फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farmers March Live: दिल्ली में ना आने को तैयार हुए किसान, शंभू बॉर्डर पर किसानों से हरियाणा सरकार ने की बातचीत

Tue, 21 Jul 2026 03:01 PM IST
विकास कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

Delhi Farmers Protest Live Updates in Hindi: देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों के किसान महापंचायत के लिए दिल्ली कूच पर निकल पड़े हैं। दिल्ली के किसान घाट पर भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करवाने समेत किसानों की मांगो को लेकर विशाल महारैली का आयोजन किया जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:06 PM, 21-Jul-2026

गाजीपुर बॉर्डर पर भाकियू के पदाधिकारियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली स्थित किसान घाट की ओर बढ़ रहे भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस द्वारा जबरन हिरासत में ले लिया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद हिरासत में लिए गए सभी कार्यकर्ताओं को थाना लिंक रोड, में रखा गया है। भारतीय किसान यूनियन (सुनील) ने पुलिस की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निन्दा की है। संगठन के प्रतिनिधियों का कहना है कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को बलपूर्वक रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के पूरी तरह खिलाफ है। संगठन ने स्पष्ट किया कि किसानों की आवाज दबाने के हर प्रयास को अस्वीकार किया जाएगा और वे शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध जारी रखेंगे। भाकियू (सुनील) ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन का कहना है कि "किसान हित के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष निरन्तर जारी रहेगा।"कार्रवाई के बीच संगठन ने अपने सभी किसान भाइयों और समर्थकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली किसान घाट पहुंचने का प्रयास करें और एकजुट होकर किसानों की आवाज को बुलंद करें।

02:58 PM, 21-Jul-2026

किसानों से वार्ता करने पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

सरकार की तरफ से कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शंभू बॉर्डर पर किसानों से वार्ता करने पहुंचे। उनसे बात करने किसान नेता सरवन सिंह पहुचे। उन्होंने कृषि मंत्री को बताया कि किसानों को हिरासत में लिया गया है। उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्हें छोड़ा जाए। वहीं किसानों की दूसरी मांग थी कि ट्रेड डील के संबंध में उनकी बात केंद्रीय मंत्रियों के दल से कराई जाए। इस पर श्याम सिंह राणा ने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

02:45 PM, 21-Jul-2026

बहादुरगढ़ बाईपास पर डटे किसान वापिस घर रवाना

बहादुरगढ़ बाईपास पर डटे किसान वापिस घर रवाना हो गए हैं। पुलिस के साथ बातचीत के बाद किसान संगठन ने वापस जाने का फैसला लिया। ये किसान सुबह 6 बजे से बहादुरगढ़ बाईपास पर डटे थे। दिल्ली द्वारका यूईआर 2 के इंट्री पॉइंट पर किसानों को रोका था। काफी देर तक किसानों को न आगे जाने दिया और ना ही पीछे जाने दिया। बातचीत के बाद पुलिस और किसानों में सहमति हुई। किसान वापिस अपने घर फिरोजपुर, मोगा और लुधियाना की तरफ वापिस जाएंगे। वहीं, किसान नेता सुखजिंदर ने कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील नहीं होने देंगे। आंदोलन स्थगित हुआ है खत्म नहीं। किसान संगठनों के साथ बैठक में अगली रणनीति का फैसला किया जाएगा। देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले देशभर के किसानों संगठनों की दिल्ली के किसान घाट पर महापंचायत होनी थी।बहादुरगढ़ से रोहतक होते हुए वापिस पंजाब अपने घर किसानों ने जाना शुरू किया। 

विज्ञापन
02:16 PM, 21-Jul-2026
यूपी गेट पर किसान और पुलिस आमने-सामने - फोटो : अमर उजाला

किसानों ने बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया

यूपी गेट पर किसानों ने बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने किसानों को रोका। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

01:14 PM, 21-Jul-2026

दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर, सिंघु बॉर्डर पर तलाशी अभियान

किसानों के दिल्ली कूच को लेकर दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। दिल्ली की सीमाओं पर पुलिस की तरफ से की गई विशेष तैयारी की गई है। दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस सघन तलाशी अभियान चला रही है। बॉर्डर पर पुलिस बल के अलावा वाटर कैनन और वज्र वाहन को तैनात किया गया है। पुलिस वाहनों की तलाशी लेकर दिल्ली की ओर आ रहे किसानों को रोक रहे हैं। साथ ही तलाशी के बाद ही वाहनों को दिल्ली में घुसने की इजाजत दी जा रही है। 

विज्ञापन
12:29 PM, 21-Jul-2026
खनौरी के करीब बड़े वाहन खड़े कर रोकी गई मुख्य सड़क - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर जमे संगरूर के किसान

केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में किसान संगठनों ने अपना रुख सख्त कर लिया है। भारतीय किसान यूनियन एकता आजाद दिल्ली कूच आंदोलन के तहत हाईवे तक पहुंच गया है।
भारतीय किसान यूनियन एकता (आजाद) के नेतृत्व में संगरूर इलाके के सैकड़ों किसानों ने खनौरी के समीप दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर पहुंचकर कब्जा जमा लिया और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।

किसान आंदोलन के दिल्ली कूच और एक्सप्रेसवे जाम की भनक लगते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पहले ही दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के इस हिस्से को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और झंडे लेकर मौके पर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।
किसानों ने आरोप लगाया कि सरकारें तानाशाही रवैया अपनाकर जायज मांगों को उठाने वाले छात्रों, मजदूरों और किसानों की आवाज को पुलिस बल के दम पर दबाना चाहती हैं। सरकारें ऐसे फैसले ले रही हैं जो सिर्फ किसानी ही नहीं, बल्कि पूरी आम जनता के लिए बेहद खतरनाक हैं। इन जनविरोधी नीतियों को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे।

बीकेयू एकता आजाद के अध्यक्ष जसविंदर सिंह लोंगोवाल, जसवीर सिंह मेदेवास और संत राम छाजली ने कहा कि जब तक सरकारें जनविरोधी फैसले वापस नहीं लेतीं, यह संघर्ष जारी रहेगा। एक्सप्रेसवे पर किसानों के डेरा डालने से आसपास के रास्तों पर ट्रैफिक डाइवर्ट करना पड़ा है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

12:19 PM, 21-Jul-2026
पंजाब से आ रहे किसानों को रोका - फोटो : अमर उजाला

कैथल : पंजाब से आ रहे किसानों को रोका

जम्मू कटरा हाईवे पर गांव बरटा के पास पुलिस प्रशासन की तरफ से ट्रक खड़े कर पंजाब से आ रहे किसानों को रोका गया है। सैकड़ों की संख्या में किसान सड़क पर ही धरना देकर बैठे हैं। किसान नारेबाजी भी कर रहे हैं।

11:55 AM, 21-Jul-2026

किसान घाट पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त

किसान महापंचायत को देखते हुए राजघाट और किसान घाट पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त है। मौके पर पहुंचे किसानों को पुलिस ने हटाया।

11:48 AM, 21-Jul-2026
यूपी गेट पर बैठे किसान - फोटो : अमर उजाला

यूपी गेट पर बैठे किसान, जमकर नारेबाजी, पुलिस से खींचतान

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध कर रहे किसान बड़ी संख्या में मंगलवार सुबह बिजनौर से यूपी गेट पहुंचे। यहां तैनात पुलिस फोर्स ने जब उन्हें रोका तो किसान हाइवे पर ही बैठ गए। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन किसानों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच खींचतान और धक्का मुक्की भी हुई। करीब पौने घंटे तक यह हंगामा चला। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग को और बढ़ा दिया। वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम के हालात भी पैदा हो गए। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बिजनौर से दिल्ली जा थे करीब 35-40 किसानों को रोका गया था। हंगामे के बाद सभी को थाने भेज दिया गया है।

11:46 AM, 21-Jul-2026

सरवन सिंह पंढेर को शंभू सीमा पर रोका

किसान नेता सरवन सिंह पंढेर को शंभू सीमा पर रोके जाने पर उन्होंने कहा, 'हमारा बैरिकेड तोड़ने या किसी प्रकार का संघर्ष पैदा करने का कोई इरादा नहीं है, हम चाहते हैं कि गुरनाम सिंह चदुनी सहित गिरफ्तार किसानों को रिहा किया जाए और सरकार हमसे बातचीत करे।'

10:43 AM, 21-Jul-2026
दिल्ली कूच से पहले सोनीपत हाई अलर्ट पर - फोटो : अमर उजाला

सोनीपत हाई अलर्ट पर, हल्दाना से कुंडली बॉर्डर तक पुलिस का कड़ा पहरा

पंजाब और हरियाणा के किसानों के दिल्ली कूच के एलान को लेकर मंगलवार को सोनीपत जिला पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हल्दाना बॉर्डर से लेकर भिगान टोल प्लाजा और कुंडली बॉर्डर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर हर छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की जा रही है, जबकि भिगान क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर सडक़ किनारे पत्थर भी रखवाए गए हैं।

किसान संगठनों ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली कूच का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर सोनीपत पुलिस पूरी तरह सतर्क है। दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के निर्देश पर बिना जांच किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा रहा।

पुलिस को आशंका है कि गन्नौर और गोहाना क्षेत्र से भी किसान जत्थों के रूप में दिल्ली की ओर रवाना हो सकते हैं। इसी को देखते हुए इन इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, जबकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना है। स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर रखे हुए हैं।

09:55 AM, 21-Jul-2026
दिल्ली-यूपी बॉर्डर किया गया सील - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली-यूपी बॉर्डर किया गया सील

मंगलवार को किसानों के दिल्ली पहुंचने को लेकर यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। सोमवार देर रात से ही पुलिस ने यूपी गेट, सीमा बॉर्डर, दिल्ली-यूपी अप्सरा बॉर्डर, समेत कई स्थानों पर कड़ी चेकिंग शुरू कर दी थी। वहीं, मंगलवार सुबह तड़के से गाजियाबाद के इंदिरापुरम, खोड़ा, साहिबाबाद, शालीमार गार्डन, टीलामोड समेत कई थानों की पुलिस ने बॉर्डर सील कर दिए। इस दौरान कई इलाकों में भारी जाम की समस्या भी बनी हुई है। प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि चेकिंग के बाद वाहनों को दिल्ली की तरफ भेजा जा रहा है।

09:51 AM, 21-Jul-2026
किसानों को पुलिस ने नेशनल हाईवे शाहाबाद पर रोका - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने नेशनल हाईवे शाहाबाद पर रोका

ट्रेड डील के विरोध में आज दिल्ली कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में रोक लिया। अंबाला व पंजाब की ओर से आ रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी बंदोबस्त किए हैं। जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है तो वहीं बेरीकेडिग भी की गई है। हर हालत से निपटने के लिए तैयारी में पुलिस ने किसानों के वाहनों को रोक दिया है। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने रेट से भरे डंपर भी हाईवे पर लगा दिए हैं। सैकड़ों की संख्या में किसान नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं जिला के अन्य क्षेत्रों से किसान दिल्ली की ओर कूच कर गए हैं।

09:28 AM, 21-Jul-2026
बहादुरगढ़ में पंजाब के किसानों की बसें रोकीं - फोटो : अमर उजाला

बहादुरगढ़ में पंजाब के किसानों की बसें रोकीं

भारत-अमेरिका समझौते को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली कूच कर रहे भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के किसानों को मंगलवार सुबह बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर) पर दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। किसानों की करीब पांच बसों को दिल्ली की ओर बढ़ने नहीं दिया गया, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:15 बजे पंजाब के पटियाला सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसान बसों में सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोकने पर किसानों ने इसका विरोध किया और बहादुरगढ़ बाईपास के पास यूईआर पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसान नेताओं का कहना है कि वे भारत-अमेरिका समझौते के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच कर रहे थे, लेकिन उन्हें दिल्ली में प्रवेश से पहले ही रोक दिया गया। किसानों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। समाचार लिखे जाने तक किसान मौके पर डटे हुए थे और प्रशासन के साथ वार्ता जारी थी।

09:22 AM, 21-Jul-2026

एक दिन पहले मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर लगाया था जाम

रविवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सहारनपुर-पंचकूला नेशनल हाईवे स्थित मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर गुरनाम सिंह चढ़ूनी और अन्य किसान नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जाम लगाया था। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने महापंचायत को रोकने के उद्देश्य से किसान नेताओं को गिरफ्तार किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी किसान नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज का भी विरोध जताया। उनका कहना था कि युवा लंबे समय से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। किसान नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार को संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

09:18 AM, 21-Jul-2026
यमुनानगर से ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली रवाना हुए किसान - फोटो : अमर उजाला

यमुनानगर से ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली रवाना हुए किसान

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष संजू गुदियाना की अगुवाई में जिले के किसानों का एक जत्था दिल्ली के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पहले किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रेड डील वापस लेने की मांग उठाई। दर्जनों किसान विभिन्न वाहनों में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां किसान घाट पर आयोजित महापंचायत में शामिल होने का कार्यक्रम है।

जिला अध्यक्ष संजू गुदियाना ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के हित में नहीं है। उनका आरोप है कि यदि यह समझौता लागू होता है तो विदेशी कृषि उत्पादों के आयात का रास्ता आसान होगा, जिससे देश के किसानों की फसलों को उचित मूल्य मिलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों के हितों की अनदेखी कर कोई भी निर्णय नहीं लेना चाहिए। यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में होने वाली महापंचायत को रोकने के लिए सरकार किसान नेताओं पर कार्रवाई कर रही है। उनका कहना है कि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत कई किसान नेताओं को हिरासत में लिया गया है, जिसके विरोध में किसान एकजुट होकर दिल्ली पहुंच रहे हैं।

09:15 AM, 21-Jul-2026

पूरी तरह से बंद कर दिया गया है पंजाब और हरियाणा बॉर्डर शंभू

देश भर के किसानों की तरफ से आज दिल्ली में महापंचायत की घोषणा की गई है। पंजाब से हजारों किसान दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं लेकिन हरियाणा में शंभू बॉर्डर को सुबह साढ़े पांच बजे ही सील कर दिया गया है। रात से ही रोड बंद करने की तैयारी की जा रही थी हालांकि सहमति न बनने पर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया। रास्ता बंद होने से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।  किसानों की तरफ से किसान घाट में भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में महापंचायत बुलाई गई है। किसानों को शंभू बॉर्डर पर रोकने के लिए हरियाणा पुलिस की ओर से पूरी तैयारी की गई है।

09:09 AM, 21-Jul-2026

हजारों किसान दिल्ली के लिए रवाना

किसानों ने यमुनानगर, अंबाला, सोनीपत समेत कई राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिए हैं। उधर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के किसान दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। अमृतसर समेत अन्य शहरों के किसान सुबह शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच करेंगे, जिन्हें वहीं रोकने के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 

09:08 AM, 21-Jul-2026

किसान संघों का दावा- यह आर-पार की लड़ाई

किसान नेताओं का कहना है कि भारत-अमेरिका व्यापार संधि लागू होने से गेहूं, धान, डेयरी और सब्जी उत्पादक किसानों की आमदनी पर सीधा असर पड़ेगा। सस्ते आयात से मंडियों में दाम गिरेंगे और छोटे किसानों की जमीनें कॉरपोरेट के हाथों में जाएंगी। सरकार से मांग है कि समझौते को तुरंत रद्द किया जाए और एमएसपी को कानूनी गारंटी दी जाए। इन मांगों को लेकर किसान संघों का दावा है कि यह आर-पार की लड़ाई है, क्योंकि चढूनी की गिरफ्तारी किसानों का हौसला तोड़ने के लिए है।

09:05 AM, 21-Jul-2026

दिल्ली में महापंचायत के लिए किसानों का कूच

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के बाद किसान संगठनों की आमद प्रशासन की परेशानियों को बढ़ा सकती है। यह बात और है कि युवा आंदोलन की पृष्ठभूमि में किसान संगठन इसे किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का नाम दे रहे थे, पर इसके प्रमुख घटक दल के नेता गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी और कॉकरोच पार्टी के आंदोलन का कितना प्रभाव होगा यह देखना होगा।

08:42 AM, 21-Jul-2026

शंभू बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पंजाब के किसान भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के खिलाफ आज शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच कर रहे हैं। जिसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग की गई है। 

08:40 AM, 21-Jul-2026

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

एडवाइजरी के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे से आवश्यकतानुसार यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किए जा सकते हैं। पुलिस ने यात्रियों को सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड और राजघाट डीटीसी डिपो रोड के आसपास के प्रभावित रास्तों से बचने की सलाह दी है। एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को समय से पहले यात्रा की योजना बनाने का अनुरोध किया गया है।

08:27 AM, 21-Jul-2026

Farmers March Live: दिल्ली में ना आने को तैयार हुए किसान, शंभू बॉर्डर पर किसानों से हरियाणा सरकार ने की बातचीत

शंभू बॉर्डर (पंजाब-हरियाणा बॉर्डर) पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भारत-अमेरिका डील के विरोध में किसानों के आज दिल्ली तक एक दिन के मार्च से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें