपीएफ की टुकड़ी ने उन्हें वहां से निकालना शुरू किया। इसके बाद ही वह वहां से सुरक्षित निकल पाए हैं। वहीं, उन्होंने आरोप लगाए कि पुलिस भी उक्त हमलावरों के साथ मिली हुई थी। पुलिस की ओर से उन्हें रोकने के लिए कोई भी प्रयास नहीं किए गए।
 

11:50 AM, 01-Aug-2023

मौलवी ने की शांति की अपील, बोले-देश एक, दोनों समुदाय बनाएं शांति 

प्रदेश के नूंह जिले में हुई हिंसा के बाद अब कैथल शहर के सिरटा रोड स्थित मदनी मदरसे के मौलवी सईदर उर रहमान ने शांति की अपील की है। इस पर मौलवी का कहना है कि हमारा देश एक है। इस देश में कई समुदाय के लोग एक साथ रहते हैं। इस स्थिति में हमें आपस में सौहार्द की भावना बनाएं रखनी चाहिए। मौलवी ने कहा कि दोनों समुदाय आपस में शांति बनाएं रखें। उनकी वहां के जिला प्रशासन व सरकार से अपील है कि शांति बहाल करने के लिए लगातार कार्य करें।

11:22 AM, 01-Aug-2023

नूंह हिंसा में तीन की मौत-एडीजी लॉ एंड ऑर्डर

नूंह हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हुई है। इनमें दो होम गार्ड के जवान और एक आम नागरिक शामिल हैं। डीएसपी, डीसीपी समेत करीब 10 पुलिसकर्मी घायल हैं। जबकि हिंसा में 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। एक मीडिया संस्थान से एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ममता सिंह ने कहा कि भीड़ ने 80 से ज्यादा गाड़ियों में आग लगाई। हालात कैसे बिगड़े ये जांच का विषय है। शांति बहाल करना पहली प्राथमिता है। 

11:16 AM, 01-Aug-2023

टोहाना के गांव फतेहपुरी के होमगार्ड की मौत

फतेहाबाद के टोहाना इलाके के गांव फतेहपुरी निवासी 32 वर्षीय होमगार्ड गुरसेवक सिंह की नूंह में हुई हिंसा में मौत हो गई है। पिछले महीने उसकी अस्थायी ड्यूटी गुरुग्राम के खेड़की दौला थाने में लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को वह पुलिस गाड़ी में गुरुग्राम से मेवात की ओर जा रहे थे तो उपद्रवियों ने गाड़ी पर पथराव व फायरिंग कर दी। इससे दो होमगार्ड की मौत हो गई। इनमें एक गुरसेवक सिंह था। गुरसेवक अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें छह साल की बेटी और चार साल का बेटा है। गुरसेवक 10 साल पहले होमगार्ड लगा था। उसकी ड्यूटी पहले फतेहाबाद में ही थी। ग्रामीणों के अनुसार, सात जुलाई को उसे गुरुग्राम के खेड़की दौला थाने में भेजा गया था।

11:05 AM, 01-Aug-2023

भरतपुर में भी कुछ जगह इंटरनेट बंद

रेवाड़ी में धारा 144 लागू कर दी गई है। धार्मिक स्थलों के बाहर पुलिस-प्रशासन तैनात कर दिया गया है। राजस्थान के भरतपुर में भी कुछ जगह इंटरनेट बंद कर दिया गया है। 

10:45 AM, 01-Aug-2023

नूंह में स्थिति नियंत्रण में है, कर्फ्यू लगा है- विज

नूंह में हुई झड़प पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज का कहना है कि नूंह में स्थिति नियंत्रण में है और जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। दोनों समुदाय लंबे समय से नूंह में शांतिपूर्वक रह रहे हैं। इसके पीछे एक साजिश है। जिस तरह से पत्थर, हथियार, गोलियां मिलीं, ऐसा लगता है कि इसके पीछे कोई मास्टरमाइंड है। हम विस्तृत जांच करेंगे और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

 

10:36 AM, 01-Aug-2023

अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियां तैनात

हरियाणा सरकार के अधिकारी ने कहा कि नूंह, सोहना और आसपास के जिलों में स्थिति नियंत्रण में है। अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियां वहां तैनात की गई हैं, छह और कंपनियां जल्द ही पहुंचेंगी। फ़रीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम में कोई कर्फ्यू नहीं लगाया गया है, हालांकि, इन जिलों में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए धारा 144 लगाई गई है। सोहना में जल्द ही शांति समिति की बैठक शुरू होगी।

10:29 AM, 01-Aug-2023

सोहना, मानेसर और पटौदी में इंटरनेट बंद

सोहना, मानेसर और पटौदी में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। मेवात में इंटरनेट बंद है। नूंह में कर्फ्यू लगा है। गुरुग्राम के जिलाधीश एवं डीसी निशांत कुमार यादव ने जिले में कानून का पालन कराए जाने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा-144 लागू की है। इस विषय में सोमवार शाम जिलाधीश की ओर से निर्देश जारी किए गए।
 

10:18 AM, 01-Aug-2023

सोमवार को भड़की थी हिंसा

दरअसल, विश्व हिंदू परिषद, मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी और बजरंग दल द्वारा सोमवार को निकाली गई ब्रजमंडल 84 कोस शोभा यात्रा के दौरान पथराव और फायरिंग से दो होम गार्ड जवानों की मौत हो गई जबकि कई पुलिसकर्मी और तकरीबन 24 लोग जख्मी हो गए। यात्रा में शामिल लोगों के साथ ही पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया। इस बीच दंगाइयों ने आगजनी कर दी। कई वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। सांप्रदायिक तनाव के बाद पूरे जिले में धारा-144 लगाकर इंटरनेट सेवा को बुधवार तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले की सीमाएं भी सील कर दी गई हैं।

10:11 AM, 01-Aug-2023

अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियां नूंह पहुंची

अर्धसैनिक बलों की 13 कंपनियां नूंह पहुंच गई हैं। छह कंपनियां और भी पहुंचेंगी। वहीं नूंह के आसपास के सभी जिलों में भी हालात सामान्य हैं। फरीदाबाद,पलवल और गुरुग्राम में एहतियात के तौर पर धारा 144 लगाई गई है। इन जिलों में कहीं पर कर्फ्यू नहीं लगाया गया है। वहीं सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, कुछ ही देर में सोहना में पीस कमेटी की बैठक होगी।

09:57 AM, 01-Aug-2023

रैपिड एक्शन फोर्स की 20 कंपनियां मिलीं

हरियाणा सरकार ने नूंह जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार से रैपिड एक्शन फोर्स की 20 कंपनियां मांगी थीं। केंद्र सरकार ने 20 कंपनियां भेज दी हैं। इन कंपनियों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया जा रहा है।

09:48 AM, 01-Aug-2023

Nuh Violence Live: नूंह हिंसा पर राहुल गांधी ने भाजपा पर कसा जोरदार तंज, अब तक पांच की मौत

हरियाणा के गुरुग्राम से सटे नूंह में सोमवार को ब्रजमंडल 84 कोस शोभायात्रा पर पथराव और फायरिंग के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पत्थरबाजी, गोलीबारी और आगजनी में दो होम गार्ड के जवानों की मौत हो गई है। गुरुग्राम में भी धार्मिक स्थल पर हमला हुआ है, इसमें एक की मौत हो गई है। हिंसा में डीएसपी समेत 12 पुलिस कर्मचारी घायल हैं। इसके अलावा 20 से अधिक आम लोग घायल हैं। पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। हालात को काबू करने के लिए गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल से फोर्स पहुंची। सांप्रदायिक तनाव के बाद पूरे जिले में धारा-144 लगाकर इंटरनेट सेवा को बुधवार तक बंद कर दिया गया है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही जिले की सीमाएं भी सील कर दी गई हैं। पढ़ें ताजा अपडेट्स

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें