फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RRTS Inauguration Live: प्रधानमंत्री मोदी बोले- आज देश के लिए ऐतिहासिक क्षण, नए भारत का संकल्प है 'नमो भारत'

Fri, 20 Oct 2023 01:28 PM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद

खास बातें

Delhi Meerut Rapidx Rail Inauguration Date, Route Map News Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहिबाबाद रैपिडएक्स स्टेशन पर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्राथमिकता वाले खंड का उद्घाटन किया। पीएम ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक ट्रेन को चलाया जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:27 PM, 20-Oct-2023

'दिल्ली-मेरठ का ये 80 किमी से ज्यादा का ट्रैक तो बस एक शुरुआत'

पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली-मेरठ का ये 80 किमी से ज्यादा का ट्रैक तो बस एक शुरुआत है। पहले फेज में दिल्ली, यूपी, हरियाणा और राजस्थान के अनेक क्षेत्र नमो भारत ट्रेन से कनेक्ट होने वाले हैं। बदलते हुए भारत में ये बहुत जरूरी है कि सभी देशवासियों का जीवन स्तर सुधरे, लोग अच्छी हवा में सांस लें, यातायात के अच्छे साधन हों, अच्छे शिक्षण संस्थान हों और इलाज की बेहतर व्यवस्था हो। इन सब पर आज भारत सरकार विशेष जोर दे रही है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर आज भारत सरकार जितना खर्च कर रही है, उतना हमारे देश में पहले कभी नहीं हुआ।  

01:24 PM, 20-Oct-2023

हमारा भारत आज हर क्षेत्र में प्रगति की नई गाथा लिख रहा है: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का विकास, राज्यों के विकास से ही संभव है। आज बेंगलुरु में मेट्रो की दो लाइनों को भी देश को समर्पित किया गया है। इससे बेंगलुरु के आईटी हब की कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है। अब बेंगलुरु में रोज लगभग आठ लाख लोग मेट्रो से सफर कर रहे हैं। 21वीं सदी का हमारा भारत आज हर क्षेत्र में प्रगति की नई गाथा लिख रहा है। आज का भारत चंद्रयान को चंद्रमा पर उतारकर दुनिया में छाया हुआ है। आज का भारत जी20 का इतना शानदार आयोजन करके दुनिया के लिए आकर्षण, उत्सुकता और दुनिया का भारत के साथ जुड़ने का एक नया अवसर बन गया है। आज का भारत एशियन गेम्स में 100 से ज्यादा पदक जीतकर दिखाता है। आज का भारत अपने दम पर 5जी लॉन्च करता है और उसे देश के कोने-कोने में ले जाता है। आज का भारत दुनिया में सबसे ज्यादा डिजिटल लेन-देन करता है। आज जो तेज रफ्तार नमो भारत शुरू हुई है, वो भी मेड इन इंडिया है, भारत की अपनी ट्रेन है। अभी प्लेटफार्म पर स्क्रीन डोर के सिस्टम का लोकार्पण हुआ है, वो भी मेड इन इंडिया है। नमो भारत, भविष्य के भारत की झलक है। नमो भारत, इस बात का भी प्रमाण है कि जब देश की आर्थिक ताकत बढ़ती है, तो कैसे हमारे देश की तस्वीर बदल जाती है।

01:14 PM, 20-Oct-2023

नमो भारत ट्रेन में आधुनिकता भी है, गति भी: पीएम

पीएम ने आगे कहा कि नमो भारत ट्रेन में आधुनिकता भी है, गति भी है। ये नमो भारत ट्रेन, नए भारत के नए सफर और नए संकल्पों को परिभाषित कर रही है। 

विज्ञापन
01:04 PM, 20-Oct-2023

रेलवे का ये नया रूप मुझे सबसे ज्यादा आनंदित करता है: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि अभी मुझे इस आधुनिक ट्रेन से यात्रा का भी अनुभव प्राप्त हुआ है। मैंने तो बचपन रेलवे प्लेटफार्म पर बिताया है और आज रेलवे का ये नया रूप मुझे सबसे ज्यादा आनंदित करता है। हमारे यहां नवरात्रि में शुभ कार्य की परंपरा है। देश की पहली नमो भारत ट्रेन को भी मां कात्यायनी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। इस नई ट्रेन में ड्राइवर से लेकर सभी कर्मचारी महिलाएं हैं। ये भारत की नारीशक्ति के बढ़ते कदम का प्रतीक है।

12:57 PM, 20-Oct-2023

नए भारत का संकल्प नमो भारत ट्रेन: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि नमो भारत ट्रेन नए भारत को परिभाषित करती है। आज हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। नमो भारत ट्रेन नए भारत का संकल्प है। आज भारत की पहली रैपिड रेल सेवा 'नमो भारत ट्रेन' राष्ट्र की समर्पित हुई है। लगभग चार साल पहले मैंने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रीजनल कॉरिडोर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी थी। आज साहिबाबाद से दुहाई डिपो तक के हिस्से पर 'नमो भारत' का संचालन प्रारंभ हो गया है।

विज्ञापन
12:50 PM, 20-Oct-2023

आज पूरे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण: पीएम

पीएम मोदी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। पीएम ने कहा कि आज पूरे देश के लिए ऐतिहासिक क्षण है। आज देश में पहली रैपिडएक्स ट्रेन शुरू हुई है। जिसका शिलान्यास हम करते हैं उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं। इसका मेरठ वाला हिस्सा 1-1.5 साल के बाद पूरा होगा, उस समय भी मैं आपकी सेवा में मौजूद रहूंगा। 

12:48 PM, 20-Oct-2023

सीएम योगी ने किया जनसभा को संबोधित

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वंदे भारत ने हमें नए भारत की झलक दिखाई। आज देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य नए बुनियादी ढांचे का गवाह बन रहा है। यह डबल इंजन सरकार का प्रयास है कि आज यूपी के पांच शहरों में मेट्रो रेल सेवाएं हैं। जनवरी में मेट्रो रेल आगरा में भी सेवाएं शुरू होंगी। वाराणसी में भी रोपवे सेवा का निर्माण कार्य चल रहा है।

12:38 PM, 20-Oct-2023

ट्रेन के दरवाजों खुद खोल सकेंगे यात्री, मैनुअल भी करेंगे काम

रैपिडएक्स ट्रेनों के दरवाजे फिलहाल मेट्रो रेल की तरह ऑटोमेटिक तरीके से खुलेंगे और बंद होंगे। रैपिडएक्स में दरवाजों को खोलने के लिए अंदर और बाहर दोनों ओर एक खास बटन दिया गया है। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद इस बजट में हरे रंग की लाइट जलेगी, इसके बाद यात्री इस बटन को दबाकर खुद भी दरवाजा खोल सकेंगे। ट्रेन के सफर में होने के दौरान यह बटन लॉक हो जाएगा और इसे नहीं खोला जा सकेगा। एनसीआरटीसी के अधिकारियों का कहना है कि जब लोग इस बटन के काम करने के तरीके से वाकिफ हो जाएंगे, तब कोच के गेट को मैनुअली खोला-बंद किया जाएगा। यानी जिस कोच के दरवाजे को खोलने की जरूरत होगी, सिर्फ उसी को खोला जा सकेगा। इससे बिजली की बचत हो सकेगी।

12:11 PM, 20-Oct-2023

जनसभा स्थल पर पहुंचे पीएम मोदी

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्राथमिकता खंड का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी जनसभा स्थल पर पहुंच चुके हैं।

11:53 AM, 20-Oct-2023

पीएम ने स्कूली बच्चों और चालक दल के साथ की बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साहिबाबाद को दुहाई डिपो से जोड़ने वाली रैपिडएक्स ट्रेन में स्कूली बच्चों और चालक दल के साथ बातचीत की। पीएम ने साहिबाबाद में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्राथमिकता खंड का उद्घाटन किया और रैपिडएक्स ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

11:47 AM, 20-Oct-2023

एनसीईआरटीसी में काम करने वाले मजदूर भी पीएम के साथ करेंगे सफर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रैपिड रेल में एनसीईआरटीसी में काम करने वाले मजदूर भी सफर करेंगे। वहीं, उनके साथ ट्रेन में स्कूली बच्चे सवार होंगे। 

11:37 AM, 20-Oct-2023

पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना

देश की पहली रैपिडेक्स ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम ऑनलाइन टिकट खरीदकर इस ट्रेन के पहले यात्री भी बनेंगे। उनके साथ ट्रेन में स्कूली बच्चे सवार होंगे। 

11:29 AM, 20-Oct-2023

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद रैपिडएक्स स्टेशन पर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर के प्राथमिकता वाले खंड का उद्घाटन किया। 

11:16 AM, 20-Oct-2023

यात्रियों की सहायता के लिए प्रीमियम कोच में तैनात रहेंगे सहायक

यात्रियों की सहायता के लिए प्रीमियम कोच में एक-एक सहायक तैनात रहेंगे। किसी भी जरूरत के लिए यात्री इन्हें बुलाकर मदद ले सकेंगे। स्टैंडर्ड कोच में सहायक तैनात नहीं होंगे, लेकिन किसी आपात स्थिति में यात्री इन्हें बुला सकेंगे।

11:00 AM, 20-Oct-2023

ट्रेन के कोच में लगी डिस्प्ले स्क्रीन पर दिखेगी ट्रेन की लोकेशन और गति

रैपिडएक्स ट्रेन के प्रीमियम कोच में दो डिस्प्ले स्क्रीन लगाई गई हैं। हवाई जहाज की तरह इस स्क्रीन में ट्रेन की गति की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा ट्रेन की लोकेशन भी स्क्रीन पर दिखाई देगी। स्क्रीन पर देखकर पता चल सकेगा की ट्रेन किस स्टेशन पर पहुंचने वाली है।

10:35 AM, 20-Oct-2023

मरीजों को लाने-ले जाने के लिए रैपिडएक्स ट्रेन के कोच में होगी स्ट्रेचर

देश की पहली सेमी हाईस्पीड में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए स्ट्रेचर भी होगी। उनके लिए अलग स्थान चिह्नित किया गया है। पहली बार की गई इस व्यवस्था से मेरठ या गाजियाबाद से रेफर किए गए मरीजों को दिल्ली ले जाना और लाना आसान होगा। मेरठ से अक्सर मरीज दिल्ली के लिए रेफर किए जाते रहे हैं। मेट्रो रेल समेत किसी पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम में अभी तक मरीजों को लाने-ले जाने की अलग से सुविधा नहीं है। ऐसे में मरीजों को लोग अपने निजी वाहनों से और गंभीर मरीजों को एंबुलेंस की मदद से दिल्ली के बड़े अस्पतालों में लाते-ले जाते हैं। रैपिडएक्स में यह सुविधा मौजूद होगी। दिल्ली में स्टेशन पर उतरकर एंबुलेंस की मदद से मरीजों को अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा।

10:28 AM, 20-Oct-2023

काले कपड़े पहनकर पहुंचे युवकों को किया बाहर

जनसभा स्थल पर काले कपड़े पहन कर पहुंचे दिलशाद गार्डन के युवकों को बाहर किया गया।

10:19 AM, 20-Oct-2023

पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रधानमंत्री की जनसभा स्थल पर जाने के लिए महिलाएं और लोगों की कतार लगी हुई है। उनको चेक करने के बाद अंदर भेजा जा रहा है।

10:14 AM, 20-Oct-2023

जनसभा स्थल पर पहुंच रहे लोग

वसुंधरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। काफी संख्या में लोग जनसभा स्थल पर पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी को सुनने के लिए लोग उत्सुक हैं। 

10:00 AM, 20-Oct-2023

बेहद खास है रैपिडएक्स का प्रीमियम कोच

रैपिडएक्स ट्रेन में स्टैंडर्ड और प्रीमियम दो श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। कुल छह कोच की प्रत्येक ट्रेन में एक कोच प्रीमियम श्रेणी का होगा। इसका किराया स्टैंडर्ड कोच से दोगुना निर्धारित किया गया है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन में प्रीमियम कोच लगाए जाने का मकसद ऐसे यात्रियों को रैपिडएक्स ट्रेन का सफर करने में दिलचस्पी पैदा करना है जो अपनी निजी गाड़ी से आवागमन करना पसंद करते हैं। उन्हें रैपिडएक्स ट्रेन में कार जैसी यात्रा का अनुभव होगा। प्रीमियम कोच में उन्हें अपना सामान रखने की जगह, आरामदायक रिक्रलाइनर सीटें मिलेंगी। इसके अलावा कोच की खिड़की से आने वाली धूप और रोशनी को रोकने के लिए ब्लैक स्क्रीन लगाने का विकल्प मिलेगा। यात्री कार जैसी यात्रा कार से कम खर्च पर कर सकेंगे।

09:46 AM, 20-Oct-2023

स्टेशनों पर बने टॉयलेट का निशुल्क कर सकेंगे उपयोग

एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि रैपिडएक्स ट्रेन में बच्चों के साथ सफर करने वाली महिलाओं की सहूलियत का खास ख्याल रखा गया है। महिलाओं के लिए अलग कोच के साथ-साथ मुख्य स्टेशनों पर बेबी फीडिंग रूम बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सभी स्टेशनों पर टॉयलेटस भी बनाए गए हैं। इनका उपयोग निशुल्क किया जा सकेगा। मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को पानी खरीदना पड़ता है जबकि रैपिडएक्स स्टेशनों पर आरओ मशीन लगी होंगी, यात्रियों को यहां से पानी निशुल्क मिलेगा।

09:27 AM, 20-Oct-2023

रैपिडएक्स के स्टेशनों पर मेट्रो स्टेशन से ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी

रैपिडएक्स ट्रेन में स्टैंडर्ड और प्रीमियम दो श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। कुल छह कोच की प्रत्येक ट्रेन में एक कोच प्रीमियम श्रेणी का होगा। वहीं रैपिडएक्स के स्टेशनों पर मेट्रो स्टेशन से ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी। 82 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट सिस्टम से जुड़ने वाले आनंद विहार, गाजियाबाद समेत अन्य स्टेशनों पर बच्चों को फीड कराने के लिए फीडिंग रूम भी बनाए गए हैं।  इनके अलावा आरओ फिल्टर्ड पानी फ्री मिल सकेगा। मेट्रो स्टेशनों पर यह सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

09:12 AM, 20-Oct-2023

आम लोग कल से करेंगे सफर

दिल्ली-एनसीआर के सफर को नई रफ्तार देने वाली इस ट्रेन में आम लोग शनिवार से सफर कर सकेंगे। सुरक्षा कारणों से पहले दिन आम लोगों को प्रवेश नहीं मिलेगा। रूट डायवर्जन की वजह से शुक्रवार को गाजियाबाद में 12वीं तक के स्कूल भी बंद रखे जाएंगे। पढ़ाई ऑनलाइन होगी।

09:07 AM, 20-Oct-2023

न्यूनतम किराया 50 रुपये

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने साहिबाबाद से दुहाई तक का किराया स्टैंडर्ड क्लास में 50 रुपये और प्रीमियम में 100 रुपये रखा है। जून, 2025 तक पूरे काॅरिडोर पर सफर शुरू होगा। प्राथमिकता खंड पर ट्रेन की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा होगी। बाद में, 160 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।

08:51 AM, 20-Oct-2023

RRTS Inauguration Live: प्रधानमंत्री मोदी बोले- आज देश के लिए ऐतिहासिक क्षण, नए भारत का संकल्प है 'नमो भारत'

ये ट्रेनें ‘नमो भारत’ के नाम से जानी जाएंगी। 82 किमी लंबे दिल्ली-मेरठ काॅरिडोर पर अभी 17 किमी के प्राथमिकता खंड दुहाई-साहिबाबाद के बीच ट्रेन दौड़ेगी। यह दूरी महज 12 मिनट में पूरी होगी। 30,274 करोड़ रुपये की इस परियोजना का विस्तार दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक होगा। मेरठ-दिल्ली के बीच नमो भारत में केवल 55-60 मिनट लगेंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें