फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CJP Protest Live: जंतर-मंतर के पास प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका, दो ACP समेत छह पुलिसकर्मी घायल

Thu, 23 Jul 2026 04:28 AM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

CJP Parliament March Live Updates in Hindi: दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में अब तक 10 एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने बताया कि पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में चार, कनॉट प्लेस पुलिस थाने में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अलावा मंदिर मार्ग, बाराखंबा रोड और कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशनों में भी एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:28 AM, 23-Jul-2026

शर्म करें नड्डा

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि मेरी सोनम वांगचुक से कई बार बात हुई। नतीजा यह निकला कि यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ही रहना चाहिए। उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से सार्वजनिक रूप से शांति बनाए रखने और सही तरीके से विरोध करने की अपील भी की है... देश में पहले हुए विरोध प्रदर्शनों में, सत्ताधारी सरकार द्वारा भेजे गए असामाजिक तत्व घुसपैठ करके पूरे विरोध को पटरी से उतार देते हैं, और आखिर में शांतिपूर्ण ढंग से विरोध करने वालों को ही दोषी ठहराया जाता है; ऐसा नहीं होना चाहिए। जेपी नड्डा को शर्म आनी चाहिए। लोग यहां 30 दिनों से बैठे हैं... राजनीति तो वही कर रहे हैं... धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा जरूरी है, इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता... इसके बिना विरोध जारी रहेगा। जब तक जरूरत होगी, तब तक यह चलता रहेगा।

04:25 AM, 23-Jul-2026

जब एडिशनल कमिश्नर के माथे पर लगा पत्थर

पुलिस के एडिशनल कमिश्नर (पंजाबी बाग) जय प्रकाश, जो ड्यूटी के दौरान माथे पर चोट लगने से घायल हो गए, कहते हैं कि मैं सुबह 7:00 बजे से जंतर-मंतर के पास विरोध-प्रदर्शन वाली जगह पर ड्यूटी पर था। प्रदर्शनकारी पूरे दिन नारे लगाते रहे और सड़क पर हंगामा करते रहे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पार्लियामेंट स्ट्रीट की ओर बढ़ने की कोशिश की। हमने पार्लियामेंट स्ट्रीट पर बैरिकेड लगाकर, इंसानी चेन बनाकर और उन्हें आगे न बढ़ने के लिए समझाकर रोकने की कोशिश की। हालांकि, उनमें से कुछ लोगों ने अचानक प्लास्टिक की पानी की बोतलें और पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। एक पत्थर मेरे माथे पर लगा। अभी मेरा इलाज डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने मुझे बताया है कि मुझे मामूली फ्रैक्चर हुआ है और आगे की मेडिकल जांच चल रही है।


 

02:21 AM, 23-Jul-2026

सांसद महुआ माझी का दर्द

JMM सांसद महुआ माझी ने कहा कि सत्र शुरू होने से पहले 22 दिनों से यह विरोध-प्रदर्शन चल रहा था। उस समय दिल्ली सरकार कहां थी?... आज हम सोनम वांगचुक से मिलने गए थे। हमें उनसे मिलने क्यों नहीं दिया गया? हमें गेट पर ही रोक दिया गया। उनकी पत्नी ने हमें बताया कि उनके पास ऐसा कोई कोर्ट का आदेश नहीं है जो किसी को उनसे मिलने से रोकता हो। 

विज्ञापन
12:26 AM, 23-Jul-2026

हम पीछे नहीं हटेंगे, शमा मोहम्मद

PM आवास के बाहर राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने कहा कि कल हमने जो देखा, उससे साफ है कि इस देश में लोकतंत्र की हत्या हुई है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मांग की है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, संसद में NEET परीक्षा पर चर्चा हो और गिरफ्तार किए गए छात्रों पर दर्ज मामले वापस लिए जाएं। हाल ही में हुए पेपर लीक के लिए धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार हैं। धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा और जब तक वे इस्तीफा नहीं देते, हम पीछे नहीं हटेंगे...

12:03 AM, 23-Jul-2026

जंतर-मंतर पर भारी सुरक्षा बल तैनात, फिलहाल शांति

दिल्ली पुलिस के अनुसार रात करीब 8:30 बजे कनॉट प्लेस में टॉल्स्टॉय मार्ग के पास कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकीं, जिससे कनॉट प्लेस के ACP विवेक भगत घायल हो गए। वरिष्ठ अधिकारी उन्हें RML अस्पताल ले गए। कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन अब शांति है।
 


 

विज्ञापन
10:43 PM, 22-Jul-2026

जंतर-मंतर के पास पुलिस से झड़प, दो एसीपी और चार पुलिसकर्मी घायल

बुधवार शाम जंतर-मंतर के पास प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी में दो सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। पीटीआई को पुलिस ने बताया कि विरोध-प्रदर्शन स्थल पर घुसे असामाजिक तत्व आयोजकों (सीजेपी) की बात नहीं सुन रहे थे और पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंक रहे थे। घायल कर्मियों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सभी पुलिस अधिकारियों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

09:51 PM, 22-Jul-2026

प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका

जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस की तरफ बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोक दिया है। वहीं झड़प में घायल एसीपी को आरएमएल अस्पताल में भर्ती किया गया है। एनडीएमसी मुख्यालय तक  प्रदर्शनकारियों का हुजूम है।

09:25 PM, 22-Jul-2026

टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शनकारियों का उग्र रूप, कनॉट प्लेस एसीपी घायल

टॉलस्टॉय मार्ग और जनपद क्रॉसिंग पर प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उन्होंने कनॉट प्लेस सहायक पुलिस आयुक्त भारतीय पुलिस सेवा विवेक भगत के साथ जमकर मारपीट की। इस मारपीट में सहायक पुलिस आयुक्त भगत बुरी तरह घायल हो गए और उन्हें आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर काफी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।

08:52 PM, 22-Jul-2026

पेपर लीक पर जेपी नड्डा का विपक्ष पर हमला

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस मुद्दे पर विपक्ष पर हमला किया और कहा कि छात्रों को लेकर राजनीति करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारी है वहां भी पेपर लीक हुए। झारखंड, हिमाचल और बंगाल में भी पेपर लीक हुए। पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है। लेकिन राहुल गांधी का उद्देश्य छात्रों का हित नहीं है। छात्रों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। छात्रों की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं है बल्कि पूरे विपक्ष की है।
 

07:21 PM, 22-Jul-2026

मेदांता अस्पताल के बाहर विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रोका

मेदांता अस्पताल के बाहर ही पुलिस बल ने विपक्षी सांसदों को रोक लिया कि वे अंदर नहीं जा सकते। विपक्षी सांसदों ने कहा कि वे 51 सांसदों की साइन की हुई चिट्ठी लेकर आए हैं और सोनम वांगचुक से मिलकर अनशन तोड़ने की अपील करना चाहते हैं। अंदर नहीं जाने देने पर सांसद अस्पताल के बाहर ही जमीन पर बैठ गए। कुछ देर बाद डॉक्टरों का ग्रुप उनसे मिलने आया तो भी सांसद नहीं उठे। फिर सोनम वांगचुक की पत्नी आई तो सांसदों ने उन्हें चिट्ठी देकर कहा कि सोनम वांगचुक देश के लिए अहमियत रखते हैं और देश को उनकी जरूरत है, उन्हें अनशन तोड़ देना चाहिये। सोनम वांगचुक की पत्नी ने कहा कि मैं उनको ये चिट्ठी देकर आपका संदेश बता दूंगी। उन्होंने ये भी मांग रखी कि धरने पर बैठे युवाओं व लोगों पर अब किसी प्रकार का बल प्रयोग नहीं होना चाहिये।

07:13 PM, 22-Jul-2026

लुटियंस दिल्ली में इंटरनेट सेवा बंद

दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच लुटियंस दिल्ली में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है।

07:04 PM, 22-Jul-2026

सोनम वांगचुक से मिलने मेदांता पहुंचे विपक्षी सांसद, अनशन तोड़ने की अपील

गुरुग्राम में विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मेदांता अस्पताल में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचा है, ताकि उनसे अपना अनिश्चितकालीन अनशन तोड़ने की अपील की जा सके।समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा कि हम कई सांसदों की ओर से एक अपील पत्र लेकर आए हैं, जिसमें कहा गया है कि देश के कल्याण के लिए आपकी सेहत ठीक रहना बहुत ज़रूरी है। उन्हें अपना अनशन तोड़ देना चाहिए।
 

06:55 PM, 22-Jul-2026

सोनम वांगचुक से मिलने के लिए रवाना हुआ विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल

विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल मेदांता अस्पताल में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मिलने के लिए रवाना हुआ है, ताकि उनसे अपना अनिश्चितकालीन अनशन तोड़ने की अपील की जा सके।
 

06:32 PM, 22-Jul-2026

सोनम वांगचुक का जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह को पत्र, रखी अनशन तोड़ने की मांग

पर्यावरणविद और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह को पत्र लिखा है। इसमें सोनम वांगचुक ने कहा कि अगर सरकार यह स्पष्ट आश्वासन देती है कि आंदोलन में शामिल किसी भी युवा प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई दंडात्मक या प्रतिशोधात्मक कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तो वह अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर देंगे। अन्यथा उन्हें अपना अनशन जारी रखना पड़ेगा।

06:27 PM, 22-Jul-2026

टॉल्स्टॉय ट्रैफिक सिग्नल के पास पत्थरबाजी में दिल्ली पुलिस के एसीपी घायल

दिल्ली पुलिस के अनुसार, टॉल्स्टॉय ट्रैफिक सिग्नल के पास पत्थरबाजी में एसीपी घायल हो गए।

05:42 PM, 22-Jul-2026

इंस्टाग्राम हैंडल बैन पर अभिजीत दीपके का केंद्र सरकार पर आरोप, कुछ देर बाद अकाउंट रिस्टोर

दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी से बड़ी खबर सामने आई। बताया गया कि इंस्टाग्राम हैंडल बैन हो गया है। जिसके बाद अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया। लेकिन कुछ देर बाद ही इंस्टाग्राम हैंडल से बैन हट गया और अकाउंट रिस्टोर हो गया। 
 

05:35 PM, 22-Jul-2026

विरोध-प्रदर्शन के बाद से सोशल मीडिया पर 15 फर्जी पोस्ट का खंडन

पीटीआई के मुताबिक पुलिस ने बुधवार को बताया कि सोमवार को हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद से दिल्ली पुलिस ने कथित फर्जी खबरों और गुमराह करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के कम से कम 15 मामलों का खंडन किया है। साथ ही, पुलिस की फ़ैक्ट-चेक टीमें सैकड़ों वायरल वीडियो और पोस्ट का विश्लेषण कर रही हैं ताकि उनके सोर्स का पता लगाया जा सके और गलत जानकारी फैलाने वालों की पहचान की जा सके।

05:20 PM, 22-Jul-2026

सपा सांसद इकरा हसन का सरकार पर हमला, छात्रों को पीटने के लिए कोई नियम नहीं थे?

वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा कि जब सरकार की बात आती है, तो कोई नियम लागू नहीं होते। तो क्या अपनी मांगें रखने आए छात्रों को पीटने के लिए कोई नियम थे? यह दोहरा रवैया नहीं चलेगा। कल लोकतंत्र के लिए एक काला दिन था। हमने देखा कि कैसे विपक्ष के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी और अखिलेश यादव को घसीटा। जो लोग नियमों का पालन नहीं कर सकते, उन्हें इसके बारे में बात नहीं करनी चाहिए। उन्हें इस्तीफा देना ही होगा, आज नहीं तो कल। देश उनकी मर्जी से नहीं चल सकता।

05:19 PM, 22-Jul-2026

सांसद जिया-उर-रहमान ने संसद में चर्चा की भी उठाई बात

 समाजवादी पार्टी के सांसद जिया-उर-रहमान ने कहा कि समाजवादी पार्टी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी ने इस मामले पर संसद में चर्चा की भी मांग की है। जो लोग जिम्मेदार हैं, उन्हें बचाने के बजाय उनके लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

04:34 PM, 22-Jul-2026

मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक की हालत स्थिर

मेदांता अस्पताल की और से सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर रिपोर्ट जारी की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सोनम वांगचुक को बीती शाम गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों की एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम उनका इलाज कर रही है। अभी उनकी हालत स्थिर है, वे होश में हैं और उनके वाइटल साइन (जैसे ब्लड प्रेशर, पल्स आदि) सामान्य दायरे में हैं। उन्हें दिया जा रहा सारा इलाज उनकी सहमति से ही किया जा रहा है।

03:56 PM, 22-Jul-2026

दिल्ली हाईकोर्ट ने घटना के सभी सीसीटीवी फुटेज संरक्षित रखने के आदेश दिए

दिल्ली हाईकोर्ट ने घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज और वीडियो संरक्षित रखने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि चार सप्ताह के अंदर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस अपना जवाब दाखिल करें। मामले की अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी।

03:34 PM, 22-Jul-2026

सपा का प्रतिनिधिमंडल आज वांगचुक से करेगा मुलाकात

समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल आज शाम मेदांता अस्पताल में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से मुलाकात करेगा और उनसे अपना अनिश्चितकालीन अनशन खत्म करने की अपील करेगा।

03:13 PM, 22-Jul-2026

जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस के जवान की 'हार्टअटैक' से मौत की खबर फर्जी निकली

जंतर-मंतर पर ड्यूटी के दौरान दिल्ली पुलिस के 42 वर्षीय जवान सतीश की हार्टअटैक से मौत होने की खबर बुधवार को सोशल मीडिया और इंटरनेट के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गई। हालांकि, जांच के बाद यह दावा पूरी तरह फर्जी और भ्रामक निकला। जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि जंतर-मंतर पर धरने के पास ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी की हार्टअटैक से मौत हो गई। खबर वायरल होने के बाद मामले की विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाई गई लेकिन कहीं से भी इस घटना की पुष्टि नहीं हुई।

02:39 PM, 22-Jul-2026

सीजेपी ने सोनम वांगचुक से की अनशन समाप्त करने की अपील

सीजेपी ने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए सोशल मीडिया पर एक पत्र जारी किया। जिसमें लिखा, 'आपके बलिदान ने एक पीढ़ी को प्रेरित किया है। हम आपसे विनम्रतापूर्वक निवेदन करते हैं कि आप अपना अनशन समाप्त करें और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। हम वादा करते हैं कि परीक्षा में न्याय की लड़ाई तब तक और भी अधिक मजबूती से जारी रहेगी जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। हम इस आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।'

02:35 PM, 22-Jul-2026

हम युवाओं के साथ खड़े हैं: अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से जब पूछा गया कि क्या आम आदमी पार्टी और शिवसेना (यूबीटी) अलग से संयुक्त विरोध प्रदर्शन करेंगी। तो केजरीवाल ने कहा, "हम इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे युवाओं के सहयोगी हैं। हमें अलग से विरोध प्रदर्शन करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हम युवाओं के साथ खड़े हैं।"

01:48 PM, 22-Jul-2026

सीजेपी का दावा- जेपी नड्डा हमसे बात करना चाहते हैं

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास कहते हैं, 'आज सुबह पुलिस ने हमसे फिर संपर्क किया और बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हमसे बात करना चाहते हैं। उन्होंने हमें अपने आवास पर बुलाया, लेकिन हमने साफ इनकार कर दिया। हम किसी के घर या दफ्तर नहीं जा रहे हैं। यहां जनता दरबार लगा हुआ है, और अगर मंत्रियों को बात करनी है, तो उन्हें जनता के पास आना चाहिए। चर्चा जंतर-मंतर पर होनी चाहिए। साथ ही, हम समझदार लोग हैं। अगर सरकार को प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा की चिंता है, तो हम जंतर-मंतर के पास किसी तटस्थ स्थान पर मिलने को तैयार हैं। हमें अभी तक उनकी ओर से जवाब का इंतजार है।”

वे आगे कहते हैं, “सरकार को हमारी मांगों को मानने का इरादा होना चाहिए। हमें व्यर्थ की चर्चाओं के लिए बुलाने का कोई मतलब नहीं है। हमारा समय कीमती है। हजारों लोग अभी भी प्रदर्शन में भाग ले रहे हैं, और हमें उसे भी संभालना है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह वास्तव में हमसे बातचीत करना चाहती है।'

01:28 PM, 22-Jul-2026

...तब भी दिल्ली पुलिस ने संयम दिखाया: बांसुरी स्वराज

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, 'सीजेपी और दूसरी पार्टियों ने जो आंदोलन शुरू किया था, उसे स्टूडेंट आंदोलन बताया गया था। इस आंदोलन को लेकर सरकार का रवैया सेंसिटिव रहा है। दिल्ली पुलिस ने उन्हें (अभिजीत दिपके) एयरपोर्ट पर ही परमिशन दे दी थी। वह परमिशन शाम 5 बजे तक वैलिड थी। लेकिन ये प्रोटेस्टर वहीं डटे रहे। उन्होंने 21 दिन तक जंतर-मंतर पर धरना दिया। दिल्ली पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए कोई एक्शन नहीं लिया। सरकार ने अपने लेवल पर कोई लापरवाही नहीं होने दी और जब तक प्रोटेस्ट शांतिपूर्ण रहा, उसे चलने दिया। 20 जुलाई को उन्होंने कहा 'संसद चलो'। लोकतंत्र में इंस्टीट्यूशन की वैल्यू होती है। जब बिना किसी परमिशन के पार्लियामेंट को घेरा गया, तब भी दिल्ली पुलिस ने संयम दिखाया।'

12:54 PM, 22-Jul-2026

आरएमएल में भर्ती 21 वर्षीय युवती की हालत में सुधार

संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए 21 वर्षीय युवती का इलाज नई दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में चल रहा है। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही थी। आज अस्पताल की तरफ से जानकारी दी गई है कि युवती की हालत में सुधार देखा गया है। इलाज शुरू होने के बाद से उसकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है और इलाज करने वाली टीम की कड़ी निगरानी में उसे व्यापक चिकित्सा देखभाल मिल रही है। वह वर्तमान में आरएमएल अस्पताल में इस घटना से संबंधित भर्ती एकमात्र मरीज है। उसे सभी आवश्यक उपचार और निरंतर निगरानी प्रदान की जा रही है।

12:27 PM, 22-Jul-2026

जंतर-मंतर पहुंचे मनोज जारांगे पाटिल

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारांगे पाटिल जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध स्थल पर पहुंचे।

11:40 AM, 22-Jul-2026

राजीव चौक, जनपथ समेत 16 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद, देखें लिस्ट

दिल्ली मेट्रो के जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय समेत 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। डीएमआरसी ने इसकी जानकारी दी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से ये मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

1.लोक कल्याण मार्ग
2. राजीव चौक
3. पटेल चौक
4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग
5. बाराखंभा रोड
6. सुप्रीम कोर्ट
7. सेवा तीर्थ
8. जनपथ
9. मंडी हाउस
10. केंद्रीय सचिवालय
11. आईटीओ
12. दिल्ली गेट
13. इंद्रप्रस्थ
14. खान मार्केट
15. जोर बाग
16. शिवाजी स्टेडियम

11:17 AM, 22-Jul-2026

सरकार अपने मंत्री को क्यों नहीं हटा पा रही: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "हमें सोचना चाहिए कि सरकार अपने मंत्री को क्यों नहीं हटा पा रही है। सरकार पर किस तरह का दबाव है? क्या मंत्री के पास सरकार के सीक्रेट्स हैं जिसकी वजह से वह उन्हें नहीं हटा पा रही है? सरकार डरी हुई है।"

11:13 AM, 22-Jul-2026

दिल्ली मेट्रो के जनपथ, राजीव चौक समेत चार स्टेशन बंद

दिल्ली मेट्रो के जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। डीएमआरसी की तरफ से यह जानकारी दी गई है। डीएमआरसी ने बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते मेट्रो स्टेशनों बंद किया गया है।

11:08 AM, 22-Jul-2026

आप देख रहे हैं कार्रवाइयां हो रही हैं: शंकर प्रसाद

भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने स्पष्ट आश्वासन कल दिया कि नीट की परीक्षा और बाकी परीक्षाओं में लीक नहीं हो और प्रश्नपत्र लीक करने वाला जो सिंडिकेट है उसको वो तोड़ कर रहेंगे। आप देख रहे हैं कार्रवाइयां हो रही हैं। इसके बावजूद सिर्फ और सिर्फ अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए राहुल गांधी ने किया है। क्या कांग्रेस के राज्यों में लीक नहीं हुआ है? हम सब खोलना शुरू करें क्या? हमारा स्तर राहुल गांधी का नहीं है। बच्चों के भविष्य से मामला जुड़ा हुआ है। ये सारे बच्चे हमारे हैं, कार्रवाई होनी चाहिए। सिस्टम को ठीक करना चाहिए।"

11:06 AM, 22-Jul-2026

कांग्रेस के प्रदर्शन पर रविशंकर प्रसाद का हमला

कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, "सिर्फ अपनी 'नेतागिरी' चमकाने के लिए राहुल गांधी ने ऐसा किया। क्या कांग्रेस शासित राज्यों में पेपर लीक नहीं होते थे? क्या हमें आपको एक्सपोज करना चाहिए? लेकिन हमारी पॉलिटिक्स राहुल गांधी के लेवल की नहीं है। मामला स्टूडेंट्स के भविष्य से जुड़ा है। ये सब हमारे बच्चे हैं। एक्शन लेना चाहिए और सिस्टम को ठीक करना चाहिए। सरकार इस पर काम कर रही है, हम सब कर रहे हैं। राहुल गांधी, अगर आपके पास कुछ कंस्ट्रक्टिव ऑफर है, तो करें। लेकिन यह आपके पॉलिटिकल मतलब के बारे में है। आपको वोट नहीं मिलते और आप बार-बार हारते हैं। लेकिन देश पॉलिटिक्स से ऊपर है। आपका बर्ताव निंदनीय था।"

10:31 AM, 22-Jul-2026

जंतर मंतर पर पुलिस एक्शन को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई

दिल्ली हाई कोर्ट आज एक पीआईएल पर सुनवाई करेगा, जिसमें एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल के दौरान स्टूडेंट्स और दूसरे प्रोटेस्टर्स पर कथित पुलिस एक्शन को चुनौती दी गई है। इस याचिका में 18 जुलाई के ऑपरेशन की इंडिपेंडेंट जांच, सबूतों को सुरक्षित रखने और शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट के संवैधानिक अधिकार की रक्षा के लिए गाइडलाइंस की मांग की गई है।

10:06 AM, 22-Jul-2026

अगर सरकार नहीं मानी, तो लाखों और लोग दिल्ली आएंगे: आशुतोष रांका

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका कहते हैं, "यह भारत के आजादी के बाद के इतिहास का सबसे बड़ा आंदोलन है। हमने यह बात स्पष्ट रूप से कही है कि 20 तारीख को जो हुआ वह तो बस एक ट्रेलर था। अगर सरकार नहीं मानती, तो लाखों और लोग दिल्ली आएंगे क्योंकि इस बार हम चुप नहीं बैठेंगे। सरकार को वाकई में अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, वरना देश के युवा उन्हें बुरी तरह से सबक सिखाएंगे। एक ऐसी कहानी गढ़ने की कोशिश की जा रही है कि हम शांतिपूर्ण नहीं रहेंगे, लेकिन हम शांतिपूर्ण हैं। 20 तारीख का मार्च भी शांतिपूर्ण था, लेकिन अराजकता केवल उस समय फैली जब पुलिस ने बर्बरता दिखाई और छात्रों की पिटाई की। युवा 31 दिनों से यहां शांतिपूर्वक बैठे हैं क्योंकि हम गांधी और अंबेडकर के सिद्धांतों का पालन करते हैं।"

09:54 AM, 22-Jul-2026

अलग-अलग थानों में 10 एफआईआर दर्ज

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संसद मार्च के दौरान जमकर उपद्रव करने के मामले में अलग-अलग थानों में कुल 10 एफआईआर दर्ज की हैं। अधिकारियों ने बताया कि चार एएफआईआर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में और तीन कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज की गईं। इसके अलावा, मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशनों में भी एक-एक एएफआईआर दर्ज की गई है।

09:37 AM, 22-Jul-2026

मुंबई के शख्स ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के लिए भेजा खाना, वीडियो वायरल

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर जारी सीजेपी के आंदोलन के बीच मंगलवार तड़के एक फूड डिलीवरी पार्टनर की ओर से प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन पहुंचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में डिलीवरी पार्टनर ने बताया कि मुंबई निवासी अनुज रावत ने ऑनलाइन भोजन ऑर्डर कर उसका भुगतान पहले ही कर दिया था। निर्देश दिया था कि प्रदर्शन स्थल पर मौजूद किसी भी भूखे या जरूरतमंद व्यक्ति में भोजन बांट दिया जाए। डिलीवरी पार्टनर ने अपने मोबाइल पर ऑर्डर की जानकारी दिखाते हुए कहा कि उसे विशेष रूप से जंतर-मंतर पहुंचकर भोजन वितरित करने के लिए कहा गया था। कई लोगों ने इसे प्रदर्शनकारियों के प्रति एकजुटता और मानवता की मिसाल बताया, जबकि कुछ लोगों ने कहा, इंसानियत अभी जिंदा है।

09:34 AM, 22-Jul-2026

विजेता दहिया के खिलाफ सीजेपी का एक्शन

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता विजेता दहिया को आंदोलन के दौरान बाहर जाकर बर्गर खाना महंगा पड़ गया। पार्टी ने विजेता को प्रवक्ता पद से हटा दिया है। वायरल वीडियो के बाद पार्टी ने कहा कि उनका असंवेदनशील आचरण पार्टी सिद्धांतों के खिलाफ है।सीजेपी ने एक्स पर डाले अपने एक पोस्ट में अपने प्रवक्ता विजेता दहिया के असंवेदनशील आचरण की कड़ी निंदा की। पोस्ट में कहा गया कि विजेता दहिया का वीडियो उस समय आया जिस वक्त सीजेपी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज का सामना कर रहे थे। सीजेपी की ओर से बताया गया कि ऐसे में उनका आचरण पूरी तरह से अस्वीकार्य है। पार्टी के मूल्यों, सिद्धांतों और उद्देश्यों के पूर्णत विपरीत हैं। पार्टी की ओर से उन्हें प्रवक्ता पद समेत सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त करने की जानकारी भी दी गई।

09:31 AM, 22-Jul-2026

आरएमएल अस्पताल में भर्ती घायल

डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि करीब 110 छात्रों और 40 पुलिसकर्मियों को घायल अवस्था में उपचार के लिए लाया गया था। हालांकि यह औपचारिक आंकड़ा नहीं है। सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, न्यूरोसर्जरी और मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों की टीम ने घायलों का उपचार किया है। ज्यादातर चोट डंडे से लगने वाली थी। जिसमें सिर फटने, आंख के पास चोट लगने, डंडे की मार से कमर, पैर और हाथ पर चोट के निशान थे। कुछ को फ्रैक्चर भी हुआ था। कुछ मामलों में टांके लगाने की नौबत आई। गले पर भी चोट के निशान देखने को मिले थे।

09:30 AM, 22-Jul-2026

संसद मार्च में घायल छात्र और पुलिसकर्मी

जंतर-मंतर पर सोमवार को संसद मार्च में हुए घायल छात्रों और पुलिसकर्मियों का अलग-अलग अस्पताल में उपचार जारी है। इसमें किसी छात्र की हाथ-पैर की हड्डी टूट गई है तो किसी को सिर में चोट आई है। आंख में चोट लगने की घटना भी शामिल है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को भी सिर-हाथ में चोट लगी है। 

09:27 AM, 22-Jul-2026

जेएनयू छात्र संघ ने निकाला आक्रोश मार्च

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ ने मंगलवार रात को बराक हॉस्टल से लेकर गंगा ढाबा तक आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च जंतर-मंतर पर संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने, आंसू गैस के गोले छोड़ने और कथित पैलेट गन के इस्तेमाल के विरोध में निकाला गया। छात्र संघ ने मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस कमिश्नर के इस्तीफे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को दोहराया। छात्र संघ ने मार्च में हुई पुलिस बर्बरता के विरोध नारेबाजी की और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। जेएनयू छात्र संघ ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई के चलते एक हजार से ज्यादा छात्र अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती हुए।

09:12 AM, 22-Jul-2026

CJP Protest Live: जंतर-मंतर के पास प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका, दो ACP समेत छह पुलिसकर्मी घायल

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने बुधवार को जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखा। सोमवार को सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के दौरान आरएएफ जवानों पर हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने नौ से ज्यादा एफआईआर दर्ज की हैं। दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा आरएएफ कर्मियों का पीछा करने और उन पर हमला करने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें