भारी बारिश के अलर्ट के चलते शनिवार को मेरठ जिले में कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। डीएम दीपक मीणा ने सभी बोर्ड के स्कूल बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि अगर कहीं स्कूल खुलने की शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सहारनपुर, शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के अलर्ट के चलते कक्षा एक से बारहवीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं।
बारिश से नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में जलभराव और जाम से लोग परेशान रहे। कई जगह सड़कों पर काफी दूरी तक पानी जमा हो गया था और लोगों को पानी के बीच से निकलना पड़ा। वहीं पानी से निकलने के दौरान वाहन लोगों पर पानी के छीटे मारते गए। लिहाजा लोग भीग गए और उनके कपड़े भी खराब हो गए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया।
लगातार भारी बारिश के बीच गुरुग्राम के नरसिंहपुर में जलजमाव देखा गया।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जीटा की ऐसोटेक स्प्रिंग फील्ड्स सोसायटी के बेसमेंट की दीवार बारिश के कारण गिर गई।
गुरुग्राम के कई हिस्सों में सड़कों पर जलभराव देखा गया। वीडियो गुरुग्राम सेक्टर-29 से है।
गुरुग्राम में रातभर हुई बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भरा हुआ है। वहीं, डीएलएफ फेस वन में बारिश के दौरान सड़क टूटने के कारण गाड़ी फंस गई और पेड़ गिरने के कारण एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रास्ता बंद हो गया। गुरुग्राम के बस स्टैंड पर बारिश का पानी जमा हो गया।
नोएडा में तेज बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव देखा गया। सेक्टर-39, सेक्टर-60 और सेक्टर- 62 की सड़कें जलमग्न हो गई।
उत्तराखंड में हेल्गू गाड़ के पास भूस्खलन के कारण उत्तरकाशी-गंगोत्री राजमार्ग बाधित हो गया।
भारी बारिश के बाद दिल्ली की सड़कों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे यातायात के बाधित होने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कई रास्तों से बचने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ में भारी बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर जलभराव देखा गया। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुरुग्राम के कई हिस्सों में लगातार बारिश के बाद सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों को सड़कों पर भरे गंदे पानी से गुजरना पड़ा।
राजधानी में सुबह से हो रही बारिश का असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। जगह-जगह हुए जलजमाव की वजह से कई इलाकों में जाम लग गया और कई जगहों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
दिल्ली-एनसीआर में कल से बारिश हो रही है। आज भी रुक-रुक कर बारिश होगी। ऐसे में सुबह और शाम के वक्त भीड़ भरे इलाकों में सड़कों पर जाम लगने की पूरी आशंका है।
आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट। अनुमान है कि 25 सितंबर तक बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। मौसम को लेकर जारी पूर्वानुमान में राज्य के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक व आंधी -तूफान की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। वही पिश्चमी यूपी के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, में भारी बारिश की बात कही जा रही है।
गुरुग्राम में गुरुवार को हुई बारिश से बिगड़े हालात को लेकर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कल यानी शुक्रवार को जिले के सभी कॉर्पोरेट और निजी संस्थानों से कर्मचारियों को घर से काम कराने की सलाह दी है, जिससे ट्रैफिक जाम से बचने के साथ ही मरम्मत के कार्य को निर्बाध रूप से किया जा सके।
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश ने सब कुछ अस्त-व्यस्त कर दिया है। बृहस्पतिवार को दिन भर रुक-रुक कर बारिश हुई। एनसीआर में बारिश लगातार हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की जा सकती है। दिल्ली में आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।